28.1 C
Mumbai
Thursday, August 13, 2026
Home Blog Page 1038

ईवीएम हैकिंग चैलेंज में आप ने नहीं लिया हिस्सा

कोमल झा |Navpravah.com

भारतीय चुनाव आयोग ने शनिवार सुबह 10 बजे से 2 बजे के बीच सभी पार्टियों को दिए ईवीएम हैकिंग का चैलेंज दिया। इसमें केवल दो पार्टियों, एनसीपी और सीपीआई (एम), ने हिस्सा लिया। आम आदमी पार्टी और बसपा चुनाव आयोग के इस चैलेंज में शामिल नहीं हुई। दोनों पार्टियों ने बीते विधानसभा चुनावों में ईवीएम के प्रयोग पर सवाल उठाया था।

जानिए, इस ईवीएम हैकिंग चैलेंज से जुड़ी 5 अहम बातें.

1 – पंजाब, यूपी और दिल्ली चुनावों वाली वोटिंग मशीनें

चुनाव आयोग ने इस प्रक्रिया में बीते चुनावों में प्रयोग की गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को प्रयोग किया।

इस चैलेंज में हिस्सा लेने वाली राजनीतिक पार्टियों को पंजाब, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में प्रयोग की गई 4 वोटिंग मशीनें दी गईं।

2 – चुनाव आयोग ने 56 पार्टियों को दी थी चुनौती

चुनाव आयोग ने देश की 7 राष्ट्रीय और 49 प्रदेश स्तर की राजनीतिक पार्टियों को ईवीएम के साथ छेड़छाड़ करने की चुनौती दी थी। आयोग की चुनौती को स्वीकार करने वाली पार्टियों में सिर्फ एनसीपी और सीपीआई (एम) शामिल हुईं।

3 – आम आदमी पार्टी करेगी निजी हैकिंग चैलेंज

आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग के हैंकिग चैलेंज में हिस्सा न लेकर समानांतर हैकिंग चैलेंज आयोजित करने की घोषणा की है। पार्टी ने इस चैलेंज को सभी पार्टियों, विशेषज्ञों और अंतर्राष्ट्रीय कंपनियों को हिस्सा लेने का मौका दिया है।

इसके लिए पार्टी ने अपनी वेबसाइट पर पंजीकरण भी शुरू किया है.पार्टी के मुताबिक, चुनाव आयोग का हैकिंग चैलेंज सिर्फ एक ‘ढकोसला’ है और आप के हैकिंग चैलेंज में हिस्सा लेने वालों को आप की प्रोटोटाइप मशीन को हैक करने का मौका मिलेगा. इस चैलेंज में भी मशीन को बटन दबाने और मशीन को आंखों से देखने की इजाजत होगी.

4 – ईवीएम का दावा – संभव नहीं हुई हैकिंग

चुनाव आयोग ने दावा किया है कि हैकिंग चैलेंज में शामिल होने वाली पार्टियां सिर्फ ईवीएम के तकनीकी पहलुओं को समझना चाहते थे और उन्हें मशीन के तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया गया।

5 – अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों को नहीं मिली इजाज़त

चुनाव आयोग ने इस हैकिंग चैलेंज में अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के साथ छेड़छाड़ करने की इजाज़त नहीं दी।

एक शख़्सियत ने खुलकर कहा समलैंगिक हैं, अब बनेंगे प्रधानमंत्री

कोमल झा | Navpravah.com

आयरलैंड में लियो वराडकर को सत्ताधारी गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी फ़ाइन गेल का नेता चुना गया है. वराडकर ने 60 प्रतिशत वोट लेकर अपने प्रतिद्वंद्वी और हाउसिंग मिनिस्टर साइमन कोवेनी को हराया.वो आयरलैंड के पहले समलैंगिक प्रधानमंत्री होंगे.वो अगले कुछ सप्ताह में फ़ाइन गेल के पूर्व नेता एंडा केनी से ये ज़िम्मेदारी ले लेंगे. 38 वर्षीय वराडकर आयरलैंड के अब तक के सबसे युवा प्रधानमंत्री भी होंगे.

लियो वराडकर के आयरलैंड की राजनीति के शीर्ष तक पहुंचने का सफ़र अंतरराष्ट्रीय सुर्ख़ियों में रहा है. ये सुर्ख़ियां इस तथ्य पर ही केंद्रित रही हैं कि वो ‘भारतीय मूल’ के हैं और खुले तौर पर समलैंगिक हैं. वराडकर यूरोप के सामाजिक रूप से सबसे रूढ़िवादी देश का उदारवादी का चेहरा बन गए हैं.लेकिन आयरलैंड में न ही उनका सेक्स जीवन और न ही नस्लीय पहचान बहुत ज़्यादा मायने रखते हैं.

 

उन्होंने देश के सत्ताधारी गठबंधन की सबसे बड़ी पार्टी फ़ाइन गेल के नेतृत्व का चुनाव जीत लिया है और वो अगले कुछ सप्ताह में देश के प्रधानमंत्री बन जाएंगे. उनका चुनाव अभियान सामाजिक और आर्थिक मुद्दों पर केंद्रित रहा है. वराडकर के सामने सबसे बड़ी चुनौती आयरलैंड की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाना और ब्रेक्सिट के बाद के हालात से निबटना होगा.

वराडकर का जन्म 18 जनवरी 1979 को डबलिन में हुआ था. उनके पिता अशोक मुंबई से आए एक डॉक्टर थे जिन्होंने आयरिश मूल की नर्स मरियम से शादी की थी.उन दोनों की मुलाक़ात इंग्लैंड के बर्कशर में साथ काम करते हुए हुई थी. बाद में वो दोनों 70 के दशक में आयरलैंड में बस गए थे.तब का आयरलैंड आज के आयरलैंड से बहुत अलग था. 1990 के दशक तक यहां समलैंगिकता और तलाक़ ग़ैर-क़ानूनी थे.यहां बहुत कम प्रवासी रहते थे और आयरलैंड यूरोपीय संघ का एक ग़रीब सदस्य देश था.वराडकर ने भी अपने पिता की ही तरह डॉक्टरी की पढ़ाई की.

उन्होंने मीडिया में अपना एक ऊंचा प्रोफ़ाइल गढ़ा. उन्हें आमतौर पर ‘शार्प शूटर’ या ‘स्ट्रेट टॉकर’ कहा जाने लगा. 2015 में आयरलैंड के सरकारी ब्रॉडकास्टर आरटीई को दिए साक्षात्कार में उन्होंने स्वीकार किया कि वो समलैंगिक हैं.उन्होंने कहा था, “अब मेरे लिए ये बड़ी बात नहीं है. मुझे उम्मीद है कि ये किसी और के लिए भी बड़ी बात नहीं है. होनी भी नहीं चाहिए. “इसके कुछ ही महीने बाद आयरलैंड में समलैंगिकों की शादी के मुद्दे पर जनमतसंग्रह हुआ. फ़ैसला समलैंगिकों की शादी के समर्थन में रहा.

जब एंडा केनी ने प्रधानमंत्री पद और पार्टी के नेतृत्व से संन्यास का एलान किया तो वराडकर के समर्थकों ने उनके समर्थन में ऐसा अभियान चलाया कि ज़्यादातर बड़े नेता 48 घंटों के भीतर ही उनके समर्थन में आ गए. उनके प्रतिद्वंदी और हाउसिंग मिनिस्टर साइमन कोवेनी वराडकर को टक्कर ही नहीं दे पाए. लेकिन कोवेनी ने चिंता ज़ाहिर की कि वराडकर की आर्थिक नीतियां पार्टी को दक्षिणपंथ की ओर झुका देंगी.

वराडकर ने कहा कि फ़ाइन गेल को उन लोगों का प्रतिनिधित्व करना चाहिए जो सुबह जल्दी उठते हैं. उन्होंने कहा कि वो उन लोगों की बात कर रहे हैं “जो सार्वजनिक क्षेत्र, निजी क्षेत्र और स्वरोज़गार में लगे हैं, अभिभावक जो बच्चों का ध्यान रखने के लिए जल्दी उठ रहे हैं.”लेकिन फ़ाइन गेल पार्टी में उनके विरोधियों ने उनकी छवि दक्षिणपंथी के तौर पर गढ़ने की कोशिश की.

38 वर्षीय वराडकर जब अगले कुछ सप्ताह में देश के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले लेंगे तो वो देश के अब तक के सबसे युवा प्रधानमंत्री होंगे.उनके सामने मौजूदा प्रधानमंत्री एंडी केनी के शब्दों में आयरलैंड की अब तक की सबसे बड़ी चुनौती होगी- ब्रिटेन का यूरोपीय संघ से अलग होना और बदले हालात से निपटना.

लेकिन वराडकर की सोच अंतरराष्ट्रीय है और वो ख़ुद को फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की तरह देख रहे हैं- युवा, करिश्माई और ऊर्जावान नेता.

उनकी राजनीतिक क्षमता उन्हें बहुत आगे ले आई है, लेकिन उनके सामने सबसे बड़ी मुश्किलें अभी आनी बाकी हैं.

काबुल में एक जनाज़े के दौरान धमाका, 12 की मौत

कोमल झा | Navpravah.com

 

अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में शुक्रवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान मारे गए एक शख्स के जनाज़े में बम धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं.

 

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, तीन धमाकों में 12 लोगों के मारे जाने की खबर है. बम धमाका स्थानीय नेता के बेटे के जनाज़े में हुआ जिसकी पाँच अन्य लोगों समेत शुक्रवार को मौत हो गई थी.

ये प्रदर्शन बुधवार को हुए बम धमाके के विरोध में किया गया था जिसमें 90 लोग मारे गए थे.

काबुल के राजनयिक क्षेत्र में बुधवार को बम धमाका होने के बाद से इस इलाके को आम लोगों के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है.

सलमान खान से झगड़ा करने वाले विवेक ओबेरॉय ने ‘ट्यूबलाइट’ को लेकर दिया बड़ा बयान

कोमल झा|Navpravah.com

 

अभिनेता विवेक आनंद ओबेरॉय ने कहा कि उन्हें आशा है कि ‘बाहुबली 2 : द कॉन्क्लूजन’ द्वारा बॉक्स ऑफिस पर बनाए गए रिकॉर्ड्स को सलमान भाई  की आगामी फिल्म ‘ट्यूबलाइट’ तोड़ सकती है.

 

152591-vivek-obreai

विवेक का एक समय सलमान के साथ ऐश्वर्या राय को लेकर झगड़ा रहा है. जिनके साथ सलमान ने पहले डेटिंग की थी. इस घटना के बाद कई मौकों पर विवेक को ‘दबंग’ स्टार से मिलने-जुलने की कोशिश करते हुए देखा गया है.

विवेक ने गुरुवार को कहा, “मैं चाहता हूं कि ‘ट्यूबलाइट’, ‘बाहुबली’ के रिकॉर्ड तोड़े और एक सुपरहिट फिल्म बने. मैं महसूस करता हूं कि ‘ट्यूबलाइट’ में विश्वभर में हिंदी सिनेमा को गर्वान्वित कराने की क्षमता है और ‘ट्यूबलाइट’ की पूरी टीम को अपनी शुभकामनाएं देना चाहूंगा.”

अभिनेता दादा साहेब फाल्के अकादमी पुरस्कार समारोह परिसर में बोल रहे थे, जहां उन्हें हिंदी सिनेमा और सामाजिक कार्य में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया.

हालांकि, विवेक ने ‘बाहुबली’ फिल्म की तारीफ की. विवेक आगामी फिल्म ‘बैंक चोर’ में अभिनय करते हुए देखे जाएंगे. यह 16 जून को रिलीज हो रही है.

 

गंगा को सूखने नहीं देंगे – उमा भारती

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
केन्द्रीय मंत्री उमा भारती ने गंगा नदी के गिरते जलस्तर को लेकर बयान दिया है। उमा भारती ने कहा कि वे गंगा को सूखने नहीं देंगी। नदी के गिरते जलस्तर पर केन्द्रीय मंत्री ने चिंता जताई है, उन्होंने कहा है कि डीसिल्टिंग की तैयारी हो रही है।
images
उमा भारती ने कहा कि नयी सिंचाई योजनायें इसमें मददगार साबित होंगी, गंगा की अविरलता को कायम रखा जायेगा। इसके साथ ही गंगा के पानी को बचाने का प्रयास भी किया जायेगा।
गंगा के पानी को सुरक्षित रखने के लिए काम किया जायेगा, सीएम योगी की तारीफ भी केन्द्रीय मंत्री ने की। उन्होंने कहा कि सीएम योगी के लिए कोई चैलेंज बड़ा नहीं है, इसके साथ ही पूर्व की सपा सरकार पर भी उन्होंने हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार में अपराधियों की प्रशंसा की जाती थी, अपराध प्रदेश में चरम पर था, सपा सरकार कानून व्यवस्था बेहतर कर पाने में अक्षम थी, अपराध पर नकेल नहीं कसी जा सकी थी।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार में अराजकता बढ़ी थी। योगी सरकार सूबे में कानून व्यवस्था कायम रखने में सफल होगी, असर बस कुछ ही दिनों मे दिखना शुरू हो जायेगा।

गूगल मैप पर मिलेगी मुंबई मेट्रो से जुड़ी सभी जानकारी

कोमल झा | Navpravah.com
रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर्स मुंबई मेट्रो ने शुक्रवार को मेट्रो सेवा से जुड़ी जानकारी देने के लिए गूगल के साथ साझेदारी की है. एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि मुंबई मेट्रो वन प्राइवेट लिमिटेड (एमएमओपीएल) ने वर्सोवा-अंधेरी-घाटकोपर रुट के सभी मेट्रो स्टेशनों पर लोगों को ट्रेनों का टाइम टेबल और उससे जुड़ी जानकारी देने के लिए गूगल मैप करेगा.
metro1-580x305
गूगल मैप एप की मदद से यात्रा समय एप पर बिजी या प्राइम समय के दौरान चार मिनट के अंतर और कम व्यस्त समय में आठ मिनट के अंतर पर उपलब्ध होगा.
जारी बयान के मुताबिक़ कहा गया, “हम लोगों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने के हर संभव तरीकों को सावधानी से खोज रहे हैं और गूगल मैप्स के साथ मुंबई मेट्रो वन को जोड़ना इसे डिजिटल करने की दिशा में एक और कदम है.”
गूगल मैप्स पर यूजर मेट्रो सर्विसिस विकल्प पर जाकर जानकारी हासिल कर सकते हैं. इस विकल्प में जाकर यूजर्स को स्क्रीन पर उस स्टेशन से दोनों दिशाओं की ओर अगली मेट्रो सेवाओं की लिस्ट भी नजर आएगी.
यात्रियों की मदद के लिए यह एप सड़क, स्टेशन और प्लेटफार्म सहित स्टेशन के सभी तीन स्तरों पर सीढ़ियों, एस्केलेटर, एलीवेटर, टिकट काउंटर जैसी सभी सुविधाओं की जानकारी प्रदान करेगा.

पत्रकारों से मिले सीएम योगी, कहा, “कानून-व्यवस्था में लगातार सुधार जारी है”

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार 2 जून को टीवी चैनलों के संपादकों के साथ डिनर कार्यक्रम का आयोजन किया था, जिसमें सभी प्रमुख टीवी चैनलों के संपादकों को बुलाया गया था। डिनर कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संपादकों से तकरीबन 2 घंटे बातचीत की। कार्यक्रम का आयोजन मुख्यमंत्री आवास 5 केडी में किया गया था।
Yogi-Adityanath.jpg.image.975.568
कार्यक्रम मे योगी ने सूबे की मौजूदा परिस्थितियों से लेकर आने वाले समय पर बात की। इस औपचारिक मुलाकात कार्यक्रम में प्रदेश के विकास पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि, सरकार इलाहाबाद में मेला प्राधिकरण बनाएगी। प्रदेश में ख़ुफ़िया तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया जायेगा। कानून-व्यवस्था में लगातार सुधार जारी है। मुसहर जाति के गाँव राजस्व गाँव घोषित होंगे। 15 जून तक सड़कों को गड्ढामुक्त कर देंगे। डीएम-एसपी को मीडिया से संवाद करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में आगे कानून-व्यवस्था पर बात की। जिसमें उन्होंने कहा कि, कानून-व्यवस्था जीरो टॉलरेंस पर होगी, अपराधियों को किसी कीमत पर नहीं बख्शेंगे। सकारात्मक माहौल के लिए मीडिया मदद करे, यूपी के विकास में हर संभव मदद करेंगे। नई खनन नीति से प्रदेश को फायदा होगा, अच्छे अफसरों की प्रदेश में कमी है।

CBSE 10वीं कक्षा के परिणाम घोषित, जानें अपना रिजल्ट

शिखा पाण्डेय । Navpravah.com

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड(CBSE) के 10वीं क्लास के रिजल्ट आज घोषित कर दिए गए हैं। 9 मार्च से शुरू होकर 10 अप्रैल तक चली 10वीं कक्षा की परीक्षा में इस वर्ष कुल 16,67,573 विद्यार्थी शामिल हुए थे। CBSE प्रबंधन ने स्कूल बेस्ड और बोर्ड बेस्ड छात्रों का रिजल्ट जारी किया है। हालांकि हर साल परिणाम कुछ पहले आ जाते थे लेकिन इस बार कुछ राज्यों में विधान सभा चुनाव होने की वजह से और मॉडरेशन पॉलिसी को लेकर हुए विवाद के चलते परिणाम कुछ देर से आ रहे हैं।

ऐसे देखें अपना रिजल्ट-

विद्यार्थी cbseresults.nic.in वेबसाइट्स पर जाकर अपना रिजल्ट्स देख सकते हैं। साथ ही किसी भी प्रकार की जानकारी व दुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1800 11 8004 पर संपर्क कर सकते हैं। CBSE ने कहा है कि स्कूलों को ऑटोमेटिक तरीके से पूरे स्कूल का रिजल्ट उनकी ईमेल आईडी में मिल जाएगा।

पिछले साल CBSE 10वीं की परीक्षा में 96.36% लड़कियां और 96.11% लड़के पास हुए थे। 2016 में पास पर्सेंटेज 96.21 रहा था। वहीं 2015 में यह 97.32% था। 2016 में इस परीक्षा में कुल 14 लाख 91 हजार 293 स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। तिरुवनंतपुरम रीजन का रिजल्ट पिछले साल सबसे अच्छा रहा था। जवाहर नवोदय विद्यालयों का प्रदर्शन बेहतरीन रहा था।

उल्लेखनीय है कि CBSE अब कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए ग्रेड देती है। यानी अब छात्रों को अपने प्रतिशत की बजाय उन्हें हर विषय में ग्रेड पॉइंट एवरेज(GPA) और ओवरऑल ग्रेड पॉइंट एवरेज (सीजीपीए) मिलता है।

जानें CGPA व परसेंटेज कैलकुलेट करने का तरीका-

स्टूडेंट्स को ग्रेड देने के लिए बोर्ड सभी पास विद्यार्थियों को एक रैंक ऑर्डर में रखता है और नीचे दिए सिस्टम के आधार पर ग्रेड देता है:

A-1: पास उम्मीदवारों के शीर्ष 1/8
A-2: पास उम्मीदवारों में अगले 1/8
B-1: पास उम्मीदवारों में अगले 1/8
B-2: पास उम्मीदवारों में अगले 1/8
C-1: पास उम्मीदवारों में अगले 1/8
C-2: पास उम्मीदवारों में अगले 1/8
D-1: पास उम्मीदवारों में अगले 1/8
D-2: पास उम्मीदवारों में अगले 1/8
E: फेल उम्मीदवार

आपके ग्रेड पाइंट्स को मुख्य पांच विषयों में जोड़ दीजिए। इसके बाद इसे पांच से भाग दीजिए। उदाहरण के लिए पांच विषयों में आपके ग्रेड पाइंट्स ऐसे हैं-

विषय1: 8, विषय2: 9, विषय3: 7, विषय4: 9, विषय5: 9

– पहली स्टेप में अपने ग्रेड पाइंट्स जोड़िए. 8+9+7+9+9 = 42
– दूसरी स्टेप में इसे 5 से भाग दे दीजिए. 42/5 = 8.5
– इस लिहाज से आपका सीजीपीए 8.5 होगा।

अब आपके सीजीपीए से प्रतिशत निकालने के लिए आप इसे 9.5 से गुणा कीजिए। उदाहरण के लिए आपका सीजीपीए 8.5 है। इसे 9.5 से गुणा कीजिए।
जैसे = 8.5 x 9.5 = 80.75% आपका प्रतिशत।

हालांकि इंटरमीडिएट में एडमिशन के दौरान कुछ स्कूलों और कॉलेजों में ग्रेड सिस्टम मान्य है, पर कुछ स्कूल इससे मुकर भी सकते हैं। ऐसे में आपके लिए यह जानना जरूरी है कि ग्रेडिंग सिस्टम का क्या मतलब है और इसमें कौन से ग्रेड का क्या मतलब है और क्यूमूलेटिव ग्रेड पाइंट्स एवरेज (सीजीपीए) कैलकुलेट करने का क्या तरीका है, ताकि आपको एडमिशन के लिए आवेदन करने में दिक्कत न हो।

देश के लिए खतरे की घंटी, आतंकियों ने चुराए लाखों के हथियार

अभिजीत मिश्र । Navpravah.com
कश्मीर में चल रही एक बड़ी समस्या का खुलासा हुआ है। खबर आई है कि आतंकियों के पास पर्याप्त फण्ड न होने की वजह से मजबूरन उन्हें देश की पुलिस और सैनिकों के हथियार चुराने पड़ रहे हैं। अब तक आतंकियों ने सैनिकों के लाखों के हथियारों को इधर से उधर किया है। सवाल ये उठ रहा है कि जब सैनिक अपने हथियारों का ध्यान नहीं रख पा रहे, तो वे बॉर्डर पर देश की सुरक्षा कैसे करेंगे!
images (1)
प्राप्त जानकारी के मुताबिक़, अब तक आतंकियों ने सैनिकों के 128 गन्स की लूट की है, जिसमें से 25 एस एल आर राइफल्स हैं। इसके अलावा उन्होंने उसके हज़ार राउंड्स, ए के 47 ,ए के 56, 90 हैंड ग्रनेड, और भी कई खतरनाक हथियारों की चोरी कर सैनिकों की हथियार बंकर को खाली कर दिया है। आपको बता दें कि इस घटना से कुछ दिन पहले ही यह खबर भी आई थी कि बॉर्डर पर तैनात एक कॉन्स्टेबल ने अपनी ही गन को चुरा लिया था।
आतंकियों की इस हरकत से दो बातों का साफ़ अंदाज़ा लगाया जा सकता है, पहली यह कि आतंकी ‘लेवल ऑफ वायलेंस’ को बनाये रखना चाहते हैं और दूसरी वजह नोट बन्दी के कारण हुई धन की कमी से आतंकी ब्लैक मार्केट के ज़रिये हथियारों की तस्करी न कर पाने से ऐसी घटना को अंजाम दे रहे हैं। लगातार चल रही इन चोरी की घटनाओं से सैनिकों को कई सारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, मगर सैनिकों की इस लापरवाही पर सरकार का ध्यान अभी नहीं गया है।

आज लखनऊ पहुंचेगी चौथी मेट्रो ट्रेन

सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
लखनऊ मेट्रो की चौथी रेल आज ट्रांसपोर्ट नगर डिपो पहुंचेगी। इस मेट्रो रेल की चारों बोगियां पिछली 22 मई 2017 को एक स्पेशल ट्रेलर के द्वारा मेसर्स एलस्ट्राॅम के एक दल के साथ श्री सिटी (चेन्नई) से रवाना हुई थी। मेट्रो स्पेशल ट्रेलर पर लोडकर करीब 1907 किमी का सफर सड़क मार्ग से तय करने के बाद लखनऊ पहुंचेगी।
Lucknow_Metro
एलएमआरसी (Lucknow metro) के अधिकारियों की मानें तो यह पहली ऐसी मेट्रो होगी जो कमीशन (डिपो से ही ट्रायल समेत औपचारिकताएं कार्यदाई संस्था द्वारा पूरी) होकर राजधानी लखनऊ के लिए आ रही है। इस ट्रेन (Lucknow metro) को एक सप्ताह के अंदर औपचारिकताएं पूरी कर ली जायेंगी इसके बाद इसे ट्रैक पर चलाया जा सकेगा।
मेट्रो अधिकारी दावा कर रहे हैं कि लखनऊ मेट्रो की चारों ट्रेनें आगामी 10 जून तक चलने के लिए तैयार हो जायेंगी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी इसे (Lucknow metro) हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
लखनऊ मेट्रो (Lucknow metro) का स्पेशल स्पैन पर लोड ट्रायल आज किया जायेगा। एलएमआरसी के प्रबंध निदेशक कुमार केशव के अनुसार मवैया से दुर्गापुरी स्टेशन के बीच बने 255 मीटर लंबे स्पेशल स्पैन पर इसका लोड ट्रायल होगा।
उन्होंने बताया कि यह स्पेशल स्पैन पर लोड ट्रायल दो दिन तक (2 से 4 जुलाई) के बीच चलेगा। इस (Lucknow metro) ट्रॉयल के लिए दो मेट्रो को लोड करके तैयार किया गया है। इस ट्रॉयल के दौरान ट्रांसपोर्ट नगर से मेट्रो को चार सौ टन से अधिक वजन लादकर स्पेशल स्पैन पर खड़ा कर दिया जाएगा।
यह दोनों मेट्रो स्पेशल स्पैन पर कुछ देर के लिए खड़ी की जाएगी और स्पेशल स्पैन की क्षमता व गुणवत्ता का आंकलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कमर्शियल रन के पहले सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली जायेंगी। इसके बाद लखनऊ मेट्रो को हरी झंडी दिखायी जायेगी।