यूपी: मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रदेश सरकार पर साधा निशाना, कहा, “वर्तमान व्यवस्था में बढ़ा भ्रष्टाचार”

ओमप्रकाश राजभर ने यूपी सरकार पर साधा निशाना

राजेश सोनी | Navpravah.com 

योगी सरकार की मुश्कलें मंगलवार को तब बढ़ी, जब प्रदेश सरकार में शामिल कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने भ्रष्टाचार को लेकर अपने ही सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान व्यवस्था में प्रदेश में भ्रष्टाचार बढ़ा है। 

उन्होंने पीटीआई से बातचीत करते हुए कहा कि अगर बसपा और सपा के राज की तुलना की जाए, तो इस सरकार में भ्रष्टाचार ज्यादा है। मैं इस सरकार का हिस्सा हूँ, यह सरकार मेरी नहीं है, हमारा भाजपा के साथ गठबंधन है। बता दें कि राजभर ‘सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी’ के अध्यक्ष हैं और इस पार्टी का प्रदेश में भाजपा के साथ गठबंधन है। उन्होंने आरोप लगाया है कि हमारे पार्टी को इस वर्तमान सरकार में पर्याप्त इज्जत नहीं मिल रही है। मैंने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात की है। 

जब राजभर से सवाल पूछा गया कि क्या आप 2019 के लोकसभा चुनाव भाजपा के साथ लड़ेंगे, तो उन्होंने कहा कि यह भाजपा पर निर्भर करता है। अब उनके ऊपर है कि वह हमारे साथ 2019 में गठबंधन रखना चाहते हैं या नहीं। अगर भाजपा हमारे साथ गठबंधन नहीं रखती है, तो हम आगामी चुनाव अकेले लड़ेंगे। 

भाजपा ने राजभर के आरोपों को ख़ारिज किया है। भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि यह भाजपा की परम्परा नहीं है कि चुनाव से पहले किसी के साथ गठबंधन तोड़े। उन्होंने आगे कहा कि राजभर योगी सरकार में कैबिनेट मिनिस्टर हैं। यह बयान उन्होंने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए दिया है। त्रिपाठी ने आगे कहा कि अगर राजभर को अगर भाजपा पार्टी या नेतृत्व से कुछ शिकायतें हैं, तो उन्हें उचित मंच से अपनी बात रखनी चाहिए। वह इस तरह से इस समय बर्ताव कर रहे हैं कि वह विपक्ष के नेता हों। अगर उन्हें सरकार से कुछ ज्यादा समस्याएं हैं, तो वह सरकार को छोड़ सकते हैं।      
  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.