लुधियाना। लुधियाना में 23 साल की महिला कांस्टेबल ने थाने में ही पंखे से लटककर खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि सहकर्मी के उत्पीड़न से तंग आकर महिला ने खुदकुशी की है. पुलिस ने बताया कि उन्होंने महिला कांस्टेबल के पिता की शिकायत पर उसके सहकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
23 साल की महिला कांस्टेबल अमनप्रीत कौर लुधियाना ग्रामीण जिला पुलिस जिले के निधान पुलिस थाने में तैनात थी. शुक्रवार के कौर का शव थाने में पंखे से लटका हुआ मिलने के बाद हड़कंप मच गया था. मृतका के पिता का कहना है कि थाने का मुंशी निर्भय उनकी बेटी को तंग कर रहा था और उसी की प्रताड़ना से तंग आकर उसने जान दी है.
एसएसपी लुधियाना (ग्रामीण) सुरजीत सिंह ने कहा कि उसके पिता की शिकायत पर पुलिस थाने में ‘मुंशी’ के पद पर तैनात निर्भय के खिलाफ आईपीसी की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है. एसएसपी ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
बामियाल से भारत मे घुसे आतंकवादियों की खबर से सुरक्षा एजेंसीज में हड़कंप मचा हुआ है। खुफिया एजेंसी से खबर मिली है कि बामियाल सेक्टर में पाकिस्तान की सीमा पार कर 4 आतंकवादी भारतीय सीमा के अंदर पहुँच गए हैं।
एजेंसी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उन 4 आतंकियों के पास फिलहाल कोई हथियार नहीं है, मगर पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई उन आतंकवादियों को किसी भी हाल में हथियार मुहैय्या करवाने की कोशिश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक 15 दिनों के भीतर हथियारों का कन्साइनमेंट आतंकियों तक पहुँचने वाला है। पाकिस्तानी स्लीपर सेल हथियार सहित ड्रग्स की खेप भी आतंकवादियों को सुपुर्द करेगें। खबर के अनुसार घुसपैठी कठुआ, गुरुदासपुर, पठानकोट या जम्मू कश्मीर में हमला कर सकते हैं।
घुसपैठ की जानकारी मिलते ही सेना और प्रदेश की सुरक्षा बलों ने कमर कस ली है और आतंकियों की तलाशी में जुट चुकी है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार के दौरान आए यूपी बोर्ड के परिणामों के बाद पहली बार ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि यूपी बोर्ड में सफल बच्चों को बधाई और सुनहरे भविष्य की शुभकामनाएं। अखिलेश यादव ने कहा कि जिनका प्रदर्शन अपेक्षा से कम रहा, उन्हें नए संकल्प से जुटने का साहस मिले।
शुक्रवार को ही यूपी बोर्ड ने 10वीं और 12वीं के बोर्ड की परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए हैंउत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की इस साल की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में लड़कियां अव्वल रहीं। फतेहपुर जिले की तेजस्वी देवी 95.83 प्रतिशत अकों के साथ 10वीं की परीक्षा में पहले स्थान पर रही हैं, वहीं इसी जिले की प्रियांशी तिवारी 96.20 प्रतिशत मार्क्स के साथ 12वीं की परीक्षा में अव्वल रहीं।
10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के नतीजों की घोषणा करते हुए शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) अमरनाथ वर्मा ने कहा, ‘10वीं की परीक्षा में दूसरे पायदान पर चार विद्यार्थी रहे, इसमें भी दो लड़कियां- प्रगति सिंह और अमीना खातून शामिल हैं। दोनों ही लड़कियां बाराबंकी जिले से हैं, इसी तरह, 12वीं की परीक्षा में दूसरे और तीसरे पायदान पर छात्राओं का बोलबाला रहा।’
बारहवीं की परीक्षा में कानपुर देहात की भावना 95.80 प्रतिशत, फतेहपुर की सोनम सिंह 95.80 प्रतिशत और फतेहपुर की विजय लक्ष्मी सिंह 95.80 प्रतिशत के साथ दूसरे नम्बर पर रहीं। इसी तरह, फतेहपुर की प्रियंका द्विवेदी 95.40 प्रतिशत और फतेहपुर की ही अनुराधा पांडेय 95.40 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे पायदान पर रहीं।
उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम में सुबह 7 बज कर 45 मिनट में उड़ान भरने के बाद हेलीकॉप्टर का संतुलन बिगड़ जाने के कारण उसकी इमर्जेन्सी लैंडिंग करनी पड़ी। हवा में उड़ता हुआ हेलीकॉप्टर सीधा जमीन में आकर क्रैश हो गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक़, सवार यात्री घायल हो गए हैं और दुर्घटना में हेलीकॉप्टर में सवार इंजीनियर की मौत हो गई है। घटनास्थल से मिली जानकारी के अनुसार, यान में बाहर से आये श्रद्धालु सवार थे। फ़िलहाल घायल यात्रियों को तुरंत अस्पताल तक पहुँचाया गया है।
मुंबई। हाल ही में एक महिला को लगभग साढ़े तीन किलो कोकीन के साथ गिरफ्तार किया गया है. इस महिला को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संदिग्ध हालातों में पकड़ा गया है.
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने बोलिविया की 38 साल की महिला यात्री मालगेर जी क्लाउडिया को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया. महिला को तकरीबन साढ़े तीन किलो कोकीन के साथ पकड़ा गया है.
क्लाउडिया ने कोकीन को अपने सामान के साथ छुपा रखा था. अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत तकरीबन 21 करोड़ बताई जा रही है. महिला साओ पाउलो से आदिस अबाबा होते हुए मुंबई आई थी.
इम्तियाज अली की फिल्म का यह टाइटल साल 2007 में आई उनकी सुपर डुपर हिट रही फिल्म ‘जब वी मेट’ से काफी मिलता जुलता है. ट्रेड एनलिस्ट तरण आदर्श ने भी इस पोस्टर को ट्विटर पर शेयर करते हुए इस फिल्म की रिलीज डेट 4 अगस्त बताई है.
शाहरुख़ खान की इम्तियाज़ अली निर्देशित फिल्म जब हैरी मेट सेजल इसी साल 4 अगस्त को रिलीज होने जा रही है। पहले शाहरुख़ की यह फिल्म अक्षय कुमार की फिल्म टॉयलेट-एक प्रेम कथा के साथ आने वाली थी लेकिन शाहरुख़ ने खुद यह निर्णय लिया है कि वह अपनी इस फिल्म को एक हफ्ते पहले लेकर आयेंगे.
इम्तियाज अली की फिल्म में शाहरुख खान और अनुष्का शर्मा की जोड़ी नजर आने वाली है, यह तो तय हो गया था. सिर्फ स्टार ही नहीं, फिल्म की शूटिंग के कुछ फोटो जैस ही सोशल मीडिया पर नजर आए, फैन्स की बेसब्री और बढ़ गई. लेकिन इस फिल्म का टाइटल क्या होगा, यह सवाल फैन्स के मन में कब से घूम रहा था. आखिरकार इस फिल्म का टाइटल सामने आ गया है. इम्तियाज अली की इस फिल्म का टाइटल होगा ‘ जब हैरी मेट सेजल’. यह टाइटल इम्तियाज की साल 2007 में आई सुपर डुपर हिट फिल्म ‘जब वी मेट’ से काफी मिलता जुलता है. 2007 की इस फिल्म में शाहिद कपूर और करीना कपूर की जोड़ी नजर आई थी.
शाहरुख़ के करीबी सूत्रों ने यह भी बताया है कि शाहरुख़ ऐसा इंडस्ट्री में बॉक्स ऑफिस के कलेक्शन को ध्यान में रख ही कर रहे हैं, क्योंकि उनकी पिछली फिल्म रईस का काबिल से टकराव हुआ था और इस वजह से रईस को वो फायदा नहीं हुआ जो होना चाहिए था.
मध्य प्रदेश के हबीबगंज रेलवे स्टेशन के फूड प्लाजा में शुक्रवार रात अचानक आग लग गई. स्टेशन पर आग लगने से वहां अफरा-तफरी मच गई.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक फूड प्लाजा में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे. फूड प्लाजा में सिलेंडर भी रखा हुआ था, जिसके फटने का अंदेशा था. जिस समय ये हादसा हुआ, उस समय स्टेशन पर काफी संख्या में यात्री थे.
लंदन: ब्रिटेन में शुक्रवार (9 जून) को आए आम चुनाव के नतीजे के साथ भारतीय मूल के सांसदों की संख्या में हल्की बढ़ोतरी हुई. जीतने वाले भारतीय मूल के उम्मीदवारों में प्रीत कौर गिल और तनमनजीत सिंह शामिल हैं. प्रीत पहली सिख महिला सांसद और तनमनजीत पहले पगड़ीधारी सांसद हैं. नवीनतम आंकड़े से संकेत मिलता है कि लेबर पार्टी की ओर से भारतीय मूल के सात उम्मीदवार जबकि कंजर्वेटिव पार्टी की ओर से पांच को जीत मिली है. पिछले चुनाव में लेबर पार्टी की ओर से पांच उम्मीदवारों को जीत मिली थी.
टेरीजा ने दक्षिण-पूर्व इंग्लैंड की अपनी मैडनहेड सीट पर भले ही 37,780 मतों से जीत हासिल कर ली लेकिन संसद में बहुमत खोने के बाद उन पर इस्तीफा देने का दबाव बढ़ गया है. परिणाम की अंतिम घोषणा से पहले टेरीजा ने कहा कि ब्रिटेन को स्थिरता की आवश्यकता है.
टेरीजा ने त्रिशंकु संसद संबंधी एग्जिट पोल की संभावनाओं को स्वीकार करने और बड़ी जीत हासिल करने की उनकी उम्मीदों के धराशायी होने की बात से सहमत होने का संकेत देते हुए कहा, ”कंजर्वेटिव पार्टी सबसे अधिक सीटें हासिल करने की राह पर है और स्थिरता मुहैया कराना हमारा कर्तव्य होगा.”
उन्होंने कहा, ‘‘मैं खुश हूं कि मुझे एजबास्टन का अगला सांसद बनने का अवसर दिया गया. यहां मेरा जन्म और मेरी परवरिश हुई है. मैं मेहनत और लगन के साथ एजबास्टन की जनता के साथ सहयोग बढ़ाना चाहती हूं. मुझे लगता है कि हम मिल कर बड़े लक्ष्य हासिल कर सकते हैं.
जीत दर्ज करने वाले दूसरे उम्मीदवार तनमनजीत सिंह देसाई ने स्लोघ सीट से 34,170 मतों से जीती है. उन्हाेंने कंजरवेटिव पार्टी के प्रतिद्वंद्वी को 16,998 वोटों से हराया. देसाई ने कहा कि वह वह उस शहर की सेवा करना चाहते हैं, जहां उनका जन्म हुआ है. तनमनजीत सिंह देसाई को तान के नाम से भी जाना जाता है. देसाई ने कहा कि वह उस शहर की सेवा करना चाहते हैं, जहां उनका जन्म हुआ है.
सिख फेडरेशन यूके ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘सारा श्रेय लेबर पार्टी को जाता है, जिसने सिखों को जीतनेवाली सीटों पर चुनाव लड़ने का अवसर देने का साहसिक कदम उठाया.” लेबर पार्टी के दूसरे पगड़ीधारी सिख कुलदीप सहोता को कंजरवेटिव पार्टी के अपने प्रतिद्वंद्वी से महज 720 वोटों से शिकस्त का सामना करना पड़ा. कंजरवेटिव पार्टी की प्रीति पटेल ने एसेक्स के विथम में अपना कब्जा कायम रखा है. आलोक शर्मा रीडिंग वेस्ट में और शैलेश वारा कैम्ब्रिजशायर नार्थ वेस्ट से जीते हैं. ऋषि सुनाक और सुएला फर्नांडीस (टोरी) ने भी अपनी सीट पर कब्जा कायम रखा है.
लेबर पार्टी की लीजा नंदी विगान से, सीमा मल्होत्रा फेल्थम एंड हेस्टन से और वीरेंद्र शर्मा ने ईलिंग साउथहॉल सीट पर जीत दर्ज की है. वहीं, दूसरी ओर शिकस्त का सामना करने वाले भारतीय मूल के प्रमुख उम्मीदवारों में लेबर पार्टी के डॉ नीरज पाटिल शामिल हैं. वह ब्रिटेन के शिक्षा मंत्री जस्टिन ग्रीनिंग (कंजरवेटिव) से 1,554 वोटों से हारे हैं. गौरतलब है कि लेबर पार्टी ने भारतीय मूल के 15 और कंजरवेटिव पार्टी ने 13 नेताओं को अपने-अपने उम्मीदवार के तौर पर उतारा था.
कश्मीर के उड़ी सेक्टर में सेना ने घुसपैठ की कोशिश कर रहे पांच आतंकियों को मार गिराया है. भारतीय सेना को कल शाम से ही एलओसी पर आतंकियों की संदिग्ध हरकत दिखी थी. सेना के चौकन्ने जवान गुरुवार से ही उनपर नजर बनाए हुए थे.
लेकिन वहां पर मौसम खराब होने की वजह से सफलता नहीं मिली. शुक्रवार को जैसे ही मौसम खुला तो सेना का आतंकियो के साथ आमना-सामना हुआ. सेना ने मौके पर ही पांच आतंकियों को ढेर कर दिया. हथियार के साथ आतंकियों के शव भी बरामद कर लिए गए हैं.
शुक्रवार को जैसे ही आतंकवादी सीमा पार कर भारत में घुसने का प्रयास करने लगे, सेना के जवानों ने उन्हें वहीं ढेर कर दिया. पिछले 72 घंटे में सेना ने 12 आतंकियों को मार गिराया है.कुपवाड़ा जिले के नौगाम सेक्टर में एलओसी के पास गुरुवार को भी सेना ने तीन आतंकियों को मार गिराया था. इस कार्रवाई में सेना का एक जवान भी शहीद हो गया था. इससे पहले सेना ने बुधवार को माछिल सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश में लगे 4 आतंकियों को मार गिराया था.
आपको ये बता दें कि 26 मई को उड़ी सेक्टर में ही सेना ने पाक बॉर्डर एक्शन टीम यानि बैट के दो आतंकियों को मारा था. बैट के आतंकियों ने ही एलओसी पर भारतीय जवानों को घात लगाकर मारने के साथ उनके शव-विक्षत कर दिए थे. उड़ी सेक्टर से सटे रामपुर सेक्टर में 27 मई को ही सेना ने छह आतंकी मार गिराए थे.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की मौजूदगी में SCO की बैठक में दो टूक कहा कि आतंकवाद मानवता के लिए बड़ खतरा और सबसे बड़ा दुश्मन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के खतरे से निपटने और संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता को चोट पहुंचाए बिना कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए SCO सदस्यों के बीच समन्वित प्रयासों का आज मजबूती से समर्थन किया।
मोदी ने कजाकिस्तान की राजधानी अस्ताना में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन SCO के वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान अपने संबोधन में उम्मीद जताई कि एससीओ परिवार में भारत के प्रवेश से आतंकवाद से निपटने की दिशा में इस समूह को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री ने कहा, आतंकवाद मानवता को एक बड़ा खतरा है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद और अतिवाद को परास्त करने के लिए मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता है। मोदी ने कट्टरपंथ, आतंकवादियों की भर्ती, प्रशिक्षण एवं वित्त पोषण समेत आतंकवाद के खतरे से निपटने के समन्वित प्रयासों पर बल दिया।
उन्होंने कहा, मुझे पूरा भरोसा है कि भारत-एससीओ सहयोग आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई को मजबूत करेगा और इसे नई दिशा देगा। प्रधानमंत्री ने क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ाने की आवश्यकता की भी बात की और कहा कि यह व्यापार एवं निवेश बढ़ाने के लिए अहम है। उन्होंने कहा, ‘एससीओ देशों के साथ हमारा सहयोग व्यापक है। हम कनेक्टिविटी पर और ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं।’
चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि इस प्रकार के सहयोग में संप्रभुता एवं क्षेत्रीय अखंडता अहम कारक होने चाहिए। मोदी का यह बयान ऐसे समय में महत्व रखता है, जब कुछ ही सप्ताह पहले भारत ने बीजिंग में आयोजित हाई प्रोफाइल बेल्ट एंड रोड फोरम का बहिष्कार कर दिया था और इस सम्मेलन में विश्व के 29 नेताओं ने भाग लिया था।