29 C
Mumbai
Tuesday, August 18, 2026
Home Blog Page 874

महिलाओं के साथ उत्तर प्रदेश में होती है सबसे ज्यादा छेड़छाड़ -रिपोर्ट

सौम्या केसरवानी | Navpravah.com
नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो ने 2016 में हुए अपराध और राज्यवार का ब्योरा जारी किया है। इस रिपोर्ट में महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामले में उत्तर प्रदेश ने देश के सभी राज्यों को पीछे छोड़ दिया है, उत्तर प्रदेश महिलाओं के साथ हो रहे अपराध में सबसे आगे है।
2016 में उत्तर प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ कुल 49,262 मामले दर्ज किए गए, जो राष्ट्रीय अपराध का 14.5% है। जबकि इस मामले में पश्चिम बंगाल दूसरे स्थान पर रहा। 2016 में हुए कुल अपराध की दर के मामले में दिल्ली ने देश के सभी राज्यों को पीछे छोड़ दिया है, दिल्ली में अपराध की दर ने राष्ट्रीय अपराध दर को भी मात दे दी है।
जहां राष्ट्रीय अपराध दर 55.2% रही वहीं, दिल्ली में यह 160.4% रही। इस लिहाज से यह रिपोर्ट दिल्लीवालों के लिए चिंता का कारण बन सकती है, और यह रिपोर्ट सरकार के लिए भी चिंताजनक होनी चाहिए, ताकि अपराध पर रोकथाम लग सके।

यूपी सरकार ने दिया झटका, 15 से 18 फीसदी बढ़ीं बिजली की दरें

electric shot
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 
विद्युत् नियामक आयोग ने लोगों को बिजली का बड़ा झटका दिया है। आयोग ने यूपी में बिजली की दरें 12-18 प्रतिशत तक बढ़ा दी है। खबरों के अनुसार, उत्तर प्रदेश में बिजली की दरों की बढ़ोतरी के कयास काफी दिनों से लगाए जा रहे थे।
नई कीमतों के मुताबिक, पहली 100 यूनिटों के लिए 3 रुपये और इसके बाद 4.50 रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिल आएगा। उत्तर प्रदेश विद्युत नियामक आयोग ने वर्ष 2017-18 के लिए ग्रामीण अनमीटर्ड कनेक्शन का मासिक बिल 180 से बढ़ाकर 31 मार्च 2018 तक 300 रुपये और उसके बाद 400 रुपये किया है।
सूत्रों के मुताबिक, लघु, मध्यम व भारी उद्योगों व लाइफलाइन उपभोक्ताओं को छोड़कर अन्य सभी श्रेणियों के बिजली उपभोक्ताओं की बिजली महंगी होगी। चूंकि गांव की बिजली की दरें लंबे समय से न बढ़ने के कारण काफी कम हैं, इसलिए सर्वाधिक बढ़ोत्तरी ग्रामीण उपभोक्ताओं की बिजली की दरों में ही दिखाई देगी।
अब तक जहां ग्रामीणों को 180 रुपये प्रति किलोवाट प्रतिमाह देना होता है, वहीं अगले सप्ताह से 300 रुपये देने होंगे। पहली अप्रैल से यह 400 रुपये हो जाएगी। प्रति यूनिट दर 2.20 रुपये से बढ़कर 100 यूनिट तक तीन रुपये और उससे अधिक अधिकतम 5.50 रुपये होगी।
गौरतलब है कि वित्तीय संकट से जूझ रहे पावर कारपोरेशन प्रबंधन ने तो औसतन 22 फीसद बिजली की दरें बढ़ाने का प्रस्ताव किया था, लेकिन नियामक आयोग ने जन सुनवाई करने के बाद लगभग 15 फीसद ही दरें बढ़ाने का निर्णय किया है। चूंकि नियमानुसार आयोग द्वारा टैरिफ आर्डर जारी होने के सात दिन बाद वह प्रभावी होता है, इसलिए उपभोक्ताओं को अगले सप्ताह से नई दरों के मुताबिक बिजली के बिल का भुगतान जनवरी से करना होगा।

उत्तर भारतीयों को लेकर आमने-सामने ठाकरे और फडणवीस 

ठाकरे-फडणवीस आमने-सामने
राजेश सोनी | Navpravah.com 
 
मुंबई –महाराष्ट्र के सीएम फडणवीस ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मुंबई को चमकाने में उत्तर भारतीयों का बड़ा योगदान हैं। फडणवीस ने आगे कहा देश कि आर्थिक राजधानी मुंबई ने कई लोगों को अपने जीवन व्यापन करने के लिए जगह दी हैं और उन सभी लोगों का इस शहर के विकास में बड़ा योगदान रहा है। 
 
फडणवीस के इस बयान की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे ने कड़ी आलोचना की है। उनकी पार्टी के कई नेताओं ने फडणवीस पर वोटबैंक की राजनीति करने का आरोप भी लगा दिया। 
 
फडणवीस ने यह बयान घाटकोपर की एक सभा में दिया था। उन्होंने इस सभा में कहा था कि  उत्तर भारतीयों ने इस शहर के लिए अहम योगदान दिया और मुंबई शहर को महान बनाया है। अन्य भाजपा नेताओं ने कहा, “आज हम यह कह सकते हैं कि उत्तर भारतीयों ने हमेशा से इस शहर की प्रतिष्ठा बढ़ाने में योगदान दिया हैं। 
 
मनसे नेता नितिन सरदेसाई ने भाजपा और फडणवीस पर हमला करते हुए कहा कि फडणवीस ने जो कहा उसका सीधा अर्थ है। भाजपा के लिए उत्तर भारतीयों के वोट अब महत्वपूर्ण हो गए हैं। वह असली मुम्बईकर, किसान और महाराष्ट्र के लोगों की समसयाओं के बारे में चिंतित नहीं हैं। सरदेसाई ने दावा किया कि ऐसी टिप्पणियां उत्तर भारतीयों के वोट को ध्यान में रखकर की जा रही हैं।   

गुजरात चुनाव: मुझे जान से मारना चाहते हैं अमित शाह -छोटू भाई वसावा

छोटू भाई वसावा को मिली जान से मारने की धमकी
एनपी न्यूज़ डेस्क । Navpravah.com
नितीश कुमार की अगुवाई वाली जनता दल यूनाइटेड से अलग हुए गुजरात के एकमात्र आदिवासी नेता छोटू भाई वसावा ने अमित शाह पर गम्भीर आरोप लगाया है। वसाना ने आरोप लगाया है कि अमित शाह अपने चुने हुए पुलिस अधिकारियों के जरिए उनका एनकाउंटर करवाना चाहते हैं।
छोटू वसावा ने इस संदर्भ में फेसबुक पर वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें खुले तौर पर अमित शाह का नाम लेते हुए उन्हें सुना जा सकता है। उनका आरोप है कि गुजरात की विजय रूपाणी सरकार और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह उनकी हत्या करवाना चाहते हैं।
आदिवासी नेता ने कहा कि मैंने राज्यसभा चुनाव में अपना वोट कांग्रेस के अहमद पटेल को देकर उन्हें जिता दिया था, इसलिए वो अब बदला लेने के लिए मेरी हत्या कराना चाहते हैं। वसावा ने अपने वीडियो को फेसबुक पर अपलोड किया है और चुनाव आयोग की मदद मांगी है।
नितीश कुमार की जेडीयू के साथ हुए झगड़े के बाद छोटू वसावा ने भारतीय ट्राइबल पार्टी शुरू किया है, जिसे गुजरात विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने समर्थन दिया है।

SIT ने किया खुलासा, पंचकूला को जलाने में थी हनीप्रीत की साजिश

पंचकूला दंगे की साजिश का खुलासा
एनपी न्यूज़ डेस्क । Navpravah.com

 
पंचकूला में भड़की हिंसा और राम रहीम को भगाने की साजिश में आरोपी हनीप्रीत ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। एस.आई.टी को मिली एक वीडियो फुटेज से यह खुलासा सामने आया है। इसमें हनीप्रीत और डेरा सच्चा सौदा के 45 सदस्य 17 अगस्त को मीटिंग करते हुए देखें गए और उनकी कही गई बातों से यह साफ़ हो गया कि पंचकूला को जलाने की साजिश हनीप्रीत की थी।
 
25 अगस्त को राम रहीम की पेशी को लेकर हो रही इस मीटिंग की फुटेज से मिली जानकारी के जरिये एस.आई.टी ने आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया, जिससे इस षड्यंत्र का खुलासा हो पाया। मोबाइल कॉल्स लिस्ट के जरिये इस बात का भी खुलासा हुआ कि आरोपी गोपाल डेरे के लोगों के साथ मिल कर दंगे करवाने की बात कर रहा था।
 
सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि हनीप्रीत के लैपटॉप और सीक्रेट डायरी में हिंसा से संबंधित मानचित्र और डेरे से जुड़े लोगों के काले कारनामों के बारे में सारी जानकारी मौजूद है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हनीप्रीत डेरे में नंबर दो की हैसियत रखती थी, इसलिए उसे पता होगा कि पैसे कहाँ-कहाँ छुपाकर रखे गए हैं।

बलात्कार मामले में किरण खेर का शर्मनाक बयान

किरण खेर ने दिया विवादित बयान
एनपी न्यूज़ डेस्क । Navpravah.com

 
चंडीगढ़ । रेप पीड़ितों पर पहले भी नेताओं ने विवादित बयान दिया है, इसी क्रम में आज भाजपा सांसद और अभिनेत्री किरण खेर का नाम भी शामिल हो गया है। चंडीगढ़ से भाजपा सांसद और फिल्म अभिनेत्री किरण खेर ने रेप पीड़िता पर विवादित बयान दे दिया। खेर ने अपने बयान में कहा कि उस लड़की को ऑटोरिक्शा में सवारी नहीं करनी चाहिए थी, जिसमें पहले से ही 3 पुरुष सवार थे।
  
खेर के इस विवादित बयान की चारों ओर निंदा की जा रही है। वहीं खेर ने अपने बयान का बचाव करते हुए कहा, उनके बयान पर राजनीतिनीति की जा रही है। मैंने सिर्फ कहा था कि “जमाना बहुत ख़राब है और लड़कियों को आज के जमाने में सावधानी से रहना चाहिए। आपको बता दें कि 17 नवम्बर को एक 22 साल की लड़की के साथ चंडीगढ़ में ऑटो में गैंग रेप हुआ था। पुलिस इस गैंग रेप में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
 
हालाँकि, अब बैठे बिठाये विपक्ष को मुद्दा मिल गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पवन कुमार बंसल का कहना है कि कोई इतने गम्भीर मामले में ऐसा शर्मनाक बयान  कैसे दे सकता है। खेर शायद इस गंभीर मामले को हल्के में ले रही है। उन्हें इस बारे में बात करनी चाहिए कि हम चंडीगढ़ को हमारी बहन-बेटियों के लिए कैसे सुरक्षित शहर बना सकते हैं ।

पद्मावती मामला: सरकार ने हस्तक्षेप नहीं किया, तो सिनेमाघरों को आग लगा देंगे -प्रवीण तोगड़िया

प्रवीन तोगड़िया ने कहा आग लगा देंगे
सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
पद्मावती विवाद पर जहां एक तरफ संसदीय समिति ने आज फिल्म के निर्माता-निर्देशक संजय लीला भंसाली और सेंसर बोर्ड के चेयरमैन प्रसून जोशी को तलब किया है, वहीं दूसरी तरफ विश्व हिन्दू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया ने धमकी दी है।
विश्व हिन्दू परिषद के नेता ने धमकी दी है कि अगर विवादित फिल्म को बैन करने के मामले में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने अविलंब हस्तक्षेप नहीं किया, तो विश्व हिन्दू परिषद के लोग देश भर के सारे सिनेमा हॉल को जला देंगे। तोगड़िया ने कहा कि यह कानून-व्यवस्था का सवाल नहीं, बल्कि हमारे हिन्दू धर्म से जुड़ी आस्था का सवाल है, अगर सिनेमा हॉल टूट गया, तो लोग फिल्म नहीं देख पायेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, प्रसून जोशी ने समिति से सिर्फ इतना कहा कि सेंसर बोर्ड ने फिलहाल फिल्म का ट्रेलर और प्रोमो रिलीज की ही अनुमति दी है। माना जा रहा है कि जोशी समिति के सदस्यों को यह बताने में कारगर रहे हैं कि फिल्म को पहले एक्सपर्ट्स को दिखाया जाएगा।
दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर स्टारर फिल्म पद्मावती का राजपूत करणी सेना लगातार विरोध कर रही है। करणी सेना व अन्य राजपूत समुदायों की ओर से फिल्म पर प्रतिबंध लगाने की मांग की जा रही है। उनका दावा है कि फिल्म में इतिहास को विकृत करके पेश किया गया है।

फिर से आतंक फैलाने की फ़िराक़ में था लश्कर, लखनऊ में धरा गया संदिग्ध

लखनऊ से पकड़ा गया संदिग्ध आतंकी
एनपी न्यूज़ नेट्वर्क । Navpravah.com
बुधवार को एक जॉइंट ऑपरेशन में यूपी एटीएस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने मिलकर लखनऊ के चारबाग से एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। शेख अब्दुल नईम नामक इस संदिग्ध व्यक्ति के तार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े हुए होने की आशंका लगाई जा रही है।
 
शेख ने जांच एजेंसियो के सामने खुलासा किया कि आतंकी हाफिज सईद और उसका आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा एक बार फिर देश में मुंबई 26/11 जैसे हमले को अंजाम देने की फिराक में हैं। नईम के पास से कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कागजात भी जांच एजेंसियो ने बरामद किए हैं। नईम को इससे पहले भी औरंगाबाद में हथियार के जखीरों से जुड़े हुए मामले में गिरफ्तार किया गया था। उस मामले के बाद ही 2006 में मुंबई के आधे दर्जन ट्रेनों में सिलसिलेवार तरीके से बम धमाके हुए थे और इन धमाकों में कई बेगुनाहों ने अपने प्राण गंवाए थे।
 
नईम को 2007 में बंगाल पुलिस ने भी गिरफ्तार किया था। उस समय नईम को एक कश्मीरी और 2 बांग्लादेशियों सहित अवैध तरीके से सीमा क्रॉस कराते हुए पकड़ा गया था, लेकिन नईम किसी तरह से सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देकर भागने में सफल रहा था। नईम अभी कई और खुलासे कर सकता है। नईम ने पूछताछ में बताया, पाकिस्तान में उसका हैंडलर रहमान है। सुरक्षा एजेंसी, नईम की 26/11 हमले में भूमिका तलाश रही है। दिल्ली की एक अदालत ने नईम को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है।

 कश्मीर के बड़गाम मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने किया 4 आतंकियों को ढेर

कश्मीर में सेना ने मारे 4 आतंकी

एनपी न्यूज़ डेस्क। Navpravah.com

कश्मीर के बड़गाम जिले में आज सुबह से ही आतंकियों और भारतीय सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार सुरक्षाबलों ने अबतक इस मुठभेड़ में 4 आतंकियों को ढेर कर दिया है इस दौरान एक स्थानीय युवक के घायल होने की खबर भी मिली है। सेना ने इस साल कार्रवाई करते हुए अब तक 200 आतंकियों को ढेर किया है।
 
सेना के प्रवक्ता कर्नल राजेश कालिया ने बताया कि पखेरपोरा इलाके के फुटलीपोरा गांव में हुई इस मुठभेड़ में अबतक ४ आतंकियों को सेना ने मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों को जैसे ही गांव में आतंकियों की छिपे होने की खबर मिली वैसे ही सुरक्षाबलों ने गांव को चारों तरफ से घेर लिया। सेना जैसे ही आगे आतंकियों के छुपने के ठिकाने की ओर बढ़ी वैसे ही आतंकियों ने सेना पर अंधाधुन्द गोलियां बरसाई। 
 
पुलिस ने बताया कि करवाई करने जा रहे सेना के काफिले पर स्थानीय लोगों ने पथराव भी किया जिसके कारण सेना और लोगों के बीच झड़प हुई और इस झड़प में एक युवक घायल हो गया। अब उस घायल युवक को श्रीनगर के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पथराव कर रहें लोगों को रोकने के लिए हवाई फायरिंग भी की। प्रशासन ने अफवाहों को रोकने के लिए कुछ समय के लिए इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी है।  

बिना एंट्रेंस नहीं होगा विश्वविद्यालयों में दाखिला : सत्यपाल सिंह 

यूनिवर्सिटीज में एंट्रेंस अनिवार्य
एनपी न्यूज़ डेस्क। Navpravah.com 

देशभर के विश्वविद्यालयों में 2019 से एडमिशन के लिए विद्यार्थियों को एंट्रेंस देना अनिवार्य कर दिया गया है। मैनेजमेंट, मेडिकल और इंजीनियरिंग जैसे बड़े कोर्सों के लिए ही अबतक विद्यार्थी विश्वविद्यालयों में एंट्रेंस देते आये हैं पर अब 2019 से देशभर की 800 यूनिवर्सिटीज में विद्यार्थियों को सभी कोर्सों में एडमिशन के लिए एंट्रेंस एग्जाम से होकर गुजरना होगा। 
 
एक निजी अखबार से बातचीत के दौरान एचआरडी मिनिस्टर(हायर एजुकेशन) डॉ.सत्यपाल सिंह ने बताया कि इस प्रोसेस के दो फायदें हैं, एक तो स्टूडेंट और पेरेंट्स को कटऑफ की समस्या से छुटकारा मिल जाएगा और इसके साथ ही नक़ल करने वाले बच्चे होनहार बच्चों से आगे नहीं जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि 2018 तक सरकार ने स्पाईकिंग खत्म करने के निर्देश दे रखें हैं। इसलिए ऐसा करना जरुरी है ताकि स्टूडेंट्स को सही रिजल्ट मिले न कि स्पाईकिंग करके नंबर बढ़वाए जाए। 
 
इस समय देशभर में 800 यूनिवर्सिटीज और 41,864 कॉलेज हैं, जिसमें तकरीबन 2,84,84,738 स्टूडेंट्स हैं। इन सभी यूनिवर्सिटीज में प्रति वर्ष 94 लाख स्टूडेंट्स एडमिशन लेते हैं। पहले सिर्फ प्रोफेशनल कोर्सों के लिए एंट्रेंस देना होता था पर अब स्टूडेंट्स को हर कोर्स के एडमिशन के लिए एंट्रेंस एग्जाम देना होगा।