सबको चौंकाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अचानक शुक्रवार को पाकिस्तान पहुँच गए. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ का आज जन्मदिन है. कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पाक प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ ने मोदी का स्वागत किया. हालाँकि प्रधानमंत्री के अचानक बने कार्यक्रम पर भी विपक्ष ने निशाना साधते हुए इसकी आलोचना की.
पीएम मोदी के अचानक पाकिस्तान जाने के निर्णय की विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने तारीफ की. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि बड़े नेता की यही पहचान होती है. पड़ोसी से रिश्ते ऐसे ही होने चाहिए.
पाकिस्तान सरकार के सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ आज ही भारत की ओर से पाकिस्तान को मोदी के रुकने के कार्यक्रम भेजा गया था. ये मुलाकात पहले से तय नहीं थी.
प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम का कांग्रेस ने आलोचना की है. कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने कहा कि इस तरह की पैरा ड्रॉपिंग मदद नहीं करेगी, ये पीएम और भारत के लिए अपमानजनक होगा. बहुत दुर्भाग्यपूर्ण फैसला है, भारत पाक की कूटनीति ऐसे गैर ज़िम्मेदाराना तरीके से नही चलती, अचानक ऐसा कौन सा सुधार आया कि पीएम लाहौर चले गए.
ShikhaPandey@Navpravah.com
सांसद कीर्ति आज़ाद के निलंबन के बाद इस मामले पर चर्चा करने के लिए मार्गदर्शक मंडल के कुछ सदस्य तथा भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने गुरुवार को मुलाकात की. यह मीटिंग मुरली मनोहर जोशी के घर हुई, जिसमें लालकृष्ण आडवाणी, शांता कुमार, यशवंत सिन्हा जैसे भाजपा नेता मौजूद थे.
कीर्ति आज़ाद के निलंबन पर आप नेता आशुतोष ने टिप्पणी की कि भाजपा हमेशा भ्रष्टाचार के साथ थी और है. कीर्ति आज़ाद 10 सालों से DDCA घोटालों के खिलाफ निष्पक्ष लड़ रहे हैं. आरोप अरुण जेटली पर हैं तो जेटली को निलंबित करने की बजाय आज़ाद को निलंबित कर दिया गया है. अब प्रधान मंत्री जी को अब ये नहीं कहना चाहिए कि मैं न खाता हूँ न खाने देता हूँ. गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने कुछ दिनों पहले ही कहा था कि जिस प्रकार हवाला प्रकरण में लालकृष्ण आडवाणी बेदाग़ साबित हुए थे उसी प्रकार अरुण जेटली भी होंगे.
इन सभी मुद्दों पर अरुण जेटली ने फेसबुक पर अपना मत व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले कुछ महीनों से भाजपा पार्टी के कुछ नेता तथा आप पार्टी के कुछ सदस्य पार्टी के खिलाफ गलत टिप्पणी कर रहे हैं जिसके लिए पार्टी ने उन्हें समझाया भी था. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने प्रधानमंत्री या बाकी लोगों के लिए जिस प्रकार की भाषा का प्रयोग किया, उसका क्या ? यदि केंद्र से जुड़ा कोई भी व्यक्ति ऐसी अभद्र भाषा का प्रयोग करेगा तो उसे देश भर में गुस्से का शिकार होना पड़ेगा. ज़िम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को संयम बरतना ज़रूरी है. ये लोग बाहरी नहीं हैं, इनसे ऐसी अभद्रता की आशा नहीं की जा सकती.
इस पर “आप” नेता आशुतोष ने पलटवार करते हुए कहा कि जेटली जी बौखलाए हुए हैं. उन्हें हम पर आरोप लगाने की बजाय अपनी पार्टी की पाठशाला शुरू करनी चाहिए और प्रधानमंत्री को भी उसका हिस्सा बनाना चाहिए. हमारी भाषा को अभद्र कहने वाले अपनी भाषा पर गौर करें, जिन्होंने अरविन्द केजरीवाल के गोत्र को गाली दी थी. हमें नक्सली बताकर जंगल में रहने की सलाह दी थी. हमारे लिए “हरामजादा” जैसे शब्द का प्रयोग किया था. इसलिए हम पर आरोप लगाने की बजाय अपनी पार्टी के लिए पाठशाला आयोजित करें और उन्हें सिखाएं कि किस प्रकार की भाषा इस्तेमाल करें.
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पूर्व क्रिकेटर व भाजपा सांसद कीर्ति आज़ाद पर आरोप लगाया कि आज़ाद की पार्टी विरोधी गतिविधियों और पार्टी की छवि बिगाड़ने की वजह से निलंबित किया गया है. शाह ने कहा कि आज़ाद ने आप पार्टी के साथ साठ गाँठ कर पार्टी की छवि को बिगाड़ने की कोशिश की है, इसलिए उन्हें निलंबित किया गया है.
आज़ाद के निलंबन मामले पर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि पार्टी की संसदीय दल की बैठक में यह निर्णय लिए गया और कीर्ति आज़ाद को एक पत्र द्वारा इस बात की सूचना दी गई. आज़ाद के निलंबन के बाद राजनीतिक गलियारे में ऐसी भी चर्चा है कि शायद भाजपा के एक और बागी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा पर भी कार्रवाई हो. अब देखना है कि क्या वाक़ई में शत्रुघ्न के तीखे तेवर पर भी पार्टी लगाम लगाती है.
इसके जवाब में कीर्ति आज़ाद ने मीडिया से बात करते हुए अटल जी की पंक्तियों को संशोधित करते हुए कहा कि कहा “हार नहीं मानूँगा, रार ‘नयी’ ठानूंगा”. आज़ाद ने कहा कि मेरी दूसरी पार्टियों के साथ साठ गाँठ की बात कर के उन्होंने अपनी ओछी मानसिकता को दर्शाया है. यह मुद्दा BCCI से संबंधित है न कि पार्टी से. मैं 1993 से पार्टी से जुड़ा हुआ हूँ और आज अचानक इस मुद्दे की वजह से मुझे पार्टी से निलंबित कैसे किया जा सकता है? मेरा किसी अन्य पार्टी से जुड़ने का कोई उद्देश्य नहीं है. यह सब केवल घोटाले वाले मुद्दे से सबका ध्यान भटकाने के लिए किया जा रहा है. मगर मैं दिल्ली हाई कोर्ट में इसके खिलाफ अवश्य लड़ूंगा.
गौरतलब है कि रविवार को कीर्ति आज़ाद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में DDCA द्वारा किए गए कई घोटालों की बात की थी, अरुण जेटली 10 साल तक जिसके अध्यक्ष थे.
Bureau@Navpravah.com
राम मंदिर निर्माण के लिए मंगाए जा रहे पत्थरों को लेकर मामला गर्म होता नज़र आ रहा है. बुधवार को संसद में जब इस मामले पर नारेबाजी शुरू हुई तो सरकार ने यह कहकर सबको आश्वासन दिया कि मामला अभी न्यायालय में है और जब तक कोर्ट का आदेश नहीं आता तब तक कुछ भी नहीं किया जाएगा. और जो भी आदेश न्यायालय का होगा वह सर्वमान्य होगा. संसद भवन में आश्वासन तो मिल गया लेकिन अयोध्या में मामला गर्म होता दिख रहा है.
दरअसल बाबरी मस्जिद के एक मुद्दई हाजी महबूब ने माहौल को देखते हुए कहा कि मामला अभी कोर्ट में है और अगर बिना निर्णय के मंदिर बनाने के लिए पत्थर मंगाए जाएंगे तो हम भी मस्जिद के निर्माण हेतु पत्थर मंगाएंगे. यही नहीं, अयोध्या में पहली बार बारहवफात के मौके पर अंजुमन की शक्ल में बाबरी मस्जिद को दिखाकर इस नए टकराव की झलक भी दिखाई दी.
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर गरमाते माहौल को देखते हुए प्रदेश की अखिलेश सरकार भी चौकन्नी हो गई है. राज्य सरकार ने कहा कि किसी को भी माहौल बिगाड़ने की इजाज़त नहीं है. अगर कोई ऐसा करता पाया गया तो उसके साथ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. राज्य सरकार ने स्थिति को देखते हुए प्रशासन व्यवस्था को और भी मज़बूत कर दिया है.
रामलला के मुख्य पुजारी आचार्य सतेंद्र दास ने कहा कि मुसलामानों ने यह लिखित दिया है कि जहां रामलला विराजमान हैं वह मंदिर है. इसलिए मस्जिद का नाम लेकर साम्प्रदायिक विवाद न फैलाई जाए. मस्जिद बनाने की बात गलत है, जो लोग ऐसा सोच रहे है वह ऐसा सोचना बंद कर दें.
सुविधाओं के नाम पर भारतीय रेल लगातार आम जनमानस की जेब पर सेंध लगाता नज़र आ रहा है. रेलवे ने तत्काल टिकटों के चार्ज में भारी बढ़ोत्तरी की है. स्लीपर क्लास के न्यूनतम तत्काल चार्ज में 100 और अधिकतम 200 रूपए बढ़ा दिए गए हैं. इसके पहले यह चार्ज 90 से 175 रूपए था.
एसी चेयर कार में 25 दिसंबर से नया तत्काल चार्ज न्यूनतम 125 रुपये और अधिकतम 225 रुपये होगा. जबकि थ्री टीयर एसी में नया तत्काल चार्ज न्यूनतम 300 रुपये और अधिकतम 400 रुपये होगा जो फिलहाल न्यूनतम 250 रुपये और अधिकतम 350 रुपये था.
इसके अलावा टू टीयर एसी व एग्जीक्यूटिव क्लास में भी नया तत्काल चार्ज न्यूनतम 400 रुपये और अधिकतम 500 रुपये होगा जबकि अब तक ये चार्ज न्यूनतम 300 रुपये और अधिकतम 400 रुपये था. हालाँकि सेकेंड सीटिंग के तत्काल चार्ज में कोई बदलाव नहीं हुआ है.
रेलवे ने तत्काल सेवा की कीमतों में इज़ाफ़ा किया है, हालाँकि किराए में बढ़ोत्तरी सुविधाओं को और भी बेहतर करने के नाम पर किया गया है. विपक्ष के कुछ वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि जब से सुरेश प्रभु रेल मंत्री बनें हैं, सुविधाओं के नाम पर बस किराए में बढ़त देखने को मिल रही है जबकि सुविधाएं जस की तस बनी हुई हैं.
AmitDwivedi@Navpravah.com
हिट एंड रन केस में सलमान खान की मुसीबत कम होने का नाम नहीं ले रही है. हाल ही में सलमान खान को बरी करने के बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश को महाराष्ट्र सरकार सुप्रीम कोर्ट में चुनौती देगी.
हाल ही में बॉम्बे हाई कोर्ट ने सलमान खान को हिट एंड रन केस में तमाम आरोपों से मुक्त कर दिया था. हाई कोर्ट के निर्णय के बाद ऐसा लगा कि शायद अब सलमान को पूरी तरह से राहत मिल जाए और राज्य सरकार सुप्रीम कोर्ट न जाए लेकिन तमाम कयासों को गलत साबित करते हुए राज्य सरकार ने अंततः उच्चतम न्यायालय का रुख कर लिया.
हालाँकि साल 2002 के हिट एंड रन केस में निचली अदालत ने सलमान खान को पांच साल की सजा सुनाई थी. निचली अदालत ने उन्हें गैर इरादतन हत्या का दोषी माना था.
27-28 सितंबर, 2002 की देर रात बांद्रा की अमेरिकन लॉन्ड्री के सामने सलमान खान की गाड़ी फुटपाथ पर चढ़ गई. वहीं बेकरी में काम करने वाले चार-पांच मज़दूर फुटपाथ पर सो रहे थे. गाड़ी के फुटपाथ पर चढ़ जाने से पहिये के नीचे कुचलकर एक की मौत हो गई, चार घायल हो गए. हालाँकि पुलिस मौके पर सुबह के तीन बजे पहुंची. इस मसले में सलमान खान को लापरवाही से गाड़ी चलाने का आरोपी बनाया गया और गिरफ्तार भी किया गया लेकिन पुलिस स्टेशन से ही उनकी ज़मानत हो गई थी.
अब तक सलमान खान पर धारा304 -ए (लापरवाही के चलते किसी की मौत), धारा 279 (लापरवाही से गाड़ी चलाना), धारा 338 (अपनी किसी हरकत से दूसरे को गंभीर चोट पहुंचाना) और धारा 337 (अपनी किसी हरकत से दूसरे को चोट पहुंचाना) जैसी धाराओं के अंतर्गत सलमान खान पर मुदमा दर्ज किया.
कोटला स्टेडियम घोटाले का आरोप झेल रहे वित्त मंत्री अरुण जेटली पर उन्ही की पार्टी के नेताओं का विरोध बढ़ता जा रहा है. अब बीजेपी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने जेटली से इस्तीफे की मांग की है. शत्रुघ्न ने कहा कि जेटली को कानूनी लड़ाई की जगह राजनितिक लड़ाई लड़नी चाहिए और आडवाणी की तरह इस्तीफ़ा देकर खुद को बेदाग़ साबित करना चाहिए.
मंगलवार को प्रधानमंत्री मोदी के जेटली का पक्ष लेने के बाद वित्त मंत्री जेटली की समस्या बढ़ती नज़र आ रही है. मोदी ने अपने वक्तव्य में कल कहा था कि जैसे आडवाणी हवाला कांड में बरी हुए थे वैसे ही जेटली भी बरी हो जाएंगे.यही नहीं शत्रुघ्न सिन्हा ने मामले को तूल देते हुए कीर्ति आज़ाद की तारीफ भी कर दी और उन्हें ‘हीरो ऑफ़ द डे’ भी करार दिया. यही नहीं शत्रुघ्न सिन्हा ने यह अपील भी किया कि कीर्ति आजाद के खिलाफ कार्रवाई न की जाए.
मंगलवार को पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुण जेटली का बचाव किया था लेकिन मोदी का पक्ष लेना जेटली के लिए आफत बन गई है. कल प्रधानमंत्री मोदी ने ये कहकर बचाव किया कि जिस तरह से हवाला केस में आडवाणी बेदाग निकले थे उसी तरह जेटली भी आरोपों से बरी हो जाएंगे. इस बयान के बाद ही आम आदमी पार्टी ने मोदी को घेरते हुए पूछ लिया कि क्या आडवाणी की तरह जेटली भी इस्तीफा देंगे.
24 साल पहले 1991 में आडवाणी का नाम जैन हवाला केस में उछला था. आडवाणी आरोपों से इतने आहत हुए थे कि उन्होंने 1996 में लोकसभा से इस्तीफा दे दिया था और बेदाग निकलने के बाद ही सक्रिय राजनीति में लौटे थे.
सोमवार को बीजेपी संसदीय दल की बैठक में जेटली पर डीडीसीए में भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले उनकी ही पार्टी के सांसद कीर्ति आजाद बैठक में नहीं पहुंचे. कीर्ति आजाद और आम आदमी पार्टी का आरोप है कि डीडीसीए का अध्यक्ष रहने के दौरान जेटली की नाक के नीचे कई भ्रष्टाचार हुए हैं. अब भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेता अपनी ही पार्टी के कुछ नेताओं के भारी विरोध को लेकर परेशान नज़र आ रहे हैं.
मंदाना करीमी जो कि इस वक़्त बिग बॉस के घर मैं क़ैद हैं, जल्द ही बालाजी मोशन पिक्चर्स की आने वाली फिल्म ‘क्या कूल हैं हम 3 ‘ में नज़र आएंगी. ‘क्या कूल है हम 3’ मंदाना की पहली बॉलीवुड फिल्म है.मंदाना इस समय फिल्म के प्रमोशन के लिए छटपटा रही हैं लेकिन बिग बॉस के घर में क़ैद होने की वजह से उनका वश नहीं चल रहा है. पहली फिल्म होने के नाते वे इसका भरपूर प्रचार-प्रसार करना चाहती हैं लेकिन फिलहाल तो उनकी यह ख्वाहिश पूरी होती नज़र नहीं आ रही.
क्या कूल हैं हम 3 की टीम से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि मंदाना ने बिग बॉस के साथ अनुबंध करते वक़्त यह शर्त रखी थी कि वह बिग बॉस के घर मैं 3 हफ्ते से अधिक समय के लिए नहीं रुकेंगी. उन्होंने यह शर्त क्या कूल हैं हम 3 की रिलीज़ को ध्यान में रखते हुए की थी. लेकिन मंदाना बिग बॉस के घर मैं 10 हफ्ते बिता चुकी है. इसके बावजूद उनका काम बनाता नज़र नहीं आ रहा है.
क्या कूल हैं हम 3, 22 जनवरी को सिनेमा घरो में लगेगी. इस फिल्म मैं तुषार कपूर और आफताब शिवदासानी पोर्न स्टार्स की भूमिका में नज़र आएँगे.
क्या कूल हैं हम 3 एक महीने मैं सिनेमा घरो मैं लगने वाली है. ऐसे मैं मंदाना जो कि फिल्म की लीड एक्ट्रेस हैं, का प्रमोशन में शामिल नहीं होना फिल्म के लिए ठीक साबित नहीं होगा.
Bureau@Navpravah.com
एटीएस (आतंकवादी निरोधी दस्ता) ने पुणे में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिसके बारे में आशंका थी कि यह उन तीन युवकों में से एक है जो आतंकवादी संगठन आईएस में शामिल हैं. एटीएस अधिकारियों द्वारा प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ पुणे की एटीएस इकाई के अधिकारियों ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है.
एटीएस अधिकारियों ने गिरफ्तार युवक के नाम का खुलासा नहीं किया है. अधिकारियों ने कहा कि यह बात अभी पुष्ट नहीं है कि यह युवक उन्हीं तीन युवकों में से एक है या नहीं. इस सम्बन्ध में जांच जारी है और एटीएस सहित शहर पुलिस मुंबई के पश्चिमी उपनगर मलवानी से तीन युवकों के लापता होने के मामले की जांच कर रहे हैं. अयाज सुल्तान (23 साल), मोहसिन शेख (26 साल) और वाजिद शेख (25 साल) ये तीन युवक हैं जो लापता हैं.
जिन तीन युवकों के आईएस में शामिल होने की आशंका है, उनके अभिभावकों ने पुलिस में इनकी गुमशुदगी भी दर्ज कराई है. इस सम्बन्ध में ठाणे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह भी कहा था कि हमें संदेह है कि तीनों आईएस में शामिल हो गए हैं. हालांकि अधिकारी ने कहा था कि अभी इस मामले की जांच की जा रही है. फिलहाल अभी एटीएस की रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है कि क्या पकड़ा गया युवक वाक़ई में आईएस में शामिल हुआ है या नहीं.
Bureau@Navpravah.com
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पत्थर लाया जा रहा है, जो इस बात का संकेत करता है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा. प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ यह शिलाएं पूजी जा रही हैं और इन्हें यही से रामसेवकपुरम भेजा जाएगा. शिलाओं को सीधे निर्माणस्थल पर यहीं से भेजा जाएगा.
रामजन्मभूमि न्यास की ओर से यह ऐलान किया जा चुका है कि अब मंदिर बनाने का सही समय आ गया है. जिसके बाद ही शिलाओं का लाए जाने का काम शुरू हो गया है. हालाँकि बाबरी मस्जिद मामले में इसके पक्षकार हासिम अंसारी का कहना है कि मामला उच्चतम न्यायलय में है, और न्यायलय का जो भी फैसला आएगा वे उसे मानने के लिए तैयार हैं. साथ ही उन्होंने सरकार से शिला पूजन प्रक्रिया को रोकने की अपील भी की है. उनका मानना है कि चूँकि यह मामला अभी न्यायालय में है, इसलिए सरकार को इस सम्बन्ध में आवश्यक हस्तक्षेप करना चाहिए.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ राम मंदिर निर्माण के लिए करीब 2.25 लाख क्यूबिक फुट पत्थरों की जरूरत है और करीब 1.25 लाख क्यूबिक फुट पत्थर अयोध्या में बने वीएचपी मुख्यालय में तैयार रखे हैं शेष एक लाख क्यूबिक फुट पत्थर देश भर से इकट्ठा किए जाने हैं.
रामंदिर निर्माण मामले में साधु-संतों ने यह संकेत दे दिया है कि अब वे राज्यसभा में बहुमत का इंतज़ार नहीं कर सकते. हालाँकि इस घटनाक्रम के बाद से ही पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है. महंत नृत्यगोपाल दास ने कहा कि मंदिर निर्माण जल्द शुरू करवाने को लेकर धर्माचार्यों का एक दल जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेगा. ज्ञात हो कि विश्व हिन्दू परिषद ने इसी वर्ष जून में ने ऐलान किया था कि वो मंदिर निर्माण के लिए देश भर से पत्थर इकट्ठा करेगी.