क्राइम डेस्क।। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र में एक महिला को कुछ युवक बहला-फुसलाकर ले गए और अपहरण के बाद उसके साथ आरोपियों ने जबरन दुष्कर्म कर डाला। महिला ने सारी घटना की रिपोर्ट थाने में लिखाई। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि ओछापुरा निवासी टिंकल शर्मा, विष्णु शर्मा, सोनू हरदेनिया व श्यारदा गांव निवासी दिनेश शर्मा उसे 20 फरवरी को टर्राकलां गांव अपने साथ बहला-फुसलाकर अपहरण कर ले गए।
जहां आरोपियों ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। महिला ने घटना 20 फरवरी से 2 मार्च तक की बताई है। दुष्कर्म के बाद महिला को छोड़ गए और जान से मारने की धमकी दी, ऐसे में वह आरोपियों के खिलाफ शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पाई। परिजन से बात के बाद उसे हिम्मत मिली और महिला ने शनिवार को रघुनाथपुर थाना पहुंचकर शिकायत की।पुलिस ने आरोपियो के खिलाफ अपहरण और दुष्कर्म का मामला दर्ज कर कानूनी कार्यवाई प्रारंभ कर दी है।
उत्तर प्रदेश।। ग्वालियर-झांसी हाईवे पर मेडिकल कॉलेज के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी, हादसे में ऑटो चालक समेत नर्सिंग कॉलेज की चार छात्राएं घायल हो गईं। घायल छात्राओं को जिला अस्पताल भेजा गया जहां से ग्वालियर ले जाते वक्त एक छात्रा ने दम तोड़ दिया। घायल छात्राओं में एक का जन्म दिन था इसलिए वह अपने साथी मित्रों के साथ मां पीतांबरा के दर्शन करने गई थीं और वहां से लौटते वक्त हादसा हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वालियर-झांसी हाईवे स्थित GNM नर्सिंग कॉलेज की छात्रा आराधना जायसवाल का कल जन्म दिन था। अपने जन्म दिन पर दर्शन करने के लिए वह शुक्रवार को शाम चार बजे अपने साथी छात्रा ज्योति शर्मा और रेखा रावत के साथ पीतांबरा पीठ पर दर्शन करने गईं। वहां से रात 9 बजे ऑटो में बैठकर वापस लौट रही थी। जैसे ही ऑटो मेडिकल कॉलेज के सामने पहुंचा तभी ग्वालियर की तरफ से आ रहे ट्रक नंबर NL 01 AA 8711 के चालक ने टक्कर मार दी जिससे ऑटो पलट गया ड्राइवर ब्रजेश अहिरवार समेत चारों छात्राएं घायल हो गईं। सूचना मिलने पर डायल-100 मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से ड्राइवर और छात्रा रेखा रावत को ग्वालियर रैफर कर दिया गया। ग्वालियर में छात्रा रेखा की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक भाग निकला। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर लिया है।
स्पोर्ट डेस्क।। IPL 2020 भले ही कोरोना के कारण आगे बढ़ गया हो, लेकिन IPL का रोमांच अभी से लोगों के सिर पर चढ़कर बोल रहा है। इसी कड़ी में IPL के कुछ रिकॉर्ड की ओर आपका ध्यान ले चलते हैं। आज हम बता रहे हैं IPL इतिहास में पावरप्ले के दौरान किस प्लेयर ने सर्वाधिक रन बनाए थे। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस लिस्ट में पहले नंबर पर न तो क्रिस गेल है और न ही डेविड वार्नर। पॉवरप्ले में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में सबसे उपर शिखर धवन हैं। भारतीय टीम के गब्बर शिखर धवन ने 2411 रन बनाएं है।
दूसरे नंबर पर डेविड वार्नर है जिन्होंने 2326 रन बनाएं हैं। सूची में तीसरे नंबर पर गौतम गंभीर है जिन्होंने 2283 रन बनाएं हैं। जबकि ताबड़तोड़ बल्लेबाज क्रिस गेल का नंबर इस सूची में पाचवें नंबर पर आता हैं। उन्होंने 2278 रन बनाए हैं। पिछले पांच सीजन में धवन द्वारा बनाए गए रनों पर एक नजर डाले तब शिखर ने 2015 में 354 रन, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। 2016 में 501 रन बनाएं जिसमें चार अर्धशतक शामिल हैं। 2017 में 479 रन, तीन अर्धशतक, 2018 में 497 रन जिसमें चार अर्धशतक और 2019 में 521 रन बनाएं जिसमें पांच अर्धशतक शामिल हैं। धवन ने कुल मिलाकर अब तक IPL में 159 मैच खेले हैं। इनमें वह 4579 रन बना चुके हैं। 37 अर्धशतक बनाने वाले धवन 524 चौके और 96 छक्के भी लगा चुके हैं। उनकी स्ट्राइक रेट 124.80 जबकि औसत 33.42 है। बेस्ट स्कोर नाबाद 97 रन है।
स्पोर्ट डेस्क।। ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर आरोन फिंच ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए 2018 बाक्सिंग डे टेस्ट के बाद भारत के खिलाफ किसी मुकाबले में हिस्सा नहीं लिया है। भारत के खिलाफ सीरीज के दौरान जसप्रीत बुमराह ने उन्हें काफी परेशान किया था। फिंच ने बताया वह बुमराह से इतना परेशान थे कि वह आधी रात को उठ खड़े होते थे। फिंच ने इस सीरीज के दौरान मात्र 97 रन बनाए और इसके बाद उन्हें निकाल दिया गया था। 33 वर्षीय आरोन फिंच ने एक डाक्यूमेंट्री की शूटिंग के दौरान बताया कि बुमराह उनके दिमाग में घर कर गए थे।
उन्होंने बताया कि वह भारत के साथ सीरीज के दौरान रात में यह सोचकर उठ जाते थे कि बुमराह ने उसे फिर से आउट कर दिया है। बुमराह ने इस सीरीज के दौरान शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने केवल फिंच ही नहीं बल्कि अन्य ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भी परेशानी में डाल दिया था। इस चार मैचों की सीरीज में दाएं हाथ के तेज गेंदबाज बुमराह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज भी बन गए थे। यह भारत की ऑस्ट्रेलियाई धरती पर पहली टेस्ट जीत थी। इस सीरीज का फायदा फिंच को वनडे और टी20 इंटरनेशनल में हुआ और अब वह इन दोनों फार्मेट के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक हैं। वह वर्तमान में न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रही एकदिवसीय श्रृंखला में सबसे आगे हैं। फिंच को उम्मीद है कि इस साल लगातार 5 वनडे हारने के बाद उनकी टीम जीत के साथ वापसी करेगी।
हेल्थ डेस्क।। भारत में कोरोना वायरस के केस तेजी से बढ़ रहे हैं. अब आंकड़ा 105 पहुंच चुका है. इनमें से 11 मरीज ठीक हो गए हैं, जबकि दो लोगों की मौत हो गई है. सबसे ज्यादा केस महाराष्ट्र से सामने आ रहे हैं. हालात को देखते हुए कई राज्यों ने कोरोना को महामारी घोषित कर दिया है तो कई शहरों में धारा 144 लगा दी गई है. केंद्र सरकार भी पूरी तैयारी कर रही है. लेकिन इस वायरस को फैलने से रोक नहीं पा रहा स्वास्थ विभाग।
आज सार्क देशों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोरोना को निपटाने पर चर्चा करेंगे. वहीं, कोरोना ने पूरी दुनिया में कोहराम मचा रखा है. अमेरिका कोरोना के खौफ में है तो वहीं यूरोप में हालात अब चीन से ज्यादा खतरनाक हो गए हैं. चीन से फैला ये वायरस अब पूरी दुनिया के लिए खतरा बन गया है.
हेल्थ डेस्क।। PM मोदी ने कहा कि एक स्वस्थ दुनिया के लिए समय पर एक्शन जरूरी है. रविवार शाम पांच बजे सार्क के सदस्य देश वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कोरोना वायरस की चुनौतियों से निपटने के लिए रोडमैप बनाने पर चर्चा करेंगे. दुनिया भर में कहर बरपा रहे कोरोना वायरस को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम 5 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए दक्षिण एशियाई देशों के संगठन दक्षेस देशों से चर्चा करेंगे.
इस चर्चा में अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ गनी, मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह, श्रीलंका के राष्ट्रपति गोताबया राजपक्षे, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, भूटान के प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग और नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली शामिल होंगे. हालांकि इस चर्चा में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान खुद हिस्सा नहीं लेंगे. इसमें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की ओर से उनके स्पेशल असिस्टेंट डॉ जफर मिर्जा शामिल होंगे.
कोरोना वायरस से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्क देशों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए चर्चा करने और इससे निपटने की रणनीति बनाने की पहल की थी. PM मोदी की इस पहल से दक्षिण एशियाई देशों के नेता उनके मुरीद होकर न सिर्फ सहमति दी थी, बल्कि इस शुरुआत के लिए उनकी तारीफ भी की थी.
PM मोदी ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, ‘एक स्वस्थ दुनिया के लिए समय पर एक्शन. रविवार शाम पांच बजे सार्क के सदस्य देश वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कोरोना वायरस की चुनौतियों से निपटने के लिए रोडमैप बनाने पर चर्चा करेंगे. यह चर्चा वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए होगी. मुझको यकीन है कि हमारे एक साथ आने से प्रभावी परिणाम निकलेंगे और हमारे देश के नागरिकों को फायदा होगा.’
जानकारी के मुताबिक अब तक दुनिया भर में कोरोना के मरीजों की संख्या एक लाख 54 हजार 760 तक पहुंच गई है. अब तक 5764 लोगों की मौत की पुष्टि चुकी है, जबकि 72 हजार से ज़्यादा लोग ठीक हो चुके हैं. वहीं भारत में कोरोना के 101 पुष्ट मामले आ चुकी हैं और दो लोगों की मौत हो चुकी है.
USA में राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया है साथ ही अपना कोरोना टेस्ट भी कराया है. वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन ने कहा कि चीन के बाद अब यूरोप कोरोना वायरस की तबाही का केंद्रबिंदु बन गया है. इस बीच ये वायरस अफ्रीकी महाद्वीप में भी फैल गया है. अब केन्या, इथोपिया, सूडान, गिनीया, मौरीटानिया और एस्वातीनी में कोरोना के पहले मामले सामने आ गए हैं. अगर आप नक्शे पर देखेंगे तो आपको पूरी दुनिया कोरोना वायरस की जद में नजर आएगी. ये वायरस अब 147 देशों में पैर पसार चुका है.
नई दिल्ली।। इंदौर में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा देश में कोरोना का कोई असर नहीं होने वाला, क्योंकि यहां 33 करोड़ देवी-देवताओं का वास है। उन्होंने कहा कोरोना वायरस से हमारा कुछ नहीं बिगाड़ेगा, क्योंकि हमारे यहां जो हनुमान जी हैं उनका नाम मैंने कोरोना पछाड़ हनुमान रख दिया है।
उन्होंने कहा लेकिन सरकार के आदेश का पालन करना है इसलिए बजरबट्टू सम्मेलन निरस्त किया जा रहा है। कोरोना वायरस के मद्देनजर इंदौर शहर और जिले में रंगपंचमी के अवसर पर निकलने वाली झांकी इस साल स्थगित कर दी गई है। इसके साथ ही बजरबट्टू सम्मेलन को भी निरस्त कर दिया गया है। इंदौर के एडीएम बीबीएस तोमर ने बताया कि लोकहित को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
विजयवर्गीय ने कहा देश में 33 करोड़ देवी-देवता निवास करते हैं, इसलिए यहां कोरोना वायरस का कोई असर नहीं होने वाला। इस अवसर पर बजरबट्टू सम्मेलन के लिए हनुमान की वेशभूषा धारण करने वाले पूर्व विधायक जीतू जिराती से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा, बजरबट्टू सम्मेलन में जिराती को कोरोना हनुमान नाम दिया गया है, जिनके आशीर्वाद से किसी को भी कोरोना का संक्रमण नहीं होगा।
नई दिल्ली।। मध्य प्रदेश में जारी सियासी घमासान के बीच पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, मैंने कभी यह उम्मीद नहीं की थी कि महाराज कांग्रेस और गांधी परिवार को धोखा देंगे और किसके लिए! राज्यसभा और कैबिनेट मंत्री बनने मोदीशाह के नेतृत्व में? दु:खद है कभी भी उनसे यह उम्मीद नहीं करता था। लेकिन फिर कुछ लोगों के लिए पॉवर ऑफ हंगर, विश्वसनीयता और विचारधारा जो एक स्वस्थ लोकतंत्र का सार है से अधिक महत्वपूर्ण है।
दिग्विजय सिंह ने कहा, मैं सत्ता से बाहर रहा और कांग्रेस पार्टी के लिए 2004 से 2014 तक काम किया, इस तथ्य के बावजूद कि मुझे मंत्रिमंडल में शामिल होने और राज्यसभा में जाने की पेशकश की गई थी लेकिन मैंने विनम्रता से मना कर दिया। मैं अपने गृह क्षेत्र राजगढ़ से आसानी से लोकसभा में आ सकता था लेकिन मैंने मना कर दिया और कांग्रेस उम्मीदवार को जीत मिली। क्यों? क्योंकि मेरे लिए विश्वसनीयता और विचारधारा अधिक महत्वपूर्ण है जो दुर्भाग्य से भारतीय राजनीतिक परिदृश्य से गायब हो गई है।
दिग्विजय सिंह ने कहा, मैं संघ और भाजपा से बिलकुल सहमत नहीं हूँ लेकिन उनकी विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की प्रशंसा करता हूँ। आरएसएस 1925 से 90 के दशक तक अपने अंतिम लक्ष्य हिंदू राष्ट्र को भुलाए बगैर दिल्ली में सत्ता में आने के लिए इंतजार किया। उन्होंने सफलतापूर्वक समाजवादियों और विशेष रूप से जेपी और अब नीतीश को आरएसएस प्रचारक को पीएम बनाए जाने के अपने अंतिम लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए मूर्ख बनाया है। मैंने ऐसे आरएसएस कार्यकर्ताओं को भी देखा है जिन्होंने अपना पूरा जीवन समर्पित कर अपने परिवार को संघ के लिए काम करने के लिए छोड़ दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, अब RSS के नए प्रचारक बदल गए हैं। नरेंद्र मोदी RSS के प्रचारकों की इस नई नस्ल के शानदार उदाहरण हैं। मैं नरेंद्र मोदी जी का प्रशंसक नही हूँ बल्कि उनके सबसे कटु आलोचकों में से एक हूँ, लेकिन हर मुद्दे और हर अवसर पर बिना कोई समझौता किए देश को ध्रुवीकृत करने के उनके साहस के प्रयास की प्रशंसा करता हूं। ऐसा करते वक़्त उन्होंने कभी परवाह नही की कि भारत के सनातन धर्म और हिंदू धर्म की मान्य परंपराओं द्वारा बुने गए सामाजिक ताने बाने को नष्ट करने से देश को क्या नुकसान हो रहा है?
दिग्विजय सिंह ने कहा, राजमाता विजया राजे सिंधिया जी, जिनके लिए मेरे मन में अभी भी बहुत सम्मान है, वे चाहती थी कि मैं 1970 में जनसंघ में शामिल हो जाऊं, जब मैं राघौगढ़ नगर पालिका का अध्यक्ष था, लेकिन मैंने विनम्रता से मना कर दिया जब मैंने गुरु गोलवलकर की किताब बंच ऑफ थॉट्स को पढ़ा और आरएसएस के नेताओं से बातचीत की। मेरे लिए मेरा धर्म सनातन धर्म है और सार्वभौम भाईचारे में मेरा विश्वास है। मेरे लिए मेरा धर्म मानवतावाद इन्सानियत है जो हिंदुत्व के बिलकुल विपरीत है।
अहमदाबाद।। भारत समेत दुनियाभर में कोरोना वायरस को देखते हुए केन्द्र सरकार ने सार्वजनिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है. कोरोना के कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आगामी 21 मार्च से दो दिवसीय गुजरात दौरा भी रद्द कर दिया गया है. उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि ऐहतियात के तौर पर फिलहाल पीएम मोदी के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं और नई तारीखों का बाद में ऐलान किया जाएगा।
PM मोदी 21 मार्च से दो दिवसीय गुजरात दौरे पर आने वाले थे. दो दिवसीय यात्रा के दौरान PM मोदी वडोदरा, अहमदाबाद और जूनागढ़ में जनसभा को भी संबोधित करने वाले थे| इस दौरान PM मोदी केवडिया कॉलोनी स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के निकट नए प्रोजेक्ट का लोकार्पण, वडोदरा में बीएस-6 आधारित प्लान्ट का लोकार्पण, अहमदाबाद के सिविल अस्पताल परिसर में नवनिर्मित यूएन मेहता हार्ट अस्पताल और गुजरात सरकार की किसानों के लिए बनाई गई दिनकर योजना प्रारंभ करने वाले थे. लेकिन कोरोना वायरस के चलते फिलहाल PM मोदी के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं.
हेल्थ डेस्क।। अच्छी सेहत के लिए डॉक्टर फल और हरी सब्जियां खाने की सलाह देते हैं। उनके अनुसार फल और हरी सब्जियां सेहत के लिए कई मायनों में फायदेमंद होती हैं और बीमारियों से भी हमारे शरीर की सुरक्षा करती हैं। लेकिन आप कितनी बार यह सुनते हैं कि आपको पीले रंग के फल और हरी सब्जियों को भी अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए। दरअसल अन्य फूड्स की तरह पीले फल और हरी सब्जियां भी स्वास्थ्य के लिए बहुत फायदेमंद हैं। पीले फूड्स का सेवन करने से न सिर्फ त्वचा पर निखार आता है बल्कि इम्युनिटी भी मजबूत होती है। पीले फल और हरी सब्जियां कई पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं जो शरीर को एनर्जी प्रदान करने के साथ ही रोगों से बचाते हैं।
ताजे और पीले फूड्स में कैरोटीनॉयड और बायोफ्लेवोनॉयड अधिक मात्रा में पाये जाते हैं जो सूजन को दूर करने के साथ ही फ्री रेडिकल डैमेज से बचाते हैं। इनमें एंटीऑक्सीडेंट होता है जो तमाम तरह की बीमारियों से शरीर को बचाता है। पीले शिमला मिर्च में पोटैशियम जबकि केला, नींबू और आम में प्रचुर मात्रा में विटामिन सी पाया जाता है जो इम्युनिटी बढ़ाता है और चेहरे पर निखार लाता है। इसके साथ ही कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने में मदद करता है। यही नहीं विटामिन सी हड्डियों और जोड़ों के लिये भी काफी अच्छा माना जाता है। यह कोलेस्ट्रॉल और ब्लड़ प्रेशर को कंट्रोल करता है। स्वस्थ शरीर के लिए पीले फूड्स का एक हिस्सा रोजाना अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए। पीले फल न सिर्फ प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करते हैं बल्कि आंखों की सेहत के लिए भी अच्छे होते हैं। पीले रंग के फल और हरी सब्जियों में बायोफ्लेनॉयड यानी विटामिन पी पाया जाता है। यह कोलेजन के उत्पादन को बढ़ाता है और बढ़ती उम्र के असर को रोकता है। यदि आप बढ़ती उम्र के साथ जवान दिखना चाहती हैं तो आज से ही पीले रंग के फल और हरी सब्जियां खाना शुरू कर दें।