29 C
Mumbai
Thursday, September 10, 2026
Home Blog Page 1238

स्मार्ट सिटी: मोदी सरकार की नई लिस्ट जारी, भागलपुर, लखनऊ और फरीदाबाद भी शामिल

शिखा पांडेय,

आज मोदी सरकार ने 13 और ऐसे शहरों के नामों की घोषणा की है, जिन्हें केंद्र के स्मार्ट सिटी मिशन के तहत विकसित किया जाएगा। इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश का लखनऊ, तेलंगाना का वारंगल तथा हिमाचल प्रदेश का धर्मशाला शामिल हैं।

चुने गए शहरों में चंडीगढ़, रायपुर (छत्तीसगढ़), न्यू टाउन कोलकाता, भागलपुर (बिहार), पणजी (गोवा), पोर्ट ब्लेयर (अंडमान निकोबार द्वीपसमूह), इंफाल (मणिपुर), रांची (झारखंड), अगरतला (त्रिपुरा) और फरीदाबाद (हरियाणा) शामिल हैं।

गौरतलब है कि ‘‘फास्ट ट्रैक कंपीटिशन’’ में 23 शहरों ने भाग लिया था। शहरी विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू ने इस प्रतिस्पर्धा की आज घोषणा की। इन 23 शहरों में सिर्फ 13 शहर ही प्रतिस्पर्धा में सफल हो सके। ये शहर उन राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से थे जिन्हें पहले चरण में प्रतिनिधित्व नहीं मिल सका था।

venkaiah naidu

नायडू ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘‘फास्ट ट्रैक कंपीटिशन’’ में चुने गए 13 शहरों ने कुल 30,229 करोड़ रूप के निवेश का प्रस्ताव दिया है। इसके साथ ही, 33 शहरों में स्मार्ट सिटी योजना के तहत प्रस्तावित निवेश अब 80,789 करोड़ रूपए हो गया है।

नायडू ने कहा कि सात राजधानी शहर जो प्रतिस्पर्धा के लिए 100 शहरों की लिस्ट में शामिल नहीं किए गए थे, वे अन्य शहरों के साथ अगले चरण में शामिल हो सकेंगे। इन शहरों में बिहार की राजधानी पटना, हिमाचल की राजधानी शिमला, छत्तीसगढ़ की राजधानी नया रायपुर, अरूणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर, आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती, कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू और केरल की राजधानी तिरूवनंतपुरम शामिल हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मेरठ और राय बरेली में से एक तथा जम्मू और श्रीनगर में से एक का मिशन के तहत मूल्यांकन किया जाएगा।

जो दस शहर इस प्रतिस्पर्धा में सफल नहीं हो सके वे हैं- पासीघाट (अरूणाचल प्रदेश), शिलांग (मेघालय), नामची (सिक्किम), दीव (दमन एवं दीव), औलगरेट (पुडुचेरी) सिलवासा (दादरा एवं नगर हवेली), कोहिमा (नगालैंड), एजल (मिजोरम), कवरत्ती (लक्षद्वीप) और देहरादून (उत्तराखंड) शामिल हैं। ये नगर अगले चरण में अन्य शहरों के साथ प्रतिस्पर्धा कर सकेंगे।

गौरतलब है कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत देश भर के 100 शहरों को 2019-20 तक स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा और केंद्र सरकार अगले पांच साल में 48,000 करोड़ रूपए का वित्तीय समर्थन मुहैया कराएगी। प्रतिस्पर्धा के विभिन्न चरणों में चुने गए प्रत्येक शहर को पहले वर्ष 200 करोड़ रूपए की केंद्रीय मदद मिलेगी, जबकि बाद के तीन वित्त वर्षों में हर साल 100 करोड रूपए मिलेंगे। स्मार्ट सिटी परियोजना में बेहतर सार्वजनिक परिवहन, आईटी कनेक्टिविटी, ई.गवर्नेंस और नागरिक हिस्सेदारी के अलावा बिजली एवं पानी की लगातार आपूर्ति, साफ सफाई और ठोस कचरा प्रबंधन प्रणाली आदि प्रमुख हैं।

मीका को कपिल का मेहमान बनना पड़ सकता है भारी

एंटरटेनमेंट डेस्क,

कॉमेडियन कपिल शर्मा के ‘द कपिल शर्मा शो ‘ का मेहमान बनना ‘कॉमेडी नाइट्स लाइव शो’ के जज व मशहूर सिंगर मीका सिंह को बहुत भारी पड़ सकता है।

खबर मिली है कि मीका का अपने ही शो के टक्कर में आने वाले ‘द कपिल शर्मा शो’ में शिरकत करना कलर्स को कुछ रास नहीं आया और कपिल का मेहमान बनने के बाद कलर्स ने मीका सिंह को नोटिस भेजा दिया है। फिलहाल मीका की तरफ से इस नोटिस का कोई जवाब नहीं भेजा गया है, पर लोगों में इस विषय पर चर्चा का माहौल एकदम गर्म है। हो सकता है, मीका को अपनी इस गलती के लिए ‘कॉमेडी नाइट्स लाइव शो’ से हाथ भी धोना पड़ जाए।

मीका ने वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और सिंगर कनिका कपूर के साथ शुक्रवार रात ‘द कपिल शर्मा शो’ के लिए शूटिंग की। मीका ने कहा,” मैं कपिल का भाई हूँ और उनके शो का बहुत बड़ा प्रशंसक हूँ। मैं उनसे काफी समय बाद मिला, क्योंकि तीन-चार गीत लांच करने हैं और गीतों का प्रचार करने के लिए ‘द कपिल शर्मा शो’ से अच्छा प्लेटफार्म और कोई नहीं ।” सूत्रों के अनुसार कलर्स ने ‘द कपिल शर्मा शो’ के प्रोड्यूसर्स को नोटिस भी भेजा है कि वो मीका सिंह को अपने शो में जज नहीं बना सकते।

गौरतलब है कि कलर्स चैनल के साथ हुए मतभेदों के बाद कलर्स पर कपिल का शो बदलकर ‘कॉमेडी नाइट्स लाइव’ दिखाया जा रहा है और कपिल सोनी चैनल पर अपना नया प्रतिद्वंदी शो लेकर आ चुके हैं ‘द कपिल शर्मा शो’।

मीका से जब कपिल के शो पर आने के बारे में पूछा गया तो मीका ने कहा, “शो अब शुरू हुआ है, लेकिन हमारी दोस्ती पिछले 10 सालों से है। यह अच्छा है कि दोनों शोज़ अच्छे चल रहे हैं। पाजी का शो नंबर वन है। मैं उनके शो पर हूँ, इससे बड़ी बात और क्या होगी।”

नजफगढ़ में एयर एम्बुलेंस की क्रैश लैंडिंग, 2 यात्री घायल

ब्यूरो,
दिल्ली के नजफगढ़ में एल केमिस्ट फार्मा कंपनी के एक एयर एंबुलेंस ने क्रैश लैंडिंग की है। इस एयर एंबुलेंस में 7 लोग सवार थे। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इनमें से 5 सुरक्षित हैं, जबकि 2 लोगों के घायल होने की खबर है,। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक एयर एम्बुलेंस जो पटना से एक मरीज़ दिल्ली लेकर आ रहा था, उसकी क्रश लैंडिंग करानी पड़ी। इस एयर एंबुलेंस ने नजफगढ़ के कैर गांव में एक खेत में क्रैश लैंडिंग की। लैंडिंग करीब 2.45 बजे हुई। हादसे में 2 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें राव तुला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीजीसीए से प्राप्त जानकारी के मुताबिक़ पायलट ने कहा कि इसके दोनों इंजन फेल हो गए थे। ये दिल्ली एयरपोर्ट से 6 नॉटिकल मील दूर रह गया था। एटीसी ने स्पष्ट किया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं। घायल यात्रियों का उपचार किया जा रहा है।

आस्था की आड़ में हैवानियत, बहला-फुसलाकर महिलाओं का यौन शोषण करता था बाबा

अनुज हनुमत, 

बाराबंकी,

निःसंतान महिलाओं से बहला फुसलाकर बलात्कार करने वाले बाबा परमानन्द को आज बाराबंकी पुलिस ने देवां के मितई इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी बाबा परमानन्द सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से आश्रम आने वाली महिलाओं का चुनाव करता था, इसके बाद बहला फुसलाकर उनका यौन शोषण करता था और उनका अश्लील वीडियो भी बनाता था।

बाबा इस पूरे घिनौने खेल में तंत्र-मंत्र का और अपने प्रभाव का प्रयोग करता था। पुलिस के अनुसार इस समय आरोपी बाबा के खिलाफ 8 अश्लील वीडियो हैं, जिनकी जाँच की जा रही है। फिलहाल अभी तक बाबा ने पूछताछ में कुछ नही बताया है।

कुछ ही देर में बाबा परमानन्द को अदालत में पेश किया जायेगा। इस पूरे मामले में पुलिस का कहना है कि हम कोर्ट से रिमांड में लेने की मांग करेंगे। आरोपी बाबा के खिलाफ इस समय 12 केस दर्ज हैं।

1 जुलाई से रेलवे में होंगे ये भारी बदलाव, यात्रियों की बल्ले-बल्ले

ब्यूरो,

आगामी 1 जुलाई, 2016 से भारतीय रेलवे अपने नियमों और सुविधाओं में तमाम बदलाव करने जा रही है, जिससे जनता को अधिकाधिक लाभ मिल सके। यात्रियों की समस्या को देखते हुए रेलवे ने तत्काल टिकटों की वापसी पर 50 प्रतिशत राशि मुसाफिरों को वापस करने का निर्णय लिया है।

यात्रियों के लिए रेलवे की ओर से अच्छी खबर है। जानकारी के मुताबिक़, एक जुलाई से रेलवे की ओर से चलायी जाने वाली सुविधा ट्रेनों में यात्रियों को कन्फर्म टिकट की सुविधा दी जायेगी।

आगामी एक जुलाई 2016 से रेलवे के नियमों और यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं में परिवर्तन किए गए हैं-

* 1 जुलाई से यात्रियों को तत्काल टिकट कैंसिल करने पर 50 प्रतिशत धनराशि वापस मिल जाएगी। तत्काल का टिकट कैंसिल करने पर अभी तक पैसे नहीं मिलते हैं, जिससे यात्रियों को कभी-कभी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।

* तत्काल टिकटों की बुकिंग के लिए समय कम मिलता है, लेकिन अब 1 जुलाई से तत्काल विंडो सुबह 10 से 11 बजे तक एसी कोच के लिए और 11 से 12 बजे तक स्लीपर कोच के लिए खुलेगी।

* 1 जलाई से रेलगाड़ियों में वेटिंग लिस्ट का झंझट खत्म हो जायेगा। रेलवे की ओर से चलायी जानेवाली सुविधा ट्रेनों में यात्रियों को कन्फर्म टिकट की सुविधा दी जायेगी।

* 1 जुलाई से शताब्दी और राजधानी ट्रेनों में कोचों की संख्या में बढ़ोतरी की जाएगी जिससे यात्रियों को आराम से टिकट मिल सकेंगे।

* 1 जुलाई से रेल मंत्रालय राजधानी, शताब्दी, दुरंतो और मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों की तरह सुविधा ट्रेन चलायेगा। रेलवे प्रीमियम रेलगाड़ियों बिल्कुल बंद करने की योजना बना रहा है।

* 1 जुलाई से राजधानी और शताब्दी रेलगाड़ियों में पेपर वाले टिकट नहीं मिलेंगे, बल्कि आपके मोबाइल पर टिकट उपलब्ध होगा।

तमिलनाडु में शराब के कारोबार पर ‘अम्मा’ की नज़र टेढ़ी, राज्य में 100 यूनिट बिजली मुफ्त

ब्यूरो,

एआईएडीएमके प्रमुख जयललिता ने सोमवार को एक बार फिर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह के बाद जयललिता की सरकार ने कुछ अहम ऐलान भी किए। तमिलनाडु सरकार द्वारा किसानों का कर्ज़ माफ करने का बड़ा ऐलान किया गया है। साथ ही हर घर में 100 यूनिट बिजली मुफ्त देने की भी घोषणा हुई है। इसके अलावा अम्मा की सरकार ने सरकारी स्कूलों में बच्चों को नाश्ता देने का ऐलान भी किया है। साथ ही शराब की 500 दुकानें बंद होंगी और जो हैं वे सुबह 10 की जगह 12 बजे से रात 10 बजे तक खुली रहेंगी।

68 जयललिता ने छठीं बार और लगातार दूसरी बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। यह उनका चौथा कार्यकाल है। उनका पहला कार्यकाल 1991 से 96 के बीच था जबकि दूसरा कार्यकाल 2001 से 2006 और तीसरा 2011 से 2016 के बीच रहा। तांसी मामले में उच्चतम न्यायालय द्वारा अयोग्य ठहराए जाने के कारण वह सितंबर 2001 से करीब छह महीने तक पद से दूर रही थीं। 29 सितंबर 2014 से 22 मई 2015 के बीच एक बाद फिर वह पद से दूर रहीं। इस बार भ्रष्टाचार के एक मामले में बेंगलुरू की एक अदालत द्वारा दोषी करार दिए जाने के कारण उन्हें कुर्सी छोड़नी पड़ी। बाद में कर्नाटक उच्च न्याायालय ने उस फैसले को खारिज कर दिया था।

जयललिता के साथ 28 अन्य मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण की है। जयललिता के लिए चेन्नई सभागार का विशेष महत्व है क्योंकि उन्होंने पहली बार 24 जून 1991 को यहीं मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

सभागार के बाहरी और भीतरी दोनों हिस्सों को सजाया गया था। इसके अलावा पूरे भवन को आकषर्क रोशनी से भी सजाया गया था। इतना ही नहीं फोर्ट सेंट जार्ज में मुख्यमंत्री और उनके कैबिनेट सहयोगियों के कक्षों का भी नए सिरे से रंग रोगन किया गया है।

CSE का चौंकाने वाला ख़ुलासा, बेकरी प्रोडक्ट्स हो सकते हैं कैंसर की वजह

ब्यूरो,
सेंटर फॉर साइंस एंड इनवायरमेंट(CSE) द्वारा की गई जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। CSE की जांच के अनुसार ब्रेड और बेकरी प्रोडक्ट्स में एक विशेष केमिकल की वजह से कैंसर का खतरा बढ़ जाता है। सीएसई ने जब जांच करवाई तो दिल्ली से लिए गए ब्रेड के चौरासी फीसदी नमूनों में पोटाशियम ब्रोमेट नामक केमिकल के अंश मिले हैं। इसलिए अनेकों लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी का हिस्सा बन चुके ब्रेड को रोज खाने से कैंसर होने की संभावना बढ़ गई है।

सीएसई के अध्यन से पता चला है कि ब्रेड बनाने के दौरान आटे में पोटैशियम ब्रोमेट तथा पोटैशियम आयोडेट का इस्तेमाल किया जाता है। पोटैशियम ब्रोमेट से शरीर में कैंसर का खतरा रहता है जबकि पोटैशियम आयोडेट से थायरॉयड होने का डर है। बेकरी प्रोडक्ट्स बनाने में कई देशों में इन केमिकलों के इस्तेमाल पर बैन लगा दिया गया है लेकिन भारत में इन पर प्रतिबंध नहीं है।

सीएसई के मुताबिक भारत में ब्रेड बनाने वाली ज्यादातर कंपनियां इन केमिकल्स का इस्तेमाल करती हैं। जांच में पता चला है कि हार्वेस्ट गोल्ड ब्रैंड के सैंडविच ब्रेड और परफेक्ट ब्रांड के ब्रेड में पोटाशियम ब्रोमेट की मात्रा मिली है। हार्वेस्ट गोल्ड ब्रैंड के ब्रेड पर तो ये लिखा भी नहीं होता कि इसमें पोटाशियम ब्रोमेट का इस्तेमाल हुआ है। CSE ने बेकरी प्रोडक्ट्स में इन केमिकल्स के इस्तेमाल पर प्रतिबंध की मांग की है।

ब्रेड से कैंसर का खतरा होने की बात सामने आने के बाद स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि सरकार इसकी कड़ी जांच करेगी और जरूरी कदम उठाएगी।

उपराष्ट्रपति की पत्नी बोलीं, ‘ॐ’ बोलने से मिलता है ऑक्सीजन , धर्म से न जोडें”

ब्यूरो,

उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी की पत्नी सलमा अंसारी ने ॐ के उच्चारण का समर्थन किया है तथा इसे धर्म से जोड़कर देखने को गलत बताया है। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ॐ के उच्चारण को लेकर चल रहे विवाद के बीच सलमा अंसारी का यह बयान सामने आया है।

सलमा अंसारी ने कहा कि ॐ के उच्चारण से ऑक्सीजन मिलती है। उन्होंने कहा कि योग से फिटनेस मिलती है और वे स्वयं योग करती हैं। उन्होंने कहा, “योग आपके शारीरिक स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद है। यदि मैंने योग नहीं किया होता तो मेरी हड्डी टूट गई होती। इसकी वजह से मुझे बीमारी से उबरने में मदद मिली।”

योग का विरोध कर रहे लोगों को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि अगर आप पढ़े-लिखे हैं तो आपको हर वो काम करना चाहिए, जिससे फायदा मिलता हो। मीडिया से बातचीत में उन्होंने सूर्य नमस्कार पर कहा कि यह एक योग क्रिया है। सलमा बोलीं कि पुराने जमाने में हर छोटी बड़ी बात पर इतनी हाय-तौबा नहीं होती थी। अब चीजों को तोड़ मरोड़कर ज्यादा पेश किया जाता है।

सलमा अंसारी अलनूर चैरिटेबिल सोसायटी, अलीगढ़ की ओर से संचालित मदरसा अलनूर स्कूल के बच्चों को सम्मानित करने अलीगढ़ गई थीं जहाँ उन्होंने योग के समर्थन में अपना यह स्पष्ट एवं स्वतंत्र मत व्यक्त किया।

ईरान के साथ हुए कई अहम समझौते, मोदी ने कहा, ‘ईरान का शुक्रिया’

ब्यूरो,

भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान के दो दिवसीय दौरे के आखिरी दिन राष्ट्रपति हसन रूहानी से मुलाकात की। भारत-ईरान के बीच 12 अहम समझौते हुए। इसमें सबसे महत्वपूर्ण चाबहार पोर्ट समझौता है। इसके अलावा रेलवे को लेकर भी समझौता हुआ है। पर्यटन और हिंदी की पढ़ाई पर भी बातचीत हुई है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने एक ट्वीट में कहा, “मोदी व रूहानी ने एकांत में मुलाकात की और विचारों का आदान-प्रदान किया।” आज सुबह ईरान की राजधानी तेहरान में उनका औपचारिक स्वागत किया गया। पीएम मोदी को यहाँ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस सम्मान प्रक्रिया के दौरान जन-गण-मन गूंजता रहा।

चाबहार पोर्ट को भारत 18 महीनों के भीतर विकसित करेगा जिसके बाद भारत सीधे ईरान से व्यापार कर सकेगा और इसी पोर्ट के जरिए भारत अपना माल अफगानिस्तान को भी भेज सकता है।

इन समझौतों के बाद भारत-ईरान ने संयुक्त बयान दिया। ईरान के राष्ट्रपति हसन रूहानी ने संयुक्त बयान में कहा,”पीएम मोदी और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत है। हमने भारत के साथ रिश्तों को हमेशा अहमियत दी है। आज हमारे पास इस रिश्ते को और मजबूत करने का मौका है।”

मोदी बोले,”ईरान बुलाने के लिए मैं तहेदिल से राष्ट्पति रुहानी का धन्यवाद करता हूं। शानदार स्वागत के लिए ईरान का शुक्रिया। ईरान के साथ समझौतों से नया अध्याय शुरू होगा। चाबहार पोर्ट के लिए 500 मिलियन डॉलर का निवेश होगा।”

pak-china

चीन-पाक हैरान-

एक्सपर्ट्स मानते हैं कि भारत और ईरान के बीच ये दोस्ती पाकिस्तान और चीन के लिए करारा झटका साबित होगी। चीन भारत की मुश्किलें बढ़ाने के चक्कर में पाकिस्तान का ग्वादर बंदरगाह  विकसित कर रहा है। इसके अलावा पाकिस्तान अफगानिस्तान और भारत के बीच व्यापारिक रिश्तों में भी मुश्किलें पैदा कर रहा है।

चीन और पाक के इन नापाक इरादों के लिए भारत ईरान के बीच की यह डील एक बड़ा झटका साबित होगी। सांस्कृतिक मामलों में भी भारत और ईरान काफी करीब हैं। मोदी को ईरान आने का न्योता खुद वहां के राष्ट्रपति ने दिया था। रेलवे और आईटी सेक्टर में भी ईरान भारत से पहले ही मदद मांग चुका है।

किरण बड़ी बनीं पुडुचेरी की उपराज्यपाल, केजरीवाल ने दी बधाई

ब्यूरो,

किरण बेदी को रविवार को पुडुचेरी का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी। उन्होंने ट्वीट किया है कि इस नई भूमिका के लिए किरण दीदी को शुभकामनाएँ।

केजरीवाल और बेदी दोनों पूर्व सिविल सेवक हैं और एक समय मित्र थे। दोनों सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन का हिस्सा थे,परंतु बाद में दोनों की राहें जुदा हो गईं। केजरीवाल ने आप पार्टी गठित की और किरण बेदी भाजपा से जुड़ गईं।

गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के वक़्त केजरीवाल को कांटे की टक्कर देने के लिए भाजपा की तरफ से किरण बेदी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था। लेकिन बेदी को 2015 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा जबकि केजरीवाल को शानदार जीत मिली।

दूसरी ओर जेडीयू ने किरण बेदी को पुडुचेरी का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने का विरोध किया है। पार्टी ने आरोप लगाया है कि इस तरह की राजनैतिक नियुक्तियां सत्तारूढ़ दल के हितों की पूर्ति के लिए की जाती हैं। जेडीयू महासचिव के सी त्यागी ने कहा कि किरण बेदी की नियुक्ति राजनैतिक नियुक्ति है।