एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए गुरुवार को 184 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोबारा वाराणसी से चुनाव लड़ेंगे। गांधीनगर से लालकृष्ण आडवाणी की जगह भाजपा अध्यक्ष अमित शाह चुनाव मैदान में उतरेंगे। माना जा रहा है कि आडवाणी खुद रिटायर नहीं हो रहे थे, ऐसे में पार्टी ने यह कदम उठाया। नागपुर से पूर्व पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी और लखनऊ से राजनाथ सिंह को ही टिकट दिया गया है। पहली लिस्ट में स्मृति ईरानी, हेमा मालिनी, पूनम महाजन, प्रीतम मुंडे समेत 23 महिलाओं को टिकट दिए गए हैं।
91 साल के आडवाणी ने 1989 में अपना पहला लोकसभा चुनाव दिल्ली से जीता था। इसके बाद से 2014 तक वे लगातार 8 बार लोकसभा सदस्य रहे। इनमें से गांधीनगर से उन्होंने 6 बार चुनाव जीता। 85 साल के मुरली मनोहर जोशी ने पिछली बार मोदी के लिए वाराणसी सीट छोड़कर कानपुर से चुनाव लड़ा था और जीता था। भाजपा की पहली लिस्ट में कानपुर के बारे में अभी घोषणा नहीं की गई है। उधर, स्मृति ईरानी को दोबारा अमेठी से टिकट दिया गया है। वे पिछली बार भी यहीं से राहुल गांधी के खिलाफ लड़ी थीं।
भाजपा में पहली बार आडवाणी का टिकट कटा गांधीनगर से शाह, वाराणसी से मोदी लड़ेंगे
बिहारी डकैत हैं प्रशांत किशोर: चंद्रबाबू नायडू
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
प्रसिद्ध चुनावी रणनीतिकार और जनता दल (यू) के उपाध्यक्ष प्रशांत किशोर को आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने बिहारी डकैत कहा है। उन्होंने कहा कि इस बिहारी डकैत ने आंध्रप्रदेश के लाखों लोगों के वोट कटवा दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रशांत किशोर चुनावी रणनीतिकार से नेता बन गए हैं। वर्तमान में वे नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल (यू) के उपाध्यक्ष हैं। साथ ही आंध्रप्रदेश के तेलंगाना में उनकी कंपनी आईपैक इन दिनों वाईएसआर कांग्रेस का प्रचार अभियान देख रही है।
एनडीए के पूर्व सहयोगी रहे नायडू ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव पर भी निशाना साधते हुए कहा कि राव गुंडागर्दी की राजनीति कर रहे हैं। वे कांग्रेस और टीडीपी के विधायकों को तोड़ रहे हैं।
हालांकि प्रशांत किशोर ने चंद्रबाबू को सधे हुए शब्दों में ही जवाब दिया है। किशोर ने ट्वीट कर लिखा कि जब हार तय हो तो अनुभवी राजनेता भी विचलित हो सकता है। मैं उनके निराधार बयानों से हैरान नहीं हूं। श्रीमान जी, अपमानजनक भाषा, जो कि बिहार के प्रति आपके पूर्वाग्रह और द्वेष को दिखाती है, का प्रयोग करने की बजाए इस बात पर ध्यान दें कि लोग आपको दोबारा वोट क्यों नहीं देंगे?
नीरव मोदी के खिलाफ अदालत ने जारी किया गिरफ्तारी वॉरंट
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
लंदन की एक अदालत ने दो अरब डॉलर के पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी नीरव मोदी के खिलाफ गिरफ्तारी वॉरंट जारी किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धनशोधन के एक मामले में नीरव को प्रत्यर्पित करने के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अनुरोध के जवाब में उसके खिलाफ गिरफ्तारी वॉरंट जारी किया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि जांच एजेंसी को हाल में वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत द्वारा वॉरंट जारी किए जाने के बारे में सूचित किया गया था और नीरव मोदी को जल्द ही स्थानीय पुलिस (लंदन मेट्रोपॉलिटन पुलिस) द्वारा गिरफ्तार किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि वॉरंट कुछ दिन पहले जारी किया गया और बाद में ईडी को सूचित किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद नीरव मोदी जमानत के लिए अदालत के समक्ष लाया जाएगा और उसके प्रत्यर्पण के लिए कानूनी कार्यवाही उसके बाद शुरू होगी। लंदन में वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट की अदालत ने नीरव के खिलाफ एक प्रत्यर्पण वॉरंट जारी किया है, जिससे उसकी गिरफ्तारी लगभग तय है। मामले में शामिल लंदन स्थित सूत्रों ने यह जानकारी दी।
अगर नीरव को गिरफ्तार किया जाता है तो उसे लंदन स्थित वेस्टमिंस्टर मजिस्ट्रेट अदालत में पेश किया जाएगा और औपचारिक तौर पर उसे आरोपित किया जाएगा। इसके बाद वह जमानत की गुहार लगा सकता है।
153 सांसदों की संपत्ति 5 साल में 142% बढ़ी, शत्रुघ्न सिन्हा सबसे आगे
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) ने 2014 में दोबारा चुने गए 153 सांसदों के हलफनामे के आधार पर उनकी संपत्ति का विश्लेषण किया है। 2009 के मुकाबले 2014 में इन सांसदों की संपत्ति में औसत 142% का इजाफा हुआ। रिपोर्ट में 2009 और 2014 में चुने गए सांसदों के अलावा 2018 के उपचुनाव में जीतने वाले सांसदों की संपत्ति का भी विश्लेषण किया गया। पटना साहिब से भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा की संपत्ति में 5 साल में सबसे ज्यादा 778% का इजाफा हुआ है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 2009 में विभिन्न पार्टियों के 153 सांसदों की औसत संपत्ति 5.50 करोड़ रुपए थी। यह 2014 में 13.32 करोड़ रुपए हो गई। यानी 2009 से 2014 के बीच सांसदों की संपत्ति में हुई औसत बढ़त 7.81 करोड़ रुपए है। 5 साल में इन सांसदों की संपत्ति में औसत 141% का इजाफा हुआ है।
मनोहर पर्रिकर को मोदी ने दी श्रद्धांजलि
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
गोवा के मुख्यमंत्री रहे मनोहर पर्रिकर (63) का निधन हो गया। रविवार शाम 6.40 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। अंतिम दर्शन के लिए उनकी पार्थिव देह घर से भाजपा कार्यालय से लाई गई थी। इसके बाद इसे कला अकादमी में भी कुछ देर रखा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोवा पहुंचकर पर्रिकर को श्रद्धांजलि दी। शाम पांच बजे कैंपल स्थित एसएजी मैदान में अंतिम संस्कार किया जाएगा। पर्रिकर का एक साल से पैंक्रियाटिक कैंसर का इलाज चल रहा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पर्रिकर आधुनिक गोवा के निर्माता थे, उनके फैसलों ने भारतीय रक्षा क्षमताओं को बढ़ाया। उनके फैसलों ने भारतीय रक्षा क्षमताओं को बढ़ाया।
मुख्यमंत्री बनने वाले पहले आईआईटीयन थे पर्रिकर
13 दिसंबर 1955 को गोवा के मापुसा में जन्मे पर्रिकर पहले ऐसे मुख्यमंत्री थे जो आईआईटी से पासआउट थे। वह चार बार 2000-2002, 2002-05, 2012-2014 और 14 मार्च 2017-17 मार्च 2019 तक चार बार मुख्यमंत्री रहे। 2014 में जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनी थी, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वह गोवा की राजनीति छोड़कर केंद्र की राजनीति में आएं। इसके बाद पर्रिकर को रक्षामंत्री बनाया गया था।
पत्नी का भी कैंसर से निधन हुआ था
पर्रिकर की पत्नी मेधा का 2001 में कैंसर से निधन हो गया था। उनके दो बेटे उत्पल और अभिजात हैं। उत्पल ने अमेरिका की मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। अभिजात कारोबारी हैं।
बगावत पर उतरे गिरिराज सिंह, नवादा से ही लडूंगा चुनाव
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह बगावत पर उतर आएं हैं। उन्होंने भाजपा आलाकमान को सख्त चेतावनी देते हुआ कहा कि वो चुनाव नवादा से ही लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मैं इस पर ज्यादा कुछ नहीं कह सकता, केवल प्रदेश अध्यक्ष ही इस पर कुछ भी कह सकते हैं क्योंकि वह अंतिम क्षण तक यह कहते रहे कि आप जहां से चाहें वहां से चुनाव लड़ेंगे। इसके बाद गिरिराज ने कहा कि मैं वास्तव में इस पर टिप्पणी नहीं कर सकता, लेकिन मैंने कहा था कि अगर मैं चुनाव लड़ूंगा तो नवादा से चुनाव लड़ूंगा।
अब ऐसे में यह सवाल यह उठ रहा है कि आखिर गिरिराज सिंह नवादा से कैसे चुनाव लड़ेंगे क्योकि नवादा सीट लोजपा के खाते में चली गई है। क्या गिरिराज सिंह पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे या फिर किसी उन्य पार्टी का दामन थामेंगे? हालांकि इस पर गिरिराज सिंह ने कोई निर्णय नहीं लिया है पर उनके यह तेवर काफी कुछ बयां कर रहे है। उन्होंने नेतृत्व से यह भी कहा है कि अगर नवादा से टिकट नहीं मिला तो वह चुनाव नहीं लड़ेंगे।
बता दें कि नवादा में 11 अप्रैल को मतदान होने है और आज उसके लिए अधिसूचना भी जारी हो गई। कहा जा रहा है कि नवादा सीट से लोजपा अपने बाहूबली नेता सुरजभान सिंह की पत्नी वीणा देवी को चुनावी मैदान में उतारेगी। वीणा देवी फिलहाल मुंगेर से सांसद
‘मैं भी चौकीदार’: मोदी, गंदगी से लड़ने वाला हर व्यक्ति चौकीदार
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने ट्विटर अकाउंट एक वीडियो जारी कर ‘मैं भी चौकीदार’ मुहिम की शुरुआत की। इस वीडियो में केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना, भ्रष्टाचार पर लगाम, हाईवे निर्माण और देश की सुरक्षा मजबूत करने का जिक्र किया गया है। वीडियो के आखिर में 31 मार्च को शाम 6 बजे मोदी से जुड़ने की अपील की गई है। मोदी ने कहा जो भी व्यक्ति भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ रहा है, वह चौकीदार है।
‘चौकीदार मजबूती के साथ खड़ा है’
मोदी ने राहुल गांधी के ‘चौकीदार चोर है’ के आरोप पर जवाब दिया। उन्होंने ट्वीट किया- आपका चौकीदार मजबूती के साथ खड़ा है और देश की सेवा में जुटा है। लेकिन मैं अकेला नहीं हूं। ऐसा हर व्यक्ति जो भ्रष्टाचार, गंदगी और समाज के दुश्मनों से लड़ रहा है, वह चौकीदार है। जो भी व्यक्ति भारत के विकास के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है, वह चौकीदार है। आज हर भारतीय कह रहा- मैं भी चौकीदार।
मोदी पर राहुल लगाते रहे हैं आरोप
रैलियों और रोड शो के दौरान राहुल गांधी अक्सर राफेल मामले का जिक्र करके लोगों को बता रहे हैं कि मोदी भ्रष्ट हैं। वह लोगों से नारा भी लगवाते हैं- ‘चौकीदार चोर है।’राहुल का ‘चौकीदार चोर है’ कहना कुछ लोगों को नागवार गुजरा है। हाल ही में महाराष्ट्र राज्य सुरक्षा रक्षक यूनियन ने पुलिस को शिकायत देकर कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने ऐसा कहकर सारे चौकीदारों का अपमान किया है, लिहाजा उनके खिलाफ केस दर्ज किया जाए। यूनियन के प्रधान संदीप घुघे ने कहा कि पुलिस राहुल के खिलाफ केस दर्ज करे। उन्होंने सारे चौकीदारों का अपमान किया है। पुलिस कार्रवाई करेगी तो भविष्य में कांग्रेस अध्यक्ष उनके अपमान से बचेंगे।
‘उल्टा चोर कोतवाल को डांटे’
फरवरी में लोकसभा के अंतिम सत्र में मोदी ने कहा था, ‘‘आपने कहा कि मोदी संस्थाओं को खत्म कर रहा है, बर्बाद कर रहा है। हमारे यहां कहावत है। उल्टा चोर चौकीदार को डांटे। मुझे लगता है कि इस पर विचार करने की आवश्यकता है। आपातकाल देश में कांग्रेस ने थोपा, लेकिन कहते हैं मोदी बर्बाद कर रहा है। सेना को अपमानित किया। सेनाध्यक्ष को गुंडा कहा और कहते हैं कि मोदी इंस्टीट्यूट बर्बाद कर रहा है। तख्तापलट की कहानियां गढ़ी जाती हैं। सेना की इज्जत पर इतना बड़ा बट्टा लगाया। ये जो आपने पाप किया है, भारत की सेना के सीने पर घाव लग रहा है। आज तक किसी ने ऐसा पाप नहीं किया केवल राजनीति के लिए। यह बुरा किया।’’
प्रियंका के राजनीति में आने से नहीं पड़ेगा भाजपा पर असर: योगी
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा के राजनीति में प्रवेश से लोकसभा चुनावों में भाजपा की संभावनाओं पर राज्य में कोई असर नहीं पडे़गा। योगी ने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें (प्रियंका) इस बार पार्टी महासचिव (पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभारी) बनाया है। यह उस पार्टी (कांग्रेस) का अंदरूनी मामला है।
पूर्व में भी वह कांग्रेस के लिए प्रचार कर चुकी हैं और इस बार भी इससे (भाजपा को) कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। उन्होंने सपा-बसपा गठबंधन पर कहा कि यह गठबंधन पहले ही विवादों में उलझ चुका है। रविवार को चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद अपने पहले साक्षात्कार में योगी ने कहा कि नया नया बना (सपा—बसपा) गठबंधन पहले ही विवादों में उलझ गया है। यह (गठबंधन) और कुछ नहीं बल्कि हौवा है। मुख्यमंत्री ने एयर स्ट्राइक, राम मंदिर और गो हत्या जैसे मुद्दों पर किये गये तमाम सवालों का जवाब दिये।
पूर्व सीएम रमन सिंह के दामाद पर 50 करोड़ के फर्जीवाड़े का आरोप
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के दामाद डॉ. पुनीत गुप्ता के खिलाफ 50 करोड़ के फर्जीवाड़े समेत कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई। यह एफआईआर डीकेएस के अधीक्षक डॉ. केके सहारे की शिकायत पर गोल बाजार थाने में हुई। पुनीत पर आपराधिक षड्यंत्र, धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेज से हेराफेरी करने के आरोप लगे। पुनीत डीकेएस सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के अधीक्षक रह चुके हैं।
शिकायत के अनुसार, डॉ. गुप्ता ने 14 दिसंबर 2015 से 2 अक्टूबर 2018 के बीच अस्पताल में गड़बड़ी की। उन्होंने नियम के विरुद्ध डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की भर्ती की। अपात्र लोगों को भी पैसे लेकर नौकरी दी। शिकायत के बाद इस मामले की तीन सदस्यीय कमेटी ने जांच की थी। इसमें पुनीत के खिलाफ 50 करोड़ की अनियमितता की बात सामने आई है। शिकायत में कहा गया है कि पूर्व अधीक्षक ने अपने पद और पहुंच का गलत फायदा उठाते हुए सरकारी पैसे का दुरुपयोग किया। इससे सरकारी खजाने को नुकसान हुआ है। कई ऐसी मशीनें खरीदी गई हैं, जिसका मरीजों से सीधा कोई वास्ता नहीं है।
जांच कमेटी के सामने पेश नहीं हुए
कमेटी का कहना है कि मशीन खरीदी की पूरी फाइल नहीं मिली है। कुछ फाइलों की जेरॉक्स कॉपी मिली थी। वहीं, चार बार रिमाइंडर भेजने के बावजूद डॉ. पुनीत कमेटी के समक्ष उपस्थित नहीं हुए। 50 लाख के डिमांड ड्राफ्ट आलमारी में रखे-रखे लैप्स हो गए, जो आवेदकों को भी नहीं लौटाया गया। जबकि, कई आवेदक डीडी के लिए रोज चक्कर लगा रहे हैं।
80 लाख में स्प्रिचुअल बॉडी खरीदी
अस्पताल में एक स्प्रिचुअल बॉडी 80 लाख रुपए से ज्यादा में खरीदी गई है। जानकारों के अनुसार, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में इस बॉडी का उपयोग ही नहीं है। वहीं, अस्पताल परिसर में किराए पर दी गई दुकान में भी अनियमितता सामने आई है। एक दुकान का किराया महज 5 हजार रुपए महीना है। वहीं, लांड्री और मेडिकल स्टोर के लिए ऐसी शर्तें रखी गई थीं, जिससे स्थानीय लोग बाहर हो गए।
मायावती मुलायम और डिंपल यादव के लिए मांगेंगी वोट, 11 संयुक्त रैलियां होंगी
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
बसपा प्रमुख मायावती सपा संरक्षक मुलायम सिंह के लिए मैनपुरी आकर जनता से वोट मांगेंगी। वे 19 अप्रैल को यहां जनसभा को सम्बोधित करेंगी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी मौजूद रहेंगे। दोनों पार्टियों ने लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन किया है। इनकी 11 संयुक्त रैलियां होंगी। शुरुआत होली के बाद होगी।
मायावती अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव के लिए भी कन्नौज में 25 अप्रैल को जनसभा करेंगी। सपा-बसपा की संयुक्त रैली 1 मई को फिरोजाबाद में, 8 मई को आजमगढ़ में, 13 मई को गोरखपुर में और 16 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में होगी।
सपा के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने उम्मीद जताई है कि इन रैलियों से गठबंधन को काफी फायदा मिलेगा। गठबंधन की ओर से 7 अप्रैल को देवबंद में संयुक्त रैली की जाएगी। इसमें अखिलेश और मायावती के साथ रालोद के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह भी मौजूद रहेंगे। वहीं, 8 अप्रैल को मेरठ लोकसभा सीट के लिए अखिलेश-मायावती संयुक्त प्रचार करेंगे।
1992 में मुलायम सिंह ने जनता दल से अलग होकर समाजवादी पार्टी बनाई थी। भाजपा का रास्ता रोकने के लिए उन्होंने 1993 में बहुजन समाज पार्टी से हाथ मिलाया और सरकार बनाई। हालांकि, मायावती इस सरकार में शामिल नहीं हुई थीं। 2 जून 1995 को बसपा ने मुलायम सरकार से किनारा करते हुए समर्थन वापसी की घोषणा कर दी, जिससे दोनों दलों का गठबंधन टूट गया। मायावती के समर्थन वापसी के ऐलान के बाद मुलायम सरकार अल्पमत में आ गई थी।














