28 C
Mumbai
Thursday, September 10, 2026
Home Blog Page 1254

फ़िल्मी सब्ज़बाग दिखाकर मॉडल के साथ गैंगरेप, पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार

आनंद द्विवेदी

फिल्मों में करियर की तलाश ने एक नवोदित मॉडल का जीवन नरक बना दिया। मामला नई दिल्ली की रहने वाली एक लड़की का है, जिसके साथ फ़िल्मी सब्जबाग दिखाकर कथित तौर से न केवल गैंगरेप किया गया बल्कि उसे शरीर पर कई जगह सिगरेट से दागा भी गया। गलत संपर्क में फंसी इस युवती के साथ हुए अत्याचार के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।

दरअसल पीडिता की फेसबुक पर एक शख्स से मुलाक़ात हुई, जिसने इस युवती को फिल्मों में काम दिलाने के सब्जबाग दिखाकर 9 मार्च को पुणे बुलाया। मॉडल उसी तारीख को पुणे पहुंची तो फेसबुक वाले दोस्त ने लड़की को एक व्यक्ति से मिलवाया, जिसे वो अपना बॉस बता रहा था। फेस्बुकिये दोस्त ने लड़की को फ़िल्मी दुनिया में कदम रखने के लिए बॉस के साथ शारीरिक सम्बन्ध बनाने के लिए कहा। जब लड़की ने इसका विरोध करना शुरू किया तो इन्ही कबूतरबाज आरोपियों ने लड़की के शरीर को सिगरेट से जलाना शुरू किया, उसके साथ बेरहमी से मार-पीट भी की, और चार लोगों ने मिलकर पीड़िता के साथ सामूहिक बलात्कार किया।

लड़की किसी प्रकार से इन दरिंदों के चंगुल से भाग खड़ी हुई और दिल्ली पहुंची जहाँ पर उसने सीधे एक हॉस्पिटल में पहुंचकर पुलिस को बुलवाया और सारी जानकारी दी। पुलिस थाने में FIR दर्ज करवाई गई और बयानात दिए गए। कोटला मुबारकपुर थाने में पुलिस ने तीन व्यक्तियों के विरुद्ध जीरो FIR पंजीकृत की और मामला पुणे पुलिस को स्थानांतरित कर दिया।

मार्च के संतिम सप्ताह में ये केस पुलिस के पास आया था। दिल्ली पुलिस प्रेमनाथ ने बताया कि पीड़िता की उम्र 24 वर्ष है और वह एक स्ट्रगलिंग मॉडल है। इसे ड्रग्स देकर पीटा जाता रहा है। इस मॉडल की भागने में एक अन्य महिला ने सहायता की जोकि स्वयं उन दरिंदो के चंगुल में पिछले एक वर्ष से फंसी थी।

बंद हो सकती है ‘जग्गा जासूस’ की शूटिंग!

ऋचा अरविन्द
चौंकाने वाली ख़बर है कि अनुराग बासु की बहुप्रतीक्षित फ़िल्म जग्गा जासूस बीच में ही ठन्डे बस्ते में जा सकती है। दरअसल अनुराग इन दिनों फ़िल्म की शूटिंग के दौरान हो रहे कोल्ड वार से परेशान हैं।
सूत्रों की मानें तो रणबीर और कैटरीना कैफ ने अनुराग बासु की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रणबीर और कैटरीना के ब्रेकअप का असर बासु की फ़िल्म जग्गा जासूस की शूटिंग पर पड़ता नज़र आ रहा है। कैट-रणबीर के इस शीत युद्ध की वजह से परेशान अनुराग इन दोनों कलाकारों से फ़िल्म को बीच में ही बंद करने के बारे में पूछ भी चुके हैं।
दरअसल सोमवार रात फ़िल्म के एक सीन में ऊंचाई से कूदना था, जिसको लेकर कैटरीना काफी परेशान थीं। सेट पर सभी कैटरीना को उत्साहित कर रहे थे। इस बीच रणबीर ने भी कैटरीना से कहा कि कैट यू कैन डू इट ( कैटरीना तुम ये कर सकती हो)। मामला मज़ाक से गंभीर तब हो गया जब कैट ने रणबीर को पलटकर जवाब दिया ‘ आई कान्ट ट्रस्ट ऑन यू एनीमोर’ (मैं तुम पर अब विश्वास नहीं कर सकती)।
इस बात ने अनुराग को एक बार और परेशान कर दिया। सूत्रों की मानें तो रोज़ के इस तरह की बातों से अनुराग आजिज़ आ चुके हैं। सूत्र बताते हैं कि कभी कभी सेट का माहौल इन दोनों कलाकारों की वजह से खराब हो जाता है।

एक ज़िदगी को बचाने की जंग है “ट्रैफिक” : मनोज बाजपेयी

एंटरटेनमेंट डेस्क
सोशल मीडिया पर मनोज बाजपेयी ने अपनी आनेवाली फिल्म ट्रैफिक का फर्स्ट लुक जारी किया है। जो कि एक सच्ची घटना पर आधारित है। ट्रैफिक एक इमोशल थ्रिलर फिल्म है। फिल्म मुंबई से पुणे की सड़क यात्रा पर आधारित एक सच्ची घटना पर आधारित है। फिल्म की पेचीदगी और खूबसूरती दोनों यही कि इसकी शुरुआत में फिल्म के सारे किरदार मुंबई के एक ही ट्रैफिक सिग्नल पर खड़े थे। इसी सिग्नल के बाद एक छोटी सी घटना के बाद सभी की ज़िंदगियां कैसे बदल जाती है और कौन-कौन सी घटनाएं घटी इसी पर पूरी फिल्म आधारित है।
फर्स्ट लुक में मनोज बाजपेयी एक कांस्टेबल की वर्दी में दिखाई दे रहे हैं। अपने इसी लुक को जारी एक फोटो के साथ करते हुए मनोज बाजपेयी ने ट्वीट किया  “जिंदगी को बचाने के लिए 150 मिनट का समय लग गया, जिसने इतिहास बना दिया”। फिल्म के पोस्टर ने एक नए कथानक को लेकर कौतुहल सा जगा दिया है।
ट्रैफिक का पोस्टर जारी करते हुए मनोज बाजपेयी थोड़ा भावुक हो गए। मनोज ने लिखा हमें डायरेक्टर की कमी खल रही है। खासकर इस मौके पर उनकी बहुत याद आ रही है।
आपको बता दें कि फिल्म की स्टारकास्ट बहुत ही शानदार है। मनोज बाजपेयी के साथ फिल्म में जिमी शेरगिल, दिव्या दत्ता और सचिन खेड़ेकर हैं। इन सभी को राष्ट्रीय स्तर के कई सम्मान मिल चुके हैं। 6 मई को रिलीज हो रही ट्रैफिक फिल्म का निर्देशन स्वर्गीय राजेश पिल्लई ने किया है।

खाईं में गिरी जीप, 8 यात्रियों की मौत

ब्यूरो
नेपाल के डोटी जिले के खडमा नामक स्थान पर एक जीप के करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिरने से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सात यात्री घायल हो गए।
नेपाल से मिली सूचना के अनुसार गत देर रात्रि डोटी जिले के बनिदुब्रिसेन से उन्चाकोटी को 15 सावरिया लेकर जा रही जीप खाडमा के पास सडक से पलट कर 250 मीटर गहरी खाई में गिर गई।
दुर्घटना में जीप में सवार सावित्री पंत (52 वर्ष), गणेश राज पंत (61 वर्ष), गुड्डी पंत (55 वर्ष), डॉ. जयराज पंत (72 वर्ष), कौशल्या पंत (49 वर्ष), हिरना देवी (36 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चालक तेज बहादुर (34 वर्ष) और जानकी टमटा (14 वर्ष) ने अस्पताल में दम तोड़ा। घायलों में लक्ष्मी नेपाली, मानबहादुर टम्टा, अनिल, कलावती, नर्मदा देवी, गौरख पंत और धौली टम्टा शामिल हैं।
घायलों को एल सुजंग अस्पताल डडेलधुरा और कैलाली जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है। डोटी के प्रहरी प्रमुख दिलीराज बिष्ट ने बताया की घटना की जानकारी देर से मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के जवान बचाव कार्य में जुट गए थे।

साल 2009 के पहले के पीएचडी/एमफिल की उम्मीदवारों को मिली सौगात, पुराने नियम से होगी नियुक्ति

आनंद द्विवेदी
मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने एक अहम फैसला लेते हुए वर्ष 2009 से पहले के एमफ़िल व पीएचडी पंजीकृत उम्मीदवारों को नेट परीक्षा से छूट देकर सौगात दे दी है। यद्यपि इसे लेकर कुछ शर्तें भी लगाईं गई हैं। UGC के 11 जुलाई 2009 के नियमानुसार असिस्टेंट प्रोफ़ेसर पद के लिए नेट अनिवार्य किया गया था।
मानव संसाधन मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि 11 जुलाई 2009 से पहले के पंजीकृत एमफ़िल और पीएचडी धारक उम्मीदवारों के लिए शिक्षक नियुक्ति के पुराने नियम ही लागू होंगे। इसके लिए उन्हें नेट या इसके समकक्ष राज्य की परीक्षा उत्तीर्ण करने की अब कोई जरूरत नहीं है। इसके बिना भी उनकी नियुक्ति बतौर सहायक प्रोफेसर विश्विद्यालय के द्वारा की जा सकती है। इस बाबत कुछ शर्तें भी लागू होंगी।
शर्तों  के मुताबिक़ असिस्टेंट प्रोफेसर नियुक्त किये जाने के लिए पीएचडी की डिग्री रेगुलर तरीके से मिली होनी चाहिए, जिसकी जांच में दो बाह्य विशेषज्ञों का अनिवार्यतः होना चाहिए। साथ ही डिग्री का ओपन वाइवा हुआ होना चाहिए।
उम्मीदवार दो शोध पत्र प्रकाशित कर चुका हो, जिसमें एक किसी जर्नल में प्रकाशित हुआ हो। इसके साथ ही कम से कम दो सेमिनार्स या कांफ्रेंसेस में उम्मीदवार ने प्रेजेंटेशन भी दिया हो। उक्त सभी शर्तें कुलपति,डीन, या प्रो कुलपति द्वारा प्रमाणित होने पर ही मानी होंगी।
मंत्री ने कहा कि जो भी पीएचडी धारक इसके लिए आन्दोलनरत थे उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। वो भी बतौर फैकल्टी नियुक्त किये जाने के अधिकारी होंगे।  सरकार ने पीएचडी धारकों की समास्याओं को सहानुभूति पूर्वक निराकृत करने का कदम उठाया है।
गौरतलब है कि इस समस्या से जूझ रहे आंदोलनकारी पीएचडी धारक मंत्री से मिल चुके थे और अपनी समस्या को उनके सामने रख चुके थे। उन्हें सरकार की तरफ से बड़ी राहत प्रदान की गई है।

भारत और अमेरिका साझा करेंगे मिलिट्री बेस,अहम समझौता

ब्यूरो
भारत और अमेरिका के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। इस समझौते के मुताबिक़ दोनों देशों की सेनाएं एक दूसरे के मिलिट्री बेस का इस्तेमाल कर सकेंगी। इस समझौते पर आगामी कुछ हफ़्तों में हस्ताक्षर भी हो जाएंगे। रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने स्पष्ट किया कि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि भारत की ज़मीन पर अमेरिकी सैनिकों की तैनाती रहेगी।
इस मुद्दे पर यूपीए सरकार के दौरान ही समझौता होना था लेकिन किसी वजह से हो नहीं पाया था। भारत दौरे पर आए अमेरिका के रक्षा सचिव एस्टन कार्टर और भारतीय रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने मामले पर सहमति जताई और स्पष्ट किया कि आगामी कुछ हफ़्तों में दस्तावेजों पर दस्तखत भी हो जाएंगे।
द्विपक्षीय रक्षा समझौते को मजबूती देते हुए भारत और अमेरिका दोनों ने नौवहन की स्वतंत्रता और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कानून की जरूरत पर बल दिया है। ऐसा अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि दक्षिण चीन सागर में चीन की बढ़ती दखलअंदाजी को देखते हुए ऐसा किया जा रहा है।
रक्षा सम्बंधी समझौते पर रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा कि चूंकि हमारे बीच सहयोग बढ़ रहा है, इसलिए इस तरह के समझौते को लागू करने के लिए हमें व्यवस्था बनानी होगी। उन्होंने कहा कि वे और कार्टर आगामी महीने में लॉजिस्टिक एक्सचेंज मेमोरेंडम ऑफ एग्रीमेंट (एलईएमओए) करने को सहमत हैं।

धार्मिक स्थलों पर हनीमून मनाने की वजह से आती है तबाही- स्वरूपानंद सरस्वती

ब्यूरो
द्वारका-शारदा पीठ के शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती ने इन दिनों विवादित बयानों की झड़ी लगा दी है। स्वामी ने इस बार उन लोगों को निशाने पर लिया जो धर्मस्थल पर हनीमून मनाने जाते हैं। स्वामी ने इसे बिल्कुल गलत बताया है और कहा कि इन्ही कृत्यों की वजह से प्राकृतिक आपदाएं आती हैं।
एक अंग्रेज़ी दैनिक के अनुसार शंकराचार्य ने कहा कि केदारनाथ में आए भीषण बाढ़ की बड़ी वजह वहाँ हनीमून पर जाने वाले कपल्स हैं। गौरतलब है कि इस भीषण दुर्घटना में तकरीबन 50  हज़ार लोगों की जान गई थी।
स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती ने आगाह किया कि हिन्दुओं के धार्मिक स्थलों के पर्यावरण को दूषित करने की प्रवृत्ति और भी आपदाओं की वजह बन सकती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर हनीमून और पिकनिक मनाना एक और बड़ी तबाही की वजह बन सकती है।
इस पूरे मामले पर केंद्रीय मंत्री एम वेंकैया नायडू ने शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती की टिप्पणी पर असहमति जताई है। नायडू ने ट्वीट किया कि मैं स्वामी के उन विचारों से सहमत नहीं हूँ, जिसमे वे किसी की पूजा को शुभ अशुभ बताते हैं। हर व्यक्ति अपनी श्रद्धा के आधार पर पूजा करता है।

आज का राशिफल- 13/04/2016

प्रोफ़ेसर एम. तिवारी

मेष (Aries): आज आपका दिन मिश्रफलदायी है। आपको आज नए कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी और नए कार्य प्रारंभ कर पाएंगे। आज आप के मन में परिवर्तन शीघ्र आएंगे, जिससे आपका मन कुछ दुविधायुक्त रहेगा।

⚜वृषभ (Tauras): हाथ में आया हुआ अवसर अनिर्णायकता के कारण खो सकते हैं। नया कार्य प्रारंभ न करें तो बेहतर। वाद-विवाद में आपके हठीले स्वभाव से घर्षण की संभावना। वाक्चातुर्य से किसी को रिझा सकते हैं।

⚜मिथुन (Gemini): दिन की शुरुआत प्रफुल्लित मन और स्वस्थ चित्त से होगा। सुंदर वस्त्र धारण करेंगे। आर्थिक दृष्टि से दिन लाभदायी। अधिक खर्च पर संयम रखें। किसी प्रियजन या मित्र से उपहार पाकर प्रफुल्लित रहेंगे।

⚜कर्क (Cancer): मानसिक अस्वस्थता का अनुभव करेंगे। किसी एक निश्चय पर पहुंच पाना मुश्किल होगा। सम्बंधियों के साथ अनबन हो सकती है। पारिवारिक कार्यों के पीछे खर्च होगा। अकस्मात से संभलकर चलें।

⚜सिंह (Leo): आज का दिन आपके लिए अच्छा। आपका मन विचारो में खोया रहेगा। नए कार्यों का आरंभ आज न करें। स्त्री मित्रों से भेंट होगी और उनसे लाभ भी होगा। व्यापार में लाभ होगा। धनप्राप्ति के योग हैं।

⚜कन्या (Virgo): आज का दिन शुभफलदायी। नए कार्यों का आयोजन सफल होगा। व्यापारी और वैतनिक कर्मचारियों के लिए लाभप्रद दिन है। उनकी पदोन्नति की संभावना। ऊपरी अधिकारियों से लाभ। धन, मान-सन्मान।

⚜तुला (Libra): आज आप बौद्धिक और लेखन के कार्यों में सक्रिय रहेंगे। नए कार्य के प्रारंभ के लिए दिन अच्छा है। लंबे प्रवास या धार्मिक स्थल की मुलाकात करने का प्रसंग उपस्थित होगा। स्वास्थ्य संभालना होगा।

⚜वृश्चिक (Scorpio): नए कार्यों का प्रारंभ न ही करें तो बेहतर। क्रोध पर संयम रखें। अनैतिक कामवृत्ति से दूर रहें। अधिक खर्च होने से हाथ तंग रह सकता है। ईश्वर की आराधना और नाम स्मरण से लाभ होगा।

⚜धनु (Sagittarius): आज आपका दिन सुखपूर्वक और आनंद से व्यतीत होगा। आज आप मनोरंजन की दुनिया की सैर करेंगे। पार्टी, पिकनिक, प्रवास, सुंदर भोजन और वस्त्र-परिधान आज के दिन की विशेषता। सम्मान और ख्याति।

⚜मकर (Capricorn): आप के व्यापार में आज विस्तार हो सकता है। इस दिशा में आप कदम आगे बढ़ाएंगे। धन के लेन-देन में सरलता होगी। घर में शांति और आनंद का वातावरण बना रहेगा। शत्रुओं पर विजय मिलेगी।

⚜कुंभ (Aquarius): आज कोई भी नया कार्य का प्रारंभ न करें तो बेहतर। आपके विचारो में परिवर्तन शीघ्र ही आएंगे। महिलाओं को अपनी वाणी पर संयम रखना हितकर होगा। यात्रा को यथासंभव टालें। आकस्मिक खर्च के योग।

⚜मीन (Pisces): अरुचिकर घटनाओं के कारण उत्साह में कमी आ सकती है। माता का स्वास्थ्य बिगड़ सकता है, जिससे चिंता होगी। आपका मन प्रफुल्लित नहीं रहेगा। अनिद्रा सताएगी। महिलाओं के साथ व्यवहार में सावधानी बरतें।

 

 

(अपनी समस्याओं का हल प्राप्त करने के लिए आप पंडित जी से 09919499991 पर संपर्क कर सकते हैं।)

देवनार के दौरे पर राहुल, कहा- सिर्फ स्वच्छ भारत का नारा लगाने से नहीं चलेगा काम

ब्यूरो

देवनार में लगी आग का दौरा करने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी भेी पहुंचे। चेम्बूर स्थित इस डम्पिंग ग्राउंड का हाल देखने के बाद गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा प्रहार किया। केंद्र सरकार के स्वच्छ भारत अभियान पर प्रश्न उठाते हुए राहुल ने कहा कि स्वच्छ्ता की बात करने वालों की नज़र इस भीषण प्रदूषण पर क्यों नहीं पड़ रही है।

मंगलवार को राहुल गांधी ने पत्रकारों से बातचीत की। देवनार डम्पिंग ग्राउंड का दौरा करने के बाद उन्होंने पत्रकारों को बताया कि सरकार और बीएमसी की लापरवाही की वजह से आम जनता टीवी और श्वास के तमाम रोगों से ग्रसित हो रही है। लेकिन सत्ता में बैठी सरकार इसे हल्के में ले रही है। राहुल ने कहा कि इस इलाके में ज़हरीली गैस का उत्सर्जन हो रहा है। जो यहां के लोगों के स्वास्थ्य के लिए एक बड़ी समस्या बन सकती है।

राहुल गांधी ने कहा कि सिर्फ स्वच्छ भारत अभियान का नारा लगाने से काम नहीं चलेगा। ज़मीनी हकीकत से दूर भाग रही है सरकार। कांफ्रेंस में उपस्थित मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने कहा कि डम्पिंग ग्राउंड की डम्पिंग लिमिट सन 2000 में ही ख़त्म हो गई थी लेकिन मनपा प्रशासन ने बिल्कुल ध्यान ही नहीं दिया। मनपा में बीजेपी और शिवसेना का गठबंधन है, जिसकी वजह से यह मनमानी देखने को मिल रही है। इस दौरान कुछ सामजिक कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी से मुलाक़ात कर उनसे यह ग्राउंड बंद करने की मांग की जिससे बढ़ रहे खतरे को रोका जा सके।

केरल: दाह संस्कार के बाद पता चला, ज़िंदा है बेटा

ब्यूरो

मामला केरल के कोल्लम जिले का हैं, जहां दाह संस्कार करने के बाद एक युवक जिन्दा हुआ है। दरअसल पुत्तिंगल मंदिर हादसे में एक परिवार द्वारा मृत बेटे के शव को अस्पताल से लाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया। हैरान कर देने वाली बात सामने तब आई जब उनके उसी बेटे का दाह संस्कार के बाद फोन आया कि हादसे में वो जीवित बच गया है।

अंग्रेजी अखबार की वेबसाईट हिन्दुस्तान टाइम्स के अनुसार, इस शख्स का नाम प्रमोद था। प्रमोद उसी ठेकेदार के लिए काम कर रहा था जिसने मंदिर में प्रतिबंधित आतिशबाजी का इन्तेजाम कर रखा था। मंदिर में इन पटाखों के फोड़े जाने पर हादसा हुआ था, जिसमे सौ से अधिक व्यक्तियों की मृत्यु हुई और अन्य सैकड़ों घायल हुए।

प्रमोद को अचेत हालत में अत्तिनगल हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था, जहां से होश आने के बाद उसने अपने घरवालों को कॉल किया था। प्रमोद का फोन आने पर उसका दाह संस्कार कर चुके घरवालों के होश फाख्ता हो गये। परिवार वालों ने घटना स्थल से किसी अन्य मृत व्यक्ति के शव का दाह संस्कार कर डाला था जिसे वो अपना बेटा प्रमोद समझ रहे थे।