26 C
Mumbai
Wednesday, September 16, 2026
Home Blog Page 142

कोरोना वायरस पर बोले, बिग बी- आने दो कोरोना को, हम भी दिखाएंगे…

नई दिल्ली।। Corona virus के प्रकोप से पूरी दुनिया परेशान है। कोरोना से परेशान होकर बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने भी ट्वीट कर वीडियो शेयर किया है, जो सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींच रहा है। इस वीडियो में बिग बी ने कहा कि आने दो कोरोना को, हम भी ठेंगा दिखाएंगे। ज्ञात हो कि दो दिन पहले भारत में भी Corona virus से संक्रमित कर्नाटक के एक बुजुर्ग की मौत हो गई। इसके अलावा इस बीमारी से संक्रमित भारत में अब तक करीब 74 मरीज हैं। इसके प्रसार को रोकने के लिए दिल्ली सहित कई जगहों पर स्कूल, कॉलेज समेत सिनेमाघर बंद करने के आपात उपाय किये गए हैं।

वहीं, अमिताभ बच्चन की बात करें तो उन्होंने अपने वीडियो में Corona virus पर बात करते हुए कहा, “इधर कई दिनों से कोरोना वायरस को लेकर बहुत नुकसान हो रहा है, सब लोग घबराए हुए हैं। आज सुबह सुबह हमें भी लगा कि हमें इस पर कुछ बोलना चाहिए।” उन्होंने आगे कहा, “बहुत लोग इलाज बताते हैं, जनमानस किसकी सुनें, किसकी नहीं, कौन बताएगा यह सब। कोई बोलता है कलौंजी पीसो तो कोई आंवला रस, कोई कहा घर में बैठो हिलो मत टस से मस। ईर कहें और बीर कहें कि ऐसा कुछ करो ना, बिन साबुन के हाथ धो कर किसी को मत छूना। हमने सोचा चलो हम भी कर देते हैं, जैसा कहते हैं सब, आने दो कोरोना को ठेंगा दिखाएंगे सब।”

वीडियो के अलावा अमिताभ बच्चन ने Corona virus को लेकर कुछ फोटो भी साझा की है, जिसमें उन्होंने लिखा, “सावधान रहें, सतर्क रहें।” बता दें कि दिल्ली में गुरुवार तक Corona virus के छह मामले सामने आ चुके हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में 10 लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं। कर्नाटक में चार, महाराष्ट्र में 11 और लद्दाख में तीन मामले सामने आए हैं। इससे इतर दिल्ली सरकार ने इस बीमारी को महामारी घोषित कर दी है। इस वायरस के संक्रमण से अभी तक दुनिया भर में कम से कम 4,600 लोगों की मौत हुई है और करीब 1,25,293 लोगों में इसके संक्रमण की पुष्टि हुई है।

अब स्मार्टफोन होंगे महगें, 18 फीसदी लगेगी जीएसटी

नई दिल्ली।। स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोत्तरी होने की संभावना है क्यों‎कि वस्तु एवं सेवाकर परिषद 14 मार्च को होने वाली बैठक में मोबाइल फोन के लिए जीएसटी की कीमत बढ़ाकर 18 प्रतिशत करने के प्रस्ताव पर विचार कर सकती है। जानकारी के मुता‎बिक कंपनी में बनी इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर वाली स्थिति दूर करने में इससे मदद मिलेगी। अभी मोबाइल फोन पर 12 प्रतिशत की दर से जीएसटी लगता है, जबकि इसमें लगने वाले कई पार्ट्स पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगाया जाता है।

इससे इनपुट पर लगने वाली ड्यूटी फिनिश्ड गुड्स के मुकाबले ज्यादा हो जाती है और इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर बनता है। मोबाइल फोन से जुड़ा इनवर्टेड ड्यूटी वाला मसला कई मौकों पर उठाया गया है। यह मुद्दा इस बार भी उठाया जा सकता है। अगर काउंसिल प्रस्ताव को मान लेती है तो जीएसटी रेट बढऩे से हर वर्ग के मोबाइल फोन का दाम बढ़ सकता है।

कोरोना के चलते दिल्ली सरकार ने रद्द किए सभी सेमिनार, नहीं होगा IPL मैच का आयोजन

स्पोर्ट डेस्क।। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ऐलान किया है कि दिल्ली में आईपीएल का आयोजन नहीं किया जाएगा. इसके अलावा राज्य सरकार ने लोगों से भीड़ वाले इलाकों में जाने से मना किया है. कोरोना का खतरा देखकर सरकार ने ये फैसला लिया है. कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को लेकर दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. दिल्ली में इस साल कोई इंडियन प्रीमियर लीग का मैच नहीं खेला जाएगा. इसके अलावा किसी भी तरह के बड़े इवेंट को भी रद्द कर दिया गया है. एक स्थान पर हजारों की संख्या में लोग एकत्रित ना हो इसके मद्देनजर अरविंद केजरीवाल की सरकार ने ये फैसला लिया है.

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को ऐलान किया कि राजधानी में किसी तरह का सम्मेलन या सेमिनार के आयोजन करने पर रोक लगा दी गई है. सरकार के अगले आदेश ये निर्देश जारी रहेगा. दिल्ली के सभी जिलाधिकारियों को इस बारे में जानकारी दी गई है. प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि अगर किसी भी व्यक्ति में कोरोना वायरस के लक्षण पाए जाते हैं या फिर उसे इस तरह का डर लगता है तो वह खुद को पब्लिक से दूर रखें. किसी भी व्यक्ति में अगर लक्षण दिखें तो वह 14 दिनों तक घर में ही रहे.

दिल्ली में कोरोना वायरस के 6 केस पॉजिटिव पाए गए हैं, जिसके बाद राज्य सरकार कई तरह की सतर्कता बरत रही है. अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को ऐलान किया था कि राजधानी में 31 मार्च तक कोई स्कूल-कॉलेज और सिनेमा हॉल नहीं खुलेंगे. इसके साथ ही दिल्ली में सभी पब्लिक स्वीमिंग पूल को भी बंद कर दिया गया है. इस साल 29 मार्च से शुरू हो रहे आईपीएल के भविष्य पर संकट के बादल हैं. दिल्ली से पहले महाराष्ट्र के भी मंत्री ने ऐसी ही बात कही थी कि आईपीएल को टालना ही बेहतर होगा. जिसके बाद बीसीसीआई ने शनिवार को आईपीएल काउंसिल की बैठक होनी है, जिसमें आईपीएल के भविष्य पर फैसला लिया जाएगा.

आपको बता दे, कि देशभर में अबतक कोरोना वायरस के कुल 76 केस सामने आए हैं, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है. शुक्रवार को ही उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक केस सामने आया है, हालांकि वह व्यक्ति भी दिल्ली का ही निवासी है.

उन्नाव रेप में पीड़िता के पिता की हत्या के मामले में विधायक सहित 7 लोगो को 10 साल की सजा

क्राइम डेस्क।। उन्नाव के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने रेप पीड़िता के पिता की कस्टडी में हुई मौत के मामले में सजा सुनाई है. कोर्ट ने कुलदीप सेंगर समेत सातों दोषियों को 10 साल की सजा सुनाई. इनको गैर इरादतन हत्या और आपराधिक साजिश रचने का दोषी पाया गया. उन्नाव रेप केस में पीड़िता के पिता की हत्या के मामले में दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने फैसला सुना दिया है. कोर्ट ने पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर समेत सातों दोषियों को गैरइरादतन हत्या और आपराधिक साजिश रचने के मामले में 10 साल की सजा सुनाई है. सभी दोषियों पर कोर्ट ने 10-10 लाख का जुर्माना भी लगाया है.

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो ने इस मामले में दोषियों को अधिकतम सजा देने की मांग की थी. इससे पहले उन्नाव रेप केस में सीबीआई की विशेष अदालत ने भारतीय जनता पार्टी से निष्कासित पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को उम्रकैद की सजा सुनाई थी. ये दूसरी एफआईआर थी, जिसमें कोर्ट ने आज सजा सुनाई है. इस मामले में तीस हजारी कोर्ट ने 11 आरोपियों में से 4 को बरी कर दिया था, जबकि 7 लोग दोषी करार दिए गए थे. कुलदीप सिंह सेंगर, सब इंस्पेक्टर कामता प्रसाद, एसएचओ अशोक सिंह भदौरिया, विनीत मिश्रा उर्फ विनय मिश्रा, बीरेंद्र सिंह उर्फ बउवा सिंह, शशि प्रताप सिंह उर्फ सुमन सिंह, जयदीप सिंह उर्फ अतुल सिंह को दोषी करार दिया गया था. सातों दोषियों को 10 साल की सजा सुनाई गई है.

पीड़िता के पिता अपने एक साथी के साथ गांव लौट रहे थे, और उसी दौरान शशि प्रताप सिंह नामक एक व्यक्ति ने उनसे लिफ्ट मांगा, लेकिन उन्होंने इंकार कर दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया. इसके बाद सिंह ने अपने साथियों को बुलाया, जिनमें सेंगर का भाई अतुल भी था. इन लोगों ने पीड़िता के पिता को बुरी तरह पीटा. इसके बाद गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्हें अस्पताल ले जाने के बजाय पुलिस स्टेशन ले जाया गया और दो दिन बाद पुलिस हिरासत में उनकी मौत हो गई. पिता की मौत 9 अप्रैल, 2018 को पुलिस हिरासत में हो गई थी.

अभी कार एक्सीडेंट में पीड़िता के परिवार के लोगों की मौत से जुड़ी दो एफआईआर पर कोर्ट का फैसला आना बाकी है. इससे पहले रेप के आरोप में तीस हजारी कोर्ट ने कुलदीप सेंगर को दोषी माना था और 20 दिसंबर 2019 सजा का ऐलान करते हुए सेंगर को उम्रकैद की सजा सुनाई थी. इसके साथ ही सेंगर पर 25 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया था.

चीन का बड़ा आरोप, कोरोना वायरस फैलाने में इस देश की सेना जिम्मेदार

हेल्थ डेस्क।। कोरोना वायरस को लेकर चीन और अमेरिका के बीच तनातनी का माहौल है. चीन की सरकार ने अमेरिका पर आरोप लगाया है कि उसकी वजह से वुहान में कोरोना वायरस फैल रहा है. चीन के एक सरकारी अधिकारी ने कहा है कि अमेरिकी सेना ने वुहान में कोरोना वायरस फैलाया था. इसके बाद से ही यह पूरी दुनिया में फैला है. चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने ट्वीट कर कहा कि वुहान में कोरोना वायरस फैलाने के लिए अमेरिकी सेना जिम्मेदार हो सकती है. अमेरिका को इस मामले में अपनी जिम्मेदारियां तय करनी होंगी. उसे पारदर्शिता दिखानी चाहिए.

झाओ लिजियान ने चीन का बचाव करते हुए कहा कि यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल निदेशक रॉबर्ट रेडफील्ड ने भी यह कहा था कि हमारे कुछ अमेरिकी इनफ्लूएंजा की वजह से मारे गए हैं. ये लोग चीन के कोरोना वायरस से संक्रमित हुए होंगे. इसके लिए चीन जिम्मेदार है. झाओ ने कहा कि अमेरिका पहले अपने गिरेबान में झांककर देखे. पहले वो पूरी दुनिया को यह बताए कि उसके कितने मरीज मरें हैं? उसकी क्या तैयारी है? कितने अस्पतालों में कोरोना वायरस मरीजों के लिए विशेष व्यवस्था है. अस्पतालों की सूची पूरी दुनिया का सामने लाए.

झाओ लिजियान ने अमेरिका से कहा कि पहले अपने मरीजों की सही संख्या का खुलासा करो. अमेरिका को पहले पूरी दुनिया के सामने अपनी सच्चाई बतानी होगी. उसे चीन पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए. इससे एक दिन पहले ही चीन के विदेश मंत्रालय से मांग की जा रही थी कि वह व्हाइट हाउस के सिक्योरिटी एडवाइजर रॉबर्ट ओ ब्रायन की कही गई. बयान जारी करे. इसके बाद झाओ लिजियान और चीन की सरकार के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने बयान जारी किया. रॉबर्ट ओ ब्रायन ने कोरोना के फैलाव के लिए चीन को जिम्मेदार ठहराया था.

चीन की सरकार के प्रवक्ता गेंग शुआंग ने अमेरिका को चेताते हुए कहा था कि अमेरिकी अधिकारियों को चीन के बारे में बोलने से पहले अपनी दिक्कतों को ध्यान में रखना चाहिए. अमेरिकी अधिकारी कोरोना के मामले को छिपा रहे हैं. पूरी दुनिया को पता है कि चीन ने सही समय पर पूरी पारदर्शिता के साथ कोरोना की जानकारी सार्वजनिक की.

UP में कोरोना से निपटने के लिए CM योगी की बैठक, स्कूल बंद करने पर हो सकता है विचार

हेल्थ डेस्क।। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को कोरोना वायरस पर रिव्यू बैठक करेंगे. इस दौरान स्कूलों को बंद करने को लेकर फैसला हो सकता है. देशभर में कोरोना वायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं, अबतक 75 केस पॉजिटिव पाए गए हैं. इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुबह 11 बजे समीक्षा बैठक बुलाई है. इस बैठक में राज्य की स्थिति का जायजा लिया जाएगा. साथ ही स्कूलों को बंद करने को लेकर भी फैसला लिया जा सकता है.

आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के अबतक 11 पॉजिटिव केस सामने आए हैं, इनमें से 10 भारतीय और एक विदेशी नागरिक हैं. इसी के बाद अब कई मोर्चों पर सतर्कता बरती जा रही है. कोरोना वायरस की वजह से 15 मार्च को लखनऊ में होने वाले भारत और साउथ अफ्रीका के बीच वनडे पर भी बड़ा फैसला लिया गया है. अब इस मैच के दौरान स्टेडियम में दर्शक नहीं होंगे, ये फैसला सरकार की उस एडवाइज़री पर लिया गया है जिसमें लोगों को भीड़ वाले इलाकों से दूर रहने को कहा गया था.

पिछले तीन-चार दिनों में भारत में कोरोना वायरस का असर काफी बढ़ गया है. गुरुवार को इस वायरस के कारण पहली मौत भी हुई है, यही वजह है कि अब केंद्र-राज्य सरकारों की ओर से सतर्कता बरती जा रही है. राजधानी दिल्ली में अरविंद केजरीवाल की सरकार ने सभी स्कूलों, सिनेमा हॉल को 31 मार्च तक बंद करने का फैसला लिया है. हालांकि, दिल्ली में जिन स्कूलों में परीक्षाएं चल रही हैं वो खुले रहेंगे, लेकिन परीक्षा खत्म होते ही उन्हें भी बंद कर दिया जाएगा. दिल्ली सरकार ने कोरोना वायरस को राज्य स्तर पर महामारी घोषित कर दिया है.

दिल्ली में स्कूल-कॉलेज और सिनेमा हॉल के बंद होने के बाद अपील की जा रही थी कि एनसीआर में भी ऐसा कदम उठाना चाहिए. दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद में भी कोरोना वायरस के कुछ केस सामने आए थे, हालांकि उनमें से कुछ केस नेगेटिव भी निकले हैं.

कोरोना की वजह से बंद सिनेमाघर, इरफान खान की इस फिल्म की बढ़ा रहे मुश्किलें

मनोरंजन डेस्क।। इरफान खान कैंसर से ठीक होने के बाद अंग्रेजी मीडियम से बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं. वे खराब तबीयत की वजह से फिल्म का प्रमोशन नहीं कर पाए. एक्ट्रेस राधिका मदान, जो कि मूवी में इरफान खान की बेटी बनी हैं, उन्होंने अकेले ही मूवी को प्रमोट किया है.

इरफान खान स्टारर फिल्म अंग्रेजी मीडियम सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है. लेकिन कोरोना वायरस की वजह से फिल्म की कमाई को नुकसान पहुंचना तय है. सीएम अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के सिनेमाघरों को 31 मार्च तक बंद करने का ऐलान किया है. होमी अदजानिया के निर्देशन में बनी अंग्रेजी मीडियम का फैंस को बेसब्री से इंतजार था, लेकिन महामारी बना कोरोना वायरस फिल्म के लिए ग्रहण साबित हो रहा है.

इरफान खान कैंसर से ठीक होने के बाद अंग्रेजी मीडियम से फिल्मों में वापसी कर रहे हैं. वे खराब तबीयत की वजह से फिल्म का प्रमोशन नहीं कर पाए. एक्ट्रेस राधिका मदान, जो कि मूवी में इरफान खान की बेटी बनी हैं, उन्होंने अकेले ही मूवी को प्रमोट किया है. अंग्रेजी मीडियम साल 2017 में फिल्म हिंदी मीडियम की दूसरी सीरीज है.

जिसने भी अंग्रेजी मीडियम देखी है वो इरफान खान और दीपक डोबरियाल की एक्टिंग का कायल हो गया है. दोनों के साथ में सीन्स काफी मजेदार बन पड़े हैं. उनका फिल्म में जबरदस्त बॉन्ड दिखा है. इरफान की एक्टिंग की जमकर तारीफ हो रही है. मूवी में करीना कपूर का रोल बेहद छोटा है. लेकिन फैंस को करीना का रोल पावरफुल लगा है. लोगों का कहना है कि मूवी में बाप-बेटी के खूबसूरत रिश्ते को इमोशनल टच के साथ दिखाया गया है. राधिका मदान के काम की भी तारीफ हो रही है.

सुपर सिनेमा के मुताबिक, अंग्रेजी मीडियम फिल्म पहले दिन 3.75 करोड़ से 4.25 करोड़ तक कमाई कर सकती है. फिल्म 3 से 3.25 करोड़ तक का बिजनेस कर सकती है. अब कोरोना वायरस भी मूवी के लिए बड़ा संकट बन गया है.

इस देश ने किया कोरोना वायरस की दवा बनाने का दावा, अब मरीजों को लगेगा ये टिका

हेल्थ डेस्क।। महामारी बन चुके कोरोना वायरस ने पूरी दुनिया में कहर बरपा रखा है. विश्व स्वास्थ्य संगठन ने नोवल कोरोना वायरस को महामारी घोषित किया है. इस महामारी से कई लोगों की जान जा चुकी है तो वहीं कई लोग इस वायरस की चपेट में आने के बाद अभी भी जूझ रहे हैं. इस डर के बीच लोगों के लिए कोरोना वायरस को लेकर एक राहत देने वाली खबर सामने आई है. कोरोना वायरस की दहशत के बीच एक देश ने दावा किया है कि उसने कोरोना वायरस जैसी जानलेवा बीमारी के लिए वैक्सीन इजाद कर ली है. यही नहीं कहा जा रहा है कि जल्द ही इस वैक्सीन की खेप सभी संक्रमित देशों को भेजे जाने की संभावना है.

आपको को बता दे, कि इजराइल के इंस्टीट्यूट फॉर बायोलॉजिकल रिसर्च के वैज्ञानिकों ने इस खतरनाक बीमारी का तोड़ निकाल लिया है. इंस्टीट्यूट के वैज्ञानिकों ने दावा किया है कि कोरोना वायरस के टीके बनाए जा चुके हैं और उन्हें जल्द ही आधिकारिक मान्यता भी मिल जाएगी.
इजराइल ने किया कोरोना वायरस की वैक्सीन बनाने का दावा वहीं, इजराइल के रक्षा मंत्री नेफटाली बेनिट का कहना है कि हमारे वैज्ञानिकों ने कोरोना वायरस के ऊपर शोध करके वायरस के नेचर को समझा है. साथ ही कोरोना वायरस के जैविक तंत्र के बारे में भी बारीकी से अध्यन कर इसकी पहचान करने में सफलता हासिल की है.

इजराइल के रक्षा मंत्रालय ने स्थानीय न्यूज पेपर हएर्त्ज़ को बताया कि कोरोनो वायरस के प्रतिरोधक को विकसित करने में वक्त लगा लेकिन जल्द ही इसके इस्तेमाल से सफलता मिल सकती है. उनका कहना है कि संस्थान में 50 से अधिक अनुभवी वैज्ञानिक वायरस के वैक्सीन बनाने के कार्य में लगे हुए हैं.
उनका कहना है कि कोरोना वायरस वैक्सीन खोजने या परीक्षण किट खोजने के लिए व्यवस्थित कार्य योजना के अनुसार किया जाएगा. एक रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोना वायरस के विकास प्रक्रिया को परीक्षण और प्रयोगों की एक श्रृंखला की आवश्यकता होती है जो टीकाकरण के प्रभावी और सुरक्षित होने में मदद करता है.

इसके बाद वैक्सीन को चीनी दवा नियामक और अमेरिका की खाद्य एवं औषधि प्रशासन यानी को भेजा जाएगा. फिर वैक्सीन को मान्यता के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की मंजूरी के लिए भेजा जाएगा. इसके बाद वैक्सीन को कोरोना प्रभावित देशों में भेजा जा सकता है. 3 हफ्ते पहले जापान, इटली और अन्य देशों से कोरोना वायरस के नमूनों की 5 शिपमेंट इजराइल पहुंचाई गई थी. जिसके बाद उसे इंस्टीट्यूट फॉर बायोलॉजिकल रिसर्च के लिए लाया गया. यहां वैज्ञानिकों ने नमूनों पर अध्ययन कर वैक्सीन तैयारी की है.

कोरोना वायरस से भारत में पहली मौत, बढ़ रही मरीजों की संख्या

हेल्थ डेस्क।। चीन से में कोहराम मचाने के के बाद ये वायरस अब भारत में तबाही मचाने को तैयार है. कोरोना वायरस ने पूरे देश में कोहराम मचा रखा हैं. भारत में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं. कर्नाटक में कोरोना से पहली मौत हो गई है. वहीं, पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के 15 मरीज सामने आ चुके हैं और आंकड़ा 75 तक पहुंच गया है. वहीं, पूरे विश्व में 1,34,679 लोग संक्रमित हैं और 4900 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है.

WHO के मुताबिक गुरुवार को 24 घंटे में पूरी दुनिया में 321 लोगों की मौत हो गई. इस भयानक वायरस से पूरी दुनिया में कोहराम मचा है. इससे सबसे ज्यादा नुकसान चीन को हुआ है. लेकिन अभी इस वायरस का कोई इलाज सम्भव नहीं है.

होली के रंगो की चमक के बीच पेट्रोल और डीजल के दामों में आई गिरावट, जानिए कीमत

मुंबई।। कच्चे तेल में आई गिरावट से पेट्रोल और डीजल की कीमत में लगातार पांच दिन से गिरावट जारी है। सप्ताह के पहले दिन सोमवार को तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है। सोमवार 9 मार्च को पूरे देश में पेट्रोल की कीमत 23-25 पैसे घट गई हैं। इसी तरह डीजल के दाम 25-26 पैसे घटे हैं। कोरोना वायरस के चलते तेल की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। सोमवार को दिल्ली में पेट्रोल के दाम 24 पैसे घटकर 70.59 रुपए प्रति लीटर और डीजल 25 पैसे सस्ता होकर 63.26 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से बिक रहा है।


इसी तरह मुंबई में भी पेट्रोल और डीजल की कीमत में बड़ी गिरावट आई है। पेट्रोल की कीमत 24 पैसे घटकर 76.29 रुपए प्रति लीटर हैं और डीजल की कीमत 26 पैसे घटकर 66.24 रुपए प्रति लीटर है। ऐसे ही कोलकाता में भी पेट्रोल और डीजल के दाम घटे हैं। पेट्रोल के दाम 23 पैसे कम होकर 73.28 रुपए प्रति लीटर हैं। इसके साथ ही डीजल के दाम 25 पैसे कम होकर 65.59 रुपए प्रति लीटर हैं। चेन्नई में भी पेट्रोल और डीजल के दाम घटे हैं। पेट्रोल की कीमत 25 घटकर 73.33 रुपए प्रति लीटर और डीजल के दाम 26 पैसे घटकर 66.75 रुपए प्रति लीटर हैं।