नीतीश कुमार मिश्रा | नवप्रवाह डॉट कॉम
रांची | कर्रा थाना क्षेत्र स्थित कोशांबी कॉलोनी के पास गुरुवार रात एक बेकाबू 18 चक्का ट्रेलर ने सड़क पर मौजूद लोगों को बुरी तरह रौंद दिया। इस दिल दहला देने वाली दुर्घटना में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में 4 महिलाएं और 3 मासूम बच्चे शामिल हैं।
चश्मदीदों के मुताबिक, रात करीब सवा 10 बजे एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे झाड़ियों में गिर गया था। फिर, शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण उसकी जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकले। कुछ युवक झाड़ी में फंसे स्कूटी सवार को बाहर निकालने में जुटे थे, वहीं महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर देख रहे थे। इसी दौरान, तोरपा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े 9 लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
हादसे में स्थानीय निवासी बिरसा नायक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनके परिवार के तीन सदस्यों पत्नी कसीला देवी, बेटी अंजलि कुमारी और एक वर्षीय नाती सौरभ नायक की जान चली गई। मृतकों में कसीला देवी, मान्दू देवी, अंजली कुमारी, पाको देवी, तूती कुमारी, गोलू कुमार और मासूम सौरभ भी शामिल हैं। वहीं, घायलों को तत्काल इलाज के लिए खूंटी सदर अस्पताल और तोरपा सीएचसी भेजा गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग देर रात अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली। एसपी ने घटना को बेहद दुखद और हृदयविदारक बताया। उन्होंने कहा कि कर्रा थाना क्षेत्र में रेलवे फाटक के पास स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लोग मदद के लिए पहुंचे थे। घटनास्थल पर तीखा मोड़ और अंधेरा होने के कारण 18 चक्का वाहन के चालक को सड़क किनारे मौजूद लोग नजर नहीं आए और यह भीषण दुर्घटना हो गई।
एसपी के मुताबिक, हादसे में अब तक सात लोगों की मौत हुई है। घायल बच्ची खतरे से बाहर है। दुर्घटना के बाद ट्रेलर का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है। वहीं, मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















