वॉशिंगटन. अमेरिका के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा कि पाकिस्तान ने पुलवामा आतंकवादी हमले के बाद आतंकवादी समूहों के खिलाफ कुछ महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं लेकिन वह अब भी पलटी मार सकता है।
दक्षिण एवं मध्य एशियाई मामलों के लिए विदेश मंत्रालय की विशेष अधिकारी एलिस जी वेल्स ने एशिया, प्रशांत एवं परमाणु अप्रसार के लिए विदेश मामलों में सदन की उपसमिति को बताया कि लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे आतंकवादी संगठन तब तक अंतरराष्ट्रीय शांति के लिए गंभीर खतरा बने रहेंगे, जब तक वे पाकिस्तान में आजादी से काम करने में सक्षम हैं।
उन्होंने अपील की कि पाकिस्तानी नेतृत्व देश में काम कर रहे आतंकवादी संगठनों के खिलाफ सतत कार्रवाई करे।
एलिस ने एक बयान में कहा, भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव पैदा करने वाले पुलवामा आतंकवादी हमले ने क्षेत्र में आतंकवादी गतिविधियों को रोकने की महत्ता और तत्काल आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने कहा, हमने देखा है कि हालिया महीनों में पाकिस्तान ने कुछ आतंकवादियों को हिरासत में लिया है और आतंकवादी संगठनों के लिए धन एकत्र करने वाले कुछ संगठनों की संपत्तियां जब्त की हैं। हालांकि ये कदम महत्वपूर्ण हैं, लेकिन वह अब भी पलट सकता है।
नई दिल्ली. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि उन्हें उम्मीद है कि उनके भारतीय समकक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल के लोकसभा चुनावों में जीते गए बड़े जनादेश का इस्तेमाल दोनों देशों के बीच संबंधों को सुधारने और क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए करेंगे। इमरान खान ने रूस की सरकारी समाचार एजेंसी स्पुतनिक के साथ एक साक्षात्कार में कहा कि दोनों देशों को बातचीत के माध्यम से शांति और अपने मतभेदों को सुलझाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि यहां तक कि कश्मीर जैसे मुद्दों का भी हल बातचीत के जरिए किया जा सकता है, अगर दोनों सरकारें चाहें तो।
इमरान खान ने आगे कहा कि हमारा जोर शांति कायम करने, बातचीत के माध्यम से हमारे मतभेदों को हल करने पर होना चाहिए। और भारत के साथ हमारा मुख्य मतभेद कश्मीर है। और अगर दोनों देशों के प्रमुख इस मसले को करने के लिए दोनों सरकारें फैसला लेती हैं तो इस मुद्दे को हल किया जा सकता है।’
इमरान खान ने कहा कि मगर दुर्भाग्य से हमें अब तक भारत से ज्यादा सफलता नहीं मिली है। लेकिन हमें उम्मीद है कि वर्तमान प्रधानमंत्री के पास एक बड़ा जनादेश है, हम आशा करते हैं कि वह इस जनादेश का उपयोग बेहतर संबंध विकसित करने और उपमहाद्वीप में शांति लाने के लिए करेंगे।
दरअसल, इस साल फरवरी में कश्मीर के पुलवामा में जैश-ए-मोहम्मद के आत्मघाती हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया, जिसमें सीआरपीएफ के 40 जवान मारे गए। हालांकि, लोकसभा चुनाव के बाद इमरान खान और मोदी ने एक दूसरे को ट्वीट किया। पाकिस्तानी पीएम इमरान खान ने पीएम मोदी की जीत के बाद को बधाई संदेश भी भेजा। हालांकि, फिलहाल दोनों पक्षों के बीच फिर से कॉन्टेक्ट शुरू होने के कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं।
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के खुटार थानाक्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की से दबंगों द्वारा कथित सामूहिक बलात्कार किए जाने का मामला सामने आया है। खुटार थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने गुरूवार को बताया कि 13 वर्षीय किशोरी के साथ गांव के ही दो दबंगों ने सात जून को उस समय सामूहिक बलात्कार किया, जब उसके माता-पिता दवा लेने कहीं गए हुए थे।
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने घर में घुसकर नाबालिग को दबोच लिया और उसे तमंचा एवं तलवार दिखा कर भयभीत कर दिया। उसके बाद नाबालिग से बारी-बारी से बलात्कार किया।
सिंह ने बताया कि इसी बीच नाबालिग के माता पिता आ गए तो आरोपियों ने उन्हें तमंचा और तलवार दिखाते हुए भयभीत कर दिया और बेटी को छोड़कर तलवार लहराते हुए भाग गए।
पुलिस ने आरोपी विक्रम तथा निक्कू के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। वहीं किशोरी को आज चिकित्सीय जांच के लिए भेजा गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
स्पोर्ट्स डेस्क. ICC World Cup में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच रद्द घोषित कर दिया गया। नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में यह मैच खेला जाना था, लेकिन बारिश के चलते बिना टॉस हुए ही मैच को रद्द करना पड़ा। मैच रद्द घोषित होने के बाद टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने इसे काफी निराशाजनक करार दिया। भारत और न्यूजीलैंड दोनों के खाते में इस मैच के बाद एक-एक प्वॉइंट जुड़ गए हैं।
मैच के बाद विराट ने कहा, ‘यह काफी निराशाजनक है कि मैच खेलने का मौका तक नहीं मिला। खिलाड़ियों के नजरिए से देखें तो अगर मैदान पर उतरना सेफ ना हो तो ऐसे में नहीं खेलना चाहिए। इस स्टेज पर हम कोई इंजरी नहीं चाहते हैं। हमने अच्छी क्रिकेट खेली है। हम अभी प्वॉइंट टेबल में कहां इसको लेकर हम ज्यादा नहीं सोच रहे हैं।’
विराट ने आगे कहा, ‘दो जीत आपका मनोबल बढ़ा देती है। कुछ प्रैक्टिस सेशन के बाद हम फिर से लय में होंगे। रविवार को हमें खेलने का इंतजार है।’ विराट ने भारत-पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता को लेकर विराट ने कहा, ‘जब आप मैदान में घुस जाते हैं, तो सबकुछ शांत हो जाता है। नए खिलाड़ियों के लिए यह अलग हो सकता है, लेकिन हमारे लिए यह ऐसे है कि हम अपनी स्किल्स के साथ कैसे खेलते हैं। हम सभी प्रोफेशनल हैं। ऐसे इवेंट में खेलना गर्व की बात है।’
शिखर धवन की चोट को लेकर विराट ने कहा, ‘धवन के अंगूठे पर कुछ हफ्ते प्लास्टर रहेगा और फिर हम देखेंगे कि उसकी स्थिति क्या है। उम्मीद करता हूं कि वो जल्द ही रिकवर करे और लीग राउंड के दूसरे स्टेज में टीम से जुड़े और सेमीफाइनल में भी।’
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने बिश्केक एससीओ शिखर सम्मेलन से इतर चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग से अत्यंत सार्थक मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों के संपूर्ण आयाम पर उनसे चर्चा की। उन्होंने आर्थिक एवं सांस्कृतिक संबंधों में सुधार के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
पिछले महीने लोकसभा चुनाव में जीत के उपरांत मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद यह दोनों नेताओं की यह पहली मुलाकात है। इससे एक महीने पहले ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की 1267 अल कायदा प्रतिबंध समिति ने पाकिस्तान के आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद के मुखिया मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित किया था। चीन ने उसे प्रतिबंधित करने के प्रस्ताव पर लगी अपनी तकनीकी रोक को हटा लिया था।
राष्ट्रपति शी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत के बाद मोदी ने ट्वीट किया, ”राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ अत्यंत फलदायी मुलाकात की। हमारी बातचीत में भारत-चीन संबंध पूरे विस्तार से शामिल थे। हम अपने बीच आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को सुधारने में मिलकर काम करते रहेंगे। बैठक की शुरूआत में राष्ट्रपति शी ने प्रधानमंत्री मोदी को उनकी चुनावी विजय पर बधाई दी।
मोदी ने जवाब दिया,”भारत में चुनाव परिणाम के बाद मुझे आपका संदेश मिला और आज एक बार फिर आप जीत पर मुझे बधाई दे रहे हैं। मैं इसके लिए आपका बहुत आभारी हूं। शी ने पिछले महीने आम चुनाव जीतने पर मोदी को बधाई दी थी। परिणामों की आधिकारिक घोषणा से पहले ही चीनी राष्ट्रपति का बधाई संदेश किसी विदेशी नेता के लिहाज से दुर्लभ ही था।
मोदी ने 15 जून को 66 वर्ष के होने जा रहे शी को बधाई देते हुए उनसे कहा, ”सभी भारतीयों की ओर से मैं आपके जन्मदिन पर बहुत सारी शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा, ”जैसा कि आपने कहा, आने वाले दिनों में हम दोनों कई विषयों पर आगे बढ़ सकते हैं। हम दोनों को और अधिक काम करने के लिए एक साथ कार्यकाल मिला है।
मोदी ने अपने प्रारंभिक उद्बोधन में शी से कहा, ”वुहान में हमारी मुलाकात के बाद हमने अपने सबंधों में नयी रफ्तार और स्थिरता देखी है। दोनों पक्षों में रणनीतिक संवाद में तेज प्रगति हुई है, जिसकी वजह से दोनों एक दूसरे की चिंताओं और हितों को लेकर अधिक संवेदनशील हुए हैं। और उसके बाद से सहयोग बढ़ाने के नये क्षेत्र बने हैं।
बिजनेस डेस्क। होंडा मोटर साइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने बुधवार को अपने लोकप्रिय स्कूटर एक्टिवा को भारत स्टेज-6 उत्सर्जन मानक वाले इंजन के साथ पेश किया। कंपनी ने यह वाहन 125 सीसी क्षमता में पेश किया है। कंपनी ने कहा कि वह चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही के अंत तक इसकी बिक्री शुरू कर देगी।
HMSI के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिनोरू काटो ने यहां पत्रकारों से कहा कि प्रौद्योगिकी और नवोन्मेष में आगे रहते हुए उन्नत प्रौद्योगिकी के साथ हम अगली क्रांति के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि इस स्कूटर को पेश करते हुए होंडा चरणबद्ध तरीके से प्रौद्योगिकी उन्नयन करेगी।
काटो ने कहा कि भारत स्टेज-6 मानक वाला स्कूटर भारत स्टेज-4 मानक वाले से 10 से 15 प्रतिशत महंगा होगा। दिल्ली के शोरूम में कंपनी के मौजूदा स्कूटर की कीमत 64,733 रुपये तक है।
कंपनी के वरिष्ठ बिक्री एवं विपणन उपाध्यक्ष यदविंदर सिंह गुलेरिया ने कहा कि एक्टिवा 125 सीसी के अब सिर्फ भारत स्टेज-6 मानक वाले मॉडल का उत्पादन किया जाएगा। कंपनी इसके भारत स्टेज-4 मानक वाले मॉडल का विनिर्माण बंद करेगी।
टेक डेस्क। साउथ कोरियन स्मार्टफोन मेकर LG ने साउथ कोरिया ने LG X6 स्मार्टफोन लांच किया। इस स्मार्टफोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है। डिस्प्ले में वाटर-ड्रॉप नॉच दिया गया है। इस स्मार्टफोन में 6।26 इंच का एचडी डिस्प्ले दिया गया है। साथ ही यह MediaTek MT6762 SoC प्रोसेसर पर काम करता है।
इस स्मार्टफोन में 16 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा है। रियर कैमरे की बात करें तो प्राइमरी सेंसर 16 मेगापिक्सल है। इसके अलावा 5MP+2MP के दो अन्य कैमरे हैं। रैम 3जीबी है। इसकी बैटरी 3500 mAh की है। फिलहाल, इसे दो कलर ऑप्शन में लॉन्च किया गया है। LG ने अपने इस स्मार्टफोन में फिंगरप्रिंट सेंसर की सुविधा दी है।
LG X6 की शुरुआती कीमत करीब 20500 रुपये है। साउथ कोरिया के बाहर इसे लॉन्च किया जाएगा कि नहीं, इसको लेकर कंपनी की तरफ से फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी गई है।
हेल्थ डेस्क। अगर आप खट्टे मीठे की शौकीन हैं तो खीरे का मीठा रायता आपको जरूर पसंद आएगा। तो आइए जानें इसे बनाने का तरीका।
आवश्यक सामग्री
कितने लोगों के लिए- 4
तैयारी का समय- 5 मिनट
बनाने का समय- 2 मिनट
कद्दूकस की हुए खीरे का मीठा रायता बनाने के लिए सामग्री:
ककड़ी- 1
दही- 1 कप
चीनी- 3 से 4 टेबल स्पून
भूना जीरा- 1 टेबल स्पून
नमक- स्वादानुसार
हरा धनिया- 8-10 पत्तियां
खीरे का मीठा रायता बनाने का तरीका
कद्दूकस की हुई ककड़ी का रायता बनाने के लिए सबसे पहले हम साबुत जीरे को भून लेंगे। इसके लिए गैस पर एक तवा चढ़ाए और गर्म होने दें, जब तवा गर्म हो जाए तो इसमें साबुत जीरा डालें और भूनने दें। जब जीरा ब्राउन हो जाए तो गैस बंद कर दें। ध्यान रखें की जीरा जलने न पाएं।
इस भूने हुए जीरे को हमानदस्ते, बेलन या मिक्सर की मदद से पीस लें और इसका पाउडर बना लें। ध्यान रखें कि ज्यादा ठंडा करके न पीसे, नहीं तो जीरा अच्छे से पीस नहीं पाएगा।
अब खीरे को कद्दूकस करेंगे और इसके लिए सबसे पहले खीरे का छिलका छिल लें और इसे कद्दूकस कर लें।
एक बाउल लें और उसमें दही डालें और अच्छी तरह से फेट लें। दही फेटने के बाद इसमें कद्दूकस किया हुआ खीरा, भूरा हुआ जीरा पाउडर, चीनी और नमक डालें और अच्छी तरह से मिक्स कर लें। इसे हरे धनिये के पत्तों से गार्निश करें।
तैयार है आपका कद्दूकस की हुए खीरे का मीठा रायता। इसे आप रोटी, दाल और सब्जी के साथ सर्व कर सकती हैं।
जरा हटके. एक पेंटिंग है। नाम है ‘टू मेन इन बनारस।’ नाम के मुताबिक 2 आदमी हैं। एक के बाल सफेद हैं और दूसरे के काले। दोनों न्यूड हैं। एक दूसरे को गले लगा रहे हैं। दूसरी तरफ एक नदी है। नदी किनारे मंदिर हैं। और शिवलिंग हैं। एक पीपल का पेड़ है। जिसके चबूतरे पर कुछ लोग बैठे हैं। एक शिवलिंग के सामने एक व्यक्ति लेटा हुआ है। बाहर कुछ भिखारी बैठे हैं।
टाइटल में बनारस है तो नदी गंगा हो सकती है। कुल मिलाकर मोटा-माटी पेंटिंग में यही चीजें दिख रही हैं।
लंदन में एक नीलामी घर है। सोथबी। वहीं पर 10 जून को इस पेंटिंग की नीलामी हुई, जिसने रिकॉर्ड बना दिया। ये पेंटिंग पूरे 31 लाख 87, 500 डॉलर में बिकी। अपने रुपए में बताएं तो 22 करोड़ से ऊपर का हिसाब बनता है।
क्या खास है इसमें?
समलैंगिकता। ‘टू मेन इन बनारस’ समलैंगिकता को दिखाती है। भूपेन खाखर पेंटिंग्स में अपनी यौन भावनाओं को खुलकर प्रदर्शित करते हैं। लेकिन 1970 से पहले ऐसा नहीं था।
1970 में इंग्लैंड में होमोसेक्सुअलिटी की स्वीकार्यता बढ़ रही थी। वहां के कुछ स्थानीय कलाकारों से बातचीत के बाद खाखर ने होमोसेक्सुअलिटी पर पेंटिंग्स बनानी शुरु की। कुछ समय बाद होमोसेक्सुअलिटी उनके आर्ट का हॉलमार्क बन गया।
खाखर पहले ऐसे इंडियन आर्टिस्ट थे, जिन्होंने अपने आर्ट के जरिए अपनी यौन इच्छाओं को स्वतंत्रतापूर्वक प्रदर्शित किया।
ये पेंटिंग 1982 में बनी थी। पहली बार ‘टू मेन इन बनारस’ मुंबई के केमोल्ड गैलरी में प्रदर्शित हुई। अब तक ये लंदन, पेरिस और बर्लिन की प्रदर्शनियों में लग चुकी है।
भूपेन खाखर कौन हैं?
भूपेन 1934 में मुंबई के मिडिल क्लास गुजराती फैमिली में पैदा हुए। एकाउंटेंट की पढ़ाई की। लेकिन बन गए आर्टिस्ट। 1962 में बड़ौदा चले गए। यहीं से उन्होंने अपना रास्ता बदला।
अब भूपेन अपना करियर एक कलाकार और लेखक के रूप में बनाना चाहते थे। धीरे धीरे बड़ौदा में खाखर फाइन आर्ट्स का जाना माना नाम बन गए। खाखर और उनके दोस्तों ने ‘प्लेस ऑफ पीपल’ नाम से एक प्रदर्शनी लगाई।
चलती फिरती प्रदर्शनी, जिसने 1981 में बड़ौदा से दिल्ली तक का सफर तय किया। 1976 में खाखर पहली बार देश से बाहर गए। एक कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत भारत सरकार ने उन्हें युगोस्लाविया, इटली और इंग्लैंड भेजा।
खाखर अपनी पेंटिंग्स में लगातार सामाजिक बंधनों को तोड़ते नजर आते हैं। वे उन मुद्दों को छूने से कभी नहीं हिचके जिन्हें विवादित माना जाता रहा है।
सन 2000 में खाखर को रॉयल पैलेस ऑफ एम्सटर्डम में प्रिंस क्लॉज अवॉर्ड मिला। 1986 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया। 2003 में खाखर का निधन हो गया।
लाइफस्टाइल डेस्क। वाराणसी को लोग कई नामों बनारस और काशी के नाम से भी जानते हैं। भारत के उत्तर प्रदेश राज्य के इस प्रसिद्ध नगर को हिन्दू धर्म में सबसे अधिक पवित्र नगरों में से एक माना जाता है। उत्तर भारत का तो यह शहर सांस्कृतिक एवं धार्मिक केन्द्र रहा है। प्रसिद्ध अमरीकी लेखक मार्क ट्वेन ने भी इस शहर के बारे में लिखा है कि बनारस इतिहास से भी पुरातन है, परंपराओं से पुराना है, किंवदंतियों (Legends) से भी प्राचीन है और जब इन सबको एकत्र कर दें, तो उस संग्रह से भी दोगुना प्राचीन है।
यही कारण है कि सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व से लोग यहां पर आते हैं। वैसे वाराणसी में जिस तरह देखने को बहुत कुछ है, ठीक उसी तरह इसके आसपास भी आपको हिल स्टेशनों से लेकर ट्रेकिंग स्पॉट और wildlife sanctuaries आदि सभी कुछ देखने को मिल जाएगा। अगर आप वीकेंड पर वाराणसी घूमने आए हैं तो अपने ट्रिप को और भी अधिक यादगार बनाने के लिए एक बार इन जगहों पर भी अवश्य घूमने जाएं।
सारनाथ
वाराणसी से महज दस किलोमीटर पूर्वोत्तर में स्थित सारनाथ का धार्मिक महत्व बहुत अधिक है। यह एक प्रमुख बौद्ध तीर्थस्थल है। ज्ञान प्राप्ति के पश्चात भगवान बुद्ध ने अपना प्रथम उपदेश यहीं दिया था। जिसके कारण बौद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए यह स्थान एक विशेष महत्व रखता है। यह स्थान बौद्ध धर्म के चार प्रमुख तीर्थों में से एक है। इतना ही नहीं, यह स्थान जैन धर्म एवं हिन्दू धर्म के लिए भी उतना ही महत्वपूर्ण है। माना जाता है कि जैन धर्म के ग्यारहवें तीर्थंकर श्रेयांसनाथ का जन्म यहाँ से थोड़ी दूर पर हुआ था।
यहां पर सारंगनाथ महादेव का मन्दिर भी है जहां सावन के महीने में हिन्दुओं का मेला लगता है। अगर आप सारनाथ आए हैं तो यहां पर आप अशोक का चतुर्मुख सिंहस्तम्भ, भगवान बुद्ध का मन्दिर, धामेख स्तूप, चैखन्डी स्तूप, राजकीय संग्राहलय, जैन मन्दिर, चीनी मन्दिर, मूलंगधकुटी और नवीन विहार आदि अवश्य देखें।
इलाहाबाद
वाराणसी से करीबन 129 किमी दूर इलाहाबाद एक बेहद ही पवित्र स्थान माना गया है। उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा शहर इलाहाबाद तीन नदियों । गंगा, यमुना और सरस्वती के मिलन स्थल के रूप में प्रसिद्ध है। यहां का त्रिवेणी संगम बेहद प्रसिद्ध है। इसके अलावा हर बारह वर्ष में लगने वाला महाकुंभ मेला भी यहां पर लगता है। कुंभ के दौरान पूरे विश्व से लोग यहां पर आते हैं। वैसे अपनी धार्मिक पृष्ठभूमि के अतिरिक्त भी इलाहाबाद में देखने व घूमने के लिए बहुत कुछ है। अगर आप यहां आए हैं तो खुसरो बाग, आनंद भवन, ऑल सेंट्स कैथेड्रल, चंद्र शेखर आज़ाद पार्क और इलाहाबाद संग्रहालय आदि देख सकते हैं।
पन्ना
वाराणसी से करीबन 350 किमी दूर पन्ना मध्यप्रदेश में स्थित है। इसे डायमंड सिटी के रूप में भी जाना जाता है और इसका अपना एक एतिहासिक महत्व है। पन्ना देश में हीरे के भंडार वाला एकमात्र शहर है। वैसे पन्ना को विशेष रूप से पन्ना राष्ट्रीय उद्यान के लिए भी जाना जाता है, जो विश्व धरोहर स्थल है और भारत में वन्यजीव संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। पन्ना में आपको पांडव फॉल व पांडव गुफाएं, महामति प्राणनाथजी मंदिर, पदमावती देवी मंदिर, हीरे की खान, जुगल किशोर मंदिर, जैसी कई बेहतरीन जगहें देखने को मिलेंगी।
चित्रकूट
वाराणसी से करीबन 259 किमी दूर उत्तर विंध्य रेंज में स्थित चित्रकूट एक छोटा सा शहर है। यह स्थान हिन्दू धर्म में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। माना जाता है कि चित्रकूट ही वह स्थान था जहाँ भगवान राम, उनकी पत्नी सीता और उनके भाई लक्ष्मण ग्यारह वर्ष के चैदह वर्ष के वनवास के लिए रुके थे। इतना ही नहीं, यह भी माना जाता है कि हिंदुओं के प्रमुख देवता (ब्रह्मा, विष्णु और शिव) ने यहां अवतार लिया था। इस दिव्य शहर को कई अजूबों की पहाड़ी के रूप में भी जाना जाता है।
इस स्थान को अगर प्रकृति और देवताओं का उपहार कहा जाए तो गलत नहीं होगा। यहां पर भरत मिलाप मंदिर, हनुमान धरा, जानकी कुंड और बहुत से धार्मिक स्थान मौजूद हैं। बहुत कम ही लोग जानते हैं कि चित्रकूट दुनिया का एकमात्र विश्वविद्यालय भी है, जिसे विशेष रूप से विकलांगों के लिए बनाया गया है और इस यूनिवर्सिटी का नाम है Jagadguru Rambhadracharya Handicapped University । कुल मिलाकर, चित्रकूट देवत्व, शांति और उत्तम सौंदर्य का एक आदर्श मिश्रण है।