मुंबई : 18 जनवरी को 5वां बॉलीवुड महा आरोग्य शिविर, शिल्पा शेट्टी और तुषार कपूर होंगे शामिल

एंटरटेनमेंट डेस्क | navpravah.com 

मुंबई | डॉ. 365 और डीआरवीए चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 5वें बॉलीवुड महा आरोग्य शिविर 2026 का आयोजन 18 जनवरी 2026 को अंधेरी वेस्ट स्थित चित्रकूट ग्राउंड में किया जाएगा। यह विशाल स्वास्थ्य शिविर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा, जिसमें बॉलीवुड और मीडिया जगत से जुड़े लोगों के साथ-साथ आम नागरिक भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस शिविर में मशहूर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और अभिनेता तुषार कपूर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे, जबकि डॉ. 365 के एमडी और डीआरवीए ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार की विशेष उपस्थिति रहेगी।

इस आयोजन को लेकर मुंबई में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें प्राइम फोकस के चेयरमैन नरेश मल्होत्रा, डॉ. मनीष मोटवानी, अभिनेता दीपक पराशर, इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (इम्पा) के अध्यक्ष अभय सिन्हा, फैशन डिजाइनर अर्चना कोचर, एक्शन डायरेक्टर टीनू वर्मा, संदीप सोपारकर, बी.एन. तिवारी, संगीतकार दिलीप सेन, हरीश चोकसी, भोजपुरी अभिनेत्री संगीता तिवारी और चित्रकूट ग्राउंड के महेंद्र पोद्दार सहित कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई और सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया।

5वें बॉलीवुड महा आरोग्य शिविर में जनरल हेल्थ चेकअप, ब्लड टेस्ट, आंखों की जांच व चश्मा वितरण, डेंटल, ईएनटी, जनरल सर्जरी, गायनेकोलॉजी, यूरोलॉजी, डर्मेटोलॉजी, कैंसर स्क्रीनिंग, बच्चों की स्वास्थ्य जांच, एक्स-रे, बीएमडी, बीएमआई, मैमोग्राफी, मुफ्त दवाएं, व्हीलचेयर वितरण और 5 लाख रुपये तक का हेल्थ कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुंबई के प्रीमियम अस्पतालों के डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ इस शिविर को सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि कोरोना काल के बाद से बॉलीवुड और मीडिया से जुड़े लोगों के लिए यह विशेष आरोग्य शिविर लगातार आयोजित किया जा रहा है, जिसका लाभ उनके परिवारजन भी ले सकते हैं। बी.एन. तिवारी ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि ऐसे मुफ्त हेल्थ कैंप निरंतर होते रहने चाहिए। वहीं दिलीप सेन और हरीश चोकसी ने डॉ. 365 की सेवाओं को समाज के लिए अनुकरणीय बताया।

उल्लेखनीय है कि डीआरवीए चैरिटेबल ट्रस्ट पिछले 15 वर्षों से सेवा कार्यों में सक्रिय है। डॉ. धर्मेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में अब तक 9,781 मेडिकल कैंप आयोजित किए जा चुके हैं, जिनसे करीब 1 करोड़ 96 लाख मरीजों को लाभ मिला है। ट्रस्ट का लक्ष्य एक स्वस्थ, सशक्त और प्रगतिशील समाज का निर्माण करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.