स्मृति ईरानी बन सकती हैं गुजरात की मुख्यमंत्री!

अमित द्विवेदी | Navpravah.com 

गुजरात चुनाव में भाजपा की जीत के बाद अब राज्य में मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर चर्चा तेज़ हो गई है। गुजरात में भारतीय जनता पार्टी छठी बार सरकार बनाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो इस बार पार्टी आलाकमान विजय रुपानी की बजाय किसी नए चेहरे को मुख्यमंत्री पद पर बैठा सकते हैं। 

बीजेपी किसे मुख्यमंत्री बनाएगी, इस पर कयास लगने शुरू हो गए हैं। इंडिया टुडे ने अपने एक रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि पार्टी आलाकमान केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को मुख्यमंत्री बना सकते हैं। कहा जा रहा है कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व स्मृति की लीडरशिप क्वालिटी से प्रभावित है, जिसकी वजह से उनके नाम पर गंभीरता से विचार किया जा सकता है। हालाँकि इस मामले में केन्द्रीय मंत्री ईरानी ने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई बात नहीं चल रही है और वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों पर पार्टी विचार करती है।

स्मृति के अलावा जिस नाम पर सबसे ज्यादा चर्चा है, वह हैं केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग राज्य मंत्री  मनसुख एल मंदाविया। मंदाविया किसानों के बेहद नज़दीक माने जाते हैं और लोकप्रिय नेता हैं। इनके नाम पर चर्चा इसलिए भी है, क्योंकि ये पाटीदार समुदाय से आते हैं। मंदाविया के अलावा गुजरात सीएम पद के लिए बीजेपी की तीसरी पसंद कर्नाटक के वर्तमान गवर्नर और गुजरात विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष वजूभाई वाला हैं। गुजरात कैबिनेट में वाला पहले भी वित्त, श्रम और रोजगार जैसे विभागों को संभाल चुके हैं।

हालाँकि अभी किसी के नाम पर मुहर लगाना जल्दबाजी होगी, लेकिन संभावना यही जताई जा रही है कि पार्टी इन्हीं नामों में से किसी एक का चुनाव कर सकती है, क्योंकि ये तीनों नेता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के करीबी भी हैं और गुजरात को काफी करीब से जानते भी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.