28.5 C
Mumbai
Thursday, August 6, 2026
Home Blog Page 1168

तोड़ा जाएगा शहीद निरंजन का घर!

ब्यूरो,

पठानकोट हमले में शहीद हुए लेफ्टिनेंट कर्नल निरंजन के बंगलुरु स्थित घर को नगर निगम तोड़ने की फ़िराक में है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक़, बंगलुरु में शहीद निरंजन के घर के एक पिलर को तोड़ा जाएगा। नगर निगम के इस फैसले शहीद के घर वाले विरोध कर रहे हैं।

बंगलुरु में नगर निगम ने अतिक्रमण समाप्त करने के लिए एक अभियान चलाया है, जिसके तहत सभी प्रभावित इलाकों को तेज़ी के साथ साफ़ किया जा रहा है। नगर निगम के मुताबिक, शहीद निरंजन के घर के एक पिलर को तोड़ा जाएगा। निरंजन के घर के जिस पिलर को नगर निगम तोड़ने वाला है, उसी पिलर पर उनका मकान खड़ा है। पिलर को तोड़ने से शहीद का आधा घर क्षतिग्रस्त जाएगा।

शहीद के परिवार ने इस कार्रवाई का विरोध किया है। उनके परिवार के एक सदस्य ने कहा कि उनके पास सारे कागज मौजूद हैं। हमने अधिकारियों से संकर्प करने की कोशिश की, लेकिन अभी किसी अधिकारी से कोई बात नहीं हुई है। अतिक्रमण हटाने के लिए दो दिन पहले ही नोटिस मिला है। इस मामले में नगर निगम की तरफ से लापरवाही हुई है। हमें नहीं पता था कि मकान का ये अवैध हिस्‍सा है।

बेंगलुरु सरकार ने नालों को लेकर यह अभियान शुरू किया है। इसके बाद यहां के स्थानीय अथॉरिटीज ने ऐसे मकानों की सूची बनाई, जिनके कारण वॉटर लॉगिंग होती है। इस मामले में शहीद निरंजन के भाई शशांक ने नगर निगम को दोषी ठहराया है।

स्वतंत्रता दिवस पर वाघा बॉर्डर पर तालिबानी खतरा: पाकिस्तान

ब्यूरो,

बुधवार को पाकिस्तान ने वाघा बॉर्डर पर आतंकी हमले की चेतावनी जारी की है। पाकिस्तान ने कहा कि आगामी 13 से 15 अगस्त के बीच पाकिस्तानी तालिबान पड़ोसी देशों के स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आतंकी हमले को अंजाम दे सकता है।

पाकिस्तान के राष्ट्रीय आतंकवाद रोधी प्राधिकरण ने 13 से 15 अगस्त के बीच वाघा बॉर्डर पर संभावित हमले के बारे में गृह सचिव को लिखा। पत्र में स्पष्ट किया गया कि, “कथित रूप से तहरीक-ए-तालिबान, फजल उल्ला गुट 13,14, या 15 अगस्त को लाहौर में वाघा सीमा या कसूर में गंडा सिंह सीमा पर परेड को निशाना बनाने की योजना बना रहा है।”

यही नहीं चेतावनी में यह भी साफ़ किया गया है कि सीमा पर दो आत्मघाती हमलावर भी भेजे गए हैं। पत्र ने सुरक्षा एजेंसियों को सकते में डाल दिया है। सुरक्षा एजेंसियों को सुझाव दिया गया है कि किसी तरह की हिंसक घटना न घटे, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को मज़बूत बनाया जाना चाहिए।

ज़ाकिर के खाते में विदेश से आए 60 करोड़, जांच शुरू

ब्यूरो,

विवादि‍त उपदेशक जाकिर नाइक की परेशानी और भी बढ़ती नज़र आ रही है। दरअसल पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि ज़ाकिर के निजी बैंक अकाउंट्स में तीन देशों से लगभग 60 करोड़ रूपए की राशि जमा की गई थी। यह रकम नाइक के परिवार के सदस्यों के बैंक खाते में जमा की गई है।

अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की एक खबर के मुताबिक़, पुलिस ने पैसों के लेन-देन की जांच की थी और ट्रांजेक्शन की पूरी जानकारी हासिल की है। हालाँकि इस मामले में पुलिस ने कहा है कि अभी तक हमें इस बात की जानकारी नहीं मिली है कि यर पैसे किस प्रयोजन से मंगाए गए थे। लेकिन पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि जो पैसे मंगाए गए हैं, वे नाइक के एनजीओ इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन नहीं बल्कि उनके निजी खाते में आए हैं।

नाइक पर गाज इसलिए भी गिर सकती है क्योंकि नाइक इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन के नाम का हवाला देते रहे हैं, अब निजी खाते में पैसे मंगाने की वजह को लेकर पुलिस नाइक से पूछताछ कर सकती है। हालाँकि इस मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने आया विभाग से इसकी जानकारी मांगी है, जिसकी मामला स्पष्ट हो सके।

गौरतलब है कि ढाका आतंकी हमले में एक आतंकी ज़ाकिर के भाषणों से प्रभावित था, जिसके बाद से ज़ाकिर पर तलवार लटकती नज़र आ रही है। अब देखना है कि ज़ाकिर की तरफ से इन 60 करोड़ रूपए का क्या हिसाब सामने आता है।

“मुझे नहाना कतई पसंद नहीं था”- कंगना रनौत

एंटरटेनमेंट डेस्क
ऐसा प्रतीत होता है कि देश का हर नागरिक स्वच्छ भारत अभियान में अपना योगदान दे रहा है।बॉलीवुड स्टार कंगना रनौत भी अपने तरीके से स्वच्छता के लिए जागरूकता फैला रही हैं। कंगना का कहना है कि खुद को साफ सुथरा रखने से उनके जीवन में अच्छे बदलाव आने शुरू हुए।

स्वच्छ भारत अभियान पर बनी ‘डोंट लेट हर गो’ शीर्षक वाली लघु फिल्म के लांच पर संवाददाताओं से बातचीत में ‘क्वीन’ कंगना ने खुलासा किया कि वह बहुत ही आलसी हुआ करती थीं। नहाना उन्हें कतई पसंद नहीं था। कंगना ने कहा, “मैं बहुत आलसी थी, और नहाने से तो नफरत थी। मेरे माता-पिता तंग आ चुके थे।”

कंगना ने कहा, ” ईमानदारी से कहूं तो उस दौरान मेरे जीवन में कुछ भी अच्छा नहीं हुआ। मेरे कोई दोस्त नहीं बने, कोई अवसर नहीं मिला। फिर मैंने तत्वों, सम्मिश्रण और ऊर्जा के बारे में काफी पढ़ा और मुझे पता चला कि उर्जा तीन तरह की होती है और उनमें से एक है स्वच्छता जो सबसे महत्वपूर्ण है।”

कंगना ने कहा, “मैंने वेदांत पढ़े, स्वामी विवेकानंद के रास्ते पर चली। मैंने सीखा कि कैसे खुद को और ऊर्जाओं के ऊपर उठाना है, और बदलाव करने हैं। मैंने आंतरिक और बाह्य स्वच्छता के महत्त्व को समझा।” उन्होंने कहा, “मैंने बाह्य स्वच्छता से शुरूआत की। यह मूल काम है। जब मैंने इससे शुरूआत की तो जीवन में चीजें बदलनी शुरू हो गयीं। अब मैं नहाती हूं, स्वच्छ रहती हूं और सुनिश्चित करती हूं कि गंदगी ना फैलाऊं। पिछले 12 साल में मैंने कचरा नहीं फैलाया है।”

इस फिल्म में कंगना देवी लक्ष्मी के रूप में नजर आएंगी। कंगना का कहना है कि इन तकनीकों को अपनाने से उनका जीवन बदल गया। प्रदीप सरकार के निर्देशन में बन रही इस लघु फिल्म में ईशा कोप्पिकर और ओंकार कपूर भी हैं। इसके लिए मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने भी अपनी आवाज दी है।

रियो: भारत की बॉम्बयाला ने तीरंदाज़ी का व्यक्तिगत ऐलिमिनेशन जीता

शिखा पाण्डेय

पदक का खाता खुलने की उम्मीद लगाये भारत के लिए रियो ओलंपिक से एक अच्छी खबर आई है।  पांचवें दिन के खेल में भारत की बोम्बायला देवी ने दो मुकाबले जीतकर महिला तीरंदाजी के अंतिम 16 में जगह बना ली। महिला तीरंदाजी में बॉम्बयाला देवी ने व्यक्तिगत ऐलिमिनेशन में ऑस्ट्रिया की लॉरेंस बाल्डौफ को 6-2 से हरा दिया है। बॉम्‍बयाला की जीत से तीरंदाजी में भारत को उम्मीद की किरण नज़र आई है।

आपको बता दें कि व्‍यक्तिगत स्‍पर्धा में भारत की लक्ष्‍मीरानी पहले दौर में हारकर बाहर हो गई हैं।लक्ष्मीरानी मांझी व्यक्तिगत स्पर्धा के पहले दौर में स्लोवाकिया की एलेक्सांद्रा लोंगोवा के खिलाफ 1-7 की शिकस्त के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गई।
लक्ष्मीरानी चार में से एक भी सेट नहीं जीत पाईं। वे सिर्फ तीसरे सेट में 26-26 से बराबर रहीं। स्लोवाकिया की खिलाड़ी ने पहला, दूसरा और चौथा सेट क्रमश: 27-25, 28-26, 27-24 से जीत लिया। ऐसे में भारत को बॉम्बयाला ने बड़ी राहत पहुंचाई है।

भारत ने चौथे दिन भी अच्छा प्रदर्शन किया और भारत की जीतू राय भी 50 मीटर पिस्टल में छठे नंबर पर बने हुए हैं और उनके फाइनल में पहुंचने की उम्मीद है।

सपा व कांग्रेस सदमे में, तीन विधायक बसपा में हुए शामिल

सौम्या केसरवानी,

उत्तर प्रदेश में सत्ता वापसी के लिए बहुजन समाज पार्टी ने आज कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया है। आज बहुजन समाज पार्टी में कांग्रेस के तीन मुस्लिम विधायक शामिल हो गए। सपा के भी एक मुस्लिम विधायक ने बसपा का दामन थामा है।

बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर के साथ ही पार्टी के चीफ को-आर्डीनेटर नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने आज विधान भवन में बसपा विधानमंडल के कार्यालय में इन विधायकों के बहुजन समाज पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। कांग्रेस के विधायक नावेद मियां (स्वार, रामपुर), दिलवनाज खान (बुलंदशहर) तथा मोहम्मद मुस्लिम (अमेठी) के साथ ही समाजवादी पार्टी के नवाजिश आलम खान (बुढाना, मुजफ्फरनगर ) को बसपा के बड़े नेताओं ने आज पार्टी में शामिल कराया। इनके साथ ही भारतीय जनता पार्टी की सरकार में मंत्री रहे अवधेश वर्मा भी बहुजन समाज पार्टी में शामिल हो गये।

कांग्रेस को सबसे बड़ा झटका अमेठी तथा रामपुर से लगा है। कांग्रेस के गढ़ अमेठी के तिलोई से कांग्रेस विधायक डा. मुस्लिम का भी पार्टी से मोहभंग हो गया है। इसके साथ ही लंबे समय से कांग्रेस का झंडा थामने वाली बेगम नूर बानो के पुत्र रामपुर के स्वार से कांग्रेस के विधायक नवाब काजिम अली भी बहुजन समाज पार्टी में शामिल हो गये।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश में मुस्लिम व ब्राह्मण गठजोड़ के साथ 27 वर्ष बाद सत्ता में वापसी के अभियान को झटका लगा है। आज कांग्रेस के तीन मुस्लिम विधायकों ने मायावती का दामन थाम लिया है। बसपा में आज बीएसपी में शामिल होने वाले सभी विधायक मुस्लिम हैं।

कांग्रेस ने इन सभी विधायकों को राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग के कारण निलंबित किया था। बहुजन समाज पार्टी के इस अभियान से साफ हो गया है कि अब पार्टी दलित, ब्राह्मण और मुस्लिम वोट बैंक को साधने की तैयारी में है।

ज़ू ज़ू के साथ रोमांस करेंगे सलमान!

एंटरटेनमेंट डेस्क,
बॉलीवुड में कई नए खूबसूरत चेहरों को एंट्री दिलानेवाले दबंग खान सलमान ने अब चाइना की एक्ट्रेस के साथ काम करने का मन बनाया है। सलमान खान एक बार फिर कबीर खान की फिल्म में काम करने की तैयारी में हैं और कबीर की इस फिल्म का नाम होगा ‘ट्यूब लाइट’।

‘ट्यूब लाइट’ एक इंडो चाइनीज फिल्म होगी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक फिल्म की कहानी में भारत और चीन के सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन को पिरोया जाएगा। फिल्म को दो भाषाओं में साथ शूट किया जाएगा। इसमें भारत और चीन दोनों मुल्कों के कलाकारों को लिया जा सकता है।

दरअसल इस फिल्म में कबीर खान दीपिका पदुकोण या कटरीना कैफ को लेना चाहते थे, लेकिन शायद बात नहीं बन सकी। अब जाकर इस बात का खुलासा हुआ है कि फाइनली फिल्म में सलमान के साथ चाइनीज़ हीरोइन ज़ू ज़ू होंगी। इतना ही नहीं सलमान चीनी अदाकारा ज़ू ज़ू के संग पहली बार रोमांस करते हुए भी नजर आ सकते हैं।

फिल्म की शूटिंग लेह में शुरू हो चुकी है। कबीर खान के डायरेक्शन में बन रही यह फिल्म पहले ही से ज़बरदस्त चर्चा में है। आपको बता दें कि सलमान इससे पहले कबीर खान के साथ ‘बजरंगी भाईजान’  और ‘एक था टाइगर’ में भी काम कर चुके हैं।

ज्योतिरादित्य सिंधिया की कार से हुई टक्कर में बुज़ुर्ग की मौत

शिखा पाण्डेय,
कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की कार से हुई टक्कर में एक बुज़ुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई है। यह हादसा केरल के अलपूझा में हुआ। घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।

जब हादसा हुआ सिंधिया गाड़ी की पिछली सीट पर बैठे थे। इस हादसे में सिंधिया को कोई चोट नहीं लगी है। वे पूरी तरह से सुरक्षित हैं। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब उनका काफिला केरल के अलपूझा से गुजर रहा था। सिंधिया ने अपना सारा कार्यक्रम रद्द कर दिया और अब उस युवक के घर गए।

मृत व्यक्ति की उम्र 62 साल बताई जा रही है। इस घटना में किसी और के घायल होने की खबर नहीं है।
इस मामले में सिंधिया का कहना है कि गलती बुजुर्ग की ही थी क्योंकि वे अपनी इलेक्ट्रिक साइकिल के साथ रॉन्ग साइड में चल रहे थे। उनके ड्राइवर ने उन्हें काफी बचाने की कोशिश की, लेकिन फिर भी दुर्घटना हो गई। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मृतक परिवार के साथ सहानुभूति व्यक्त की है।

मनीष पॉल की इकोफ्रेंडली फैन!

एंटरटेनमेंट डेस्क,

कभी कभी फैन्स अपने पसंदीदा सितारों को अपना प्यार दिखाने के लिए अजीब हरकतें करते हैं, जिससे उस सितारे का ध्यान उनपर जाए। टेलीविजन के बड़े सितारे मनीष पॉल को भी ऐसा अनुभव हुआ उनके जन्मदिन के दौरान।

मनीष पॉल अपने जन्मदिन पर एक प्रशंसक द्वारा दिए गए उपहार से काफी खुश नज़र आए। दरअसल उनके प्रशंसकों में से एक ने उन्हें एक तस्वीर भेजी, जिसमें एक पेड़ पर मनीष के नाम लिखा हुआ था।

इस फैन का नाम पार्वती है, जो मनीष के होम टाउन दिल्ली से है। इस फैन ने मनीष को पेड़ के साथ अपनी तस्वीर भेजी, इस तस्वीर में वे पेड़ के साथ है और उसपर मनीष का नाम है। इतना ही नहीं मनीष ने हाल ही में एक टैटू अपने हाथ पर गुदवाया है, वैसा ही टैटू उस फैन ने अपने हाथ पर भी गुदवाया है।

इस मामले में मनीष ने कहा कि, ‘यह काफी अलग सरप्राइज़ रहा, हमेशा देखा गया है कि फैन हमेशा अजीबोगरीब चीज़ें करते हैं। मैं बहुत खुश हूं कि मेरा ऐसा एक प्रशंसक है। सही में ये तो इकोफ्रेंडली फैन है।

नवाज़ ने फिर अलापा कश्मीर राग, कहा, “कश्मीर भारत का निजी मामला नहीं”

अमित द्विवेदी,

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ने एक बार फिर कश्मीर का राग अलापना शुरू कर दिया है। अपने देशवासियों को सुरक्षा दे पाने में नाकाम रही पाकिस्तानी सरकार ने कश्मीर मामले पर पुनः हस्तक्षेप करना शुरू कर दिया है। बुधवार को शरीफ ने कहा कि कश्मीर भारत का निजी मामला नहीं है। इसलिए वे घाटी वालों को न्याय दिलाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

बुधवार को नवाज़ शरीफ़ ने कहा कि कश्मीर की परेशान जनता को न्याय दिलाना उनका दायित्व है। शरीफ ने कहा कि कश्मीर की जो स्थिति है, वे उसे विश्व के सामने रखने में कोई कोताही नहीं बरतेंगे। भारत कश्मीर के मामले को अपना निजी मामला कहकर बरगलाने की कोशिश न करे।

संयुक्त राष्ट्र की आगामी महासभा की तैयारी के लिए शरीफ ने एक मीटिंग की। मीटिंग में विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज, विशेष सहायक तारिक फातमी, विदेश सचिव ऐजाज़ अहमद चौधरी, संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की स्थायी प्रतिनिधि मलीहा लोधी और अमेरिका में पाकिस्तान के राजदूत जलील अब्बास जिलानी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

शरीफ ने कश्मीर मामले में आगे कहा कि कश्मीरियों की आवाज बनना मेरा दायित्व है। प्रधानमंत्री शरीफ के कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, बैठक में यह माना गया कि ‘कश्मीर संयुक्त राष्ट्र का अधूरा एजेंडा है और तदनुसार भारत को यह समझना चाहिए कि कश्मीर उसका आंतरिक मामला नहीं है, इसके बजाय वह क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय चिंता का विषय है।

हालाँकि इस मामले पर कुछ राजनीतिज्ञों का मानना है कि शरीफ ने पाकिस्तान में ही अपने गिरते ग्राफ को देखते हुए , ये बातें योजनाबद्ध तरीके से कहीं हैं। जिससे पाकिस्तान के कट्टर माहौल में उन्हें भी तरजीह दी जाए। इस मामले पर भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि पाकिस्तान को अपने देश की सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए, उसे सीमा पार झाँकने का कोई अधिकार नहीं है।