29 C
Mumbai
Thursday, August 13, 2026
Home Blog Page 1034

Raabta Movie Review: पुनर्जन्म की फीकी कहानी में सुशांत-कृति की केमिस्ट्री का तड़का

कोमल झा| Navpravah.com

फिल्म का नाम: राब्ता

डायरेक्टर: दिनेश विजन
स्टार कास्ट: सुशांत सिंह राजपूत, कृति सैनन, राजकुमार राव, जिम सर्भ, वरुण शर्मा अवधि:2 घंटा 34 मिनट
सर्टिफिकेट: U/A
रेटिंग: 2.5 स्टार

राबता को देखने के बाद एक बात पूरी तरह से साफ हो जाती है- अब पुनर्जन्म की कहानी कहने के लिए फिल्मवालों को नए पैंतरे  ईजाद करने पड़ेंगे. जितनी उम्र पर्वतों की है शायद उतनी ही उम्र पुनर्जन्म की कहानियों की होगी.

Raabta

हकीकत यही है कि इस फिल्म में कुछ भी नयापन नहीं है. वही कहानी, वही सीन, वही काले-गहरे रहस्य और अंत में वही ट्विस्ट. देखा-सुना सब लौट-लौट कर आता है. राब्ता का मामला ऐसा ही है. पुनर्जन्म की प्रेम कहानी में अगर आपकी आंखों से एक बार आंसू तक न निकले तो वो प्रेम कहानी ही क्या है. राजाओं के जमाने की शताब्दियों पुरानी बातें तो मॉडर्न जमाने के हंगरी में भारतीय हीरो-हीरोइन-खलनायक. सब चुंचु का मुरब्बा बन जाता है. पुनर्जन्म की कहानी के 21वीं सदी से कनेक्शन में कई बातें तर्कहीन लगती हैं. इस फिल्म का निर्देशन करने वाले दिनेश विजन इसके पहले बदलापुर, कॉकटेल और हिंदी मीडियम सरीखी फिल्मों में बतौर निर्माता नजर आए थे लेकिन राबता देखने के बाद यही कहने का मन करता है कि बतौर निर्माता वो अच्छी फिल्में बनाते है, लेकिन यही बात मैं उनके निर्देशन के बारे में नही कह सकता हूं.

पिछले साल ही दर्शकों ने पुनर्जन्म वाली मिर्जिया को हवा में उड़ा दिया था मगर राब्ता को सुशांत-कृति का रोमांस, कुछ हठीली-कॉमिक बातें और बुडापेस्ट के लोकेशन बचाते हैं. फिर भी फिल्म कहीं-कहीं दादा-परदादा के जमाने की लगती है आप उससे कनेक्ट नहीं कर पाते.

कहानी एक पंजाबी दिल फेंक मुंडा शिव यानी कि सुशांत सिंह राजपूत की है जिसे हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट मे एक बैंकर की नौकरी मिल जाती है. वहां पर उसकी मुलाकात आयशा यानी कृति सैनन से होती है और फिर चंद मुलाकात के बाद दोस्ती प्रेम में तब्दील हो जाती है. बाद में शराब के व्यापारी जाकिर मर्चेंट के रोल मे जिम सरभ की एंट्री होती है और उसके बाद चीजें बदलने लगती है. आयशा मर्चेंट की तरह खिंचती चली जाती है और जब एक सप्ताह के लिए शिव वियना मे बैंकर्स कांफ्रेंस के लिये जाता है तब उसकी जिंदगी पूरी तरह से बदल चुकी होती है. पुनर्जन्म की बात यही से शुरू होती है.

RaabtaFilm

अभिनय के मामले मे भी सुशांत सभी से उन्नीस नजर आते है अलबत्ता इमोशनल सींस मे कृति की कमजोरी दिखाई देती है. जिम सरभ की शुरुआत तो बड़े ही शानदार तरीके से होती है लेकिन जैसे-जैसे फिल्म आगे बढ़ती है, वैसे-वैसे ही उनका किरदार स्टीरियोटाइप्ड होते चला जाता है. राजकुमार राव भी फिल्म में है और मुमकिन है कि उनके मेकअप की वजह से आपको उनको पहचान नहीं पाएं. वो एक बूढ़े के किरदार में नजर आते है लेकिन उनकी धार इस फिल्म में दिखाई नही देती.

 

 क्यों देख सकते हैं ये फिल्म

सुशांत सिंह राजपूत ने प्रेजेंट डे और पास्ट के किरदार को बखूबी निभाया है और उन्हें देखकर लगता है कि कितनी मेहनत इस तैयारी में लगी होगी. वहीँ पिछली फिल्मों से काफी बेहतर अदाकार कृति सैनन करती हुई दिखाई दी हैं. राजकुमार राव का लुक कमाल का है, लेकिन उन्हें और साफ जबान में बात करते हुए दिखाया जाता तो वो किरदार और भी दिलचस्प लगता. वरुण शर्मा की मौजूदगी उनकी हर फिल्म जैसी ही है, कुछ अलग नहीं है. जिम सर्भ की मौजूदगी शायद सबको पसंद ना आ पाये पर कोशिश अच्छी है. विजुअल के लिहाज से फिल्म काफी रिच है और देखने में अलग फीलिंग्स आती है.

 बॉक्स ऑफिस

फिल्म का बजट लगभग 55 करोड़ बताया जा रहा है और साथ ही इसे भारत में 1500 से ज्यादा और विदेश में 330 स्क्रीन्स में रिलीज किया जा रहा है. सुशांत सिंह राजपूत और कृति सैनन जैसी स्टार कास्ट की वजह से फिल्म को बम्पर ओपनिंग मिलने की सम्भावना है.

यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजे घोषित

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

यूपी बोर्ड परीक्षा 2017 के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। यह परिणाम यूपी बोर्ड के मुख्यालय इलाहाबाद से घोषित किया गया है। हाईस्कूल में फतेहपुर की तेजस्वी देवी, श्रुति ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है, नवनीत तीसरे स्थान पर हैं। वहीं प्रियांशी तिवारी ने 96.20 प्रतिशत अंक पाकर इंटरमीडिएट में टॉप किया है।

हाईस्कूल और इंटर में दोनों टॉपर फतेहपुर के ही हैं। इस बार हाईस्कूल में 81.18 और इंटर में 82.62 परसेंट स्टूडेंट्स पास हुए है। पिछली बार हाईस्कूल में टोटल 87.66 परसेंट स्टूडेंट्स पास हुए थे। इनमें लड़कियों ने 91.11 परसेंट के साथ बाजी मारी थी।जबकि 84.22 परसेंट लड़के पास हुए थे। इंटर में टोटल 87.99स्टूडेंट्स पास हुए थे।

इनमे लड़कियों का पासिंग परसेंटेज 92.48 और लड़के 84.35 परसेंट पास हुए थे। माध्यमिक शिक्षा निदेशक अमरनाथ वर्मा ने बताया कि इस वर्ष इंटरमीडिएट और हाईस्कूल में कुल 60 लाख 61 हजार 34 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। इनमें से 5 लाख 54 हजार 503 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। कुल 54 लाख 66 हजार 531 छात्रों ने परीक्षा दी। इस बार दो हजार से अधिक नकलची पकड़े भी गए थे।

परीक्षा के दौरान 600 से ज्यादा स्कूलों को ब्लैक लिस्टेड भी किया गया था। उन्होंने बताया कि हाई स्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्रदेश के 257 केन्द्रों पर 27 अप्रैल से शुरू होकर 15 दिनों में पूरा हो गया था। इसके बाद शुक्रवार को परिणाम जारी कर दिया गया।

हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परिणाम घोषित होने के 15 दिनों के भीतर अंकपत्र एवं प्रमाणपत्र संबंधित विद्यालयों पर पहुंच जाएगा। ताकि छात्रों को अगली कक्षा में प्रवेश लेने में कोई परेशानी न हो। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट का परिणाम इंटरनेट पर भी देख सकते हैं।

लखनऊ तक पहुँची मध्य प्रदेश के आंदोलन की ‘आग’

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

मध्य प्रदेश में भड़के किसान आंदोलन में 2019 का सियासी गणित तय करने को लेकर तीर चलने शुरू हो गए हैं। भाजपा इस समय पूरी तरह से रक्षात्मक नजर आ रही है। जबकि विपक्षी केंद्र और राज्य की सरकार पर हमलावर हैं, मध्य प्रदेश का असर उत्तर प्रदेश पर भी नजर आ रहा है।

राजधानी लखनऊ विरोध का गढ़ बन गई है। यहां एक ओर तो राहुल गांधी के हिरासत में लिये जाने के बाद में कांग्रेसियों ने मार्च निकाला और एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का पुतला फूंका, तो वहीं दूसरी ओर भाकियू के विभिन्न गुटों ने भी जीपीओ पर धरना प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी किसानों के गोली मारे जाने पर भाजपा और केंद्र सरकार से जवाब मांग रही है। दूसरी ओर, प्रदेश भाजपा की ओर से कहा जा रहा है कि केंद्र सरकार और इसके बाद भाजपा की प्रदेशों में बनी सरकारों ने इतना ज्यादा काम किया है कि, 2019 में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।

राहुल गांधी की नीचम में गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस के पदाधिकारियों ने एमपी के सीएम शिवराज का पुतला माल एवेन्यू में फूंका। यहां कांग्रेसी हजरतगंज की ओर कूंच करना चाह रहे थे। मगर पुलिस ने बेरीकेटिंग कर के कांग्रेसियों को रोका। जिसके बाद में यही पर इन लोगों ने एमपी के सीएम का पुतला फूंक दिया। जबकि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने भी धरना प्रदर्शन कर के भाजपा और केंद्र सरकार का विरोध किया।

सपा के मुख्य प्रवक्ता ने बताया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने चुनाव के समय 2022 तक किसानों की आय दुगुना करने की घोषणा की थी। उस दिशा में किंतु कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। किसानों को उनके उत्पाद का न्यूनतम मूल्य भी दिलाने का काम नहीं हुआ। किसान कर्ज से बेहाल है। उत्तर प्रदेश में कर्जमाफी की घोषणा के बावजूद किसान को कुछ नहीं मिला है। किसानों के साथ यह धोखाधड़ी का खेल चल रहा है।

बीजेपी के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि, केंद्र सरकार ने तीन साल में इतना अधिक किसानों के लिए किया है कि किसान केवल भाजपा को ही वोट देंगे। 2019 में एक बार फिर से केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि नीम कोटेड यूरिया, मृदा हेल्थ कार्ड, उज्जवला योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, सिंचाई योजना से केंद्र सरकार किसानों का जम कर भला कर रही है।

म्यांमार के लापता विमान का मलबा अंडमान में मिला, सागर में तैरते मिले शव

कोमल झा| Navpravah.com

बर्मा के लापता विमान का मलबा अंडमान सागर से बरामद हुआ है. इस विमान पर 122 लोग सवार थे. सेना ने फेसबुक पर जारी किए गए बयान में कहा कि विमान पर सवाल सैनिकों के शव भी मलबे के साथ बरामद हुए हैं.

वाई8 नाम का ये चीन में बना विमान सामान लाने-लेजाने में इस्तेमाल किया जाता था. विमान पर 14 चालक दल के सदस्य और 106 सैनिक और उनके परिवार के लोग थे.

मरने वालों में बच्चे भी शामिल थे. ये विमान मेइक से यांगोन जा रहा था. इसका मलबा तटीय शहर दावेई से बरामद हुआ है.

इससे पहले सेना ने जानकारी दी थी कि बुधवार को स्थानीय समय अनुसार 1.35 मिनट पर अचानक विमान से संपर्क टूट गया था. तब इस विमान की लोकेशन दावेई शहर से 20 मील पश्चिम में दर्ज की गई थी.

 

नैंसी हत्याकांड: पुलिस ने किया बड़ा खुलासा, अपने ही बने ‘हत्यारे’?

कोमल झा| Navpravah.com

बिहार के मधुबनी ज़िले के बहुचर्चित नैंसी हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है.12 साल की नैंसी की हत्या के मामले में अब शक की सुई उसी के दो रिश्तेदारों पर घूम गई है. पुलिस ने इस मामले में राघवेन्द्र और पंकज को गिरफ्तार कर लिया है जो नैंसी के ही चाचा हैं.

मधुबनी के एसपी दीपक बर्नवाल ने संवाददाताओं से कहा, ” नैंसी कांड का मास्टरमाइंड राघवेन्द्र है, राघवेन्द्र और पंकज के खिलाफ़ पुख्ता सुबूत हैं.”

एसपी के मुताबिक, “राघवेन्द्र और पंकज के बयानों में समानता नहीं है, जो साक्ष्य मिल रहे है वो ये संकेत दे रहे है कि परिवार झूठ बोल रहा है, एफ़आईआऱ में नैंसी के अपहरण का जो समय दर्ज कराया गया है उस वक़्त जिन दो लोगों पर आरोप लगाए गए, वो पेट्रोल पंप पर काम कर रहे थे.”

पुलिस ने बताया कि इस मामले में नैंसी के दोस्तों से भी पूछताछ की गई है, और अभी इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं.

नैंसी का झुलसा हुआ शव 27 मई को मिला था. उसकी लाश की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थी. नैंसी के परिवार ने इस मामले में पवन कुमार झा और लल्लू झा नाम के दो लोगों को आरोपी बनाया था. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इस पुलिस ने स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीम का गठन किया था. नैंसी के पिता रवीन्द्र नारायण ने अब सीबीआई जांच की मांग की है.

उन्होंने बीबीसी से कहा, ” मैं पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट हूँ, वो मामले को रफ़ा-दफ़ा करने और अपनी नाकामी छुपाने के लिए हमारे ही मुख्य गवाह को निशाना बना रही है.

बता दे मधुबनी के चर्चित नैंसी हत्याकांड का मुख्य गवाह लड़की के चाचा राघवेन्द्र को ही बनाया गया है.

 

 

 

मध्य प्रदेश पुलिस का आया बयान, कहा, “नहीं की किसानों पर फ़ायरिंग”

अभिजीत मिश्र । Navpravah.com

पिछले दिनों से लगातार मध्य प्रदेश में चल रहे किसान आंदोलन की वजह से विभिन्न क्षेत्रों का सामाजिक जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। प्रदेश में किसानों की मौत आंदोलन की आग में घी साबित हुआ और आग भड़क उठी। मध्य प्रदेश पुलिस का बयान है कि न ही प्रशासन ने उन्हें किसी भी प्रकार की फायरिंग करने के लिए कहा और न ही पुलिस डिपार्टमेंट की तरफ से कोई फायरिंग हुई है।

साथ ही साथ प्रशासन की तरफ से भी यह बयान आया है कि उपद्रवी किसान नहीं थे, यह विपक्ष दल की करतूत है जो सिर्फ दंगा भड़काने के लिए आंदोलन में गए थे। किसान आंदोलन ने पूरे प्रदेश में हाहाकार मचा दिया है। मंदसौर में 2 पेट्रोल पंप, शो रूम और दर्जनों वाहन फूँक दिए गए।

देवास में पुलिस की चौकी ओर 150 वाहनों को जलाया गया। ग्वालियर में पुलिस पर भी उपद्रवियों ने हमला किया और मंदसौर के कलेक्टर पर भी हमला किया। किसानों के इस प्रदर्शन ने कई गरीब फलवाले ओर सब्जी वालों की मेहनत की कमाई को उजाड़ कर रख दिया और कई बेक़सूर लोगों को चोटें भी पहुँचाई।

महिलाएं और बच्चों से भरी हुई बस में तोड़ फोड़ की और यात्रियों को उतार कर बस जला दी। कई ट्रक की लूट की और ट्रक में लगा एयर कूलर भी चुरा कर ले गए। मृतकों के शरीर से निकली गोलियों की जांच लेबोरेट्री में होगी, अभी तक पता इसका पता नहीं चल पाया है कि फायरिंग किसने की।

उत्तर प्रदेश सरकार ने शुरू की किसानों के लिए हेल्पलाइन

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
किसानों का 36,359 करोड़ कर्ज माफ करने के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को एक और खुशखबरी दी। योगी सरकार ने किसानों के लिए एक हेल्पलाइन शुरू की है। हेल्पलाइन का नम्बर- 18001805450 है।
gaonconnection_2016-09_313812cf-db90-422d-b116-776d439360e5_1468584528
किसान सुबह 6 से रात 10 बजे के बीच अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। इस हेल्पलाइन पर किसानों की समस्याओं का समाधान सिचाई विभाग के इंजीनियर करेंगें।
योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में गरीबों के लिए 27 लाख मकान बनाने के लिए भी आदेश दिये हैं। उन्होंने 5 लाख आवासों के निर्माण की शुरूआत जल्द ही शुरू होने की बात कही।
योगी पिछली कैबिनेट बैठकों में किसानों के लिए पहले भी कई योजनाएं शुरू कर चुकें हैं। मुख्यमंत्री ने कैबिनेट की दूसरी मीटिंग में ही राज्य की बिजली को लेकर फैसला लिया था। मुख्यमंत्री ने आदेश दिया था कि गर्मी में गांवों में 18 घंटे बिजली मिलेगी, तहसील मुख्यालयों में 20 और जिला मुख्यालयों पर 24 घंटे बिजली आएगी। इसके अलावा नलकूपों से सम्बन्धित बिजली ट्रांसफार्मर खराब होने पर 72 घंटे के बजाय 48 घंटे में बदले जाएंगे।
योगी ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संबंधी शिकायत दर्ज कराने के लिए 1911 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया था।

भारतीय रेलवे मलेशिया के साथ मिलकर स्टेशनों का करेगा कायाकल्प

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
भारतीय रेल देश में दूसरी श्रेणी के शहरों में स्थित अपने कम से कम 20 स्टेशनों का कायाकल्प करने के लिये मलेशिया के साथ हाथ मिलाने की योजना बना रही है।
Railway-Platform
देशभर में रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य में निजी क्षेत्र से करीब एक लाख करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित किये जाने की योजना है। स्टेशनों के पुनर्विकास कार्य के तहत प्लेटफार्म को आधुनिक बनाने के साथ साथ उनके आसपास के इलाके का कायाकल्प करना शामिल है।
पुनर्विकास कार्य में स्टेशनों में उपलब्ध स्थानों पर होटल, रेस्त्रां, मल्टीप्लेक्स, शॉपिंग मॉल और कार्यालय परिसर आदि विकसित किये जायेंगे। ये परिसर डेवलपर्स को 45 साल के इस्तेमाल के लिये दिये जायेंगे।
देश के दूसरी श्रेणी के इन शहरों को विकसित करने के लिये केंद्र, राज्य और स्थानीय सरकारों की तरफ से काफी समर्थन दिया जा रहा है। वह चाहते हैं कि इन शहरों को देश के सबसे तेजी से वृद्धि करने वाले शहरों में बदला जाये और व्यावसाय के लिये उपयुक्त स्थान बनाया जाये।
रेलवे पहले ही इस महत्वकांक्षी परियोजना को शुरू कर चुका है, जिसमें उसने एक लाख करोड़ रुपये के निवेश से देश भर में कुल मिलाकर 400 स्टेशनों को सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) के तहत विकसित करने की योजना बनाई है।
रेलवे ने जो लिस्ट तैयार की है, उसमें जिन स्टेशनों का कायाकल्प होगा उनमें पुणे, ठाणे, विशाखापट्टनम, कामाख्या, जम्मू तवी, उदयपुर सिटी, सिकंद्राबाद, विजयवाड़ा, रांची, कोजिकोड, यशवंतपुर, बंगलुरू कैंट, भोपाल, बांद्रा टर्मिनस, बोरीवली और इंदौर शामिल है। भोपाल में मौजूद हबीबगंज रेलवे स्टेशन को पहले ही पीपीपी मॉडल पर विकसित करने के लिए प्राइवेट कंपनी को दिया जा चुका है।

योगी राज में भी नहीं लग रही अपराधों पर लगाम, अब लखनऊ से 90 किमी दूर सीतापुर में ट्रिपल मर्डर

कोमल झा| Navpravah.com

सीतापुर: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के कानून राज के तमाम दावों के बीच अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. ताजा मामला यूपी के सीतापुर का है. जहां मंगलवार देर शाम एक कारोबारी, उसकी पत्नी और बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई.

बताया जा रहा है कि 60 साल के कारोबारी सुनील जायसवाल अपनी दुकान से रुपयों से भरा एक बैग लेकर घर लौटे थे. उनका 25 साल का बेटा पार्किंग में मोटरसाइकिल खड़ा कर रहा था. तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और अंधाधुंध फ़ायरिंग शुरू कर दी. फ़ायरिंग की आवाज़ सुनकर कारोबारी की पत्नी घर से निकलीं तो अपराधियों ने उन्हें भी गोलियों से छलनी कर दिया.

बीच-बचाव के लिए एक पड़ोसी पहुंचा तो अपराधियों ने उसे भी गोली मार दी, लेकिन उसकी जान बच गई और उसने पुलिस को जानकारी दी. जानकारी मिलने के बाद रात में ही लखनऊ से आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं, लेकिन अपराधियों का अब तक कोई सुराग नहीं है.

स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि जब यह घटना हुई उस समय दो पुलिसकर्मी वहां मौजूद थे. उनसे मदद मांगी गई लेकिन उन्होंने यह कहकर सहायता करने से इनकार कर दिया, यह घटना उनके इलाके में नहीं हुई है. स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटों के भीतर हमलावर नही पकड़ए गए तो शहर में बंद का ऐलान किया जाएगा. एक अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टतया यह प्रतीत हो रहा है कि दोनो पेशेवर अपराधी थे। दोनों नकाबपोश थे. अभी तक घटना के पीछे के कारणों का पता नही चल पाया है.

भारत-पाक के बीच सिंधु जल समझौते पर UN का बड़ा बयान

कोमल झा| Navpravah.com

संयुक्त राष्ट्र: संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल समझौता(आईडब्ल्यूटी)तीन युद्धों के बाद भी कायम है। उन्होंने रेखांकित किया कि यह साबित हो चुका है कि जल सहयोग का उत्प्रेरक है, उन देशों के लिए भी जिनके आपस में रिश्ते अच्छे नहीं है।

indiapak

गुतारेस ने जल संसाधनों पर सीमा-पार विवादों को रोकने और उनका हल करने के लिए कूटनीति की अहमियत पर जोर दिया। निवारक कूटनीति और सीमा-पार जल पर कल आयोजित एक बैठक के दौरान गुुतारेस ने कहा कि पानी, अमन और सुरक्षा आपस में अनिवार्य रूप से जुड़े हुए हैं।

इस बैठक की अध्यक्षता बोलीविया के राष्ट्रपति इवो मोराल्स ने की जो इस महीने सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि पानी निश्चित तौर पर राष्ट्रों के बीच सहयोग का उत्प्रेरक है, उन देशों के लिए भी जिनके रिश्ते आपस में अच्छे नहीं हैं। गुतारेस ने कहा कि 20वीं सदी के उत्तराद्र्ध में ही तकरीबन 287 अतंर्राष्ट्रीय जल संधियों पर हस्ताक्षर हुए। उन्होंने टिटिकाका झील का उदाहरण दिया जो बोलीविया और पेरू के बीच लंबे समय से सहयोग का स्रोत बनी हुई है। यह झील महाद्वीप में ताजे पानी का सबसे बड़ा जलाशय है।

विश्व निकाय के महासचिव ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच सिंधु जल संधि वर्ष 1960 में हुई और यह दोनों देशों के बीच तीन जंगों के बावजूद कायम रही। उन्होंने कहा कि पानी विवाद का नहीं बल्कि सहयोग का कारण है और बना रहेगा। जलवायु परिवर्तन की वजह से पानी की किल्लत बढ़ रही है जो चिंता का विषय है। उन्होंने रेखांकित किया कि वर्ष 2050 तक हर चार में से एक व्यक्ति एेसे देश में होगा जहां स्वच्छ पानी की गंभीर कमी होगी। गुतारेस ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के सदस्य राष्ट्रों में से तीन चौथाई अपने पड़ोसियों के साथ नदी या जलाशय का पानी साझा करते हैं। उन्होंने कहा,‘‘इसलिए यह जरूरी है कि राष्ट्र पानी के बराबर बंटवारे और दीर्घकालिक इस्तेमाल को सुनिश्चित करने केलिए सहयोग करें।’’