31 C
Mumbai
Friday, September 4, 2026
Home Blog Page 325

UP में कानून का नहीं, बल्कि गुंडों-माफियाओं का जंगलराज: मायावती

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष योगी सरकार पर हमलावर हो गया है। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा है कि प्रदेश के अंदर बीजेपी राज में जंगलराज चल रहा है।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोमवार को ट्वीट कर कहा, ‘उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार में कानून का नहीं, बल्कि यहां गुंडों, बदमाशों और माफियाओं आदि का जंगलराज चल रहा है। जिस कारण अब पूरे प्रदेश में हर प्रकार के अपराध चरम पर हैं। हत्याओं की तो बाढ़ सी आ गई लगती है। हर कोई असुरक्षित महसूस कर रहा है, जो अति-दुखद और अति-दुर्भाग्यपूर्ण है।’

इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश अब ‘हत्या प्रदेश’ बन गया है। अखिलेश यादव ने कहा था, ‘ये उत्तर प्रदेश जो ‘उत्तम प्रदेश’ कहलाया जाना चाहिए था, आज ‘हत्या प्रदेश’ कहा जा रहा है। यहां हत्याएं लगातार हो रही हैं।

बता दें कि रविवार को सहारनपुर में पत्रकार और उसके भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पत्रकार आशीष का पड़ोसी महिपाल के साथ गोबर फेंकने को लेकर विवाद था। इसके बाद महिपाल और उसके बेटे ने आशीष के घर में घुसकर उसे तथा उसके भाई को मार डाला। सहारनपुर के अलावा प्रयागराज में भी एक ही दिन में 6 लोगों को मौत के घाट उतार दिया गया है। इन घटनाओं से उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

64MP कैमरे के साथ Redmi Note 8 जल्द होगा लांच, जानें कीमत

टेक डेस्क। चाइनीज स्मार्टफोन मेकर Redmi, नोट 7 की सफलता के बाद बहुत जल्द Redmi Note 8 सीरीज स्मार्टफोन को लॉन्च करने जा रही है। Redmi Note 7 भारत में बहुत ज्यादा सफल रहा। लॉन्चिंग के बाद से अगस्त महीने में अब तक 50 लाख स्मार्टफोन बेचे जा चुके हैं। नोट 8 सीरीज स्मार्टफोन के कुछ लीक्स मीडिया में सामने आए हैं। इसे कंपनी के ही एक स्टॉफ ने जारी किया है।

बताया जा रहा है Redmi Note 8 में 64MP का प्राइमरी सेंसर हो सकता है। साथ ही इस स्मार्टफोन में 4 रियर कैमरा सेटअप होगा। प्राइमरी सेंसर को लेकर कहा जा रहा है कि यह Samsung ISOCELL Bright GW1 कैमरा होगा। पिछले दिनों शाओमी ने कंफर्म किया था कि एक अपकमिंग स्मार्टफोन में यह प्राइमरी सेंसर होगा। माना जा रहा है कि वह अपकमिंग फोन रेडमी नोट 8 ही है।

बताया तो यह भी जा रहा है कि बैटरी कैपेसिटी बेहतर होगी। Redmi Note 7 और प्रो, दोनों वर्जन में 4000mAh की बैटरी लगी है। इसलिए, उम्मीद की जा रही है कि बैटरी इससे ज्यादा पावर की होगी। स्क्रीन बॉडी रेशियों लीक से पता चलता है कि इस स्मार्टफोन में सेल्फी कैमरा के लिए छोटा नॉच हो सकता है, या फिर फुल स्क्रीन डिस्प्ले भी संभव है। इसके अलावा इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर फीचर भी हो सकता है।

विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा ने CM योगी से की शिकायत !

बरेली। बरेली से भारतीय जनता पार्टी के विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। सोमवार को बीजेपी विधायक की बेटी साक्षी मिश्रा ने सीएम योगी आदित्यनाथ के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।

साक्षी मिश्रा ने इसमें कहा है कि उनके परिवार को बदनाम न किया जाए। इस बार उन्होंने सोशल मीडिया पर उनके और उनके पारिवार वालों के बारे में फैली खबरों को झुठलाते हुए इसे प्रसारित करने से रोकने की मांग की है।

जनसुनवाई पोर्टल पर की शिकायत

साक्षी मिश्रा ने कुछ यूटयूब चैनल्स के नाम सहित मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत की है। शिकायत में उन्होंने कहा, ‘मेरे मायके वालों के खिलाफ झूठी सूचनाएं प्रसारित कर उन्हें बदनाम किया जा रहा है।’ याद दिला दें कि अभी तक साक्षी अपने पिता के खिलाफ बोलती आ रही थीं। इस बारे उन्होंने अपने पिता और मायके पक्ष के अन्‍य लोगों के पक्ष में बात की है।

मेरे पिता के राजनीतिक जीवन पर पड़ा प्रभाव

शिकायत में साक्षी ने कहा, ‘मैं साक्षी मिश्रा पत्नी अजितेश कुमार पुत्री राजेश कुमार मिश्रा विधायक 123 बिथरी चैनपुर बरेली निवासी हूं। निवेदन है कि मेरे ससुराल और मायके पक्ष के खिलाफ झूठी खबरें सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही हैं, जिससे देश का माहौल खराब हो रहा है। मेरे पिता के राजनीतिक जीवन पर भी प्रभाव पड़ रहा है।’

शांति से रहना चाहती हूं

साक्षी मिश्रा ने शिकायत में कहा, ‘देश में भी अराजकता फैल रही है। मनगढ़ंत कहानी बनाई जा रही है। इस कारण हमें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मैं और पति के साथ शांति से जीवनयापन करना चाहती हूं, जिसमें कठिनाई आ रही हैं। कृपया उचित कार्रवाई करें जिससे मैं और मेरे ससुराल वाले स्वतंत्र नागरिक की तरह जीवनयापन कर सकें।’

जानिए क्या है पूरा मामला

बरेली से बीजेपी के विधायक राजेश मिश्रा की बेटी साक्षी मिश्रा बीते 3 जुलाई को अपने घर से अचानक चली गईं थी। इसके बाद उन्होंने अजितेश से लव मैरिज कर ली थी। 10 जुलाई को दोनों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया था। इसके अगले दिन यानी 11 जुलाई को साक्षी ने एक और वीडियो जारी कर अपने पिता राजेश मिश्रा, भाई विक्की भरतौल और पिता के करीबी राजीव राणा से जान का खतरा बताया था। ये दोनों वीडियो वायरल हो गए थे और मामले ने काफी तूल पकड़ लिया था।

PHOTO: Ajay Devgan की फिल्म ‘मैदान’ का FIRST LOOK जारी

मनोरंजन डेस्क। बॉलीवुड एक्टर Ajay Devgan की फिल्में लोगों को बेहद पसंद आती है और आए दिन इनकी फिल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाती रहती हैं। सोमवार को अजय ने अपनी एक और नई फिल्म की घोषणा कर दी। अजय ने अपने ट्विटर अकाउंट पर अपनी नई फिल्म ‘मैदान’ का पोस्टर शेयर किया।

एक साल पहले यह घोषणा की गई थी कि Ajay Devgan भारत के पूर्व फुटबॉल कोच सैयद अब्दुल रहीम की बायोपिक में उनकी भूमिका निभाएंगे। इस फिल्म को ‘बधाई हो’ के निर्देशक अमित शर्मा और बोनी कपूर द्वारा निर्मित किया जाएगा। सैयद की बात करें तो वह वर्ष 1950-1963 तक कोच थे।

बता दें, बॉलीवुड एक्टर Ajay Devgan सोशल मीडिया पर सिर्फ अपने काम की वजह से एक्टिव रहते हैं। इन दिनों अजय ने अपनी अपकमिंग फिल्म ‘भुज: द प्राइड इंडिया’ की शूटिंग शुरू कर दी है। ‘भुज: द प्राइड इंडिया’ मांडवी में शूट हो रही है और हाल ही में इसके एक गाने की शूट को कंप्लीट किया गया है।

गाने की शूटिंग के बाद अजय ने वहीं के श्री नागनाथ महादेव मंदिर में बाबा भोलेनाथ की पूजा की और इस पूजा की फोटो सामने आते ही अजय को लोगों ने जमकर ट्रोल किया था।

विदेशी धरती पर तिरंगा लहराती नजर आईं हिना खान, PHOTO VIRAL

मनोरंजन डेस्क. TV की मशहूर एक्ट्रेस Hina Khan इन दिनों New York में हैं और वहां उन्होंने ‘इंडिया डे परेड’ में भाग लिया। यहां हिना ने अपने देश को रिप्रजेंट करते हुए तिरंगा भी लहराया। अब हिना की ये तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

हिना सोशल नेटवर्किंग साइट इंस्टाग्राम पर काफी एक्टिव रहती हैं और आए दिन अपनी लेटेस्ट तस्वीरें यहां शेयर करती रहती हैं। इसी क्रम में सोमवार को उन्होंने ‘इंडिया डे परेड’ की कुछ तस्वीरें शेयर कीं, जो देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गई। हिना ने ये फोटो साझा करते हुए लिखा कि उन्हें अपने भारतीय होने पर गर्व है।

बनारसी साड़ी में दिखीं Hina Khan

इस खास अवसर के लिए उन्होंने बनारसी साड़ी का चयन किया। ब्लैक और ऑरेंज साड़ी पहने हिना बहुत खूबसूरत लग रही हैं और उनका लुक पूरा कर रहे हैं कानों के झुमके और ब्लैक बिंदी। इससे पहले भी हिना की New York की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं। वैसे हिना के फैन्स को हमेशा उनके लेटेस्ट फोटो का बेसब्री से इंतजार रहता है।

ICC टेस्ट रैंकिग की लिस्ट जारी, Virat kohli टॉप पर बरकरार !

Sports Desk. ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (Steve Smith) ने ICC की सोमवार को जारी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन को पीछे छोड़कर दूसरा स्थान हासिल कर लिया है।


स्टीव स्मिथ शीर्ष पर काबिज Virat kohli से केवल 9 अंक कम हैं। भारतीय कप्तान के 922 अंक हैं और वह दुनिया के नंबर एक टेस्ट बल्लेबाज बने हुए हैं। बर्मिंघम में दोनों पारियों में शतक जड़ने के बाद लॉर्ड्स में 92 रन की पारी खेलने वाले स्मिथ के 913 अंक हैं।

शीर्ष 10 में शामिल अन्य भारतीयों में चेतेश्वर पुजारा चौथे स्थान पर बने हुए हैं। श्रीलंका के कप्तान दिमुथ करुणारत्ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक जड़ने के कारण चार पायदान ऊपर आठवें स्थान पर पहुंच गए हैं।

दक्षिण अफ्रीका के एडेन मार्कराम ने भी अपनी रैंकिंग में सुधार किया है और वह छठे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि इंग्लैंड के कप्तान जो रूट को खराब फॉर्म का खामियाजा भुगतना पड़ा और वह नौवें स्थान पर खिसक गए हैं।

गेंदबाजों की सूची में पैट कमिन्स शीर्ष पर बने हुए हैं जबकि रविंद्र जडेजा एक पायदान ऊपर पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके साथी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन 10वें स्थान पर बने हुए हैं।

जडेजा ऑलराउंडरों की सूची में तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। इस सूची में वेस्टइंडीज के कप्तान जेसन होल्डर शीर्ष पर जबकि बांग्लादेश के शाकिब अल हसन दूसरे स्थान पर हैं।

इस बीच भारत को वेस्टइंडीज से आगामी टेस्ट सीरीज में 0-1 से हारने पर भी अपनी नंबर एक रैंकिंग गंवानी पड़ सकती है। इससे भारत के अंकों की संख्या 108 हो जाएगी। इस परिणाम पर वेस्टइंडीज 88 अंकों के साथ पाकिस्तान से ऊपर सातवें स्थान पर पहुंच जाएगा।

भारत अभी 113 अंक लेकर शीर्ष पर बना हुआ है। उसके बाद न्यूजीलैंड (111) और दक्षिण अफ्रीका (108) का नंबर आता है।

CBSE CTET परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया आज से शुरु, जानें पूरी प्रक्रिया

करियर डेस्क. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की दिसंबर में आयोजित होने वाली सीटीईटी (केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा दिसंबर 2019) परीक्षा के लिए आज से आवेदन कर सकते हैं। जिन उम्मीदवारों को आवेदन करना है वो CBSE सीटीईटी की आधिकारिक वेबसाइट www.cbse.nic.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 18 सितंबर, 2019 तय की गई है। 23 सितंबर, 2019 दोपहर 03.30 बजे तक फीस का भुगतान किया जा सकेगा। CBSE ने ऐलान किया है कि सीटीईटी के 13वें संस्करण का आयोजन 8 दिसंबर, 2019 को किया जाएगा। ज्ञात हो कि CBSE द्वारा वर्ष में दो बार (जुलाई एवं दिसंबर) सीटीईटी परीक्षा आयोजित की जाती है। 7 जुलाई को आयोजित हुई सीटीईटी परीक्षा का रिजल्ट 30 जुलाई को आया था।

CTET December 2019 की परीक्षा पूरे देश में 110 शहरों में 20 भाषाओं में आयोजित होगी। सीटीईटी दिसंबर परीक्षा 2019 ( CTET December 2019 Notification ) आज जारी होगा। नोटिफिकेशन में परीक्षा की भाषा, योग्यता, सिलेबस, शुल्क, शहर समेत तमाम जानकारियां होंगी। सीटीईटी नोटिफिकेशन www.cbse.nic.in पर जारी होगा।

बड़ी खुशखबरी: UP Police में SI के पदों पर आने वाली है 5000 भर्तियां !

लखनऊ. पुलिस में नौकरी करने वालों के लिए प्रदेश की योगी सरकार एक खुशखबरी लेकर आई है। UP Police में सब इंस्पेक्टर के पद पर भर्ती होने जा रहा है। भर्ती बोर्ड इन पदों पर बंपर भर्तियां निकालने की तैयारी कर रहा है। तो सरकारी नौकरी की इच्छा रखने वाले तैयारी शुरू कर दें क्योंकि बोर्ड 5000 पदों पर यह भर्ती कर रहा है। पुलिस में नौकरी की इच्छा रखने वालों के लिए यह एक सुनहरा मौका है।

इस भर्ती के लिए UP Police रिक्रूटमेंट एंड प्रोमोशन बोर्ड अगले महीने यानि सितंबर में नोटिफिकेशन जारी करेगा। इसके बाद परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। पहले नवंबर के महीने में लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी और फिर जो उम्मीदवार यह परीक्षा पास कर लेंगे उनके लिए फरवरी 2020 में फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।

बोर्ड सितंबर महीने के आखिर में भर्ती का नोटिफिकेशन जारी करने की तैयारी में है। इसके बाद नवंबर के अंत में या फिर दिसंबर महीने की शुरूआत में आवेदकों को रिटन परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा और इसके बाद फिजिकल एफिसिएंसी टेस्ट (रनिंग/रेस) के लिए शॉर्ट लिस्ट किए गए उम्मीदवारों को फरवरी महीने में बुलाया जाएगा। रिक्रूटमेंट प्रक्रिया के लिए UPPRPB टेंडर्स के लिए कई एजेंसियों से संपर्क बना रहा है। उम्मीद है कि इस महीने तक ये सभी प्रक्रिया पूरी कर ली जाएंगी।

भर्ती बोर्ड उप निरीक्षक भर्ती में आदिवासियों का भी पूरा मौका देने की कोशिश कर रहा है। पिछली भर्ती में आरक्षित पद होने के बावजूद एक भी योग्य उम्मीदवार नहीं मिला था। इस बार बोर्ड सर्वाधिक आदिवासी सोनभद्र जिले में अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए अलग से परीक्षा केंद्र बनाएगा। इतना ही नहीं लिखित परीक्षा पास करने वाले अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों की दौड़ भी सौनभद्र में ही आयोजित कराई जाएगी ताकि अधिक से अधिक अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों को इस भर्ती में शामिल होने का मौका दिया जा सके।

अयोध्या: रामलला के पुजारियों व कर्मचारियों के वेतन में अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी !

अयोध्या. भगवान राम की नगरी अयोध्या में राम लला के अस्थायी मंदिर के पुजारियों के साथ ही अन्य कर्मचारियों की लम्बे समय से चली आ रही मांग सुन ली गई है। मंडलायुक्त अयोध्या ने इनके वार्षिक भत्ता में इजाफा किया है। अस्थायी मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास हाल ही में भत्ते में अपर्याप्त वार्षिक वृद्धि पर नाराजगी व्यक्त करने के लिए अयोध्या के मंडलायुक्त से मिले थे।

योगी आदित्यनाथ सरकार ने अयोध्या में अस्थायी राम मंदिर के पुजारी के साथ ही अन्य कर्मचारियों के भत्ते में वृद्धि पर असंतोष पर विचार किया है। अयोध्या के मंडलायुक्त मनोज मिश्रा ने अस्थायी मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास को भत्तों में वृद्धि का आश्वासन देने के साथ इनके भत्ता में वृद्धि की है। आचार्य सत्येंद्र दास हाल ही में भत्ते में अपर्याप्त वार्षिक वृद्धि पर नाराजगी व्यक्त करने के साथ ही मनोज मिश्रा से मिले थे।

आचार्य सत्येंद्र दास ने नौ सदस्यीय कर्मचारियों के लिए वार्षिक भत्ते में अपर्याप्त बढ़ोत्तरी पर नाखुशी जताई थी। इसके बाद प्रधान पुजारी के भत्ते में 1,000 रुपये प्रति माह की बढ़ोत्तरी की गई थी, जबकि स्टाफ के शेष आठ सदस्यों को 500 रुपये प्रति माह की बढ़ोत्तरी मिली। अब मंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास को 13,000 रुपया हर महीना दिया जाएगा। इनके वेतन में हजार रुपया का इजाफा किया गया है। उपायुक्त मनोज मिश्रा के अनुसार दूसरे पुजारियों के वेतन में भी 500 रुपए की बढ़ोत्तरी की गई है। इन पुजारियों का वेतन 7500 से लेकर 10,000 के बीच है।

मंडलायुक्त अयोध्या में विवादित स्थल के रिसीवर हैं। मनोज मिश्रा ने कहा कि प्रसाद के लिए वार्षिक भत्ता, जो रोजाना मंदिर में पूजा अर्चना के बाद चढ़ाया जाता है, उपयुक्त रूप से बढ़ा दिया जाएगा। अब मंदिर के अन्य व्यय का खर्च 26200 से बढ़ाकर प्रतिमाह 30000 रुपए कर दिया गया है। अब रामलला के भोग, कपड़े आदि के लिए रोज 1000 रुपए मिलेंगे।

अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी

1992 में प्रधान पुजारी की सैलरी 150 रुपये थी। अगस्त 2017 तक प्रधान पुजारी सत्येंद्र दास 8, 480 रुपये सैलरी के रूप में पाते रहे हैं। प्रधान पुजारी दास ने कहा कि पूजा की वस्तुओं पर खर्च करने और दैनिक खर्च उठाने के बाद भी हम इस छोटी से बढ़ोत्तरी से खुश होंगे। हमने इस वर्ष जुलाई में सरकार से इस बारे में निवेदन किया था। पांच दिन पहले ही सरकार के तरफ से सैलरी में बढ़ोत्तरी की सूचना हमें मिली है। रामलला और मंदिर स्टाफ के खर्चे के लिए यह 1992 से अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोत्तरी है।

पुजारी सत्येंद्र दास के मुताबिक रामजन्मभूमि मंदिर में मासिक औसत करीब 6 लाख रुपये का चढ़ावा श्रद्धालु चढ़ाते हैं, लेकिन मंदिर की व्यवस्था पर केवल 93 हजार रुपये मासिक ही खर्च किया जाता है। उनका कहना है कि विवादित परिसर के रिसीवर अयोध्या के मंडलायुकत हैं। उनसे खर्च में बढ़ोत्तरी की मांग पर बस एक ही जवाब मिलता है कि कोर्ट के आदेश की सीमाओं में रह ही खर्च की राशि बढ़ाने का अधिकार है। इस कारण चार हजार रुपये से ज्यादा सालाना बढ़ोतरी नहीं कर सकते।

खुलासा: मंदी के कगार पर खड़ी है दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था !

बिजनेस डेस्क। अमेरिका में अगले साल 2020 या 2021 में बड़ी मंदी आ सकती है। आर्थिक विशेषज्ञों के बीच एक सर्वे हुआ था जिसमें बहुमत की राय थी कि दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था मंदी के कगार पर खड़ी है। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनॉल्ड ट्रंप ने देश में मंदी आने की खबरों का विरोध किया है। न्यूज एजेंसी पीटीआइ के अनुसार, फेडरल रिज़र्व के हालिया प्रयासों से मंदी का यह समय थोड़ा पीछे हो गया है।

इस संबंध में डोनॉल्ड ट्रंप ने रविवार को संवाददाताओं से कहा, ‘मैं हर बात के लिए तैयार हूं। मुझे नहीं लगता कि हम मंदी में पड़ेंगे। हम बहुत अच्छा चल रहे हैं। हमारे उपभोक्ता धनी हैं। मैंने उन्हें टैक्स में जबरदस्त छूट दी है उनके पास खूब पैसा है और वे खरीदारी कर रहे हैं। मैंने वॉलमार्ट के आंकड़े देखें हैं और उन्हें छप्पर फाड़ आमदनी हो रही है।’’

उधर अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व भी इस तरह के संकेत दे रहा था कि वह आने वाले समय में अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर चिंता में है। इस मंदी के संबंध नें NABE के अध्यक्ष और KPMG के मुख्य अर्थशास्त्री कांस्टैंस हंटर ने कहा कि सर्वे रपट में कहा गया है कि मौद्रिक नीति में बदलाव से अर्थव्यवस्था में विस्तार का दौर कुछ और समय तक चल सकता है। हंटर ने कहा कि मंदी 2020 में आएगी या 2021 में, इसको लेकर विशेषज्ञों की राय अलग-अलग है।

इस सर्वे में 38 फीसदी विशेषज्ञों का कहना था कि अमेरिका अगले साल मंदी में पड़ सकता है, जबकि 34 फीसदी विशेषज्ञों ने कहा कि इससे अगले साल यानी 2021 से पहले मंदी नहीं आएगी। इन अर्थशास्त्रियों को चीन के साथ कोई भी व्यापार समझौता होने को लेकर भी बड़ा संदेह है।