28.2 C
Mumbai
Friday, August 14, 2026
Home Blog Page 1013

सावधान! रेलगाड़ी और स्टेशनों का खाना बन सकता है जानलेवा,रिपोर्ट में हुआ खुलासा

शिखा पाण्डेय । Navpravah.com

अगर आप अपनी रेल यात्रा पर रेलवे द्वारा दी गई हुई भोजन की सुविधा के भरोसे बिना खाना पीना लिए निकल पड़ते हैं, तो सावधान हो जाइए। रेलगाड़ियों व स्टेशनों पर बेचा जाने वाला भोजन आपके लिए घातक सिध्द हो सकता है। जी हाँ! नियंत्रक एवं लेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। CAG और रेलवे की ज्वाइंट टीम ने 74 स्टेशनों और 80 ट्रेनों का मुआयना करने के बाद इस रिपोर्ट को तैयार किया है । कैग ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि रेल में यात्रियों को दी जा रही खाद्य वस्तुओं के संबंध में ठेकेदारों ने कीमतों के साथ समझौता किया है और गुणवत्ता मानकों पर ध्यान नहीं दिया है।

भारतीय रेलवे की कैटरिंग सर्विस पर CAG की जो ऑडिट रिपोर्ट शुक्रवार को संसद में रखी गई, उसमें बताया गया है कि रेलवे स्टेशनों पर जो खाने-पीने की चीजें परोसी जा रही हैं, वो इतनी घटिया दर्ज़े की हैं कि इंसानी इस्तेमाल के कतई योग्य नहीं हैं।  रिपोर्ट के मुताबिक ट्रेनों और स्टेशनों पर परोसी जा रही चीजें अत्यंत प्रदूषित हैं। इतना ही नहीं, जिन डिब्बाबंद और बोतलबंद चीजों को आप खुली चीज़ों से कहीं अधिक सुरक्षित मानते हैं, वे पैक्ड खाद्य सामग्रियां  एक्सपायरी डेट के बावजूद बेची जा रही हैं। साथ ही अनाधिकृत ब्रैंड की पानी की बोतलें धड़ल्ले से बेची जा रही हैं।

CAG की जांच में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि रेलवे परिसर और ट्रेनों में साफ-सफाई को बिलकुल हाशिये पर रख दिया गया है। इसके अलावा ट्रेन में बिक रही चीजों के बिल न दिए जाने और फूड क्वॉलिटी में कई तरह की खामियों की भी शिकायतें हैं। इन सभी मुद्दों पर रेलवे प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके कारण यात्रियों को खाद्य और पेय पदार्थों के ज्यादा दाम देने पड़े और ठेकेदारों ने स्टेशनों पर अस्वच्छ और निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का विक्रय जारी रखा।

सीएजी और रेलवे की टीम के जायजा लेने के दौरान किसी भी वेटर, कैटरिंग मैनेजरों के पास कोई मेन्यू कार्ड नहीं था और नाहीं उनसे जुड़ा को रेट कार्ड था। रिपोर्ट के मुताबिक,भारतीय रेल प्रशासन जरूरी बेस किचन, ऑटोमैटिक वेंडिंग मशीनें जैसे इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावशाली कदम उठाने में नाकाम रहा। रिपोर्ट में लिखा है, “सात रेलवे जोन्स में कैटरिंग सर्विस के लिए प्रावधानों का ब्लूप्रिंट ही नहीं तैयार किया गया।”

रिपोर्ट में कहा गया कि रेलवे खानपान के संबंध में यह प्रावधान है कि विक्रय की गई वस्तुएं निर्धारित दरों पर बेची जाएं। इस प्रकार की प्रत्येक वस्तु का मूल्य रेल प्रशासन के द्वारा निर्धारित किया जाएगा और यात्रियों से अधिक प्रभार नहीं लिया जाएगा। इन वस्तुओं में बिस्कुट, सीलबंद उत्पाद, मिठाइयां आदि शामिल हैं। इन वस्तुओं को लाइसेंसधारी इकाइयों के साथ-साथ विभागीय खानपान सेवा इकाईयों में बेचा जाता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि साल 2005 की खान-पान नीति के अनुसार भारतीय रेल ने खान-पान व्यवसाय को भारतीय रेलवे खान-पान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) को सौंप दिया  साल 2010 में इस नीति में फिर से संशोधन किया गया और भारतीय रेल ने IRCTC से फूड प्लाजा एवं फास्ट फूड यूनिटों को छोड़कर सभी खान-पान इकाइयों का प्रबंधन वापस लेने और इन्हें विभागीय रूप से प्रबंधित करने का निर्णय किया। खान-पान सुविधाओं की गुणवत्ता में अपेक्षानुसार सुधार नहीं होने पर रेलवे बोर्ड ने नई खान-पान नीति 2017 को प्रतिपादित की, जिसे 27 फरवरी 2017 में जारी किया गया। इसके बावजूद हालात नहीं सुधर रहे हैं।

अब जियो देगा सबसे सस्ता फोन, मुकेश अम्बानी ने की घोषणा

विकास कुमार तिवारी । Navpravah.com

देश के सबसे बड़े उद्योगपति मुकेश अंबानी ने 40वीं सालाना बैठक में एक बड़ी घोषणा की है। अपने पिता और मां को याद करते हुए मुकेश अंबानी भावुक हो गए, जिसके बाद उनकी माँ कोकिला बेन भी रोने लगीं।

बता दें कि शुक्रवार को मुकेश अंबानी ने वार्षिक मीटिंग AGM को संबोधित करते हुए जब यह कहा कि रिलायंस इंडस्‍ट्रीज का कारोबार तीन लाख तीस हजार करोड़ रुपये से भी ज्‍यादा हो गया है, तो उस दौरान कंपनी की तरक्‍की की बात करते हुए वह भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू आ गए। सिर्फ इतना ही नहीं उनकी रिलायंस इंडस्‍ट्रीज कंपनी की कामयाबी की कहानी कहने के दौरान मां कोकिला बेन भावुक होकर रोने लगीं।

इस मीटिंग को संबोधित करते हुए मुकेश अंबानी ने एक और बड़ा धमाका कर दिया है। RIL के चेयरमैन अंबानी ने देश का सबसे सस्ता 4G फोन लॉन्च किया। इसकी कीमत शून्य होगी परंतु इसके सिक्योरिटी के लिए आपको 1500 रू भुगतान करना होगा। इसकी प्री बुकिंग 24 अगस्त से शुरू होगी।

अंबानी ने कहा कि , मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि सभी भारतीयों को यह फोन फ्री में मिलेगा। सितंबर तक देश में भर में जियो के 10000 सेंटर होंगे। जियो अगले एक साल में भारत की 99% आबादी को कवर कर लेगा। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के डिजिटल विजन की भी सराहना की है।

गौरतलब है कि पिछले एजीएम में अंबानी ने रिलायंस जियो को लॉन्च कर दूरसंचार के क्षेत्र में धमाका किया था। जिसके बाद से कई कंपनियों ने जिओ पर केस भी किया था। जिओ के आने के बाद कई कम्पनियां डूबने के कगार में है।

वाघेला ने कहा, BJP में तो क़तई नहीं जा सकता

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

गुजरात में कांग्रेस के अंदर घमासान हो गया है। राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग की बात सामने आने के 24 घंटे के अंदर शंकर सिंह बघेला बगावत पर उतर आए हैं। वाघेला ने जन्मदिन के बहाने अपने समर्थकों का जमावड़ा बुलाया, रैली में वाघेला ने बड़ा खुलासा किया है कि उन्हें कांग्रेस ने 24 घंटे पहले ही पार्टी से निकाल दिया है। वाघेला ने कहा, अभी मैं पार्टी में हूं लेकिन लगता है कि कांग्रेस पार्टी ने मुझे निकाल दिया है। वाघेला ने कहा कि मैं कांग्रेस से इस्तीफे का ऐलान करता हूँ।

वाघेला ने कांग्रेस पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि वे आत्मसम्मान से समझौता नहीं कर सकते। वाघेला ने कहा कि उनका लंबा सियासी इतिहास रहा है, वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ में भी रह चुके हैं। वाघेला ने ये भी कहा कि मैं कहीं भी जा सकता हूं लेकिन बीजेपी में नहीं जाऊंगा। उन्होंने कहा, “मैंने विपक्ष के नेता के रूप में इस्तीफा दे दिया है, राज्यसभा चुनाव के बाद मैं कांग्रेस के विधायक के रूप में भी इस्तीफा दे दूंगा।

वाघेला के जन्मदिन के बहाने बुलाए इस कार्यक्रम में समर्थक नेता जुटे हैं। हालांकि, कांग्रेस ने अपने नेताओं से वाघेला के कार्यक्रम में जाने को मना किया है। राष्ट्रपति चुनाव में क्रॉस वोटिंग के लिए वाघेला गुट को जिम्मेदार माना जा रहा है। वाघेला ने साफ कहा कि क्रॉस वोटिंग में उनका कोई हाथ नहीं है, बल्कि उन्होंने एनसीपी के नेताओं से भी मीरा कुमार के पक्ष में वोट कराया।

अपने जन्मदिन कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं के आने पर रोक से गुस्साए वाघेला खुलकर सामने आ गए हैं। कार्यक्रम से पहले वाघेला ने कहा, पार्टी को अधिकार है अपने वर्कर को रोकने का और वर्कर का राइट है आए या ना आए। ये एक्शन बहुत समय पहले लेना चाहिए था। हमने क्रॉस वोटिंग नहीं करवाई है, मैंने दो एनसीपी के विधायकों को लाकर वोट कराया है।

मोदी का दम, दक्षिण कोरिया ने POK में निवेश से हाथ खींचा

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

भारत की ताकत की वजह से दुनिया भर के देश पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में निवेश के अपने फैसले पर पुर्नविचार कर रहे हैं। दक्षिण कोरिया की डायलिम इंडस्ट्रियल कंपनी लिमिटेड ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में अपने निवेश पर पुर्नविचार करना शुरू कर दिया है।

पाक अधिकृत कश्मीर में निवेश के फैसले को लेकर पुर्नविचार करने वालों में डायलिम कोई अकेली कंपनी नहीं है, डायलिम के साथ ही एशियन डेवलपमेंट बैंक, इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन और एक्जिम बैंक ऑफ कोरिया ने भी पीओके में निवेश को लेकर असमर्थता जताई है।

इसके अलावा एक और कोरियाई वित्त कंपनी भी पीओके में निवेश को लेकर ज्यादा उत्साहित नहीं है, ऐसे में पीओके का कोहला हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट भी स्थगित हो सकता है।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान बहुत ही आक्रामक रूप से अंतरराष्ट्रीय वित्तीय संस्थानों और चीन, दक्षिण कोरिया जैसे देशों पर पीओके में निवेश करने के लिए जोर दे रहा है। पाकिस्तान की कोशिश है कि इंफ्रास्ट्रक्चर और एनर्जी प्रोजेक्ट पर दुनिया भर से निवेश पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और गिलगित-बाल्टिस्तान में ले आया जाए।

सेंटर फॉर चाइना एनालिस्ट और स्ट्रैटजी के प्रेसिडेंट जयदेव रानाडे ने इसे भारत के हित में करार दिया, कैबिनेट सचिवालय में एडिशनल सेक्रेटरी रहे रानाडे ने कहा, ‘इन चीजों को हमें फॉलो करना चाहिए, होना ये चाहिए कि हम साउथ कोरिया और उसकी कंपनियों को भारत में निवेश के लिए प्रोत्साहित करें, उन क्षेत्रों में जहां हम कमजोर हैं।’

हालांकि पीओके में निवेश को लेकर पहले माहौल बना था, बाद में वित्तीय संस्थानों और कई देशों ने इस क्षेत्र में निवेश को लेकर अपने हाथ पीछे खींच लिए, इन सबके पीछे गिलगित-बाल्टिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर के लीगल स्टेटस का भी मामला है।

पूर्व विदेश सचिव श्याम सरन ने कहा कि यह सब भारत के राजनीतिक प्रयासों का नतीजा है, यह हमारे लिए बहुत अच्छा है कि दुनिया के देश हमारी चिंताओं को समझ रहे हैं।

भारत का कहना है कि चीन और पाकिस्तान भारतीय क्षेत्र में आर्थिक कॉरिडोर को लेकर कोई निवेश न करें, क्योंकि इस पर पाकिस्तान का अवैध कब्जा है, भारत की चिंताओं पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।

दक्षिण कोरिया के अलावा चीन भी पाकिस्तान पर गिलगित बाल्टिस्तान के लीगल स्टेटस को लेकर दबाव डाल रहा है, चीन पाकिस्तान पर संविधान संशोधन के द्वारा पीओके और गिलगित-बाल्टिस्तान के स्टेटस को लीगल करने पर जोर दे रहा है।

चीन भी इस बात को समझता है कि भारत गिलगित-बाल्टिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर पर अपना दावा जताता रहा है, साथ ही पाकिस्तान का कानून भी इस क्षेत्र को अपने संप्रभु क्षेत्र का दर्जा नहीं देता है।

एयर इंडिया की फ़्लाइट में मिला ड्रग!

विकास कुमार तिवारी । Navpravah.com

गुरूवार को चेन्नई से दिल्ली आ रही एअर इंडिया के विमान संख्या 440 मे यात्रियों को फूड सप्लाई करने वाली एक ट्रॉली में ड्रग मिला। हालाँकि ड्रग्स मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गई हैं।

ड्रग्स को सुरक्षा एजेंसियों ने जब्त कर लिया है और उसको जांच के लिए भेज दिया गया है। जानकारी के मुताबिक एयर इंडिया ने बताया है कि फ्लाइट नंबर 440 में केटरिंग सर्विस प्रोवाइडर कंपनी स्काई गॉरमेट ने ट्रॉली में दो पैकेट देखे, और यह ट्राली चेन्नई के हवाई अड्डे से लोड की गई थी| सबसे पहले सुपरवाइजर अरविंद कुमार की नजर ट्रॉली में नीचे छुपा कर रखे गये दो पैकेटों पर पड़ी। उन्होंने तुरंत सुरक्षा कर्मियों को वह पैकेट सौंप दिया। ये पैकेट काले रंग के टेप में लपेटे हुए थे।

हालांकि कस्‍टम विभाग पैकेट की जांच करने में जुटा हुआ है।यह ड्रग्‍स के साथ मॉर्फिन मिक्‍स्‍ड है। सूत्रों के अनुसार, इस संबंध में सूचना मिलने के बाद कस्‍टम विभाग ने फूड ट्रॉली के निचले हिस्‍से में ब्राउन कलर का एक पैकेट पाया। जानकारी के अनुसार कस्टम विभाग और सुरक्षा एजेंसियों का शक वहा पर कार्यरत कर्मियों पर है क्योंकि वहा पर उनके अलावा किसी अन्य की मौजूदगी नहीं रखती है। खैर ड्रग्स को जांच के लिए भेज दिया गया है|

वाघेला दे सकते हैं कांग्रेस को झटका!

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

कांग्रेस के कद्दावर नेता शंकर सिंह वाघेला का आज जन्मदिन है, जो कभी संघ और बीजेपी का बड़ा चेहरा हुआ करते थे, गुजरात कांग्रेस के विपक्ष के नेता शंकरसिंह वाघेला इस बात को लेकर अरसे से सुर्खियों में है कि वह कांग्रेस में रहेंगे या बीजेपी में लौट जाएंगे, खुद वाघेला ये कह कर विवाद को इन अटकलों को हवा देते रहे हैं कि ‘वह आज कांग्रेस में हैं, कल का क्या पता।’

शंकरसिंह वाघेला दिल्ली आए तो माना गया कि यह कांग्रेस से उनके समझौते का आखरी मौका था, लेकिन वाघेला ने गुजरात भवन में मीडिया से बात की और कहा कि वह किसी निजी काम से दिल्ली आए थे और अब वापस अहमदाबाद जा रहे हैं, उन्होंने साफ किया कि वह न राहुल से मिलने वाले हैं और ना सोनिया गांधी से मिलने वाले हैं।

यह बात यहाँ साफ होती दिख रही है कि वाघेला और कांग्रेस के बीच माहौल ठीक नहीं है, कांग्रेस के सूत्र कहते हैं कि पार्टी ने तो वाघेला को मुख्यमंत्री की कुर्सी तक ऑफर कर दी है, हालांकि आईटीडीसी के चेयरमैन रहते हुए वाघेला पर भ्रष्टाचार के आरोपों ने ‘गुजरात के बापू’ को बैकफुट पर ला दिया है, शायद इसीलिए वह मजबूरी में कांग्रेस का दामन छोड़ना चाहते हैं।

हालांकि 76 वर्षीय वाघेला के करीबियों का कहना है कि वह अपनी उम्र का हवाला देकर राजनीति से सन्यास की घोषणा कर दें, लेकिन अपने बेटे को BJP भेज कर वह खुद को सीबीआई से भी बचा लेंगे और कांग्रेस से भी रास्ता निकाल लेंगे।

दिल्ली आए वाघेला ने हर सवाल के जवाब में सिर्फ इतना कहा कि वह व्यक्तिगत कारणों से दिल्ली आए हैं, हालांकि यहां वाघेला का अहमद पटेल से भी मुलाकात नहीं करना बताता है कि मामला कुछ गड़बड़ है।

ICC महिला विश्वकप: लॉर्ड्स में इंग्लैंड से भिड़ेगा भारत

शिखा पाण्डेय । Navpravah.com

इंग्लैंड के डर्बी में गुरुवार को महिला विश्व कप के दिलचस्प सेमी फाइनल मैच में भारतीय महिला टीम ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को 36 रनों से हरा दिया। हरमनप्रीत कौर की रिकॉर्डतोड़ शतकीय पारी ने भारत को आइसीसी महिला विश्व कप के फाइनल में पहुंचा दिया। अब भारत खिताब के लिए रविवार को मेजबान इंग्लैंड का सामना करेगा। फाइनल मुकाबला लंदन के ऐतिहासिक लॉ‌र्ड्स मैदान पर खेला जाएगा।

वर्षा से बाधित इस दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने निर्धारित 42 ओवर में चार विकेट पर 281 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। हरमनप्रीत ने तूफानी पारी खेलते हुए 115 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 171 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 20 चौके और सात छक्के भी जड़े। जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 40.1 ओवर में 245 रन पर सिमट गई।

बारिश की वजह से यह मैच तीन घंटे से ज्यादा की देरी से शुरू हुआ। इसके चलते इस मैच को 42-42 ओवर का कर दिया गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की स्मृति मंदाना (06) का विकेट पहले ही ओवर में गिर गया। दसवें ओवर में जब टीम का स्कोर 35 रन था तो पूनम राउत (14) भी पवेलियन लौट गईं। उस समय हरमनप्रीत बल्लेबाजी करने आई। उन्होंने कप्तान मिताली राज (36) के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रन की साझेदारी की। मिताली को 25वें ओवर की अंतिम गेंद पर क्रिस्टन बीम्स (1/49) ने बोल्ड किया। उस समय भारतीय टीम का स्कोर 101 रन था। मिताली के आउट होने के बाद हरमनप्रीत और दीप्ति शर्मा (25) ने पांचवें विकेट के लिए 137 रन जोड़कर भारतीय टीम के स्कोर को मजबूती दी। दूसरे छोर पर उनका बेहतरीन साथ निभा रही दीप्ति 39वें ओवर में बोल्ड हो गईं, जिससे स्कोर चार विकेट के नुकसान पर 238 रन हो गया।

हरमनप्रीत ने 90 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। शतक पूरा करने के बाद उन्होंने अपनी रनगति को और तेज कर दिया। हालांकि, हरमनप्रीत की मांसपेशियों में थोड़ा खिंचाव जरूर आ गया था, लेकिन वह अपने मन मुताबिक दिशा में शॉट खेल रही थीं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मेगन शुट, एश्ले गार्डनर, एलिसी विलानी और क्रिस्टन बीम्स ने एक-एक विकेट लिए।

छः बार विश्व चैंपियन रह चुकी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए यह सेमीफाइनल मैच बिलकुल आसान नहीं था। 282 रन के लक्ष्य के सामने ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही। 21 रन के स्कोर तक उसने तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। सलामी बल्लेबाज बेथ मूनी (01) को शिखा पांडे (2/17) ने सस्ते में पवेलियन भेजा, जबकि कप्तान मेग लेनिंग को झूलन गोस्वामी (2/35) ने खाता भी नहीं खोलने दिया। दमदार बल्लेबाज निकोल बोल्टन (14) को दीप्ति शर्मा (3/59) ने अपनी ही गेंद पर लपका। इसके बाद विकेट की गति थमी और  एलिस पेरी (38) व एलिसी विलानी ने चौथे विकेट के लिए 105 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला। विलानी धुंवाधार अंदाज में बल्लेबाजी कर रही थीं। उन्होंने 58 गेंदों पर 13 चौकों के साथ 75 रन जड़कर भारत की जीत को शंका में लाकर खड़ा कर दिया। फिर पांसा पलटा व 24वें ओवर में राजेश्वरी गायकवाड़ (1/62) ने उन्हें मंदाना के हाथों लपकवाकर अपनी टीम को बड़ी राहत दी।

इसके बाद मात्र 43 रन जोड़ने में ऑस्ट्रेलिया ने अपने पांच विकेट और गंवा दिए, जिससे 33वें ओवर में स्कोर नौ विकेट पर 169 रन हो गया। अंतिम विकेट के लिए एलेक्स ब्लैकवेल (90 रन, 56 गेंद, 10 चौके, 03 छक्के) और क्रिस्टन बीम्स (नाबाद 11) ने 76 रन जोड़कर हार के अंतर को कम किया। दीप्ति ने ब्लैकवेल को बोल्ड कर भारतीय टीम को फाइनल का टिकट दिलाया।

रामनाथ कोविंद होंगे देश के नए राष्ट्रपति

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com
राष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार रामनाथ कोविंद की जीत हो गयी है। कोविंद को यूपीए उम्मीदवार मीरा कुमार से ज्यादा वोट मिले हैं। रामनाथ कोविंद को कुल वोट 10,98903 में से 702044 मिले हैं जबकि मीरा कुमार को 367314 वोट मिले। राष्ट्रपति बनने के लिए कोविंद को 5,52,243 वोट ही चाहिए थे।
रामनाथ कोविंद 25 जुलाई को राष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। औपचारिक ऐलान के बाद देश भर में जश्न की तैयारियां शुरू हो गयी
है।
रामनाथ कोविंद को 522 सांसदों ने वोट दिया, वहीं 225 सांसदों ने मीरा कुमार को वोट दिया। 21 सांसदों के वोट को खारिज कर दिया गया।
राष्ट्रपति के चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सांसद और विधान सभा के सदस्य मतदान करते हैं। एमएलसी यानी विधान परिषद के सदस्य राष्ट्रपति के चुनाव में मतदान नहीं करते हैं। वोटों के गिनती चार अलग अलग टेबल पर हुई और गिनती के कुल 8 राउंड मे पूरी हुई।
सोमवार को हुई वोटिंग में 99% वोटिंग हुई थी। रिटर्निंग अधिकारी अनूप मिश्रा ने बताया कि यह अब तक की सबसे ज्यादा वोटिंग है। अभी लोकसभा (543) और राज्यसभा (233) में कुल 776 सांसद हैं। दोनों लोकसभा और राज्यसभा से दो-दो सीट खाली हैं। बिहार के सासाराम से बीजेपी के सांसद छेदी पासवान के पास वोटिंग का अधिकार नहीं था। इस तरह 771 सांसदों को वोट डालना था। लेकिन 768 सांसदों ने ही वोटिंग की।

डोकलाम से पहले अपनी सेना हटाए चीन – सुषमा स्वराज

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

आज राज्यसभा मे चीन के साथ सैन्य गतिरोध के मुद्दे पर चर्चा के दौरान विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि भारत और चीन के बीच सीमा रेखा को रेखांकित किया जाना है। डोकलाम में एक ट्राईजंक्शन है और 2012 में एक लिखित समझौते के तहत निर्णय हुआ था कि इसमें कोई फेरबदल भारत, चीन और भूटान के बीच चर्चा के बाद ही होगा।

विदेशमंत्री ने कहा कि चीन लगातार वहां आता रहा है, कभी निर्माण के लिए कभी किसी और काम के लिए, लेकिन इस बार वे सीधे ट्राईजंक्शन प्वाइंट पर आ गया है। उन्होंने कहा कि जैसे ही चीन के साथ सैन्य गतिरोध इसलिए बना हुआ है कि चीन लगातार यह कह रहा है कि भारत अपनी सेना को वापस अपनी सीमा में बुलाए।

चीन की वन बेल्ट वन रोड नीति पर विदेश मंत्री ने कहा कि जैसे ही में पता चला कि वन बेल्ट वन रोड में चीन पाक आर्थिक कॉरिडोर को डाल रहे हैं, भारत ने पूरी कड़ाई से अपना विरोध दर्ज कराया है।

चीन के साथ जारी सैन्य गतिरोध पर विदेशमंत्रीने स्पष्ट बयान दिया कि चीन डोकलाम ट्राईजंक्शन की मौजूदा स्थिति को अपने तरीके से बदलना चाह रहा है, भारत-चीन तनाव पर दुनिया के सभी देश भारत के साथ खड़े हैं, सैन्य गतिरोध पर कानूनी रूप से भारत का पक्ष बेहद मजबूत है, भूटान ने इस मसले पर चीन से विरोध दर्ज कराया है।

अमेरिका द्वारा एच वन बी वीजा को लेकर नियम और प्रक्रियाएं कड़े करने पर विदेश मंत्री ने कहा कि गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका दौरे पर राष्ट्रपति ट्रंप को इस बात पर सहमत कर लिया कि भारत के स्किल्ड प्रोफेशनल अमेरिकी अर्थव्यवस्था में अहम योगदान कर रहे हैं।

नतीजे से पहले मीरा कुमार के घर बांटी गयी मिठाई

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com

राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों की तैयारी शुरू हो गई है, सुबह 11 बजे से ही वोटिंग चल रही है। शाम 5 बजे तक यह साफ हो जाएगा कि देश का नया महामहिम कौन होगा, लेकिन नतीजों से पहले ही यूपीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार मीरा कुमार के घर मिठाई बांटी गई। मीरा कुमार के घर पहुंचे पत्रकारों को उनके स्टाफ की तरफ से मिठाई बांटी गई, मीरा कुमार ने कहा कि आप हमारे घर आए हैं, इसलिए मिठाई खिलाना जरुरी है।

वहीं नतीजों के बारे में उन्होंने कहा कि हमनें पूरी निष्ठा के साथ चुनाव लड़ा है, हमनें लड़ाई की मर्यादा निभाई है। मीरा कुमार बोलीं कि देश के अधिकांश लोगों की आवाज को हमने इस चुनाव में बुलंद किया। मीरा कुमार ने कहा कि ये गुप्त वोटिंग है हर किसी को अपना वोट डालने का अधिकार है, इसमें मैं कुछ टिप्पणी नहीं करना चाहती हूं।

राष्ट्रपति के चुनाव में लोकसभा और राज्यसभा के सांसद और विधान सभा के सदस्य मतदान करते हैं, एमएलसी यानी विधान परिषद के सदस्य राष्ट्रपति के चुनाव में मतदान नहीं करते।

वोटों की गिनती चार अलग अलग टेबल पर होगी और गिनती के कुल 8 राउंड होंगे।सोमवार को हुई वोटिंग में 99% वोटिंग हुई थी, रिटर्निंग अधिकारी अनूप मिश्रा ने बताया कि यह अब तक की सबसे ज्यादा वोटिंग है, अभी लोकसभा (543) और राज्यसभा (233) में कुल 776 सांसद हैं।