28 C
Mumbai
Friday, September 4, 2026
Home Blog Page 370

52 साल बाद बरेली को मिलेगा उसका झुमका, जानें कितनी आएगी लागत

बरेली। साल 1966 में बरेली उस वक्त मशहूर हुई जब 1966 में आई फिल्म ‘मेरा साया’ के गाने ‘झुमका गिरा रे, बरेली के बाजार में’ में बालीवुड की दिग्गज दिवंगत अभिनेत्री साधना ने नृत्य का प्रदर्शन किया। हालांकि झुमका बनाने और बेचने के मामले में बरेली की कोई खासियत नहीं रही है और न ही इस शहर ने इस गाने की लोप्रियता को भुनाने की कभी कोई कोशिश की। आखिरकार, 53 सालों से अधिक समय के बाद बरेली को उसका झुमका मिलने जा रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) से दिल्ली-बरेली मार्ग पर पारसखेड़ा जीरो प्वॉइंट को ‘झुमका’ तिराहा के रूप में बनाने की मांग की है।

कुछ सालों पहले 90 के दशक के प्रारंभ में भी इस परियोजना के होने की बात कही गई थी, लेकिन तब पर्याप्त राशि के अभाव और सही स्थान की खोज में बात आगे नहीं बढ़ सकी। बीडीए ने ‘झुमकों’ के कई डिजाइन भी मंगवाए हैं। इसे पहले डेलापीर तिराहे पर बनाया जाना था और इसके बाद इसे बड़ा बाईपास में बनाए जाने की बात चली, लेकिन इन दो स्थानों पर ट्रैफिक की समस्याओं को देखते हुए इस निर्णय में बदलाव लाया गया।

अब इसका निर्माण पारसखेड़ा में दिल्ली-बरेली मार्ग पर शहर के प्रवेश में किया जाएगा। बीडीए अधिकरियों के मुताबिक, उन्हें एनएचएआई की स्वीकृति का इंतजार है और जैसे ही यह मिलता है, इसे बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। बीडीए सचिव ने कहा, “‘महत्वाकांक्षी झुमका परियोजना’ काफी लंबे समय से उपेक्षित रही है। हालांकि शहर के प्रवेश द्वार पर पारसखेड़ा के पास एक नए स्थान पर इस परियोजना पर काम शुरू किया जाएगा।

हमने एनएचएआई से स्वीकृति की मांग की है। इसे जल्द ही मिलने की हम उम्मीद कर रहे हैं और जैसे ही यह होता है, काम शुरू हो जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा, “हमने इस परियोजना के लिए पारसखेड़ा जीरो प्वॉइंट को चुना है, इसके पहले के डिजाइन में कुछ बदलाव लाए जा सकते हैं और यह उपलब्ध स्थान पर भी निर्भर करेगा।

हम इसे घटा या बढ़ा सकते हैं।” बीडीए सूत्र ने कहा कि प्रस्तावित झुमके की चौड़ाई 2।43 मीटर होगी और इसकी ऊंचाई 12-14 फीट होगी। इस परियोजना के लिए निर्धारित भूमि की लागत करीब 18 लाख रुपये है। 12-14 फीट के इस झुमके के अलावा जिसे बीच में मुख्य प्रतिकृति के रूप में स्थापित किया जाएगा, इसके आसपास सूरमा के तीन बोतलों (जिसकी प्रेरणा गाने में उपयोग ‘सूरमे दानी’ से मिली) को भी सजाया जाएगा।

इसे रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। रंग-बिरंगे पत्थरों के अलावा सजावट के लिए जरी के कामों का प्रयोग भी किया जाएगा क्योंकि यह शहर जरी के काम के लिए मशहूर है। इसे बनाने के लिए फाइबर प्रबलित प्लास्टिक का उपयोग किया जाएगा जिस पर मौसम का असर बेअसर रहेगा और यह अपनी मोल्डिंग और परिवर्तनशील गुणों के लिए मशहूर है, इसे जब विभिन्न तत्वों के साथ मिलाया जाता है तो इसके गुणों में और भी वृद्धि होती है।

ऋतिक रोशन की सुपर 30 ने दूसरे दिन BOX OFFICE पर की जबरदस्त कमाई

स्पोर्ट्स डेस्क। बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘सुपर 30’ सिनेमाघरों में 12 जुलाई को रिलीज हुई और रिलीज के पहले दिन से ही यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर छा गई। दर्शकों को इस फिल्म का इंतजार काफी समय से था। ऋतिक की इस फिल्म की कहानी सच्ची घटनाओं पर आधारित है।

इस फिल्म में ऋतिक बिहार के फेमस गणितज्ञ आनंद कुमार की भूमिका में हैं और यह किरदार अब तक ऋतिक की आई बाकी फिल्मों से बिलकुल अलग है। इसलिए इसका सेकेंड डे बॉक्स ऑफिस केलेक्शन भी गजब का रहा। फिल्म समीक्षक तरण आदर्श के अनुसार जहां ‘सुपर 30’ ने पहले दिन 11।83 करोड़ रुपये की कमाई की थी, तो वहीं दूसरे दिन इसने 18।19 करोड़ का बिजनेस किया। इस हिसाब से दो दिनों के अंदर इस फिल्म ने कुल 30।02 रुपये बटोरने में सफलता हासिल की है।

बता दें, फिल्म ‘कृष’ के सीक्वल ने ऋतिक को एक सुपरहीरो के रूप में पेश किया, जिसे हर वर्ग के लोगों ने स्वीकार किया और जो शायद ऋतिक की अब तक की सबसे बड़ी सफलता मानी जा सकती है। ‘कृष’ के बाद अब ‘सुपर 30’ ऋतिक को एक नई पहचान दे सकती है। बिहार के जीनियस गणितज्ञ और शिक्षक आनंद कुमार, जिन्होंने अपना खुशहाल करियर छोड़कर, अपने प्यार को कुर्बान कर के 30 ऐसे बच्चों को आईआईटी के लिए पढ़ाया जो बिल्कुल ही साधन विहीन थे, उसे रिलायंस एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित ‘सुपर 30’ के रूप में दर्शकों के सामने लाया है।

इस फिल्म में ऋतिक ने अपने किरदार के साथ इंसाफ करते हुए पूरी तरह से आनंद कुमार की जिंदगी को जीया है। फिल्म में आपको कहीं भी ऐसा नहीं लगेगा कि आप बोर हो रहे हैं। फिल्म में ऋतिक के अलावा तमाम अभिनेताओं ने जैसे मृणाल ठाकुर, अमित साद, पंकज त्रिपाठी और जॉनी लीवर भी अपने-अपने किरदार को इतनी मजबूती से पकड़ा हुआ है कि वह सिनेमाघर में एक मिनट के लिए भी आपको सीट से उठने नहीं देंगे।

World Cup 2019: पहली बार टाई हुआ विश्व कप फाइनल का सुपरओवर, जानें हर बॉल का रोमांच

स्पोर्ट्स डेस्क। मेजबान इंग्लैंड ने 46 दिन लंबे चले 12वें आईसीसी विश्व कप (ICC World Cup 2019) का खिताब जीत लिया है। उसने फाइनल में न्यूजीलैंड को बाउंड्री काउंट के आधार पर हराया। यह मैच रोमांच के चरम तक पहुंचा। विश्व कप का सबसे रोमांचक फाइनल पहले तो टाई हुआ और फिर सुपरओवर में भी बेनतीजा रहा। जब सुपरओवर भी बराबरी पर खत्म हुआ। तब बाउंड्री की गिनती करनी पड़ी। जानें कैसा रहा सुपरओवर का रोमांच।

12वें आईसीसी विश्व कप का फाइनल रविवार (14 जुलाई) को क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 241 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 241 रन बनाकर ही आउट हो गई। मैच टाई हो गया। इसके बाद नतीजे के लिए सुपरओवर खेला गया।

इंग्लैंड ने सुपर ओवर के लिए अपने जॉस बटलर, बेन स्टोक्स को बल्लेबाजी करने के लिए भेजा। उसने गेंदबाजी का जिम्मा जोफ्रा आर्चर को सौंपा। न्यूजीलैंड ने बैटिंग के लिए जेम्स नीशाम, मार्टिन गप्टिल को सिलेक्ट किया। गेंदबाजी की जिम्मेदारी ट्रेंट बोल्ट को सौंपी।

सुपर ओवर में इंग्लैंड की पारी। गेंदबाज: ट्रेंट बोल्ट।

पहली गेंद: बेन स्टोक्स ने लंबा शॉट खेला। गेंद थर्डमैन पर गई। तीन रन लिया।

दूसरी गेंद: जॉस बटलर ने मिडविकेट पर खेला। एक रन मिला।

तीसरी गेंद: बेन स्टोक्स ने यार्कर लेंथ की गेंद पर स्वीप की स्टाइल में खेला। चौका मिला।

चौथी गेंद: स्टोक्स ने वाइड फुलटॉस गेंद को कवर पर खेला। एक रन मिला।

पांचवीं गेंद: बटलर ने लॉन्गऑफ की तरह खेला। दो रन लिए।

छठी गेंद: बटलर ने लो फुलटॉस गेंद को मिडविकेट पर खेला। चौका मिला।

इस तरह इंग्लैंड का सुपरओवर के बाद स्कोर 15 रन रहा।

सुपर ओवर में न्यूजीलैंड की पारी। गेंदबाज: जोफा आर्चर

पहली गेंद: जोफ्रा आर्चर ने वाइड यार्कर फेंकी। अंपायर ने वाइड करार दिया।

पहली गेंद: जेम्स नीशाम ने लॉन्गऑफ में खेला। दो रन लिया।

दूसरी गेंद: जेम्स नीशाम ने मिडविकेट पर लंबा छक्का लगाया।

तीसरी गेंद: जेम्स नीशाम ने मिडविकेट पर खेला। जेसन रॉय ने मिस फील्ड किया। दो रन बने।

चौथी गेंद: जेम्स नीशाम का मिडविकेट पर एक और शॉट। जेसन रॉय ने मिस फील्ड किया। दो रन बने।

5वीं गेंद: जेम्स नीशाम ने पुल करने की कोशिश की। शॉट मिसटाइम हुआ। एक रन मिला।

6ठी गेंद: मार्टिन गप्टिल ने फुललेंथ की इस गेंद को स्क्वेयर बाउंड्री की ओर खेला। वे दूसरा रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए।

इस तरह न्यूजीलैंड ने भी सुपरओवर में 15 रन ही बनाए। सुपरओवर टाई होने के बाद बाउंड्री काउंट के आधार पर इंग्लैंड को चैंपियन घोषित किया गया।

ICC World Cup 2019: दो बार मुकाबला टाई होने पर भी हार गई न्यूजीलैंड, ये रही वजह

स्पोर्ट्स डेस्क। आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 में फाइनल के रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया है। इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच हुए खिताबी मुकाबले में पहले 50 ओवर का खेल हुआ। इसमें दोनों ही टीमों ने बराबर स्कोर बनाया और मैच टाई हो गया। इसके बाद सुपर ओवर हुआ। इसमें इंग्लैंड ने पहली बैटिंग करते हुए 15 रन बनाए। न्यूजीलैंड को जीत जर्ज करने के लिए 16 रन बनाने थे।

सुपर ओवर में बैटिंग करते हुए न्यूजीलैंड ने 15 रन बनाए। इससे सुपर ओवर भी टाई हो गया। लेकिन, आईसीसी के नियम से इंग्लैंड को जीत मिली। दरअसल, आईसीसी के नियम के अनुसार, जो टीम अपनी इनिंग और सुपर ओवर में सर्वाधिक चौके लगाती है, उसे ही विजेता घोषित किया जाता है। इसी आधार पर इंग्लैंड को विश्व कप 2019 का विजेता घोषित कर दिया गया।

सुपर ओवर के दौरान इंग्लैंड की ओर से बेन स्टोक्स और जॉस बटलर बैटिंग के लिए आए थे। स्टोक्स ने तीन गेंदों में 8 रन बनाए थे। वहीं, बटलर ने तीन गेंदों में 7 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से बॉलिंग करने ट्रेंट बोल्ट मैदान में आए थे। वहीं, सुपर ओवर में इंग्लैंड की ओर से बॉलिंग के लिए जोफ्रा ऑर्चर मैदान पर आए।

न्यूजीलैंड ने बल्लेबाजी के लिए लाइम नीशम और मार्टिन गप्टिल को मैदान पर उतारा था। इस दौरान नीशम ने 13 रन बनाए और गप्टिल ने 1 रन बनाया। वहीं, एक रन वाइड बॉल से बना और सुपर ओवर टाई रहा।

जानिए क्या है नियम

अगर सुपर ओवर भी टाई होता है, तो जिस टीम ने अपनी इनिंग और सुपर ओवर को जोड़कर सर्वाधिक चौके लगाए होंगे, वह खिताब जीत जाएगी। इसी नियम के चलते इंग्लैंड को जीत हासिल हुई।”

फाइनल के लिए नियम

1। अगर मैच टाई हो जाता है तो दोनों टीमों के बीच सुपर ओवर होगा।
2। अगर सुपर ओवर भी टाई होता है, तो जिस टीम ने अपनी इनिंग और सुपर ओवर को जोड़कर सर्वाधिक चौके लगाए होंगे, वह खिताब जीत जाएगी। इसी नियम के चलते इंग्लैंड को जीत हासिल हुई।
3। अगर मैच निर्धारित दिन में शुरू नहीं हुआ या शुरू होकर खत्म नहीं हुआ, तो अगले दिन (रिजर्व डे) यही मैच होगा।
4। अगर रिजर्व डे पर भी खेल पूरा नहीं हो पाया तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित किया जाएगा।

कर्नाटक: नाकाम हुई बागी विधायकों को मनाने की कोशिश, आज बहुमत साबित कर सकते है कुमारस्वामी

बेंगलुरु। कनार्टक में बागी विधायकों को मनाने के लिए कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के नेता हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। वहीं, बागी विधायक इस्तीफा वापस न लेने पर अड़े हुए हैं। दरअसल, कांग्रेस के बागी विधायक एम टी बी नागराज को मनाने की कोशिशें असफल रहीं। नागराज रविवार को मुंबई चले गए जहां उन्होंने स्पष्ट किया कि त्यागपत्र वापस लेने का सवाल ही नहीं उठता है। कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन के नेताओं ने शनिवार को नागराज से बातचीत की थी ताकि कर्नाटक में एच।डी। कुमारस्वामी नेतृत्व वाली सरकार को बचाने के लिए उन्हें मनाया जा सके।

मुंबई से रवाना होने से पहले संवाददाताओं से बात करते हुए होस्कोटे के विधायक नागराज ने कहा था कि वह चिकबल्लापुर के विधायक के। सुधाकर से बातचीत के बाद अपना इस्तीफा वापस लेने पर अंतिम फैसला लेना चाहते हैं। बाद में मुंबई पहुंचने के बाद उन्होंने कहा कि उनके त्यागपत्र वापस लेने का सवाल ही नहीं उठता है। नागराज ने कहा कि इस्तीफा देने वाले सभी विधायक एकजुट हैं।

शिवकुमार ने कहा, विधायकों की सदस्यता चली जाएगी

कांग्रेस के ‘संकटमोचक’ डी। के। शिवकुमार ने भरोसा जताया है कि विश्वासमत प्रस्ताव के वक्त उनके सभी विधायक पार्टी के साथ आ जाएंगे। उन्होंने कहा, मुझे हमारे सभी विधायकों पर भरोसा है। वे कांग्रेस पार्टी के टिकट पर चुने गए हैं और लंबे वक्त से पार्टी में हैं। वे अपने इलाकों में टाइगर की तरह लड़े हैं। शिवकुमार ने आगे कहा, विश्वासमत प्रस्ताव के वक्त सभी कानून के मुताबिक चलेंगे। कानून एकदम साफ है। अगर वे विश्वासमत के खिलाफ वोट देते हैं तो उनकी सदस्यता चली जाएगी। कांग्रेस पार्टी उनकी मांगों को पूरा करने के लिए तैयार है। हमें संकेत मिल रहे हैं कि वे हमारी सरकार को बचाएंगे।

येदियुरप्पा ने कहा, इस्तीफा दें कुमारस्वामी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीएस येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री कुमारस्वामी का इस्तीफा मांगा। उन्होंने कहा, मैं मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी से कहना चाहता हूं कि वह तुरंत इस्तीफा दें या उन्हें सोमवार को विश्वास मत हासिल करना चाहिए। क्योंकि उनके (जेडीएस) और कांग्रेस के 15 से ज्यादा विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि दो निर्दलीय विधायकों ने भी मंत्रिपद से इस्तीफा दिया है जो दिखाता है कि वे भाजपा का पक्ष लेंगे।

आज बहुमत साबित कर सकते है कुमारस्वामी

जेडीएस सूत्रों के मुताबिक,कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी सोमवार को विधानसभा में बहुमत साबित कर सकते हैं। क्योंकि मुख्यमंत्री ने खुद शुक्रवार को विधानसभा स्पीकर रमेश कुमार से बहुमत साबित करने के लिए वक्त मांगा था। इस पर स्पीकर ने भरोसा दिलाया था कि वे जिस दिन कहेंगे, उन्हें इसके लिए वक्त दिया जाएगा।

विश्वासमत साबित करने पर क्या होगा?

– अगर 16 बागी विधायक सरकार के खिलाफ वोटिंग करें। इस स्थिति में सरकार के पक्ष में 100 वोट पड़ेंगे। ये संख्या बहुमत के लिए जरूरी 112 के आंकड़े से कम है। ऐसे में कुमारस्वामी सरकार सदन में विश्वासमत खो देगी।

-बागी विधायक सदन से अनुपस्थित रहें। इस स्थिति में विश्वासमत के समय सदन में सदस्य संख्या 207 रह जाएगी। बहुमत के लिए जरूरी आंकड़ा 104 का हो जाएगा। लेकिन, बागियों की अनुपस्थिति में सरकार के पक्ष में केवल 100 वोट पड़ेंगे और सरकार गिर जाएगी।

-अगर विधानसभा अध्यक्ष बागियों को अयोग्य ठहरा देते हैं तो भी सदन में विश्वासमत के वक्त सरकार को बहुमत के लिए 104 का आंकड़ा चाहिए। यह उसके पास नहीं होगा। ऐसे में भी सरकार गिर जाएगी।

यूपी में भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद, पुलिस ने 20 लोगों को किया गिरफ्तार

नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा लगातार ऑपरेशन क्लीन अभियान चलाए जा रहे हैं। इसके तहत शनिवार को ऑपरेशन क्लीन 13 अभियान चलाया गया। इसमें नशे के कारोबार करने वाले लोगों को धरपकड़ की गई। यह अभियान रविवार शाम साढ़े 6 बजे से लेकर के रात 10 बजे तक चलाया गया। इस अभियान में कुल 58 स्थानों को चिन्हित किया गया था, जहां पर चेकिंग की गई। अभियान के अंतर्गत थाना सूरजपुर क्षेत्र में डेल्टा-1 में एवीजी हाइट सोसायटी के पास व शहीद भगत सिंह स्कूल के पास से तीन अभियुक्तों से डेढ़ किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

वहीं, थाना दनकौर क्षेत्र में करेली नहर आजमपुर गढ़ी, शिविंदर के निकट से गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पीछे से 3 अभियुक्तों से 750 ग्राम चरस, थाना बादलपुर क्षेत्र में अंबेडकर पार्क के पास से एक अभियुक्त से 1।3 किलोग्राम डोडा, थाना ईकोटेक 3 क्षेत्र में साले ग्राम इंटर कॉलेज के पास से एक अभियुक्त से 500 ग्राम गांजा, थाना दादरी क्षेत्र में शिव नादर यूनिवर्सिटी के पास से एक अभियुक्त से 1 किलोग्राम गांजा, थाना रबूपुरा क्षेत्र में कस्बा रबूपुरा से दो अभियुक्त से डेढ़ किलोग्राम गांजा, थाना फेस 3 क्षेत्र में ममूरा व परथला से दो अभियुक्तों से 2 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

इसके साथ ही थाना सेक्टर 49 क्षेत्र में मेघदूतम पार्क सेक्टर 50 से 3 अभियुक्तों से 900 किलो ग्राम गांजा और एक हुक्का, थाना फेस-2 क्षेत्र में कन्या इंटर कॉलेज भंगेल के पास से एक अभियुक्त से 560 ग्राम चरस, थाना सेक्टर 39 क्षेत्र में शशि चौक के पास से सेक्टर 39 से सेक्टर 46 के पास से तीन अभियुक्तों से साढ़े 4 किलो डोडा पाउडर बरामद किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत जनपद में कुल 20 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर 7।5 किलो गांजा 5।8 किलो डोडा तथा 1।310 किलो चरस बरामद की गई है।

गौरतलब है कि जनपद गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा ऑपरेशन क्लीन अभियान चलाया जा रहा है। इसके पहले पुलिस द्वारा अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों, इसके अलावा बसों, ऑटो, स्पा सेंटर्स, गाड़ियों पर जातिसूचक शब्द लिखने वालों के ऊपर भी ऑपरेशन क्लीन के तहत अभियान चला चुकी है।

आजम खां की बढ़ी मुश्किलें, पोर्टल में ‘भू-माफिया’ के तौर पर नाम होगा दर्ज

लखनऊ। दो दर्जन से भी अधिक मामलों में फंसे समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता और रामपुर से सांसद आजम खान अपने राजनीतिक जीवन के सबसे कठिन दौर से गुजर रहे हैं। पिछले कुछ समय में उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज किए गए हैं, लेकिन उनकी मुसीबत सिर्फ यहीं तक सीमित नहीं हैं।

सपा नेता के पैतृक शहर रामपुर का जिला प्रशासन अब राज्य सरकार के ‘एंटी भू-माफिया’ पोर्टल पर आजम खान को भूमि माफिया के रूप में सूचीबद्ध करने पर विचार कर रहा है। उत्तर प्रदेश में 2017 में सत्ता संभालने के तुरंत बाद ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भू-माफिया की पहचान करने और जमीन कब्जाने से संबंधित लोगों की शिकायत दर्ज कराने के लिए इस पोर्टल की शुरुआत की थी।

पुलिस के अनुसार, नवनिर्वाचित लोकसभा सदस्य आजम खान पर 30 से भी ज्यादातर मामले दर्ज हैं। जिनमें सबसे ज्यादा मामले सरकारी जमीन और गरीबों की जमीन हथियाने के हैं। रामपुर के पुलिस अधीक्षक अजय पाल शर्मा ने बताया कि जमीन हथियाने के कई मामलों को ध्यान में रखते हुए आजम खान का नाम ‘एंटी-भू माफिया’ पोर्टल में सूचीबद्ध करने पर विचार किया गया है।

उत्तर प्रदेश के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा ने आईएएनएस से कहा, “जिलाधिकारी और मैं जिले के विभिन्न थानों में आजम खान और उनके सहयोगियों द्वारा जमीन हथियाने को लेकर दर्ज रिपोर्ट (एफआईआर/मामले) पर समीक्षा करेंगे। उसके बाद ही उनके नाम को सरकारी भू माफिया पोर्टल पर सूचीबद्ध करने की सिफारिश की जाएगी।” इससे पहले शुक्रवार को रामपुर के अजीम नगर पुलिस थाने में राजस्व विभाग द्वारा दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर आजम खान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

एफआईआर में खुलासा किया गया है कि आजम खान और उनके करीबी सहयोगी अलेहसन खान नामक एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने कथित तौर पर 26 किसानों से जमीन हड़प ली और इस जमीन का उपयोग सपा नेता ने अपनी करोड़ों की मेगा परियोजना- मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण में किया। राजस्व विभाग की प्राथमिकी के बाद रामपुर के 26 किसान, जिन्हें कथित रूप से जाली भूमि बिक्री विलेख पर हस्ताक्षर करने के लिए प्रताड़ित किया गया था, अब अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराएंगे।

राज्य के राजस्व विभाग की शिकायत में यह भी कहा गया है कि गरीब किसानों की जमीन हड़पने में अपने पद (उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री, 2012-2017 के रूप में) का दुरुपयोग करने वाले आजम खान ने 5,000 हेक्टेयर की विशाल भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया था। राजस्व अधिकारी ने कहा, “यह भूमि नदी किनारे की है, इसका अधिग्रहण नहीं किया जा सकता है। हालांकि, राजस्व रिकॉर्ड जाली थे और बाद में कई सौ करोड़ की यह जमीन जौहर अली विश्वविद्यालय के रूप में अवैध रूप से हथिया ली गई।”

अधिकारी के अनुसार, नदी के किनारों पर कब्जा करने के लिए व धोखाधड़ी करने के उद्देश्य से बनाए गए जाली दस्तावेज, आजम खान के खिलाफ मजबूत सबूत के तौर पर उपलब्ध हैं। पुलिस सूत्रों ने कहा कि आजम खान या उनके सहयोगियों द्वारा जमीन हड़पने के अन्य मामलों से संबंधित कई शिकायतें रामपुर पुलिस अधीक्षक को मिली हैं।

इस बीच, आजम खान के समर्थकों का कहना है कि उनके नेता को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वह जिले में विपक्ष की एकमात्र आवाज हैं और सांसद के तौर पर मोदी सरकार की कड़ी आलोचना करते रहते हैं। लखनऊ में एक एसपी के पदाधिकारी ने कहा, “उनके (आजम खान) खिलाफ कार्रवाई उचित नहीं है। उन्होंने अपने निजी इस्तेमाल के लिए कोई जमीन नहीं ली।”

ICC World Cup 2019: न्‍यूजीलैंड में पैदा हुए बेन स्‍टोक्‍स ने ही दिया कीवी टीम को हार का जख्‍म

स्पोर्ट्स डेस्क। क्र‍िकेट के इतिहास में इंग्‍लैंड की टीम ने रविवार 14 जुलाई को एक नया इतिहास रच दिया। इंग्‍ल‍िश टीम पहली बार वर्ल्‍ड चैंपियन बनी। 27 में पहली बार इंग्‍लैंड की टीम फाइनल में पहुंची और एक दो बार टाई हुए मुकाबले में कीवी टीम को हरा दिया। और इस जीत के हीरो बने ऑल राउंडर बेन स्‍टोक्‍स।

बड़ी बात ये है कि बेन स्‍टोक्‍स हैं तो इंग्‍लैंड के ऑलराउंडर लेकिन उनका न्‍यूजीलैंड से भी नाता है। वह न्‍यूजीलैंड के क्राइस्‍टचर्च में पैदा हुए हैं। लेकिन रविवार को उन्‍होंने कीवी टीम को ही परास्‍त करते हुए अपनी टीम को विश्‍व विजेता बना दिया।

4 जून 1991 को बेन स्‍टोक्‍स न्‍यूजीलैंड के क्राइस्‍ट चर्च में केंटरबरी में पैदा हुए। 12 साल की उम्र में वह इंग्लैंड आ गए और यहीं पर आकर उन्होंने क्रिकेट सीखा। आज वह इंग्‍लैंड और दुनिया के चुनिंदा ऑल राउंडर में शामिल हैं।

बेन स्‍टोक्‍स ने 52 टेस्‍ट मैच में 3152 रन बनाए हैं। इनमें 6 शतक और 17अर्धशतक हैं। 95 वनडे में स्‍टोक्‍स ने 2682 रन बनाए हैं। इसमें 3 शतक और 20 अर्धशतक है। 52 टेस्‍ट मैचों में स्‍टोक्‍स ने 127 विकेट और 95 वनडे में 70 विकेट लिए हैं।

सुपर ओवर की अंतिम गेंद पर इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड पर करिश्माई अंदाज में जीत हासिल करते हुए पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनने का गौरव हासिल कर लिया। सुपर ओवर भी टाई रहा, लेकिन मैच के दौरान और सुपर ओवर में कुल मिलाकर ज्यादा बाउंड्री लगाने की वजह से इंग्लैंड विजेता बनी।

ICC World Cup 2019: इंग्लैंड बना विश्व चैंपियन, 48 साल और 743 वनडे के बाद मिली ट्रॉफी

स्पोर्ट्स डेस्क। क्रिकेट के जन्मदाता इंग्लैंड ने आखिरकार आईसीसी विश्व कप (ICC World Cup 2019) जीत लिया है। उसने क्रिकेट इतिहास का सबसे रोमांचक फाइनल जीतकर विश्व कप की ट्रॉफी पर कब्जा किया। मेजबान इंग्लैंड ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराया। यह उसका पहला विश्व कप खिताब है। इंग्लैंड वनडे विश्व कप जीतने वाला छठा देश है। न्यूजीलैंड को लगातार दूसरे विश्व कप के फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैंड की टीम पिछले विश्व कप के फाइनल में भी पहुंची थी, लेकिन तब वह ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी।

46 दिन लंबे चले 12वें आईसीसी विश्व कप (ICC World Cup 2019) का फाइनल रोमांच के चरम तक पहुंचा। इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 241 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 241 रन बनाकर ही आउट हो गई। मैच टाई हो गया। इसके बाद नतीजे के लिए सुपरओवर खेला गया। इसमें इंग्लैंड ने पहले बैटिंग करते हुए 15 रन बनाए। न्यूजीलैंड ने भी इसके जवाब में 15 रन ही बनाए। दोबारा टाई होने के बाद विजेता चुनने के लिए अगला आधार चुना गया। यह आधार ज्यादा बाउंड्री मारने का था। इंग्लैड ने मैच में ज्यादा बाउंड्री लगाई थीं। इसलिए उसे विजेता माना गया।

12वें आईसीसी विश्व कप का फाइनल रविवार (14 जुलाई) को क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स स्टेडियम में खेला गया। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन (Kane Williamson) ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 241 रन बनाए। इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम ने कड़ा संघर्ष किया। रोमांचक मैच में कभी पलड़ा इंग्लैंड का भारी लगता को कभी न्यूजीलैंड का। अंत में इंग्लैंड की टीम 241 रन बनाकर ही आउट हो गई।

न्यूजीलैंड की ओर से हेनरी निकोल्स ने सबसे अधिक 44 रन बनाए। टॉम लाथम ने 47, केन विलियम्सन ने 30 रन बनाए। मार्टन गप्टिल और जेम्स नीशाम ने 19-19 रन की पारियां खेलीं। डि ग्रैंडहोम ने 16 और रॉस टेलर ने 15 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से क्रिस वोक्स और लियाम प्लंकेट ने तीन-तीन विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर व मार्क वुड को एक-एक विकेट मिला।

इसके जवाब में इंग्लैंड की ओर से जॉस बटलर ने 59 और बेन स्टोक्स ने 57 रन बनाए। जॉनी बेयरस्टो ने 36, व जेसन रॉय ने 17 रन का योगदान दिया। न्यूजीलैंड की ओर से लॉकी फर्ग्युसन ने सबसे अधिक तीन विकेट लिए। डि ग्रैंडहोम, मैट हेनरी और जेम्स नीशाम को एक-एक विकेट मिला।

इंग्लैंड ने 48 साल पहले अपना पहला वनडे मैच खेला था। विश्व कप का फाइनल उसका 743वां मैच था। इस तरह उसे पहला विश्व कप जीतने के लिए 743 वनडे मैचों का इंतजार करना पड़ा। उसने 46 साल के अपने सफर में 768 वनडे मैच खेले हैं। लेकिन विश्व कप ट्रॉफी का उसका इंतजार जारी है।

राशिफल: 15 जुलाई 2019, आज इन राशियों पर बरसेगी महादेव की कृपा, सभी कष्ट दूर होंगे

राशिफल: 15 जुलाई 2019, आज इन राशियों पर बरसेगी महादेव की कृपा, सभी कष्ट दूर होंगे

आज का राशिफल

मेष

पठन-पाठन में रुचि बढ़ेगी। लेखनादि बौद्धिक कार्यों से आय वृद्धि हो सकती है। सुस्‍वादु खानपान में रुचि बढ़ेगी। व्यापार अथवा कार्यक्षेत्र में दिन लाभप्रद रहेगा। पारिवारिक जिम्मेदारियों का निर्वाह कर पाएंगे।

वृष

किसी मित्र के सहयोग से आय के स्रोत विकसित हो सकते हैं। मीठे खानपान के प्रति रुझान रहेगा। मानसिक शांति रहेगी। आपकी अपनों से भेंट होगी। पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए यह दिन अच्छा रहेगा।

मिथुन

स्‍वभाव में चिड़चिड़ापन रहेगा। खर्चों की अधिकता से परेशान हो सकते हैं। नौकरी में तरक्‍की की संभावना बन रही है। रुका हुआ धन वापस आएगा। लाभ के अवसर बनेंगे। कार्यशैली में सुधार होगा।

कर्क

मन अशांत रहेगा। नौकरी में तरक्‍की के योग बन रहे हैं। अफसरों का सहयोग मिलेगा। विदेश यात्रा के भी योग बन रहे हैं। आर्थिक स्थिति पहले की अपेक्षा मजबूत होगी। दिखावे एवं आडंबरों से दूर रहें।

सिंह

किसी मित्र के सहयोग से नौकरी में अवसर मिल सकते हैं। आय में वृद्धि होगी। अफसरों का सहयोग मिलेगा। विदेश यात्रा के योग भी बन रहे हैं। नई योजनाएं लाभ देंगी। अचानक लाभ के योग बनेंगे।

कन्या

मानसिक शांति तो रहेगी, लेकिन आत्‍मविश्‍वास में कमी रहेगी। भाइयों के सहयोग से कारोबार की स्‍थिति में सुधार होगा। लाभ के सौदे होंगे। निवेशादि से लाभ होगा।

तुला

परिवार की जिम्‍मेदारी बढ़ सकती है। परिवार के साथ किसी धार्मिक स्‍थान की यात्रा पर जाना हो सकता है। व्यवसाय मंदा चलेगा। रोजगार में उन्नाति के अवसर मिलेंगे।

वृश्चिक

आत्‍मसंयत रहें। जीवनसाथी से नोकझोंक हो सकती है। शैक्षिक कार्यों में व्‍यवधान आएंगे। संतान को कष्‍ट होगा।

धनु

आलस्‍य की अधिकता रहेगी। रोजमर्रा के कार्यों में व्‍यवधान आएंगे। आय में कठिनाई एवं खर्चों की अधिकता रहेगी। अपने परिश्रम से लाभ प्राप्त करेंगे। विवेकपूर्ण कार्य लाभ देंगे।

मकर

मन अशांत रहेगा। परिवार के साथ यात्रा देशाटन के लिए जा सकते हैं। अनियोजित खर्चों में वृद्धि होगी। स्‍वास्‍थ्‍य के प्रति सचेत रहें। निवेश-नौकरी लाभ देंगे। कुछ समाचार उत्साह कम कर सकते हैं। आशा-निराशा के बावजूद कामकाज होंगे।

कुंभ

लेखनादि-बौद्धिक कार्यों से मान-सम्‍मान में वृद्धि होगी। शासन सत्‍ता का सहयोग मिलेगा। आय में वृद्धि होगी।

मीन

पारिवारिक जीवन सुखमय रहेगा। कुटुम्‍ब-परिवार में धार्मिक कार्य होंगे। किसी मित्र के सहयोग से नौकरी के अवसर मिल सकते हैं। स्वास्थ्य के मामलें में यह समय अच्छा नहीं है। वाहन ध्यान से चलाएं चोट लगने की सम्भावना है।