29 C
Mumbai
Wednesday, September 9, 2026
Home Blog Page 1282

कांग्रेस दर्शन में छपे लेख से कांग्रेस में खलबली, कंटेंट एडिटर बर्खास्त

Bureau@Navpravah.com

कांग्रेस की मुंबई इकाई के मुखपत्र ‘कांग्रेस दर्शन’ में सोनिया गांधी और जवाहर लाल नेहरू के बारे में आपत्तिजनक लेख छपने के चलते पत्रिका के कंटेंट एडिटर सुधीर जोशी को बर्खास्त कर दिया गया. प्रकाशित आलेख में जवाहरलाल नेहरू की नीतियों पर सवाल उठाए गए हैं और सोनिया गांधी के पिता को फासीवादी भी करार दिया गया है. जिसकी वजह से पार्टी को काफी शर्मिंदगी झेलनी पडी.

मुखपत्र में ही नेहरू-सोनिया के निशाना बनाए जाने की वजह से पार्टी के नेता काफी परेशान नज़र आए. खबर प्रकाशित होने के बाद जब इस सम्बन्ध में संजय निरूपम से बात की गई तो उन्होंने इस सम्बन्ध में कार्रवाई करने की बात कही. और अंततः पत्रिका के कंटेंट एडिटर को बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया. हालाँकि इस लेख में किसी का नाम नहीं है. जिसकी वजह से गाज़ कंटेंट एडिटर पर ही गिरी.

लेख में कहा गया है कि उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के पद पर रहने के बावजूद सरदार वल्लभ भाई पटेल के पंडित नेहरू से संबंध तनावपूर्ण बने रहे और दोनों ने उस वक्त कई बार इस्तीफा देने की धमकी भी दी थी.

स्थापना दिवस के मौके पर इस तरह की खबरों के प्रकाश में आने की वजह से पार्टी में खलबली मच गई. हालाँकि मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष और मुखपत्र के संपादक संजय निरूपम ने इस सम्बन्ध में गलती मान लिया था और यह आश्वासन भी दिया था कि ज़िम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

किसी से माफी नहीं मांगेंगे- केजरीवाल

AmitDwivedi@Navpravah.com

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने आज ट्वीट करके भाजपा को चिढ़ाते नज़र आए. केजरीवाल ने ट्वीट करके कहा कि भाजपा उनसे सार्वजनिक माफी की भीख मांग रहा है लेकिन ऐसा होगा नहीं. उन्होंने ट्वीट कर स्पष्ट किया कि डीडीसीए मामले में उनकी सरकार के पैनल ने किसी को भी क्लीन चिट नहीं दी है. इसलिए वे किसी से माफी नहीं मांगेंगे.

डीडीसीए मामले में कल भाजपा ने कहा था कि आम आदमी पार्टी स्वरकार द्वारा गठित पैनल ने भी जेटली को क्लीन चिट दे दी है और अब केजरीवाल को मानहानि के रूप में १० करोड़ रूपए देने के लिए तैयार रहना होगा. यही नहीं भाजपा ने केजरीवाल को सार्वजनिक रूप से माफी माँगने की भी बात कही थी. जिसपर एक दिन बाद यानी आज अरविन्द ने ट्वीट कर मामले को साफ़ कर दिया. उन्होंने कहा कि भाजपा इस गलतफहमी में न रहे कि वे किसी से माफी मांगेंगे. उन्होंने कहा कि अरूण जेटली से मानहानि मामले में आमने-सामने जिरह होने दीजिए.

केजरीवाल ने एक और ट्वीट में कहा, ‘दिल्ली सरकार की किसी भी जांच ने कोई क्लीन चिट नहीं दी है. उस रिपोर्ट में कई सारी गलतियों को उजागर किया गया है. किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया है. डीडीसीए मामले में दिल्ली सरकार के जांच आयोग के बारे में केजरीवाल ने एक और ट्वीट में कहा कि उस रिपोर्ट में ‘किसी का नाम’ नहीं था और किसी की जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच आयोग को सिफारिश है, जिसे अब किया गया है.

कांग्रेस के मुखपत्र ‘कांग्रेस दर्शन’ ने ही नेहरू पर उठाया सवाल

AmitDwivedi@Navpravah.com

मुंबई कांग्रेस के मुखपत्र ‘कांग्रेस दर्शन’ में सोनिया गांधी पर लिखे गए आपत्तिजनक लेख ने माहौल को गर्म बना दिया है. सोनिया के बारे में लिखे गए इस लेख में जवाहरलाल नेहरू से लेकर उनके पिता तक के बारे में कई विवादित बाते लिखी हैं, जिसे विपक्ष अपना हथियार बनाने की तैयारी में जुट गया है.

लगातार बीजेपी सरकार पर हमला कर रही कांग्रेस पार्टी अब खुद निशाने पर नज़र आ रही है. मुंबई कांग्रेस के मुखपत्र ‘कांग्रेस दर्शन’ ने कांग्रेस आलाकमान के बारे में ही विवादित बाते लिखकर माहौल में गर्मी पैदा कर दी है. सोनिया पर लिखे गए इस लेख में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के कई फैसलों पर भी सवाल उठाए गए हैं. हालाँकि इस मामले में पत्रिका के संपादक संजय निरुपम ने सुधार की बात कही है और यह भी कहा कि वे इस बात पर ध्यान देंगे कि भविष्य में इस तरह की कोई गलती न हो सके.

इस लेख में स्पष्ट लिखा गया है कि सोनिया के पिता फासिस्ट सिपाही थे. साथ ही कहा गया है कि सोनिया ने 1998 में सरकार बनाने की असफल कोशिश की थी. यही नहीं पत्रिका में छपे इस लेख में पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू के फैसलों पर भी सवाल उठाया गया है. लिखा गया है कि यदि नेहरू ने सरदार पटेल की बात मानी होती तो आज कश्मीर, तिब्बत, चीन और नेपाल की समस्या नहीं होती.

अब इस मामले में संपादक संजय निरुपम गलती न दोहराने के आश्वासन के अलावा कुछ बोल नहीं पा रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस मामले में कार्रवाई होगी. और पूरी कोशिश होगी कि भविष्य में इस तरह की कोई गलती न हो. आज कांग्रेस के 131वें स्थापना दिवस के मौके पर इस तरह के लेख के सामने आ जाने से विपक्ष को भी अच्छा मौका मिल गया है, जिसे भुनाने की पूरी तैयारी चल रही है.

10 करोड़ की तैयारी करें केजरीवाल- बीजेपी

Bureau@Navpravah.com

डीडीसीए घोटाले में जांच के लिए बनाए गए आप सरकार के आयोग में वित्त मंत्री अरुण जेटली का नाम नहीं है. इस मामले को लेकर अब भाजपा ने आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविन्द केजरीवाल को घेरना शुरू कर दिया है.

इस सन्दर्भ में रविवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाया, जिसमे भाजपा के प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने केजरीवाल पर हल्ला बोलते हुए कहा कि इस मामले में केजरीवाल ने गलत नंबर डायल कर दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब केजरीवाल इस मामले में मानहानि के 10 करोड़ रूपए देने के लिए तैयार हो जाएं.

इसी मामले में भाजपा सांसद एम. जे. अकबर ने कहा कि केजरीवाल जी ने जिस फाइल के आधार पर जेटली जी पर आरोप लगाया है, उसकी सारी सच्चाई सामने आ गई. उन्होंने प्रश्न किया कि खुद केजरीवाल के जांच आयोग ने जेटली का नाम क्यों नहीं लिया? उन्होंने कहा कि इस मामले में जेटली का नाम उछालने वाले केजरीवाल को अब सार्वजनिक तौर पर उनसे माफी मांगनी चाहिए.

हालाँकि भाजपा के प्रेस कांफ्रेंस के बाद भी केजरीवाल शांत नहीं हुए और उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘आप और भाजपा में यही फर्क है. आप पुष्ट सबूतों के आधार पर तेज और ठोस कार्रवाई करती है, जबकि भाजपा भ्रष्टाचार का बचाव करती है और जांच से दूर भागती है.’

विकलांग नहीं, दिव्यांग कह कर संबोधित करें- नरेंद्र मोदी

ShikhaPandey@Navpravah.com

वर्ष 2015 की आखिरी “मन की बात” में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी देशवासियों को क्रिसमस व नववर्ष की शुभकामना देते हुए कामना की कि वर्ष 2016 सभी के लिए मंगलमय हो और भारत ही नहीं पूरा विश्व आतंकवाद ,प्राकृतिक आपदाओं,ग्लोबल वार्मिंग इत्यादि से मुक्त हो।

प्रधानमंत्री ने स्वच्छता अभियान को लगातार सफल बनाने के लिए  देशवासियों की प्रशंसा की और देशवासियों को जागरूक बनाने हेतु मीडिया के योगदान को सराहा।
मध्यप्रदेश सीहोर भोजपुरा के एक बुज़ुर्ग मजदूर दिलीप सिंह मालवीय का अभिनन्दन करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि दिलीप ने बिना कोई मजदूरी लिए अपने परिश्रम से भोजपुरा गाँव में 100 से अधिक शौचालय बनवाए।

प्रधानमंत्री ने बताया कि 1000 दिनों में देश भर में बिजली पहुँचने का संकल्प अपने प्रगति पथ पर निरंतर बढ़ रहा है और हर नए दिन किसी नए गाँव में बिजली पहुँचने की खबर सुन कर बेहद ख़ुशी मिलती है,क्योंकि अँधेरे में जी रहे लोगों के लिए बिजली मिलना अत्यंत उत्साह व बहुत बड़ी ख़ुशी का विषय है।उन्होंने मीडिया से अनुरोध किया कि वो इस प्रगति को जनता तक पहुंचाएं ताकि इस दिशा में काम कर रहे लोगों को भी संतुष्टि मिले कि उनकी मेहनत सफल हो रही है और जनता भी अपने हक़ को जाने ।
उन्होंने देशवासियों से अनुरोध किया कि वे नरेंद्र मोदी ऐप सर जुड़ें और अपने महत्त्वपूर्ण सुझाव इस ऐप द्वारा प्रधानमंत्री तक सीधे पहुंचाएं।

‘स्टार्ट अप इंडिया स्टैंड अप इंडिया’ मुहीम की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री बोले कि 16 जनवरी 2016 को सरकार इस मुहीम का पूरा एक्शन प्लान लांच करने वाली है।अधिक से अधिक नौजवान अपने इनोवेटिव सुझावों के साथ आगे आएं।सिर्फ IT ही नहीं मैन्युफैक्चरिंग, सर्विस सेक्टर, एग्रीकल्चर इत्यादि सभी क्षेत्रों में युवाओं को अवसर प्रदान करने के लिए इस प्रोग्राम को लांच किया जा रहा है।देश के सभी IIT,IIM,NIIT व सेंट्रल यूनिवर्सिटीज़ को इस कार्यक्रम से लाइव जोड़ा जायेगा।

12 जनवरी को विवेकानंद जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ के राय पुरमें मनाये जा रहे युथ फेस्टिवल के लिए भी उन्होंने युवाओं से नए सुझाव मांगे जिसकी इस वर्ष की थीम है  युथ ऑफ़ स्किल डेवलपमेंट एंड हारमनी।

अहमदाबाद के विजुअली चैलेंज्ड टीचर दिलीप चौहान के एक्सेसिबल इंडिया कैंपेन का ज़िक्र करते हुए मोदी बोले कि समाज ने समय समय पर ऐसे लोगों के लिए नए नए शब्दों का प्रयोग किया है,हैंडीकैप्ड,डिसेबल्ड,स्पेशली एबल,विकलांग इत्यादि ।परंतु यदि गौर करें तो ईश्वर ने इन लोगों को कुछ खास शक्ति भी दी होती है जो आम लोगों में नहीं होती।इसलिए इन्हें ‘विकलांग’कहने की बजाय हम क्यों न इन्हें ‘दिव्यांग’ कह कर संबोधित करें?उन्होंने देशवासियों से अनुरोध किया कि सुगम्य भारत अभियान को व्यापक बनाते हुए हम इन दिव्यांग लोगों के जीवन को सुगम बनाने का संकल्प लें।

प्रधानमंत्री ने बताया कि आज ‘पहल’ अभियान के कारण करोड़ों रुपये बिना किसी बिचौलिए के सीधा गैस उपभोक्ताओं के अकाउंट में पहुँच  रहे हैं और भारत की इस सबसे बड़ी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रान्सफर स्कीम को गिनीज बुक ऑफ़ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज़ किया गया है।

गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की कि छोटे बड़े सभी विद्यालय, महाविद्यालय,गांव,शहर,’कर्त्तव्य’ इस विषय पर अपने विचार उन तक पहुंचाएं तथा जन जन को तंत्र से व तंत्र को जन जन से जोड़ने का प्रयास करें।

आईएसआईएस को रोकने के लिए बनवाओ राम मंदिर- तोगड़िया

Bureau@Navpravah.com

विश्व हिन्दू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया ने भारत में आईएसआईएस के प्रचार-प्रसार को रोकने के लिए अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को ज़रूरी बताया. उन्होंने यह बात जबलपुर में आयोजित वीएचपी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की एक बैठक में कहा. तोगड़िया ने कहा कि आईएसआईएस के झंडे को रोकने और देश को सीरिया बनने से रोकने के लिए राम मंदिर का बनना जरूरी है.उन्होंने कहा कि इससे आम जनता के मन की दहशत तो ख़त्म होगी साथ ही देश का विकास भी होगा.

जबलपुर में आयोजित वीएचपी की एक बैठक में तोगड़िया ने कहा कि देश हिन्दू बाहुल्य है फिर भी इस देश में हिन्दुओं की सुनने वाला कोई नहीं है. यह एक बड़ी विचित्र और दुःखद स्थिति है. उन्होंने देश में हिन्दुओं की स्थिति पर चर्चा के दौरान यह बात कही. आईएसआईएस के बढ़ रहे आतंक पर उन्होंने कहा कि देश में राम मंदिर के बन जाने से आईएसआईएस के आतंक के प्रचार-प्रसार को रोका जा सकता है.

बैठक में प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि राम मंदिर बनाने का एक ही रास्ता है, संसद में मंदर निर्माण के लिए कानून बनाया जाए. जिस दिन राम मंदिर बनवाने का कानून बनकर पास हो जाएगा उस दिन से वो खुद मोदी की विजय के लिए झंडा लेकर घूमना शुरू कर देंगे.

गौरतलब है कि कुछ समय से अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए पत्थर इकठ्ठा किए जाने की ख़बर आ रही है. जिस पर बाबरी मस्जिद के एक मुद्दई ने स्पष्ट कहा था कि यदि ऐसा कुछ भी होता है तो वे भी मस्जिद निर्माण के लिए पत्थर तराशना शुरू कर देंगे. जिसके बाद अयोध्या का माहौल गर्म होता नज़र आ रहा है.

रविवार 11 बजे प्रधानमंत्री करेंगे ‘मन की बात’

Bureau@Navpravah.com

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार सुबह 11 बजे आकाशवाणी के कार्यक्रम ‘ मन की बात’ में अपने विचार आम जनमानस के साथ साझा करेंगे. सम्बंधित जानकारी स्वयं पीएम मोदी ने ट्वीट के ज़रिए दी.

कार्यक्रम ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर अपनी बात रखते हैं और तमाम सामाजिक समस्याओं को लेकर वे आम जनता के सुझाव भी आमंत्रित करते हैं. ‘मन की बात’ कार्यक्रम का यह 15वां संस्करण होगा.

कार्यक्रम का प्रसारण रविवार सुबह 11.00 बजे आकाशवाणी के सभी केंद्रों और दूरदर्शन के सभी केंद्रों से किया जाएगा. इस कार्यक्रम का प्रसारण शाम 8.00 बजे सभी क्षेत्रीय भाषायी रेडियो स्टेशनों से भी किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री कार्यालय और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तथा दूरदर्शन न्यूज के यू-ट्यूब चैनल पर भी लाइव उपलब्ध होगा.
पीएम मोदी ने इससे पहले 29 नवंबर और 25 अक्तूबर को मन की बात की थी. इस कार्यक्रम का पहला प्रसारण 03 अक्तूबर 2014 को किया गया था.

मोदी के स्वागत से बौखलाया हाफ़िज़

AmitDwivedi@Navpravah.com
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अचानक पाकिस्तान यात्रा और पाकिस्तानी प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ द्वारा किए गए भव्य स्वागत से कुख्यात आतंकी हाफ़िज़ सईद तिलमिलाया हुआ है. उसकी बौखलाहट का पता तब चला, जब उसने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने दुश्मन का ऐसा स्वागत क्यों किया? मोदी का स्वागत करने पर नवाज शरीफ को देश को सफाई देनी चाहिए.

पाकिस्तानी प्रधानमंत्री द्वारा नरेंद्र मोदी के भव्य स्वागत से हाफ़िज़ सईद बौखलाया हुआ है. प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ ज़हर उगलते हुए उसने कहा कि यह वही मोदी है, जिसने कुछ दिन पहले बाग्लादेश जाकर पाकिस्तान तोड़ने का ऐलान किया था. यह शख्स पाकिस्तान में आतंक फैलाने का कोई मौका हाथ नहीं जाने देता. हाफ़िज़ ने आगे कहा कि सुबह मोदी ने काबुल में अफगानिस्तान को पाक के खिलाफ भड़काया और दोपहर में वो पाकिस्तान चले आए.

किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पिछले करीब 12 साल में पहली पाक यात्रा थी. पहली बार पाकिस्तान की धरती पर कदम रखखर पीएम मोदी ने नवाज शरीफ को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं दी और उनके साथ बातचीत की. बातचीत में दोनों देशों के लोगों के व्यापक कल्याण के लिए शांति के मार्ग खोलने के बारे में निर्णय किया गया.

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को काबुल से एक ट्वीट के ज़रिए सबको चौंका दिया. उन्होंने लिखा कि वह नवाज शरीफ की 66वीं वषर्गांठ पर उन्हें बधाई देने के लिए लाहौर जा रहे हैं. मोदी ने ट्वीट किया, ‘प्रधानमंत्री नवाज शरीफ से आज दोपहर को मिलने को आशान्वित हूं जहां मैं दिल्ली लौटते हुए रूकूंगा.’

नहीं रहीं ‘साधना’

ShikhaPandey@Navpravah.com

असली नक़ली, हम दोनों, मेरे मेहबूब, वो कौन थी और वक़्त जैसी तमाम फिल्मों में अपनी हसीन अदाओं का जादू बिखेरने वाली मशहूर अभिनेत्री साधना हमारे बीच नहीं रहीं। शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे लंबी बीमारी के चलते उनका मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। साधना 74 वर्ष की थीं।

साधना का जन्म 2 सितम्बर 1941 में संयुक्त भारत के कराची शहर में हुआ था। साधना ने अपने फ़िल्मी करियर की शुरुआत एक सिंधी फ़िल्म से की थी, जिसमें उन्होंने शीला रामानी की छोटी बहन की भूमिका निभाई थी। साधना बॉलीवुड में 35 से ज़्यादा फिल्मों में प्रमुख भूमिका में नज़र आईं।

नंदा, बबिता, सायरा बानो, आशा पारेख, शर्मीला टैगोर जैसी खूबसूरत अदाकाराओं से कड़ा मुक़ाबला होने के बावजूद साधना 60 के दशक की शीर्ष अदाकारा थीं। उन्होंने उस दशक के सभी दिग्गज कलाकारों जैसे देव आनंद, राजेंद्र कुमार, शम्मी कपूर, राज कुमार, मनोज कुमार इत्यादि के साथ अभिनय किया।

60 के दशक में साधना के आउटफिट से प्रभावित होकर लगभग सभी लड़कियों ने घुटने तक लंबे चुस्त कुर्ते और चूड़ीदार सलवार पहनना शुरू कर दिया था।साधना का यह पहनावा उन्होंने खुद डिज़ाइन किया था, जो सन 60 के दशक की पहचान बन गया।

बुरखे से झाँकती उनकी खूबसूरत आँखें फ़िल्म ‘मेरे मेहबूब’ के बाद से खासी चर्चा का विषय बन गयी थीं। उनकी हेयर स्टाइल ने फ़िल्म ‘लव इन शिमला’ से ही सुर्खियां बटोरनी शुरू कर दी थी और 60 के दशक में तो साधना कट इतना मशहूर हो गया कि भारत की गली गली में लड़कियां वो हेयर कट कराने लगी थीं। इस फ़िल्म में उन्हें ये हेयर स्टाइल इसलिए दी गई थी ताकि उनका चौड़ा माथा छुपाया जा सके लेकिन दर्शकों ने इस हेयर स्टाइल को इस हद तक पसंद किया कि यह कट साधना की पहचान बन गया।

‘लव इन शिमला’ साधना की पहली हिंदी फ़िल्म थी जिसमें, उन्होंने जॉय मुखर्जी के साथ अभिनय किया। इस फ़िल्म के डायरेक्टर आर.के.नैयर थे, जिनके साथ उनका प्रेम परवान चढ़ा और नैयर के साथ 1966 में उन्होंने विवाह किया।

70 के दशक में भी उन्होंने कई फिल्मों में काम किया जिनमें से एक फ़िल्म उन्होंने खुद डायरेक्ट भी की थी।पर फिल्मों से सन्यास ले लेने के बाद वे फ़िल्म समारोहों व मीडिया से दूर ही रहीं। साधना की कोई संतान नहीं थी। आर.के. नैयर भी वर्ष 1995 में उनका साथ छोड़ दुनिया को अलविदा कह गए। पूर्ण रूप से एकाकी जीवन जी रही साधना वर्ष 2014 में रणबीर कपूर के साथ आखिरी बार एक कार्यक्रम में अपनी उसी बेमिसाल खूबसूरती और हेयर कट के साथ नज़र आई थीं।

परख, एक मुसाफिर एक हसीना, मेरा साया, मेरे मेहबूब, वो कौन थी, वक़्त, हम दोनों जैसी कई बेहतरीन फिल्में हमेशा लोगों के दिलों पर राज करती रहेंगी। नैना बरसे, लग जा गले, कौन आया, अभी न जाओ छोड़ कर जैसे उनके सदाबहार नगमे लोगों के होंठों पर हमेशा सजे रहेंगे। झुमका गिरा रे गीत पर उनका वो चुलबुला नाच दर्शक कभी भूल नहीं पाएंगे।

“भारत अफगानिस्तान से फ़िल्म ज़ंजीर जैसी दोस्ती निभाएगा”

ShikhaPandey@Navpravah.Com

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अफगानिस्तान में नए संसद भवन के उद्घाटन के अवसर पर पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि अफगानिस्तान की प्रगति तभी संभव है जब सीमाओं पर से आतंकवाद समाप्त हो और आतंकवाद की नर्सरी एवं शरण स्थान ख़त्म हों।

उन्होंने इस बात की घोषणा की कि भारत यदि अफगानिस्तान में है तो अफगानिस्तान का सहयोग करने के लिए है, उससे मुक़ाबला करने के लिए नहीं,मज़बूत भविष्य की नींव रखने के लिए है,वैमनस्य की आग भड़काने के लिए नहीं।प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आतंक और हिंसा कभी भी एक संघर्षरत देश का मज़बूत भविष्य साकार करने का जरिया नहीं बन सकते और न ही जनता की पसंद पर अपना हुक्म थोप सकते हैं।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ घनी की मौजूदगी में आज अफगानिस्तान की नयी संसद भवन इमारत का उद्घाटन किया व दोनों सदनों को संबोधित किया।यह इमारत भारत द्वारा अफगानिस्तान को भेंट दी गई है जिसे 9 करोड़ डॉलर यानी कि 6 अरब की लागत से बनाया गया है।

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में प्रधानमंत्री ने अमिताभ बच्चन की फिल्म जंजीर का ज़िक्र भी किया जिसमें पठान शेऱखान और अमिताभ की दोस्ती की कहानी है।
उन्होंने बताया कि भारत भी अफगानिस्तान के साथ वैसी ही दोस्ती निभाएगा जैसी शेऱखान और अमिताभ ने फ़िल्म “जंजीर” में निभाई थी.

आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 91वें जन्मदिन के उपलक्ष्य में संसद की इस इमारत में एक ब्लॉक का नाम “अटल ब्लॉक”रखा गया है व प्रधानमंत्री ने अपने वक्तव्य में बताया भी कि इस इमारत के उद्घाटन का इससे अच्छा अवसर हो भी नहीं सकता था।

गौरतलब है कि इस इमारत का निर्माण कार्य वर्ष 2007 में शुरू किया गया था जिसका सपना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी व अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करज़ई ने मिल कर देखा था।