28.3 C
Mumbai
Friday, August 14, 2026
Home Blog Page 1012

स्टेशनों पर 1,100 वॉटर वेंडिंग मशीनें लगाएगा आईआरसीटीसी, जिससे 1 रुपये में मिलेगा ‘स्वच्छ पानी’

कोमल झा| Navpravah.com

देशभर के रेल परिसरों में सस्ते दर पर स्वच्छ पेयजल सुनिश्चित करने के अपने प्रयास के तहत इंडियन रेलवे केटरिंग ऐंड टूरिजम कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) की वर्ष 2017-2018 में 450 स्टेशनों पर 1,100 वॉटर वेंडिंग मशीन लगाने की योजना है.

इन मशीनों से महज 1 रुपये में 300 मिली पानी मिलेगा. रेल मंत्रालय ने रविवार को कई ट्वीट में कहा कि ये वाटर वेंडिंग मशीनें (डब्ल्यूवीएम) सस्ते दर पर पेयजल उपलब्ध कराएंगी और इस पहल से करीब 2,000 लोगों को रोजगार मिलेगा.

 

मंत्रालय ने बताया कि मौजूदा वक्त में देश के 345 स्टेशनों पर 1,106 डब्ल्यूवीएम हैं. मामूली दर पर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के मकसद से साल 2015 में डब्ल्यूवीएम लगाने की परियोजना शुरू की गयी थी. इन मशीनों से रिवर्स ओसमोसिस आरओ तकनीक से शुद्ध जल मिलता है. डब्ल्यूवीएम को 24 घंटे स्वचालित या हाथ से संचालित किया जाता है. मंत्रालय ने कहा कि इन मशीनों से मिलने वाला पानी बोतलबंद मिनरल वाटर से भी सस्ता होगा.

जियो के बंधन में जुड़ने से पहले चेक करें ये बातें

कोमल झा| Navpravah.com

रिलायंस जियो ने सस्ते फीचर फोन की घोषणा की है. घोषणा के मुताबिक जियो फ़ोन की इफेक्टिव कीमत शून्य रुपये रखी गई है. यानी उपभोक्ता को ये फ़ोन 1500 रुपये की वापस मिलने वाली सिक्योरिटी राशि के साथ मुफ्त में मिलेगा. जियो का ऑफ़र लुभावना है मगर रिलायंस कोई कल्याणकारी संस्था नहीं है.

आप पैसे देने के बाद तीन साल के लिए इस फ़ोन से बंध-से जाएंगे, इसीलिए फ़ोन खरीदते समय ये बातें ज़रूर पता कर लें.

1. फेसबुक, व्हाट्सऐप और उसके जैसे आपके पसंदीदा ऐप इस फ़ोन पर आम फोन की तरह चलेंगे कि नहीं यह पता कर लें. कहीं ऐसा नहीं हो कि अपने ऐप लोगों तक पहुंचाने के लिए जियो ने दूसरे ऐप्स को डिसेबल या मुश्किल बना रखा हो. इस बारे में कंपनी की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है.

2. अगर इस फ़ोन को आप अपने मोबाइल पेमेंट की ज़रूरतों के लिए भी इस्तेमाल करना चाहते हैं तो एक बार ये समझ लेना ज़रूरी होगा कि क्या जियो मनी के अलावा दूसरे ऐप भी आप इस्तेमाल कर सकते हैं या नहीं. हो सकता है आप पहले से पेटीएम या मोबीक्विक जैसे ऐप का इस्तेमाल कर रहे हों और उनकी सर्विस से खुश हों.

3. फीचर फ़ोन में स्टोरेज की जगह आम तौर पर नहीं के बराबर होती है. ऐसे फ़ोन को डेटा के लिए इस्तेमाल करना नई बात है. इसलिए एक बार ये ज़रूर जांच लीजिये की स्टोरेज के लिए फ़ोन की इंटरनल मेमोरी कितनी है. उसके अलावा ये भी पता कीजिये कि एसडी कार्ड लगाने पर स्टोरेज की जगह कितनी और बढ़ सकती है.

4. अब तक शायद कोई भी फीचर फ़ोन नहीं होगा जिसमे फ़्लैश हो इसलिए जियो के फ़ोन लेते समय इस बात का ध्यान रखियेगा. चूंकि फोटो शेयर करना मोबाइल फ़ोन पर लोगों का पसंदीदा काम है, अगर इस फ़ोन के साथ फ़्लैश होगा तो वो सोने पे सुहागा है.

5. इस फीचर फ़ोन के साथ एक केबल भी होगा जिसकी मदद जियो टीवी सभी टेलीविज़न स्क्रीन पर चलेगा. इसकी घोषणा भी की गयी है. जियो टीवी की मदद से टेलीविज़न के डिस्ट्रीब्यूशन में भी घुसने की कोशिश की जा रही है. लेकिन क्या इस पर स्पोर्ट्स चैनल देखे जा सकेंगे क्योंकि केबल टीवी या डीटीएच के पैक में ये सबसे महंगे होते हैं? ये सवाल तो लाख टके का है.

6. अगर ग्राहकों से 1500 रुपये लिए जाते हैं और जियो को 10 करोड़ नए ग्राहक मिल जाते हैं तो कंपनी के पास 15 हज़ार करोड़ रुपये इकठ्ठा हो जाएंगे. आगे चलकर जियो अपने ग्राहकों को दूसरे नेटवर्क पर जाने से रोकने के लिए ऑफ़र दे सकता है या शर्तें लगा सकता है.

दवाओं का बढ़ा-चढ़ाकर किए गए फर्जी विज्ञापन देने वालों को केंद्र सरकार ने दी चेतावनी

कोमल झा| Navpravah.com

केंद्र सरकार ने टीवी चैनलों को चेतावनी दी है कि आयुर्वेदिक, सिद्ध, यूनानी और होम्योपैथिक दवाओं और उत्पादों के बारे में अनुचित या बढ़ा-चढ़ाकर किए गए दावे वाले विज्ञापनों का प्रसारण नहीं किया जाए.

सूचना और प्रसारण मंत्रालय के निदेशक (प्रसारण) अमित कटोच द्वारा जारी परामर्श के अनुसार चैनलों को केवल उन उत्पादों और दवाओं का विज्ञापन करना चाहिए जिनके पास वैध लाइसेंस हों. ऐसा नहीं होने पर कार्रवाई की जा सकती है. आयुष मंत्रालय ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय से कहा था कि कुछ चैनल इस तरह की दवाओं के अतिशयोक्ति या अनुचित दावे वाले विज्ञापन चला रहे हैं, जिसके बाद सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने यह परामर्श जारी किया है.

इसमें कहा गया है कि इस तरह के इश्तहार उपभोक्ताओं को गुमराह कर रहे हैं और खुद ही दवा लेने के चलन के साथ स्वास्थ्य संबंधी खतरे पैदा कर रहे हैं. इसके अनुसार इस तरह के विज्ञापनों या कार्यक्रमों में स्वघोषित डॉक्टर, गुरू और वैद्य सभी तरह की स्वास्थ्य समस्याओं के चमत्कारिक समाधान सुझाते हैं.
परामर्श के अनुसार इन उत्पादों और दवाओं के गुमराह करने वाले विज्ञापन ‘दवा और जादुई उपचार (आपत्तिजनक विज्ञापन) अधिनियम 1954’ और ड्रग्स और कॉस्मेटिक कानून 1940 का उल्लंघन करने वाले हैं.

हरियाणा की छोरी ने फिर कर दिखाया कमाल, श्वेता मेहता ‘रोडीज राइजिंग-14’ की विनर

कोमल झा| Navpravah.com

चाहे खेल का मैदान हो या फिर फैशन शो का रैंप, हर जगह हरियाणा की लड़कियां अपना कमाल दिखाती नजर आ रही हैं. एक बार फिर हरियाणा की एक छोरी ने कमाल कर दिखाया है. 28 साल की श्वेता मेहता शनिवार को एमटीवी के पॉपुलर रियलिटी शो ‘रोडीज राइजिंग-14’ की विनर बन गईं. अभी पिछले ही महीने हरियाणा की मनुषि चिल्लर एफबीबी कलर्स फेमिना ‘मिस इंडिया 2017’ की विजेता बनी थीं.

 

बता दे कि पंजाब की श्वेता मेहता पेशे से एक इंजीनियर है और श्वेता पहले बेंगलुरु की एक आईटी कंपनी में काम करती थीं. इस दौरान उन्होंने महसूस किया कि उन्हें किसी और क्षेत्र में काम करना चाहिए. इसके चलते उन्होंने अपने पैरेंट्स को समझाया और इसके बाद फिटनेस व बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में कदम रखा. यहां कुछ समय में ही उन्होंने अपनी पहचान बना ली. इसके साथ ही श्वेता ने जेराई वुमेन फिटनेस मॉडल चैंपियनशिप 2016 भी जीती थी.

श्वेता ने शो जीतने के बाद कहा कि, ‘शो में हर कोई जीतने के लिए आता है, मैने भी इसी उम्मीद से हिस्सा लिया था। मैं लोगों को दिखाना चाहती थी कि ऐसा कोई काम नहीं जो लड़कियां नहीं कर सकती और नतीजा आपके आगे है. मेरे लिए गर्व का पल वो रहा जब मेरा नाम विजेता के रूप में लिया गया और नेहा मैम खुश हुईं. मैने उनसे वादा किया था कि अगर मैं शो जीत गई तो उनके स्टाइलिश को मेरे बाल स्टाइल करने होंगे. हम दोनों ने ही अपना वादा पूरा किया ‘.

‘जी सारेगामापा’ के एक्स कंटेस्टेंट जयन अली की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत, दोस्त के घर मिली डेड बॉडी

कोमल झा| Navpravah.com

सिंगिंग रियलिटी शो ‘ जी सारेगामापा’ के 2012 के एक्स कंटेस्टेंट रह चुके पाकिस्तानी सिंगर जयन अली की मौत हो गई है. जयन की लाश उनके दोस्त के घर के बाथरूम से मिली.


एक अखबार की खबर के अनुसार जयन अली अपने घर लाहौर से गुरुवार की रात अपने दोस्त के घर शेखपुरा के लिए निकले थे. पर उनके परिवार का कहना है कि जयन ने उनसे कहा कि वो अपने दोस्त के यहां जा रहा है और कुछ दिनों बाद वापस आएगा. लेकिन सुबह हमें उसकी मौत की खबर मिली. उसकी शादी नहीं हुई थी और नाही उसका कोई अफेयर चल रहा था और उसे आर्थिक रुप से भी कोई दिक्कत नहीं थी बल्कि बहुत जल्द उसका एक नया गाना आने वाला था जिसके लिए वह काफी एक्साइटेड था.

वहीं दोस्त का कहना है कि जयन को बेहोशी की हालत में उसके बाथरूम में पाया गया. डॉक्टर के पास लेकर जाने पर पता चला कि उसकी मौत हो चुकी है.

वहीं अभी जयन की मेडिकल रिपोर्ट नहीं आई है लेकिन उनके भाई ने यह कहा है कि वह कभी कभार नशा करता था लेकिन वह भी एक लिमिट में होता था. जहां जयन का पूरा परिवार मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है वहीँ लोग यह अंदाजा लगा रहे है कि जयन की मौत ब्रेन हेमरेज के कारण हुई है.

‘जी सारेगामापा’ में 2012 शहजादा-ऐ-गजल के नाम से मशहूर हुए और जयन अली के साथी रहे जेजिम शर्मा ने जयन अली की मौत पर दुख जताया है. हमसे एक्सक्लूसिवली बात करते हुए जेजिम ने कहा कि जयन बहुत ही खुशमिजाज शख्स थे. ‘जी सारेगामापा’ के दौरान दोनों की दोस्ती भी हो गयी थी. उन्हें अभी तक इस बात का विश्वास नहीं हो रहा है कि जयन अली अब इस दुनिया में नहीं रहे.

लॉर्ड्स में जमकर बजा ढोल, दर्शकों ने किया भांगड़ा

कोमल झा| Navpravah.com

लंदन। क्रिकेट का ‘मक्का’ कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान ने महिला विश्व कप के फाइनल के ऐतिहासिक दिन रविवार को क्रिकेट की नियामक संस्था-मेरिलबोर्न क्रिकेट क्लब (एमसीसी) अपने नियमों में बदलाव किए। अमूमन इस मैदान पर ढोल और ड्रम ले जाना और बजाना मना है, लेकिन मेजबान इंग्लैंड और भारत के बीच खेले गए इस बड़े मैच के लिए एमसीसी ने नियमों में बदलाव करते हुए भारतीय प्रशंसकों को ढोल ले जाने की मंजूरी दे दी।

एमसीसी ने भारतीय प्रशंसक दल ‘भारत आर्मी’ को मैदान के अंदर ढोल ले जाने के लिए अपनी अनुमति दे दी। इसके बाद फैन्स ने ढोल बजकर टीम इंडिया को चीयर करते हुए जमकर भांगड़ा किया। हार्न या वुवुजेला जैसे संगीत यंत्र लॉर्ड्स में प्रतिबंधित हैं जिसे इंग्लैंड का प्रशंसक दल ‘बार्मी आर्मी’ अपने साथ ले जाती है, लेकिन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) से सलाह के बाद एमसीसी ने अपने नियमों में इस फाइनल के लिए ढिलाई बरती।

आईसीसी के टूर्नामेंट के टिकटों पर लिखे नियम व शर्ते एमसीसी से थोड़े इतर होते हैं। क्रिकइंफो की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत आर्मी ने फाइनल के लिए कई संगीत यंत्र ले जाने की इजाजत मांगी थी, लेकिन उसे सिर्फ ढोल मैदान के अंदर ले जाने की अनुमति मिली है। बाकी कोई और यंत्र की अनुमति उसे नहीं मिली।
इसके अलावा लॉर्ड्स पर प्रशंसकों को अधीकतर मैचों में झंडे ले जाने की भी मनाही है, लेकिन आईसीसी ने इस मैच में दोनों देशों के झंडे वितरित किए हैं।

‘लाल’ हुआ टमाटर : आप पड़ जाएंगे फीके, मिल रही है वीवीआईपी सिक्योरिटी

कोमल झा| Navpravah.com

आसमान छूते भाव ने टमाटर को गहनों से भी ज्यादा कीमती बना दिया है. आलम ये है कि इंदौर की देवी अहिल्या बाई होलकर सब्जी-फल मंडी में टमाटर सुरक्षा कर्मियों के साए बिक रहा है. यह मध्य प्रदेश की सबसे बड़ी सब्ज़ी मंडी है.

पिछले एक महीने में टमाटर अपने दाम के कारण सुर्खियों में बना हुआ है. महंगा होने के बाद टमाटर व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण भी बन गया है. इस बीच ख़बर आई कि मुंबई में किसी ने टमाटर के कैरेट चुरा लिए. इंदौर में वैसे तो अभी तक किसी ने टमाटर नहीं चुराए हैं, लेकिन व्यवसायी घबरा गए कि टमाटर कहीं चोरी न हो जाएं इसलिए एहतियातन उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा मांगी. इसके बाद मंडी में सुरक्षाकर्मी तैनात कर दिए गए. ये सुरक्षाकर्मी हथियारों से लैस हैं. सुरक्षाकर्मी टमाटर की गाड़ियों के साथ तैनात किए गए हैं. इनकी बंदूकों के साए में अब यहां टमाटर बेचा जा रहा है.

देवी अहिल्या बाई होलकर सब्जी-फल मंडी में टमाटर के रोज औसतन 6 से 7 हजार कैरेट आते थे. लेकिन उत्पादन कम होने से सप्लाई भी कम हो गई है, इसलिए टमाटर के दाम भी 100 रुपए किलो तक पहुंच गए हैं. हालांकि, शनिवार को 11 ट्रक टमाटर यहां पहुंचे. इससे भाव में मामूली गिरावट आई.

ब्रिटेन में मुस्लिम महिला के साथ मारपीट, हिजाब खींचा गया!

कोमल झा| Navpravah.com

ब्रिटेन में इस्लामी चरमपंथियों द्वारा किए गए आतंकी हमले के बाद हो रही नस्ली नफरत से जुड़े अपराध (हेट क्राइम) की घटनाओं के बीच लंदन में इस तरह की एक और वारदात सामने आई है. यहां एक मुस्लिम महिला का कथित तौर पर हिजाब खींचा गया और उसके साथ मारपीट की गई.

बीबीसी के अनुसार बीते 16 जुलाई को बेकर स्ट्रीट इलाके में अनीसो अब्दुल कादिर ट्यूब (रेल सेवा) का इंतजार कर रही थी. उसी दौरान एक व्यक्ति ने उसे मुक्का मारा और उसके एक दोस्त को धक्का देकर दीवार की तरफ गिरा दिया. इससे पहले उसने इस मुस्लिम महिला का हिजाब खींचा.

महिला ने ट्टवीट किया, ‘बैकर स्ट्रीट स्टेशन पर इस व्यक्ति ने मेरा हिजाब खींचने का प्रयास किया और जब मैंने अपना हिजाब बहुत मजबूती से पकड़ लिया, तो उसने मुझे मुक्का मारा.’ अनीसो ने यह भी कहा कि मौके पर मौजूद एक महिला ने भी मुस्लिम महिला के साथ दुर्वव्यवहार किया और अपशब्द कहे.

ब्रिटिश परिवहन पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि इस मामले की नस्ली नफरत से जुड़े अपराध के तौर पर जांच की जा रही है. प्रवक्ता ने कहा, ‘इस तरह का व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इस घटना के बारे में हमें पता चला है और इसकी जांच की जा रही है.’ बहरहाल, ट्वीट में जिस व्यक्ति की तस्वीर पोस्ट की गई उसने खुद को निर्दोष करार देते हुए कहा कि वह अपने एक साथी का ‘नस्ली हमले’ से बचाव कर रहा था.

उद्धव ने नोटबंदी-GST को बताया गलत फैसला, बोले- अच्छे दिन सिर्फ विज्ञापनों में

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने एक बार फिर केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए  एक साक्षात्कार में कहा कि अच्छे दिन सिर्फ सरकारी विज्ञापनों में ही दिखाई दे रहे हैं, बाकी सिर्फ आनंद ही आनंद है।
उद्धव ठाकरे ने जीएसटी की आलोचना करते हुए कहा कि जिस तरह से चीजें हो रही हैं वो सब गड़बड़ है, इसे देखते हुए शांत रहना मुश्किल है। उद्धव ने कहा फिलहाल समझदारी इसी में है कि जो हो रहा है उसे शांति से देखते रहो, लेकिन शिवसेना प्रमुख की विरासत चलानी हो तो शांत रहना हमारे खून में नहीं है, जो कुछ हो रहा है उसे सिर्फ देखते रहना भी हमसे नहीं होगा।
ठाकरे ने जीएसटी के बहाने ही मोदी सरकार पर सत्ता के केंद्रीयकरण का आरोप लगाया, उद्धव ने कहा कि विरोध करने के पीछे एक ही उद्देश्य है कि हमारे यहां सबका केंद्रीयकरण करना है या विकेंद्रीयकरण करना है? अगर जिसकी लाठी उसकी भैंस ही राज करने का तरीका है तो राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे तब उन्होंने पंचायती राज को निचले स्तर तक पहुंचाया था। आज मोदी प्रधानमंत्री हैं और उस स्वायत्तता को खत्म कर सब कुछ केंद्र के हाथ में रखने का काम शुरू है।
जीएसटी के साथ नोटबंदी पर भी उद्धव ठाकरे ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चार महीने में 15 लाख लोग बेरोजगार हो गए हैं, नौकरियां छूट गईं, जिन 15 लाख लोगों ने नौकरी गंवाई उनकी दाल-रोटी की व्यवस्था है क्या?
तमाम मुद्दों पर सरकार की आलोचना के बीच उद्धव ने साफ किया कि इन बातों के लिए उन्हें सरकार विरोधी नहीं समझा जाना चाहिए, मुझे एक बात साफ करनी है कि जब मैं या शिवसेना कुछ बोलती है तो उस समय हमें सरकार विरोधी समझा जाता है, जबकि मैं जनता के साथ हूं।
साझात्कार में उद्धव ने सिक्किम बॉर्डर पर चीन के साथ चल रहे तनावों पर भी चिंता जाहिर की और संवेदना जताई।

जयपुर में अमित शाह ने संत समाज से लिया आशीर्वाद

अमित शाह ने लोगों को धन्यवाद दिया

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जयपुर दौरे पर हैं, अपने जयपुर दौरे के दूसरे दिन की शुरुआत अमित शाह ने राजस्थान के साधु-संतो से मुलाकात के साथ की।

अमित शाह से मिलने करीब 100 साधु-संतों के अलावा अलग-अलग समाज के लोग भी आए, इनमें ब्राह्मण, बनिया से लेकर वाल्मिकी समाज के प्रतिनिधि शामिल हुए, अमित शाह ने साधु-संतो से कहा कि बीजेपी को शुरु से ही साधु-संतो का साथ और आशीर्वाद मिलता रहा है।

इस मौके पर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने बताया कि राजस्थान सरकार राज्य के सभी मंदिरों का जीर्णोद्धार कर रही है और इसके लिए बजट की कमी नहीं होगी, साथ ही राजे ने कहा कि सरकार सावन में अपने पैसे से मंदिरों में रुद्राभिषेक करा रही है। कार्यक्रम की शुरुआत में अमित शाह ने सभी संत समाज को रामायण की प्रति देकर स्वागत किया।

साधु समाज के लोगों ने कहा कि हम भी गोरक्षा के नाम पर किसी की हत्या नहीं करने के मामले में सरकार के साथ हैं, साधु-संतो में बेहद खुशी दिखी कि पहली बार कोई राष्ट्रीय पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष उनसे इस तरह से मिल रहा है।

अमित शाह इसके बाद बीजेपी दफ्तर में जाकर पार्टी के सभी स्तर के पदाधिकारियों से मुलाकात की, शाह के दौरे की वजह से राजस्थान बीजेपी में चारों तरफ जोश दिख रहा है।