29 C
Mumbai
Thursday, September 10, 2026
Home Blog Page 1260

बॉलीवुड स्टाइल में थिरकते दिखेंगे ‘जैकी चेन’

Entertainment Desk
​अभिनेता जैकी चैन उनकी आगामी फिल्म कुंग फु योगा के अधिकतम एक्शन सीन जयपुर में फिल्मा चुके हैं. अब फिल्म कुंग फु योगा के बॉलीवुड स्टाइल सॉन्ग की शूटिंग जोधपुर के मंडोर गार्डन्स में शुरू हो चुकी है. 61 वर्षीय अभिनेता जैकी चैन वक्त के बड़े ही पाबंद है. वे यूनिट के 15 मिनट पहले ही सेट पर पहुँच जाते है.

 

यह एक चाइनीज गाना होगा. गाने में जैकी चैन संग अभिनेता सोनू सूद तथा अमायरा और दिशा साथ में बॉलीवुड बीट पर थिरकते दिखेंगे. फराह ने बताया कि वे जैकी चैन के ऊर्जा और क्षमता से बेहद प्रभावित हैं. वे कोरियोग्राफी लटके और झटके जल्द ही समझ लेते हैं. जैकी चैन चाहते थे कि फिल्म में बॉलीवुड स्टाइल सॉन्ग हो और इस सॉन्ग के जरिये अच्छे डांसिंग मूव सीख कर, भारत में फिल्म प्रमोशन के दौरान वे अपने लटके झटके दिखाएंगे. फिल्म के सेट पर तो जैकी को अब जैकी जैक्सन कहा जाने लगा है.

 

​डेढ़ दिन की शूटिंग पूरी हो चुकी है. अब फराह सॉन्ग के अगली शूटिंग के लिए बीजिंग के लिए उड़ान भरेंगी. फराह पहले भी चाइनीज फिल्म के लिए काम कर चुकी हैं. और उन्हें भाषा की कोई दिक्कत नहीं है.

 

‘पनामा पेपर्स लीक’ से परेशान ‘पैसे वाले’, बिग बी और ऐश्वर्या पर भी आरोप

आनंद द्विवेदी
पनामा पेपर्स लीक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. इसमें भारत की नामचीन हस्तियों समेत 500  भारतीयों द्वारा टैक्स चोरी करने का आरोप है. इन सभी लोगों पर उत्तरी और दक्षिणी अमेरिका के मध्य स्थित पनामा शहर में कम्पनियों में पैसा निवेश करने का आरोप है.

 

इस लिस्ट में सिने जगत के नामचीन लोगों का नाम भी शामिल है. महानायक अमिताभ बच्चन और उनकी बहू ऐश्वर्या बच्चन समेत अदानी के बड़े भाई, DLF के प्रमोटर के.पी.सिंह, वकील हरीश साल्वे, इंडिया बुल्स के समीर गहलोत समेत अन्य भारतीयों के नामों का खुलासा हुआ है. हालांकि अमिताभ और ऐश्वर्या ने इस बात का खंडन किया है.

 

दस्तावेजों में दुनियाभर के 140 नेताओं के नाम भी शामिल  हैं, जिनमें 12 वर्तमान और पूर्व राष्ट्र अध्यक्ष शामिल हैं. दस्तावेजों में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, पाक के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग जैसे नेताओं के नाम शुमार हैं. साथ ही अर्जेंटीना के फुटबॉल प्लेयर लियोनोल मैसी भी शामिल हैं.

 

टैक्स बचाने के लिए विदेशों में कम्पनीज बनाकर पैसा छिपाया जाता  है. ये अब तक का सबसे बड़ा खुलासा है. कालेधन के मुद्दे को चुनावी जुमला बनाकर सत्ता  प्राप्त करने वाली केंद्र की सरकार ने फ़ौरन एक जांच टीम का गठन भी कर दिया है.

 

पनामा शहर की एक लॉ फर्म मोसेका फोंसेका के डेढ़ करोड़ दस्तावेजों के लीक होने पर ये खुलासा हुआ है. 100 से ज्यादा मीडिया संस्थानों के 370 पत्रकारों का एक अंतर्राष्ट्रीय खोजी पत्रकार संगठन है, जिसमे भारत का इन्डियन एक्सप्रेस अखबार भी शामिल है. ये खुलासा लगातार मेहनत के फलस्वरूप हुआ है, इसे खोजी  संगठन  के द्वारा किया गया है. जर्मनी के अखबार सिदोचे जाइतुन ने अपने एक सूत्र के जरिए मोसेक फोंसका के 1975 से लेकर 2015 तक के दस्तावेज हासिल किए. बाद में इन दस्तावेजों की जांच अंतरराष्ट्रीय खोजी पत्रकार संघ ने की.

 

दस्तावेजों के मुताबिक़ इन सभी हस्तियों ने शैडो कम्पनीज और कारपोरेशन बनाईं, ताकि अपने देशों के टैक्स की चोरी की जा सके. अमेरिका के पनामा प्रांत में कालेधन का स्वर्ग है, जहां दुनिया भर के धनाढ्य लोग अपने कालेधन को जमा करते हैं और इनकी व्यक्तिगत जानकारी को भी गोपनीय रखा जाता है. इन दस्तावेजों में खासतौर पर पनामा, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड और बहामास में छिपाए गए धन की जानकारी है.

 

अकेले पनामा में ही करीब 3.50 लाख से ज्यादा गुप्त अंतरराष्ट्रीय बिजनेस कंपनियां हैं. मोसेक फोंसेका नामक इस फर्म के लगभग 35 देशों में दफ़्तर हैं. लीगल फर्म मोसेक बड़े-बडे़ लोगों से मोटी फीस लेकर उन्हें आर्थिक मुद्दों पर सलाह देती है. लेकिन उसका मुख्य काम इन लोगों का पैसा ठिकाने लगाना है. यह फर्म गुप्त और आसान टैक्स वाले दशों में ऑफशोर कंपनिया बना देती हैं. ये ऐसी कंपनियां होती हैं, जोकि संबंधित देशों के टैक्स नियमों से तो चलती हैं, लेकिन असली मालिक को छुपा देती हैं.
बच्चन पर भी लटक रही ‘तलवार’-

 

लीक्स के मुताबिक़ अमिताभ बच्चन को 1995 में ABCL स्थापित करने से दो साल पहले चार शिपिंग कंपनीज़ में बतौर डायरेक्टर नियुक्त किया गया था. जांच में पाया गया कि ये कंपनियां टैक्स हैवन में रजिस्टर्ड थीं. बच्चन इस कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर थे, जबकि अन्य निदेशक कॉरपोरेट और फाइनेंशियल सहयोग देते थे. ऐश्वर्या, उनके पिता, मां और भाई को 14 मई 2005 को एमिक पार्टनर्स लिमिटेड का डायरेक्टर बनाया गया. इस कंपनी की शुरुआत 50 हजार डॉलर से हुई. मोस्साक फोंसेका के अनुसार पनामा की एक फर्म ने इस कंपनी को स्थापित करने में मदद की थी. उसके मुताबिक करीब तीन साल के लिए ऐश्वर्या राय इस कंपनी से जुड़ी हुई थीं. वह इस कंपनी की शेयर होल्डर थीं.

 

पूरे मामले में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि मैं इस पर्दाफाश का स्वागत करता हूं. गैर कानूनी ढंग से विदेश में पैसा रखने वाले हर शख्स पर कार्रवाई होगी.

 

स्टैंड अप इंडिया योजना : आज होगी शुरुआत

देश में रोज़गार को एक नई दिशा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नोएडा में ‘स्टैंड अप इंडिया’ योजना का शुभारंभ करेंगे. एक आधिकारिक बयान के मुताबिक़ इस पहल के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के लोगों को दस लाख से लेकर एक करोड़ तक कर्ज देकर उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाएगा.

 

वित्त मंत्रालय ने अपने एक बयान में कहा कि आज प्रधानमंत्री नोएडा में स्टैंड अप इंडिया और वेब पोर्टल की शुरुआत करेंगे. इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक, केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली सहित अन्य प्रमुख मंत्री शामिल होंगे.

 

योजना के मुताबिक, सभी सूचीबद्ध वाणिज्यिक बैंक की शाखाएं कम से कम दो ऐसे कर्ज देंगी। इस पहल के तहत ऑनलाइन पंजीयन और सहायता के लिए एक वेब पोर्टल की भी शुरुआत की जाएगी।

 

गौरतलब है कि नोएडा में 151 महिलाओं को मुफ़्त रिक्शा दिया जाएगा, जिनमे से 21 ट्रांसजेंडर भी शामिल होंगे. कार्यक्रम से जुड़े हुए एक अधिकारी ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत कुल 5100 लोगों को मुफ़्त वितरण का लाभ दिया जाएगा.

 

मोदी ने किया देश के साथ धोखा- केजरीवाल

AmitDwivedi@navpravah.com

पाकिस्तान की जांच टीम के स्वदेश लौटने के बाद पकिस्तान की मीडिया में पठानकोट हमले के सन्दर्भ में ख़बरें प्रकाशित हुई हैं कि भारत पाकिस्तान को हमले का दोषी बनाने का ड्रामा कर रहा है, जबकि ऐसा कुछ नहीं है. खबर यह है कि पाकिस्तान जांच टीम की रिपोर्ट लीक हो गया है. खबर फैलते ही देश के अन्य राजनीतिक दलों ने केंद्र की दी सरकार को निशाना बनाना शुरू कर दिया है.

पाकिस्तानी मीडिया में छपी इस खबर से नाराज़ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरिंद केजरीवाल ने कहा कि पता नहीं मोदी और नवाज़ शरीफ की क्या डील हुई है. उन्होंने एक साथ कई ट्वीट करके कहा कि बीजेपी और आरएसएस वाले मुंह से तो भारत माता की जय बोलते हैं लेकिन आईएसआई के लोगों के बुलाकर छूरा भोंक देते हैं.

केजरीवाल ने कहा कि आईएसआई एजेंटों को भारत बुलाकर मोदी जी ने भारत माता के साथ ही धोखा किया है. केजरीवाल के इन बयानों पर बीजेपी ने बा इतना ही कहा कि अभी तक पाकिस्तान सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. इस मामले में पाकिस्तान सरकार के आधिकारिक बयान का इंतजार करना चाहिए. उसके बाद ही कुछ टिप्पणी करना सही होगा.

गौरतलब है कि भारत दौरे पर आए जेआईटी के पांच सदस्यों ने 29 मार्च को पठानकोट वायुसेना बेस का दौरा किया था. यहां उनके साथ मौजूद राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी एनआईए के अधिकारियों ने उन्हें पूरी सूचनाएं दीं। साथ ही जांच टीम को ये भी दिखाया था कि हमलावर किस रास्ते से एयरबेस में अंदर आए थे.

जेआईटी के सदस्य जब भारत में थे तब भी राजनीतिक दलों ने केंद्र सरकार के इस कदम की आलोचना की थी. एयरबेस तक जाने की बात को लेकर सरकार पर सभी ने निशाना बनाया था, जिसके बाद रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर को यह सफाई देना पड़ा कि जेआईटी सिर्फ घटनास्थल पर ही जाएगी. पूरा एयरबेस उन्हें नहीं दिखाया जाएगा.

असम और पश्चिम बंगाल में प्रथम चरण का मतदान शुरू

Bureau@navpravah.com

आज पश्चिम बंगाल और असम में विधानसभा चुनाव का पहले चरण का मतदान हो रहा है. राज्यों में किसी तरह की धांधली और दुर्घटना न हो, इसके मद्देनज़र सुरक्षा व्यवस्था को मज़बूत कर दिया गया है. आज असम में 65 और पश्चिम बंगाल में 18 सीटों पर मतदान कराए जा रहे हैं.

असम में 126 और पश्चिम बंगाल में 294 सीटों चुनाव कराए जांएगे. असम में 45,95,712 महिला सहित 95,11,732 मतदाता 12,190 मतदान केन्द्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जबकि पश्चिम बंगाल में भी मैदान में उतरी सभी पार्टियों के 133 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 40 लाख से भी ज्यादा मतदाता 4,203 मतदान केंद्रों पर करेंगे.

असम में कांग्रेस, बीजेपी गठबंधन और एआईयूडीएफ के बीच काफी कड़ा मुक़ाबला होने की संभावना है. पश्चिम बंगाल में विधानसभा की 294 सीटों के लिए चुनाव छह चरणों में होंगे और ये पांच मई तक चलेंगे. प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ पश्चिम बंगाल के बूथ संख्या 253 पर अभी तक कोई भी वोट नहीं डाला गया. बंगाल के कई इलाकों में मतदाताओं ने मूलभूत समस्याओं जैसे पीने के पानी और सडकों की समस्याओं को लेकर वोटिंग का बहिष्कार किया.

सऊदी अरब में भी गूंजा ‘भारत माता की जय’

Bureau@Navpravah.com
देश में भले ही ‘भारत माता की जय’ के नाम पर राजनीति की जा रही हो लेकिन सऊदी अरब में वहाँ की महिलाओं ने प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में जयघोष किया, जिससे माहौल खुशगवार हो गया। प्रधानमन्त्री मोदी रियाद में महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे सूचना प्रौद्योगिक कंपनी में गए, जहां पर उन्होंने वहाँ के आईटी पेशेवरों से चर्चा की।

 

मोदी ने सऊदी की महिला आईटी कर्मियों से बात की और उन्हें प्रोत्साहित किया। मोदी ने इन कर्मियों को भारत में आने का भी न्योता दिया। उन्होंने कहा कि भारत में व्यवसाय को आगे बढ़ाने की अपार संभावनाएं हैं।

 

नरेंद्र मोदी इस केंद्र में करीब 40 मिनट तक रहे, इस दौरान उन्होंने सेल्फी भी खिंचवाई। जैसे ही पीएम नरेंद्र मोदी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस)  के ऑल वूमन आईटी और आईटीईएस के मंच पर पहुंचे खुशी के बीच माहौल काफी खुशगवार हो गया और उस दौरान महिलाओं ने बुलंद आवाज में ‘भारत माता की जय’ के नारों का उडघोष किया।

 

मोदी ने कहा, ‘आप सभी भारत आएं। मैं जैसा माहौल यहां देख रहा हूं उससे दुनिया में मजबूत संदेश जाएगा।’ टीसीएस के केंद्र में बीपीओ परिचालन में 1,000 महिलाएं कार्यरत हैं। इनमें से 85 प्रतिशत सऊदी नागरिक हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज इस बेहद प्रतिस्पर्धी दुनिया में यदि हमें आगे बढ़ना है, तो सभी ताकतों को एक साथ प्रगति करनी होगी।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं की क्षमताओं के विकास पर ज़ोर देने की बात कही। उन्होंने कहा कि समय के साथ महिलाओं के विकास पर ध्यान दिए जाने से ही कोई भी देश तेज़ी से विकास कर सकेगा। मोदी ने ई गवर्नेंस पर भी ज़ोर देते हुए कहा कि मेरे लिए यह बेहद सुलभ और प्रभावी गवर्नेंस है।

 

उत्तर प्रदेश: NIA अधिकारी की गोली मारकर हत्या

AnandDwivedi@Navpravah.com
उत्तर प्रदेश के बिजनौर से खबर आई है कि NIA के एक आला अधिकारी और उनके परिवार पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं जिसमे NIA के DSP तंजील अहमद की मृत्यु हो चुकी है और उनका परिवार गंभीर रूप से घायल है. तंजील अहमद गत रात्रि एक पारिवारिक कार्यक्रम से अपनी पत्नी व बच्चों के साथ लौट रहे थे तभी मोटरसाइकिल पर सवार अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोकी और अंधाधुंध फायरिंग कर दी.

 

तंजील अहमद और उनका परिवार भांजी की शादी से घर लौट रहा था. रात में 1 बजे के आसपास रास्ते में पड़ने वाली एक पुलिया में कुछ बदमाशों ने जो उनकी गाड़ी को बाइक से ओवरटेक कर चुके थे , गोलियां बरसानी शुरू कर दी. इस फायरिंग में तंजील अहमद की मौत हो गई. पुलिस सूत्रों के अनुसार गोली 9 एमएम पिस्टल से चलाई गयी है, और अहमद के शरीर में 21 गोलियां लगी हैं जिसमें डीएसपी की मृत्यु हो गई. डीएसपी अहमद की पत्नी फरजाना बुरी तरह से घायल हैं. सूत्रों के मुताबिक तंजील अहमद की पत्नी को तीन गोलियां मारी गई हैं और उनकी हालत नाजुक है. डीएसपी की घायल पत्नी का इलाज नोएडा के फॉर्टिस हॉस्पिटल में किया जा रहा है. घटना स्थल पर तंजील अहमद के दो बच्चे भी मौजूद थे जो बिलकुल सुरक्षित हैं. हमले की सूचना मिलते ही लखनऊ डीआईजी,एनआईए और एटीएस की टीम बिजनौर पहुंच गई हैं. डीएसपी की हत्या के पीछे किसी गहरी साज़िश का अनुमान लगाया जा रहा है. कुछ लोग इसे आतंकी साज़िश भी मान रहे हैं.

 

डीएसपी तंजील अहमद, NIA के ऑपरेशन कोर टीम का हिस्सा थे और वो सभी बड़े आतंकवादी वारदातों की जाँच में भी मुख्य रूप से शामिल रहे हैं जिसमे पठानकोट हमले की जांच भी शामिल है. जब पाकिस्तान से JIT जांच करने आई थी तब भी तंजील अहमद पांच दिन तक टीम के साथ रहे. इसके अलावा अहमद के पास भारत में ISIS के मोड्यूल की जांच ,पश्चिम बंगाल के बर्धमान में हुए आतंकी हमले की जांच और आतंकियों के जाली नोटों से जुड़े मामलों की जाँच जैसे महत्वपूर्ण काम भी थे

 

केंद्रीय मंत्री जुएल ओरांव के हेलीकॉप्टर में लगी आग, बाल-बाल बचे

Bureau@Navpravah.com
गुवाहाटी में चुनावी सभाओं को संबोधित करने जा रहे केंद्रीय मंत्री जुएल ओरांव भारी दुर्घटना से बाल-बाल बच गए. उनके निजी हेलीकाप्टर में लगी आग को उड़ान भरने से पहले देख लिया गया और भारी दुर्घटना होने से बचा लिया गया.

केन्द्रीय जनजाति कल्याण मंत्री और बीजेपी नेता जुएल ओरांव आग की चपेट में आने से बच गए. हेलीकाप्टर में बैठकर वे उड़ान भरने ही वाले थे कि उनके हेलीकॉप्टर में आग लग गई. गनीमत यह थी कि उड़ान भरने के पहले ही आग की लपट को देख लिया गया नहीं तो हेलीकॉप्टर भीषण दुर्घटनाग्रस्त हो जाता.

चुनावी सभाओं को संबोधित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर जाने के लिए बीजेपी के अन्य नेताओं के साथ ओरांव जब हेलिकॉप्टर के अंदर बैठे हुए थे. एक अधिकारी ने बताया कि आग देखते ही केन्द्रीय मंत्री और अन्य को तुरंत ही सुरक्षित रूप से दूर ले जाया गया और फिर आग पर काबू पाया गया.

प्रत्युषा अपने बॉयफ्रेंड राहुल से थीं परेशान, शुक्रवार को झगड़ा भी हुआ!

Entertainment Desk

कलर्स के मशहूर सीरियल बालिका वधू की आनंदी यानी प्रत्युषा बनर्जी नहीं रहीं. प्रत्युषा की लाश मिलने के बाद पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस प्रत्युषा के दोस्तों से पूछताछ कर रही है. इसी बीच खबर यह भी आ रही है कि प्रत्युषा अपने बॉयफ्रेंड की वजह से काफी परेशान थी. एक करीबी दोस्त के मुताबिक़ वो अपने बॉयफ्रेंड के सारे खर्चे भी उठाती थी.

प्रत्युषा की लाश मिलने के बाद पुलिस ने छानबीन तेज़ कर दिया है. इस पूरे मामले में ऐसी ख़बरें सामने आ रही है कि प्रत्युषा अपने बॉयफ्रेंड की वजह से काफी परेशान थी. प्रत्युषा के एक करीबी दोस्त के मुताबिक़ उसने मुझे बताया कि वो राहुल से दुखी है और उसके साथ चीटिंग हुई है. दोस्त ने बताया कि प्रत्युषा होली के दिन जब ये बता रही थी तब उसके आँख में आंसू भी थे, वो काफी परेशान थी.

पुलिस के मुताबिक प्रत्युषा को अस्पताल पहुंचाने के बाद राहुल ने ही उसके घरवालों को उसकी मौत की खबर दी. फिलहाल इस मामले की जांच में जुटी पुलिस प्रत्युषा के फ्लैट से फोरेंसिक सबूत जुटाने में लगी है.

ख़बरें ऐसी भी आ रही हैं कि शुक्रवार को प्रत्युषा और राहुल के बीच मलाड के एक शॉपिंग मॉल में झगड़ा भी हुआ, इस दौरान राहुल ने प्रत्युषा को काफी ज़ोर से थप्पड़ लगाया. यह घटना भी दोनों के आपसी मनमुटाव की एक अलग दास्ताँ बयां करती है.

बालिका वधु फेम ‘प्रत्युषा बनर्जी’ ने की आत्महत्या

Entertainment Desk

धारावाहिक बालिका वधु में आनंदी का किरदार निभाने वाली प्रत्युषा बनर्जी ने आत्महत्या कर ली है. जानकारी के मुताबिक़ शाम को लगभग 5 बजे उन्हें उनके कांदिवली स्थित फ्लैट में पंखे से लटका हुए देखा गया, जिसके बाद मुंबई के कोकिलाबेन हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.

प्रत्युषा के आत्महत्या मामले में पुलिस पड़ताल कर रही है. 24 वर्षीय प्रत्युषा ने आत्महत्या क्यों की, इसकी वजह का पता नहीं लगाया जा सका है. लेकिन पुलिस उनके कॉल रिकॉर्ड खंगाल रही है. जमशेदपुर की रहने वाली प्रत्युषा ने हम हैं न, ससुराल सिमर का जैसे टीवी शो में काम किया है.

इस मामले में जब उनके साथ काम करने वाले कुछ कलाकारों से बात की गई तो सभी शॉक हो गए. कुछ ने तो सोचा कि उन्हें अप्रैल फूल बनाया जा रहा है. हालाँकि सुसाइड के पीछे के कारणों का पता अभी तक नहीं चल सका है, लेकिन कहा जा रहा है कि हाल ही में उनकी लड़ाई उनके ब्वॉय फ्रेंड से हुई थी. उनकी शादी की बात भी उनके ब्वॉय फ्रेंड राहुल राज सिंह से भी चल रही थी. हमने राहुल से भी संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनका फोन स्विच ऑफ था.