एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
फिल्म अभिनेत्री और पूर्व सपा सांसद जयाप्रदा मंगलवार को भाजपा में शामिल हो गईं। उन्हें इस बार रामपुर से सपा के आजम खान के खिलाफ टिकट मिल सकता है। जयाप्रदा ने 2004 और 2009 में सपा के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीता था।
भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी का एक पत्र सुर्खियां बटोर रहा है। जोशी ने मतदाताओं को लिखा- भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने मुझे सलाह दी है कि कानपुर और उसके अलावा कहीं से भी मुझे चुनाव नहीं लड़ना चाहिए। रामलाल ने जोशी से कहा कि पार्टी ने निर्णय लिया है कि आपको चुनाव नहीं लड़वाया जाए। पार्टी चाहती है कि आप पार्टी ऑफिस आकर चुनाव न लड़ने का ऐलान करें। इस पर जोशी शीर्ष नेतृत्व से नाराज हो गए। 2014 के लोकसभा चुनाव में जोशी ने कांग्रेस के श्रीप्रकाश जायसवाल को 2 लाख 22 हजार 946 वोटों से हराया था।
सपा जयाप्रदा भाजपा में शामिल आजम के खिलाफ मिल सकता है टिकट
मोदी अंबानी के चौकीदार हैं: राहुल गांधी
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को राजस्थान के सूरतगढ़ से लोकसभा चुनाव के प्रचार अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा- पिछले पांच साल से मोदी दो हिंदुस्तान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। एक अमीर लोगों का हिंदुस्तान। दूसरा गरीबों, किसानों और बेरोजगारों का हिंदुस्तान। इस देश का एक झंडा है तो एक हिंदुस्तान होना चाहिए। नरेंद्र मोदी के हिंदुस्तान में सिर्फ अमीर लोग सपने देख सकते हैं। दूसरी तरफ गरीब पिछड़ रहा है। वह परेशान रहता है।
राहुल ने कहा- मोदी के जो मन में आता है, वो भाषण दे देते हैं। वे हर भाषण में एक वादा करते हैं। पैसे के अभाव में उपचार नहीं हो पाता। पिछले पांच साल में जो भी गरीबी दूर करने की योजना थी, उन्हें बंद कर दिया। मनरेगा उन्हें समझ ही नहीं आई। कहा- मनरेगा ने करीब कई करोड़ लोगों को गरीबी से निकाला।
राहुल ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चौकीदार जरूर हैं, लेकिन वे आम लोगों के नहीं हैं। उन्होंने लोगों से पूछा- आपने किसान और बेराेजगारों के घर में चौकीदार देखा है। कहा- नरेंद्र मोदी ने नहीं बताया कि मैं आपका नहीं, नीरव मोदी और अनिल अंबानी का चौकीदार हूं।
मोदी करेंगे 125 रैलियां, यूपी में 20 सभाएं

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
भाजपा आम चुनाव के प्रचार कैंपेन को अंतिम रूप देने में जुटी है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अध्यक्ष अमित शाह के देश भर में होनी वाली रैलियों और रोड-शो का कार्यक्रम भी बनाया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मोदी देश भर में करीब सवा सौ तक सभाएं करेंगे।
मोदी की सर्वाधिक सभाएं यूपी, पश्चिम बंगाल और बिहार में होंगी। इन राज्यों में 7 चरणों में वोटिंग है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी 100 से 125 चुनावी सभाएं और रोड शो कर सकते हैं। शाह की सभाएं प्रधानमंत्री के बराबर या उनसे ज्यादा भी हो सकती है। मोदी सबसे ज्यादा 20 रैलियां यूपी में कर सकते हैं। मोदी देश की 543 में 500 सीटों को रैलियों के जरिए कवर करेंगे। उनका कार्यक्रम ऐसे बन रहा है, जिसमें वह हर फेज में छोटे राज्य में कम से कम एक रैली और बड़े राज्य में 2 से 3 जनसभा करेंगे। पहले चरण में 11 अप्रैल को 20 राज्यों की 91 सीटों पर वोटिंग है। पहले चरण में मोदी 29 या 30 मार्च से रैली शुरू कर सकते हैं।
दिग्विजय के सामने शिवराज का नाम, सुमित्रा महाजन का कट सकता है टिकट
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह का नाम भोपाल सीट से फाइनल होने के बाद भाजपा उनके सामने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को उतारने की तैयारी कर रही है। भोपाल से लेकर दिल्ली तक शिवराज के नाम पर चर्चा हुई। शिवराज ने भी प्रेस से बातचीत में कहा, “पार्टी जहां से कहेगी, मैं वहां से चुनाव लड़ लूंगा।” इसी तरह इंदौर में पार्टी ने लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन (ताई) की जगह किसी नए चेहरे की तलाश शुरू कर दी है। यहां मालिनी गौड़ और कैलाश विजयवर्गीय का नाम आगे आया है।

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सांसद अनूप मिश्रा का मुरैना से टिकट कटने के बाद उनके ग्वालियर से भी उतरने की संभावनाएं लगभग खत्म हो गई हैं। रविवार को दिल्ली में प्रदेश की 14 सीटों के लिए प्रदेश के नेताओं की केंद्रीय नेताओं के साथ अलग-अलग बातचीत हुई। इसमें ग्वालियर सीट से पूर्व मंत्री माया सिंह और महापौर विवेक शेजवलकर का नाम सामने आया।
खरगोन, धार और सागर के मौजूदा सांसदों का टिकट कटना लगभग तय हो गया है। बालाघाट और राजगढ़ सीट पर असमंजस बरकरार है।
10 दिन में अफ्रीकी देशों में 750 से ज्यादा की मौत हैजा-मलेरिया जैसी बीमारियां नई चुनौती
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
बैरा (मोजाम्बिक). तीन अफ्रीकी देशों में इदाई तूफान से मरने वालों की तादाद 10 दिनों में 750 तक पहुंच चुकी है। मोजाम्बिक, जिम्बाब्वे और मालावी में बिजली और पानी की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का काम चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि हैजा-मलेरिया जैसी बीमारियां अब हमारे सामने नई चुनौती हैं।
मोजाम्बिक में 446, जिम्बाब्वे में 259 और मालावी में 56 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। मोजाम्बिक के पर्यावरण मंत्री सेल्सो कोरेया ने कहा कि मौतों का आंकड़ा शुरुआती है। जलस्तर घटेगा तो और शव बरामद होंगे। तब यह आंकड़ा 1000 तक पहुंच सकता है।
सेल्सो ने बताया कि अभी 1.10 लाख लोग कैंपों में रह रहे हैं। बाढ़ में फंसे लोगों को बचाने का काम धीमा पड़ा है क्योंकि राहतकर्मी संक्रामक बीमारियों को फैलने से रोकने के उपाय कर रहे हैं। हैजा और मलेरिया फैल रहा है।
मोजाम्बिक के बैरा और डोंडो शहरों में पानी की व्यवस्था बहाल हो गई है और लोगों को पीने के लिए साफ पानी मुहैया कराया जा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार अभियान के डिप्टी डायरेक्टर रोड्स स्टैम्पा ने कहा- दो बड़े फील्ड हॉस्पिटल और वाॅटर प्यूरीफिकेशन सिस्टम लगातार काम कर रहे हैं।
वाइस एडमिरल करमबीर सिंह होंगे नौसेना के नए प्रमुख
ए
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
वाइस एडमिरल करमबीर सिंह को नौसेना का अगला प्रमुख नियुक्त किया गया है। रक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। सिंह एडमिरल सुनील लांबा की जगह लेंगे जो 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वर्तमान में वाइस एडमिरल सिंह विशाखापट्टनम में पूर्वी नौसैन्य कमान के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ के तौर पर कार्यरत हैं।
शहीदों के खून पर राजनीति करती है कांग्रेस: शाह
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस प्रमुख सैम पित्राेदा की ओर से एयर स्ट्राइक पर उठाए गए सवालों पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने निशाना साधा है। शनिवार को शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा- सैम पित्रोदा का बयान दुखद है। कांग्रेस शहीदों के खून पर राजनीति करती है। पित्रोदा के बयान पर उसे देश से माफी मांगनी चाहिए। भारत के लड़ाकू विमानों ने 26 फरवरी को पाक सीमा में मुजफ्फराबाद, चकोटी और बालाकोट में आतंकी ठिकानों को तबाह किया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में 350 आतंकी मारे गए थे।
शाह ने कहा, ”जब देश की जनता आतंकवाद के हताहत होती है तो क्या हम बातचीत करें, क्या कांग्रेस अध्यक्ष इससे सहमत हैं। कांग्रेस हर बार चुनाव आते ही तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करती है। यह उनकी परंपरा है। कई सालों से कांग्रेस ने इसका बीज बोया है। क्या वोट बैंक की राजनीति शहीदों से ऊपर हो सकती है। कांग्रेस नेता के इस बयान से शहीदों का अपमान हुआ। सुरक्षा पर सवाल खड़ा हुआ और आतंकियों का मनोबल बढ़ा है।”
शाह ने आगे कहा, आप भारतीय वायुसेना की क्षमताओं पर संदेह करते हैं। क्या कांग्रेस अध्यक्ष इस पर जवाब देंगे। सर्जिकल स्ट्राइक के वक्त कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा था कि आप खून की दलाली करते हो। अब एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाते हो, आखिर किसकी मदद करना चाहते हो। जेएनयू में देशविरोधी नारेबाजी पर उनके साथ खड़े हो जाते हो। कांग्रेस ने पित्रोदा के बयान से किनारा कर लिया। लेकिन उनके नेता लगातार विवादित बयान देते हैं। उनके खिलाफ कुछ नहीं होता, वोट बटोरने के लिए राजनीति करते रहे। वे कांग्रेस अध्यक्ष के आसपास घूमते रहते हैं। इस तरह से यह सहमति है। कांग्रेस अध्यक्ष को माफी मांगनी चाहिए।
पटना साहिब से शत्रुघ्न का टिकट कटा
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
एनडीए ने बिहार की लोकसभा सीटों पर गठबंधन के 39 उम्मीदवारों का शनिवार को ऐलान कर दिया। खगड़िया सीट से लोजपा उम्मीदवार का ऐलान बाद में किया जाएगा। पटना साहिब सीट से मौजूदा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा का टिकट कट गया है। उनकी जगह केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद चुनाव लड़ेंगे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को उनकी सीट नवादा की बजाय बेगूसराय से टिकट दिया गया है।
2014 में 22 सीट जीतने वाली भाजपा इस बार 17 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। गठबंधन के कारण सतीश चंद्र दुबे, बीरेंद्र कुमार चौधरी, जनक राम, ओमप्रकाश यादव, हरि मांझी की जीती हुई पांच सीटें सहयोगी दलों के खाते में चली गई हैं।
नवादा से भाजपा सांसद गिरिराज सिंह को बेगूसराय से टिकट मिला है। 2014 में यहां से भाजपा के भोला सिंह जीते थे। नवादा सीट भी भाजपा ने सहयोगी लोजपा को दे दी है।
अपनी जीती 16 सीटों के अलावा भाजपा अररिया से भी चुनाव लड़ रही है। पिछली बार यह सीट राजद के तस्लीमुद्दीन ने जीती थी। उनके निधन के बाद उनके बेटे इस सीट पर उपचुनाव जीते थे।
हुकुमदेव नारायण यादव की जगह उनके बेटे अशोक यादव को मधुबनी से टिकट दिया गया है। अशोक पूर्व विधायक हैं।
भाजपा छोड़कर कांग्रेस में जाने वाले कीर्ति आजाद की जगह गोपालजी ठाकुर को दरभंगा से टिकट दिया गया है।
भाजपा में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर गौतम गंभीर शुक्रवार को भाजपा से जुड़ गए और राजधानी की एक लोकसभा सीट से आगामी लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार हो सकते हैं। इसी बीच उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से काफी प्रभावित हुआ हूं।पूर्व सलामी बल्लेबाज यहां केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली और रवि शंकर प्रसाद की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। गंभीर 2011 विश्व कप और 2007 टी20 विश्व कप में भारत की जीत के सूत्रधारों में रहे थे। उन्हें हाल ही में पद्मश्री से नवाजा गया है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार गंभीर को नयी दिल्ली सीट से उतारा जा सकता है जहां से फिलहाल मीनाक्षी लेखी भाजपा की सांसद है। उन्होंने कहा कि अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। गंभीर ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से प्रभावित हैं और पार्टी के सदस्य के तौर पर देश की भलाई के लिये काम करेगा।
भाजपा सूत्रों के अनुसार गंभीर को नयी दिल्ली सीट से उतारा जा सकता है जहां से फिलहाल मीनाक्षी लेखी भाजपा की सांसद है। उन्होंने कहा कि अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है।
एयर स्ट्राइक: 300 लोग मारे गए तो सरकार सबूत दे: पित्रोदा
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने एयर स्ट्राइक पर सवाल उठाए हैं। न्यूज एजेंसी को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि अगर आप (सरकार) कहते हैं कि 300 लोग मारे गए तो इसके बारे में सबूत दें। यह केवल मैं नहीं बल्कि पूरा देश जानना चाहता है। मैंने न्यूयॉर्क टाइम्स समेत कई अखबारों में रिपोर्ट्स पढ़ीं कि भारत के हमले में कोई नहीं मारा गया। मैं जानना चाहता हूं कि क्या वाकई में कोई हमला हुआ था? क्या सही में 300 लोग मारे गए? एक नागरिक होने के नाते मुझे यह जानने का हक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विपक्ष लगातार हमारी फौजों का अपमान कर रहा है। देश उन्हें माफ नहीं करेगा।
‘130 करोड़ लोग माफ नहीं करेंगे’
पित्रोदा के आरोपों पर मोदी ने ट्वीट किया, “विपक्ष लगातार हमारी फौजों का अपमान कर रहा है। मैं सभी भारतीयों से अपील करता हूं कि विपक्ष के बयानों पर सवाल उठाएं। 130 करोड़ भारतीय विपक्ष को उनकी हरकतों के लिए माफ नहीं करेंगे। पूरा भारत सेनाओं के साथ मजबूती से खड़ा है।”







