राजस्थान उपचुनाव: सीएम वसुंधरा राजे ने किया हार को स्वीकार, विरोधियों ने साधा निशाना 

राजस्थान के उपचुनाव में बीजेपी की बड़ी हार

राजेश सोनी | Navpravah.com 

राजस्थान उपचुनाव की तीनों सीटों पर कांग्रेस ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। उपचुनाव में भाजपा ने तीनों सीट अपने हाथों से गंवा दी है। वहीं इस हार के बाद राज्य की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट कर अपने हार को स्वीकार किया है। भाजपा की बुरी तरह से हार को लेकर मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने समीक्षा बैठक शुरू कर दी है।

उन्होंने हार के बाद ट्वीट करते हुए लिखा कि हम राजस्थान के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और रहेंगे। मैं भाजपा प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं और नेताओं का आभार व्यक्त करती हूँ, जिन्होंने इन चुनाव में मेहनत की, लेकिन अब हमें और कड़ी मेहनत करनी की जरूरत है। आगे उन्होंने लिखा कि जनता की सेवा का जो प्रण हमने 4 साल पहले किया था, उसे पूरा करने में हमनें कोई कसर नहीं छोड़ी है। आज तीनों निर्वाचन क्षेत्रों में जनता ने जो फैसला दिया है, वह सिर आँखों पर है।

राजस्थान में भाजपा की उपचुनाव में हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने भी भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट द्वारा निशाना साधते हुए लिखा है कि राजस्थान कि जनता ने भाजपा को नकार दिया है। जीत के लिए उन्होंने सभी राजस्थान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को बधाई दी है। वहीं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने भी मुख्मंत्री वसुंधरा राजे पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि राजस्थान की जनता ने कांग्रेस की इस जीत के बाद भाजपा के गलत शासन को साफ़ संदेश दिया है। राजस्थान उपचुनाव की जीत ने राहुल गाँधी को नये साल का तोहफा दिया है। राजस्थान की जनता ने एक बार फिर कांग्रेस की नीतियों में भरोसा दिखाया है। 

उन्होंने आगे लिखा कि यह जीत राजस्थान कांग्रेस में एक नई उर्जा का संचार करेगी। आने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी और ऐसा होने से कोई रोक नहीं सकता है।भाजपा ने झूटे वादे किए थे। युवा रोजगार की तलाश में सड़कों पर हैं। राजस्थान की जनता ने भाजपा पर भरोसा किया था और उन्हें प्रदेश में पूर्ण बहुमत के साथ मौका दिया था। अब लोग पूछ रहे हैं हमारी क्या गलती है।   

इस हार को लेकर अध्यात्मिक गुरु प्रमोद आचार्य ने भी भाजपा की हार को लेकर तंज कसा है। उन्होंने अपने एक ट्वीट में लिखा कि भाइयों और बहनों हमारी सरकार का यह आखिरी बजट है। बजट का कितना असर पड़ेगा, ये नहीं पता, लेकिन अलवर और अजमेर की हार 2019 के चुनाव का गणित जरूर बिगड़ देगी। अजमेर और लोकसभा के नतीजे आज भक्तों का स्वाद जरूर बिगाड़ेगी।

बता दें कि अलवर, अजमेर लोकसभा व मंडलगढ़ विधानसभा में उपचुनाव, यहां के प्रतिनिधियों के निधन के कारण हुए हैं। अलवर से सांसद रहे महंत चांदनाथ और अजमेर सांसद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री रहे सांवरलाल जाट का निधन बीते वर्ष बीमारी के कारण हो गया था। जबकि, मंडलगढ़ विधायक कीर्ति कुमारी की भी स्वाइन फ्लू के चलते मृत्यू हो गई थी। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.