28.2 C
Mumbai
Wednesday, August 5, 2026
Home Blog Page 1201

वरुण गांधी नहीं होंगे यूपी में सीएम -मेनका गांधी

अनुज हनुमत

मथुरा। यूपी में जल्दी ही विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और ऐसे में नेता अपने सियासी तीर न छोड़े ये कैसे हो सकता है। उसी क्रम में आज केंद्रीय महिला कल्याण और बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि सुल्तानपुर से बीजेपी सांसद और उनके बेटे वरुण गांधी उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनावों में पार्टी के मुख्यमंत्री उम्मीदवार नहीं होंगे।

मेनका गांधी ने ये बयान मंगलवार को मथुरा के गोवर्धन रोड स्थित सरस्वती विद्या मन्दिर में प्रबुद्ध नागरिक विचार गोष्ठी के दौरान दिया। पत्रकारों ने जब मेनका गांधी से पूछा कि क्या प्रियंका गांधी के जवाब में पार्टी वरुण गांधी को मैदान में उतारेगी? इस प्रश्न पर केंद्रीय मंत्री ने दो टूक शब्दों में कहा, ‘नहीं’।

इसके बाद पत्रकारों से वार्ता के दौरान जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही हिंसा को लेकर मेनका गांधी ने कहा कि कश्मीर हमेशा उबाल पर रहा है और उन्होंने कहा पहली बार मिलीजुली सरकार बनी है, जो कुछ लोगों को पच नहीं रही है। ऐसे में लोगों को ये विश्वास दिलाने में कि ये देश उन्हीं का है, थोड़ा वक्त लग रहा है। सरकार इस पर काम कर रही है और उन्हें विश्वास है कि जम्मू कश्मीर सरकार जल्द इस पर काबू पा लेगी।

वरुण गांधी को लेकर उनकी माँ मेनका गांधी का ये बयान काफी बड़ा माना जा रहा है, क्योंकि अभी हाल ही में कुछ युवा कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने इलाहाबाद में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान ‘वरुण गांधी अब की बार’ लिखे बड़े बडे पोस्टरों के माध्यम से उनको सीएम उम्मीदवार बनाने की मांग की थी।

सूत्रों के हवाले से कुछ दिनों पहले ये खबर भी आई थी कि बीजेपी स्मृति ईरानी को सीएम उम्मीदवार घोषित करना चाहती है, जबकि संघ चाहता है कि वरुण गांधी को सीएम कैंडीडेट बनाया जाए। अब इन दोनों बातों में कितनी सच्चाई है, ये तो आने वाले समय में पता लगेगा। लेकिन इतना तो स्पष्ट है कि अब यूपी में अगामी विधानसभा चुनावो को लेकर सियासी गर्मी बढ़ गई है।

केंद्र सरकार को लगा बड़ा झटका, सुप्रीम कोर्ट ने अरुणांचल प्रदेश सरकार को किया बहाल

अनुज हनुमत

दिल्ली। आज बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक महत्वपूर्ण फैसले में अरुणाचल प्रदेश के बर्खास्त मुख्यमंत्री नबाम तुकी की कांग्रेस सरकार बहाल करने के आदेश दिए। सर्वोच्च न्यायालय के इस निर्णय से केंद्र की सरकार को तगड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने राज्यपाल ज्योति प्रसाद राजखोवा के दिसंबर 2015 में राज्य विधानसभा का सत्र समय से पहले बुलाने के फैसले को असंवैधानिक करार देते हुए निरस्त कर दिया।

सर्वोच्च न्यायालय के इस फैसले को उत्तराखंड के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के लिए एक और झटके के रूप में देखा जा रहा है। इधर, जैसे ही कोर्ट का फैसला आया तमाम सियासी हलकों में तहलका मच गया और सभी विपक्षी नेताओं को बैठे बैठाये केंद्र सरकार पर हमला बोलने का कारण मिल गया। सबसे पहले मोदी सरकार पर वार करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने’ के लिए सर्वोच्च न्यायालय को धन्यवाद ।’ राहुल का यह बयान अरुणाचल प्रदेश में नबाम तुकी की कांग्रेस सरकार बहाल करने के सर्वोच्च न्यायालय के आदेश के बाद आया।

अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि राज्य में अब 15 दिसंबर 2015 जैसी स्थिति बहाल होगी और इसका मतलब यह है कि राज्य में कांग्रेस की सरकार फिर से बहाल हो जाएगी, क्योंकि उस दिन राज्य में कांग्रेस की सरकार थी और तुकी राज्य के मुख्यमंत्री थे। न्यायमूर्ति जेएस केहर की अध्यक्षता वाली संवैधानिक पीठ ने एकमत से फैसला सुनाते हुए राज्य में 15 दिसंबर 2015 से पहले की स्थिति बहाल करने के आदेश दिए हैं और पीठ ने विधानसभा की ओर से इसके बाद लिए गए सभी निर्णयों को खारिज कर दिया।

फैसला आने के तुरन्त बाद अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी ने राज्य में अपनी सरकार बहाल करने के सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को ऐतिहासिक करार दिया और कोर्ट को धन्यवाद दिया।

तुकी ने कहा, ‘सर्वोच्च न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला दिया है, इस फैसले से देश में लोकतंत्र की सुरक्षा में मदद मिलेगी और यह ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण निर्णय है। सर्वोच्च न्यायालय के आदेशानुसार हमारी सरकार बहाल होगी। मैं राज्य जाऊंगा और कांग्रेस के सभी 47 विधायकों से बात करूंगा। हम एक बैठक बुलाएंगे।

टिप्पणियों के क्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी अरुणाचल प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी की कांग्रेस सरकार बहाल करने के सर्वोच्च न्यायालय के आदेश को ‘मोदी की तानाशाह सरकार’ के लिए करारा जवाब बताया है।

आम आदमी पार्टी के नेता ने ट्वीट कर कहा कि ‘सर्वोच्च न्यायालय का फैसला तानाशाह मोदी सरकार को करारा जवाब है। उम्मीद है, मोदी जी इससे सबक सीखेंगे और लोकतांत्रिक ढंग से निर्वाचित सरकारों के मामलों में हस्तक्षेप करना बंद करेंगे।

भाजपा का कहना है कि अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बहाल करने का सर्वोच्च न्यायालय का फैसला पार्टी के लिए किसी तरह का झटका नहीं है।

इधर ,मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने न्यायालय के फैसले की सराहना करते हुए मोदी सरकार से जवाब माँगा कि नरेंद्र मोदी की सरकार से गैर भाजपा शासित राज्यों में केंद्रीय शासन थोपने की ‘उनकी  निरंकुशवादी प्रवृत्ति क्यों बढ़ती जा रही है ?”

मुख्तार अब्बास नकवी को मिला प्रमोशन

अब्दुल फ़हद,

अल्पसंख्यक मामलों की केंद्रीय मंत्री नजमा हेपतुल्ला ने मोदी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया है। नजमा केंद्रीय कैबिनेट में 75 साल पार कर चुके मंत्रियों में शामिल थीं। मुख्तार अब्बास नकवी को प्रमोशन देते हुए अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय का राज्यमंत्री का स्वतंत्र प्रभार दिया गया है।

कर्नाटक से राज्‍यमंत्री जीएम सिद्धेश्‍वरा ने भी अपने पद से इस्‍तीफा दे दिया है। सिद्धेश्‍वरा भारी उद्योग मंत्रालय में राज्यमंत्री थे। उनकी जगह अब बाबुल सुप्रियो लेंगे। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने दोनों मंत्रियों का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।

सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी नजमा हेपतुल्ला के काम से खुश नहीं थे। इसलिए नजमा हेपतुल्ला से 75 साल से अधिक उम्र होने की बात कहकर इस्तीफा लिया गया है। 76 साल की नजमा हेपतुल्ला मोदी कैबिनेट की सबसे उम्रदराज मंत्री थीं।

पिछले हफ्ते कैबिनेट फेरबदल में जिन 6 मंत्रियों का इस्तीफा होना था, उनमें सिद्धेश्‍वरा का नाम भी शामिल था। पांच मंत्रियों ने तो उस दिन ही इस्तीफा दे दिया था, लेकिन सिद्धेश्‍वरा शीर्ष नेतृत्‍व से इस्‍तीफा देने के लिए कुछ वक्‍त मांगा था।

प्रेस कांफ्रेंस के लिए नाईक को नहीं मिल रही जगह

अभिजीत मिश्र,

विवादित इस्लामिक धर्म प्रचारक ज़ाकिर नाईक ने एक बार फिर होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी है। दरअसल ज़ाकिर नाईक को प्रेस कांफ्रेंस के लिए कोई भी होटल किराए पर रूम देने के लिए तैयार नहीं हो रहा है, जिसकी वजह से नाईक को कांफ्रेंस रद्द करना पड़ा।

पिछले हफ्ते ज़ाकिर नाइक अपने ऊपर लगाए गए आरोपों और उनके भाषणों पर कार्यवाही होने पर प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलवाई थी, जोकि मुम्बई में होनी थी मगर उन्होंने कॉन्फ्रेंस रद्द कर दी और भारत नहीं लौटे।

भारत वापस ना आने पर ज़ाकिर ने एक बयान जारी किया था, जिसमें वो भारत में आकर प्रेस कॉन्फ्रेंस अटेंड नहीं करेंगे बल्कि स्काइप पर ही प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। मगर आज स्काइप के द्वारा होने जा रही प्रेस कॉन्फ्रेंस भी रद्द हो गई, जो कि मुम्बई के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर मे गुरुवार को 11:30 में होनी थी।

नाईक के मीडिया आर्गेनाइजर ने कॉन्फ्रेंस रद्द होने की वजह वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में कराए गएे रूम की बुकिंग का कैंसिल होना बताया है। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर ने रूम बुकिंग कैंसिल करने का कारण नहीं बताया है।

ऑर्गनाइज़र का कहना है कि अब तक मुम्बई के 4 होटल्स ने उन्हें नाईक की प्रेस कॉन्फ्रेंस की बुकिंग के लिए इंकार किया है। बताया जा रहा है नाईक अब भारत एक दो हफ्ते बाद ही लोटेंगे। फ़िलहाल नाइक अभी सऊदी के मदीना में है।

बब्बर मिले कांग्रेसी आलाकमान से, शिवपाल ने कहा- ‘राज बब्बर फुका हुआ कारतूस’

अभिजीत मिश्र,

राज बब्बर ने उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद ग्रहण करने के बाद आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया और राहुल गांधी से मुलाकात की। मुलाक़ात में उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी चुनाव की रणनीतियों पर भी चर्चा हुई। लेकिन सियासी गलियारे में बब्बर की नियुक्ति का जमकर मज़ाक भी उड़ाया जा रहा है।

मीटिंग समाप्त होने के बाद राज बब्बर ने पत्रकारों से मुलाकात की और और कहा कि यूपी में जो लूटतंत्र और उन्माद की राजनीती चल रही है, वे उसी को हटाने के मिशन पर आए हैं। उनका यह भी कहना है कि सोनिया गांधी के द्वारा दी गई ये जिम्मेदारी मेरे लिए कोई चुनौती नहीं बल्कि एक मिशन है, जो मैं पूरा कर के दिखाऊंगा।

पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने ने यह भी स्पष्ट किया कि मैं बेचारा हो सकता हूँ मगर भगोड़ा नहीं हूं। राज बब्बर को यूपी का कमान दिए जाने पर समाजवादी पार्टी कांग्रेस के इस निर्णय का मजाक भी उड़ा रही है। सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने राजब्बर को फुका हुआ कारतूस बताया, जबकि नरेश अग्रवाल ने बब्बर को डूबती हुई कश्ती कह डाला।

आतंकियों और देशद्रोहियों के साथ है समाजवादी पार्टी, वीडियो हुआ वायरल

अमित द्विवेदी,

एक वीडियो सोशल साइट्स पर तेज़ी के साथ वाइरल हो रही है, जिसमें मुलायम सिंह के छोटे भाई शिवपाल सिंह यह कहते हुए देखे जा रहे हैं कि वे आतंक फैलाने वाले और देशद्रोह करने वालों के साथ हैं।

नेता शिवपाल सिंह के इस वीडियो के वाइरल होते ही लोगों ने जमकर आलोचना करनी शुरी कर दी है। इस वीडियो में एक तरफ तो शिवपाल यह कहते नज़र आ रहे हैं कि पूरे देश में आरएसएस और बीजेपी ने माहौल खराब कर रखा है और अगले ही क्षण उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी आतंक फैलाने वाले और देशद्रोहियों के साथ हमेशा खड़ी है।

हालाँकि यह अभी तक सिद्ध नहीं हो सका है कि इस वीडियो की क्या सच्चाई है। कुछ लोग यही भी कहते नज़र आ रहे हैं कि इस वीडियो के साथ छेड़छाड़ हुई है। लेकिन नेताजी के भाई के इस वीडियो का चुनाव के पहले वाइरल होना खतरनाक भी साबित हो सकता है, ऐसी आशंका जताई जा रही है।

स्पेन में ट्रैवेल कर रही एमी जैक्सन हुई परेशान

एंटरटेनमेंट डेस्क,

अभिनेत्री एमी जैक्सन, जो इन दिनों दुनियाभर के विभिन्न स्थानों पर एक वीडियो ट्रेवल ब्लॉग के सिलसिले में यात्रा कर रही हैं, उन्हें हाल ही में एक अजीब प्रकार की मुसीबत का सामना करना पड़ा।

दरअसल एमी जब स्पेन में ट्रैवेल कर रही थी, उस बीच उनका ट्रेवल बैग, वॉलेट, पासपोर्ट, मोबाइल जैसी ज़रूरी चीज़ें किसी ने चोरी कर लिया। अभिनेत्री एमी स्पेन के दूतावास की सहायता से आपातकालीन यात्रा दस्तावेज प्राप्त किया। जिसके बाद उन्हें थोड़ी राहत मिली। अब अभिनेत्री ने ब्रिटेन में नए पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है।

एमी ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि “आमतौर पर एक लम्बी प्रक्रिया के बाद ही नया पासपोर्ट हासिल किया जा सकता है, पर मैं स्पेन के दूतावास और ब्रिटिश वाणिज्य दूतावास के लिए आभारी हूँ कि उन्होंने मेरी त्वरित सहायता की, जिसकी वजह से मेरी मुश्किलें कम हुईं। नहीं तो ऐसी परिस्थिति में मुझे काफी परेशानी झेलनी पड़ती।”

समुद्र के अंदर इन युवाओं ने बनाया बेडरूम

ब्यूरो,

स्कूबा डाइविंग करने वाले दो लोगों को पानी के अंदर रहना इतना पसंद आया कि उन्होंने समुद्र की तली में बेडरूम ही बना लिया। इस अनोखे प्रोजेक्टर को प्रोफेशनल डाइवर सीरेप मैटिनटर्क (32) और आउटडोर स्पोर्ट्स गाइड मेहमेट बट (30) ने आयोजित किया।

उन्होंने कहा कि हम समुद्र को देखने की जरूरत के बारे में लोगों को बताना चाहते थे। सीरेप ने कहा कि इंसान यहां एक विजिटर के रूप में आते हैं, लेकिन कई जानवरों के लिए यह घर है। मैं बस लोगों को यह बताना चाहता था कि इस जगह का हमें सम्मान करना चाहिए और हमें समुद्र की सुरक्षा के लिए अधिक काम करना चाहिए।

ये दोनों स्क्रूबा डाइवर्स टर्की के एगिएन क्षेत्र में बसे फेथियी शहर के तट में समुद्र के अंदर करीब 8 मीटर की गहराई पर दरी, तकिया, बेड कवर, लैंपशेड्स, घड़ियां और खिलौने ले गए थे। दोनों ने इन चीजों को वहां लगाया और इसके बाद वहां से मछलियों को गुजरते हुए देखा। वे वहां मछलियों के साथ लेटकर इस अनुभव का लुत्फ उठाना चाहते थे।

तीसरे स्कूबा डाइवर ने अंडरवॉटर कैमरे से उनकी तस्वीरें लीं। सीरेप ने कहा कि वहां पूरा काम निपटाने के बाद हम सारी चीजों को वापस समुद्र के ऊपर अपनी नाव में वापस ले आए।

यूपी :केशव मौर्या ने किया अपनी नई टीम का ऐलान

अनुज हनुमत

लखनऊ। केशव प्रसाद मौर्या को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बने काफी समय हो गया था और लगातार यही कयास लगाये जा रहे थे कि वे जल्द से जल्द अपनी नई प्रदेश टीम का गठन किसी भी समय कर सकते हैं।कल देर शाम उन्होंने अपने नए रणबांकुरों की अंतिम और फाइनल लिस्ट जारी कर दी।

mnmn

बता दें कि भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी में 15 प्रदेश उपाध्यक्ष, 15 प्रदेश मंत्री, 8 प्रदेश महामंत्री, 1 प्रदेश कोषाध्यक्ष और 1 प्रदेश सह कोषाध्यक्ष हैं। पूरी टीम चुनते समय प्रदेश अध्यक्ष केशव मौर्या ने क्षेत्रीय समीकरणों का खासा ध्यान रखते हुए सभी चेहरों को शामिल किया है। इन्हीं शूरवीरों के साथ भाजपा यूपी में अपना आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी ।

राज बब्बर बने यूपी कांग्रेस के नए अध्यक्ष, विवादित नेता इमरान मसूद भी टीम में शामिल

अनुज हनुमत

दिल्ली। भारतीय सिनेमा के नामचीन अभिनेता राज्यसभा सांसद राज बब्बर को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष बनाया गया है। यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस ने निर्मल खत्री की जगह राज बब्बर को प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपकर साफ कर दिया है कि वो यूपी की सत्ता की लड़ाई में किसी तरह से कमजोर दिखना नहीं चाहती। हालांकि अभी पार्टी ने प्रियंका गांधी की इन चुनावों में क्या भूमिका होगी, पार्टी इसे लेकर किसी भी प्रकार की टिप्पणी से बचती नज़र आ रही है।

दिल्ली में कांग्रेस की ओर से प्रेसवार्ता में पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने राज बब्बर को यूपी कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने का ऐलान किया। इसके फौरन बाद यूपी कांग्रेस प्रभारी गुलाम नबी आजाद ने प्रेसवार्ता में कहा कि राज बब्बर भले ही उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद हैं, लेकिन वे विशुद्ध रूप से यूपी के ही हैं इसलिए पार्टी ने राज बब्बर को यह नया और महत्वपूर्ण दायित्व दिया गया है। इसके साथ ही साथ चार उपाध्यक्ष भी बनाए गए हैं। पार्टी ने

राज बब्बर को प्रदेश की कमान सौंपने के साथ ही जातिगत समीकरणों का भी ध्यान रखते हुए राजा राम पाल, राजेश मिश्र, भगवती प्रसाद और इमरान मसूद को उपाध्यक्ष बनाया हैं। इनमें इमरान मसूद की छवि काफी विवादास्पद रही है। एक बार फिर इमरान मसूद का नाम सुर्खियों में आ गया है। कांग्रेसी नेता इमरान ने तीन साल पहले प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्द कहे थे। उनका ‘बोटी-बोटी’ वाला बयान काफी विवादों में रहा था। उस बयान के चलते मसूद को 14 दिन की जेल भी हुई थी।

तमाम आलोचनाओं के बावजूद कांग्रेस ने इमरान मसूद का साथ दिया था। और एक बार फिर इमरान को पार्टी ने खास तवज्जों देकर ये बता दिया है कि इमरान मसूद उनके लिए कितने महत्वपूर्ण हैं। उस समय न्यूज चैनलों पर इमरान मसूद का वह बयान दिखाए जाने पर इमरान के खिलाफ सहारनपुर के देवबंद थाने में कई धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। हालांकि मसूद और उनकी पार्टी का कहना था कि उनका ये वीडियो एक साल पहले दिसंबर महीने का है, जब वो समाजवादी पार्टी में थे।