29 C
Mumbai
Wednesday, September 9, 2026
Home Blog Page 67

कोरोना के साथ देश पर मंडरा रहा भूकंप का खतरा, आज जम्मू कश्मीर में कांपी धरती

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह न्यूज़ नेटवर्क

जहां एक ओर देश कोरोना महामारी से जूंझ रहा है, तो पिछले कुछ दिनों से देश के अलग अलग हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं. मुंबई, नाशिक, के अलावा देश के कुछ हिस्सों में पिछले दिनों भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. ताजा समाचार के अनुसार आज जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. इस दौरान लोग अपने घरों से बाहर आ गए. गुरुवार की सुबह 08:19 बजे जम्मू- कश्मीर के गुलमर्ग में 3.7 तीव्रता का भूकंप आया. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने इसकी पुष्टि की है.

मंगलवार को भी हिली थी धरती
इससे पहले मंगलवार को भी जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. लोग धरती हिलते ही अपने घरों से बाहर आ गए. इससे पहले भी 11 सितंबर को जम्मू-कश्मीर में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए थे. रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.3 रही. हालांकि झटके बहुत तेज नहीं थे लेकिन जब लोगों को महसूस हुए तो वह अपने घरों से बाहर निकल आए.

इस भूकंप का केंद्र भारत-पाकिस्ताना का बॉर्डर बताया गया था. भूकंप 11 सितंबर को दोपहर 1.53 बजे आया था. इसकी गहराई धरती से 10 किलोमीटर नीचे थी. भूकंप के लिहाज से जम्मू-कश्मीर संवेदनशील इलाके में आता है.

सूरत : ONGC गैस प्लांट में विस्फोट के बाद लगी भीषण आग

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह न्यूज़ नेटवर्क
गुरुवार की सुबह गुजरात के सूरत में स्थित ऑयल एंड नैचुरल गैस कॉरपोरेशन प्लांट में अचानक भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई. आग लीपटें दूर-दूर तक दिखाई दे रही थीं. सूरत के कलेक्टर धवल पटेल ने इस संबंध में जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि करीब 3 बजे ओएनजीसी हजीरा प्लांट में लगातार 3 धमाके हुए, जिससे प्लांट में आग लग गई.
कलेक्टर ने बताया कि प्लांट में आग की सूचना के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड को भेजा गया, जिन्होंने आग पर काबू पाने के लिए ऑपरेशन शुरू किया. दमकलकर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद अब फिलहाल आग पर काबू पा लिया है. किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं मिली है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाके इतनी तेज थे कि 10 किलोमीटर दूर तक इनकी आवाज सुनाई दी थी. एहतियात के तौर पर सभी टर्मिनल को बंद कर दिया गया है. वहीं, ओएनजीसी के अधिकारियों द्वारा दबाव वाली गैस प्रणाली को कम करने की गतिविधि जारी है. साथ ही प्लांट में मौजूद लोगों को वहां से हटा दिया गया है.

ड्रग्स मामले में दीपिका पादुकोण से पूछताछ करेगी एनसीबी,

– श्रद्धा कपूर और सारा अली खान के घर पहुंचाया गया समन

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह न्यूज़ नेटवर्क
सुशांत की मौत से जुड़े ड्रग्स मामले में बॉलीवुड की कई एक्ट्रेस के नाम सामने आ रहे हैं. ड्रग्स चैट से जुड़ी जांच के बाद नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने बुधवार को दीपिका पादुकोण, श्रद्धा कपूर, सारा अली खान और रकुल प्रीत सिंह को समन जारी कर दिया. एनसीबी के सूत्रों के मुताबिक, गोवा में शूटिंग कर रहीं दीपिका को पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा. रकुल प्रीत सिंह को 24 सितंबर, श्रद्धा कपूर और सारा अली खान को 26 सितंबर को पेश होना होगा. एनसीबी की टीम ने श्रद्धा और सारा अली को घर जाकर समन दे दिया है.
दीपिका पादुकोण और उनकी मैनेजर करिश्मा प्रकाश के बीच 28 अक्टूबर 2017 को वॉट्सऐप पर हुई बातचीत सामने आई थी. इसमें दीपिका ‘hash’ और ‘weed’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर रही हैं. प्रतिबंधित ड्रग्स से जुड़ी भाषा में hash का इस्तेमाल हशीश के लिए होता है. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि ड्रग्स केस में पहले से गिरफ्तार रिया चक्रवर्ती ने श्रद्धा, सारा, रकुल और फैशन डिजाइनर सिमोन खम्बाटा समेत बॉलीवुड के 25 सेलेब्रिटीज के नाम एनसीबी को बताए थे. इस वजह से श्रद्धा, सारा, रकुल प्रीत सिंह को भी एनसीबी ने समन भेजा है.
आज होगी रिया की जमानत अर्जी पर सुनवाई
उधर, ड्रग्स मामले में गिरफ्तार रिया चक्रवर्ती ने मंगलवार को बॉम्बे हाईकोर्ट में जमानत की अर्जी लगाई थी. सुनवाई के लिए बुधवार का दिन तय हुआ था, लेकिन आज सुनवाई नहीं हो पाई. क्योंकि, मुंबई में तेज बारिश के चलते सड़कों पर पानी जमा हो गया है. ऐसे में हाईकोर्ट में छुट्टी कर दी गई. रिया के वकील सतीश मानशिंदे ने बताया कि अब गुरुवार को सुनवाई होगी.
– दो बार खारिज हो चुकी रिया की अर्जी
16 दिन से जेल में बंद रिया की जमानत अर्जी स्पेशल कोर्ट (NDPS) ने 2 बार खारिज कर दी थी. सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में ड्रग्स कनेक्शन की जांच कर रहे NCB ने 8 सितंबर को रिया को गिरफ्तार किया था. अगले दिन उन्हें भायखला जेल में शिफ्ट कर दिया था.
ड्रग्स मामाले में अब तक 20 लोग गिरफ्तार
रिया और शोविक के साथ ही सुशांत के हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा, हेल्पर दीपेश सांवत और कई ड्रग्स पैडलर समेत 20 लोगों को NCB ने गिरफ्तार किया है. मिरांडा, सावंत और ड्रग्स पैडलर अब्दुल बासित परिहार की जमानत अर्जियां स्पेशल कोर्ट से खारिज होने के बाद इन्होंने हाईकोर्ट में अपील की थी. इनकी अर्जियों पर हाईकोर्ट में अगली सुनवाई 29 सितंबर को है.

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना से निधन

 

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह न्यूज़ नेटवर्क

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का निधन हो गया है. 65 वर्षीय अंगड़ी पिछले दिनों कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे और दिल्ली के एम्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. सुरेश अंगड़ी ने 11 सितंबर को ट्वीट कर कोरोना वायरस से संक्रमित होने की सूचना दी थी. आज उनका दिल्ली में ही अंतिम संस्कार हो सकता है.

बिहार : पुलिस की इमेज बिगाड़नेवालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : डीजीपी एस.के. सिंघल

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह न्यूज़ नेटवर्क
नए डीजीपी एसके सिंघल ने पदभार संभालते ही अपना इरादा साफ कर दिया है. डीजीपी ने स्पष्ट तौर पर कह दिया है कि, पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने यह भी कहा है कि जिम्मेवारी का निर्धारण अब सिर्फ नीचे के अफसरों पर नहीं बल्कि गजटेड रैंक के अफसरों पर भी होगा.

गंभीर अपराधों की मॉनिटरिंग करेगा पुलिस मुख्यालय
इस दायरे में डीएसपी और एसपी भी शामिल होंगे. डीजीपी ने बुधवार को मुख्यालय के वरीय अधिकारियों के साथ बैठक की और आगे की रणनीति भी तय कर दी. डीजीपी कहा कि अब प्रतिदिन होने वाले गिरफ्तारियां की भी मानिटरिंग होगी और हत्या, डकैती, बलात्कार जैसे गंभीर अपराधों की हर 48 घंटे पर रिपोर्ट लेगा मुख्यालय. बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं. डीजीपी ने कहा कि थाना स्तर पर चुनाव को लेकर हर हाल में लॉ एंड आर्डर बहाल रहना चाहिए. डीजीपी ने कहा कि सभी एसपी लंबित पड़े वारंटो का तत्काल निष्पादन कराएं.

IPL-13 : रोहित शर्मा की तूफानी पारी से मुंबई ने कोलकाता को 49 रन से हराया

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह न्यूज़ नेटवर्क
आईपीएल के 13वें सीजन के 5वें मैच में मुंबई इंडियंस (एमआई) के कप्तान रोहित शर्मा की तूफानी पारी की बदौलत मुंबई ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 49 रन से हरा दिया. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने 196 रन का टारगेट दिया. इसके जवाब में कोलकाता 9 विकेट गंवाकर 146 रन ही बना सकी. 80 रन बनाने वाले कप्तान रोहित शर्मा मैच के हीरो रहे. रोहित ने आईपीएल में अपनी 37वीं फिफ्टी लगाई और 200 छक्के लगाने वाले दूसरे भारतीय भी बने. मुंबई की ओर से जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट और जेम्स पैटिंसन को 2-2 विकेट मिले.
अच्छी नहीं रही केकेआर की शुरुआत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर को मुंबई के तेज गेंदबाजों ने शुरू से ही ज्यादा मौके नहीं दिए. कोलकाता पावरप्ले में 33 रन ही बना सकी. इस दौरान उसके दो विकेट भी गिरे. शुभमन गिल 7 और सुनील नरेन 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद कप्तान दिनेश कार्तिक और नीतीश राणा ने पारी को संभाला. कार्तिक 30 रन बनाकर राहुल चाहर की बॉल पर आउट हुए. वहीं नीतीश राणा (24) को कीरोन पोलार्ड ने हार्दिक पंड्या के हाथों कैच कराया. आंद्रे रसेल (11) और इयोन मोर्गन (16) भी कुछ खास नहीं कर सके.
रोहित ने 37वीं फिफ्टी
मुंबई की पारी में कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 80 रन बनाए. लीग में उनकी यह 37वीं फिफ्टी है. इनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 47, सौरभ तिवारी ने 21 और हार्दिक पंड्या ने 18 रन बनाए. रोहित और सूर्यकुमार के बीच दूसरे विकेट के लिए 89 रन की पार्टनरशिप हुई. जिसकी बदौलत मुंबई ने 5 विकेट गंवाकर 195 रन बनाए. केकेआर के लिए शिवम मावी ने 2, सुनील नरेन और आंद्रे रसेल ने एक-एक विकेट लिए.

हिट-विकेट होने वाले 11वें बल्लेबाज बने हार्दिक पंड्या
आईपीएल के इस सीजन में हार्दिक पंड्या हिट-विकेट होने वाले पहले बल्लेबाज हैं. वहीं, लीग में इस तरह आउट होने वाले वे 11वें खिलाड़ी हैं. पहले सीजन (2008) में मुंबई इंडियंस के ही मुसविर खोटे किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ हिट-विकेट हुए थे. वहीं, पिछली बार 2019 में राजस्थान रॉयल्स के रियान पराग कोलकाता के खिलाफ ही हिट-विकेट हुए थे.
पैट कमिंस सबसे महंगे गेंदबाज
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस को कोलकाता ने सबसे ज्यादा 15.50 करोड़ रुपए में खरीदा है. वे लीग के सबसे महंगे विदेशी प्लेयर भी हैं, लेकिन इस सीजन के पहले ही मैच में जमकर रन लुटा बैठे. उन्होंने 3 ओवर में 49 रन दिए और विकेट भी नहीं मिला. उनके पहले ही ओवर में रोहित शर्मा ने 2 छक्के की मदद से 15 रन बनाए थे.
सीजन का पहला मेडन ओवर मावी के नाम
केकेआर के तेज गेंदबाज शिवम मावी ने मैच का दूसरा ओवर ही मेडन फेंका. इसी ओवर में उन्होंने क्विंटन डिकॉक को 1 रन के निजी स्कोर पर निखिल नाइक के हाथों कैच आउट कराया. यह इस सीजन का पहला मेडन ओवर है.
आईपीएल में रोहित के 200 छक्के
रोहित शर्मा आईपीएल में 200 छक्के लगाने वाले दूसरे और ओवरऑल चौथे खिलाड़ी बन गए हैं. क्रिस गेल 326 सिक्स के साथ टॉप पर काबिज हैं. भारतीयों में महेंद्र सिंह धोनी ने सबसे ज्यादा 212 छक्के लगाए हैं. ऐसा करने वाले वे तीसरे प्लेयर हैं. एबी डिविलियर्स 314 सिक्स के साथ दूसरे नंबर पर हैं.
पोलार्ड का आईपीएल में 150वां मैच
कोलकाता की प्लेइंग इलेवन में इयोन मोर्गन, पैट कमिंस, आंद्रे रसेल और सुनील नरेन विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं. वहीं, मुंबई टीम में क्विंटन डिकॉक, कीरोन पोलार्ड, जेम्स पैटिंसन और ट्रेंट बोल्ट विदेशी प्लेयर हैं. पोलार्ड का आईपीएल में यह 150वां मैच है. उन्होंने अब तक आईपीएल के 149 मैच में 2773 रन बनाए और 56 विकेट लिए हैं.

जिसके नीचे काम करते हैं 250 लोग, वह मनपा अस्पताल में लगाता है पोंछा

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह न्यूज़ नेटवर्क
हर माह करीबन ढाई सौ के स्टाफ को सैलरी बांटनेवाला एक शख्स पिंपरी चिंचवड़ मनपा के अस्पताल में झाड़ू पोंछा लगा रहा है. यह शख्स एक और कारण से भी चर्चा में है, वह यह कि वह रोजाना स्कार्पियो जीप में सवार होकर ड्यूटी पर आ रहा है. हर माह सैलरी बांटने के बाद 60 हजार रुपए से भी ज्यादा मासिक आमदनी पानेवाला यह शख्स मात्र 16 हजार रुपए के मानदेय पर वार्डबॉय की नौकरी कर रहा है. अब यदि आप सोच रहे हैं कि लॉकडाउन की वजह से उस शख्स का कारोबार ठप पड़ गया होगा और इसलिए वह ये सब कर रहा है, तो आप गलत हैं.
सुभाष ने कोरोना पीड़ितों की सेवा का लिया संकल्प
दरअसल, जून में 35 वर्षीय सुभाष गायकवाड़ की कोरोना रिपोर्ट पॉज़िटिव आई थी. पिंपरी चिंचवड़ मनपा के भोसरी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान ही सुभाष ने फैसला कर लिया था, कि जब वे पूरी तरह से रिकवर हो जाएंगे, तो समाज सेवा करेंगे. उन्होंने कहा कि, मैंने मौत को पास से देखा है. जब मेरे सामने, बगल वाले बेड पर मरीज़ की मौत हो गई, उसे प्लास्टिक में लपेटा जा रहा था, और में खाना खा रहा था. तब मेरी आंखे भर आईं. मैंने मन ही मन कहा कि ये जिंदगी, ये पैसा कुछ काम का नहीं है. लोगों की सेवा करने वाले डॉक्टर्स, नर्स, वार्डबॉय जो काम कर रहे है वह सबसे बड़ा काम है. तभी डिसाइड कर लिया कि अगर ज़िंदा रहा तो लौटकर कोरोना पीड़ितों के लिए काम करूंगा.
वॉर्ड की नौकरी ज्वाइन कर मरीजों की सेवा 
चंद दिनों के इलाज के बाद सुभाष गायकवाड़ कोविड-19 से रिकवर हो गए. इसके कुछ ही दिन के बाद मनपा अस्पतालों में वार्डबॉय की नौकरी का विज्ञापन निकाला. उन्होंने तुरंत इसके लिए आवेदन डाला और उन्हें काम मिल भी गया. सौभाग्य से उन्हें उसी अस्पताल में काम मिल गया, जहां वे महामारी को मात देकर घर लौटे थे. अब वे यहां झाड़ू पोंछा लगा रहे हैं, मरीजों का केस पेपर निकाल रहे हैं. वे कहते हैं कि उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है. अब 16 हज़ार रुपए कमा रहा हूं. ये पैसे भी मैं मरीजों के लिए खर्च करूंगा. मेरी सिक्योरिटी एजेंसी में तीन गाड़ियां काम कर रही है. अच्छी कमाई हो जाती है लेकिन मैं अब जो कर रहा हूं वह पैसों के लिए नहीं कर रहा.
पत्नी ने कहा, पहले बुरा लगता था, अब गर्व महसूस करती हूं
उन्होंने कहा कि मुझे यहां से पहली तनख्वाह 16 हज़ार रुपए मिली थी, उसमें से भी आठ हज़ार रुपए मैं सीएम फंड के लिए देने वाला हूं. बाकी आठ हज़ार भी मैं डोनेट कर रहा हूं. मुझे यहां वार्डबॉय का काम करने में कोई बुरा नहीं लगता. अस्पताल के अंदर आने के बाद मैं भूल जाता हूं कि मैं कितना बड़ा सेठ हूं. सुभाष की पत्नी सविता उसी अस्पताल में नर्स हैं. वह कहती हैं कि पहले उन्हें ये देखकर रोना आया कि उनके पति फर्श साफ कर रहे हैं, लेकिन अब अच्छा लगता है. वह कहती हैं कि, जो आदमी एसी वाले ऑफिस में बैठता है, 250 लोगों को नौकरी पर रखे हुए है. वह मेरे सामने फर्श पर पोंछा मार रहा है. ये देखकर रोना आया, लेकिन अब सारे लोग जब इनकी तारीफ कर रहे हैं, तो बहुत अच्छा लग रहा है. ये मेरे लिए गर्व की बात है.
अन्य लोगों को सुभाष से सीख लेनी चाहिए : डॉ. शैलजा भावसर
भोसारी सरकारी अस्पताल की प्रमुख डॉ. शैलजा भावसर भी सुभाष के काम और फैसले से खुश हैं. कहती हैं, यहां बहुत मरीज़ आते हैं और इलाज के बाद घर चले जाते हैं. सुभाष अकेला ऐसा शख्स है जो ऐसा काम कर रहा है. अन्य लोगों को भी उनसे सीख लेनी चाहिए और जो हो सके, वो समाज के लिए करना चाहिए. सुभाष अपनी स्कॉर्पियो से अस्पताल आते हैं, जिससे बहुत से लोगों का ध्यान उनकी तरफ जाता है. सुभाष का कहना है कि वह कोरोना सर्वाइवर हैं, और अब उनकी बारी है कि वह इस सोसायटी को कुछ दें.  इसलिए समाज सेवा शुरू की. वे आगे भी अपना योगदान समाज में देते रहना चाहते हैं, ताकि शहर लोगों के रहने के लिए एक बेहतर जगह बन सके. वह ये भी कहते हैं कि उनका दूसरा जन्म हुआ है, कोरोना के बाद, क्योंकि भगवान भी चाहते थे कि वे लोगों की सेवा करें.

घरेलू विवाद में दामाद ने सास की कर दी चप्पल से पिटाई

सांकेतिक चित्र

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह न्यूज़ नेटवर्क

दामाद ने सास की चप्पल से पिटाई कर दी. पुणे के पडोसी शहर पिंपरी चिंचवड के पिंपले गुरव में यह घटना घटी. पुलिस ने आरोपी 37 वर्षीय दामाद को गिरफ्तार कर लिया. पीड़ित सास ने सांगवी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है. आरोपी और शिकायतकर्ता के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के चलते दामाद शनिवार को ससुराल पहुंचा और सास के साथ गालीगलौज कर उससे धक्का-मुक्की की. इसके बाद उसने अपनी सास के सिर और मुंह पर चप्पल से पिटाई की. शिकायत के अनुसार दामाद से सास को सिंधी भाषा में अश्लील गालियां देने के साथ जान से मारने की धमकी भी दी. पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मारपीट व छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है.

रात भर की मूसलाधार बारिश से थमी मुंबई की रफ्तार

Mumbai: Commuters wade through a waterlogged street following heavy monsoon rain, in Mumbai, Saturday, July 4, 2020. (PTI Photo)(PTI04-07-2020_000198A)
न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह न्यूज़ नेटवर्क
मंगलवार की रात हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर मुंबई की रफ्तार रोक दी है. साथ ही बीएमसी द्वारा किए गए दावों को भी खोखला साबित कर दिया है. भारी बारिश ने मुंबई और मुंबई महानगरीय क्षेत्र में जिलों के लिए परेशानी खड़ी कर दी है. भारी बारिश के कारण सड़क और रेल यातायात गंभीर रूप से बाधित हुई है और आवश्यक सेवा दे रहे लोगों के आवागमन को प्रभावित किया है. यह जानकारी अधिकारियों ने बुधवार को दी.
मौसम विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार शहर में 12.20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि उपनगरों में रात के दौरान 27.50 सेंटीमीटर से अधिक बारिश हुई. मौसम विभाग ने मुंबई में आगामी दिनों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है, इसके साथ ही अधिकारियों ने लोगों से आग्रह किया है कि जब तक आवश्यक न हो घर से बाहर न निकलें.
सेंट्रल मुंबई के बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों जैसे सायन, माटुंगा, कुर्ला, चूना भट्टी, मझगांव, मस्जिद बंदर और बाइकुला से भारी जल-जमाव की सूचना मिली है.उपनगरों में कई इलाकों के अलावा गोरेगांव, मलाड, दहिसर, कुर्ला, घाटकोपर, मुलुंद में जलभराव होने की जानकारी सामने आई है.सीआर के मुख्य प्रवक्ता शिवाजी सुतार ने कहा कि, सेंट्रल रेलवे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस से ठाणे और वाशी तक उपनगरीय सेवाएं निलंबित कर दी हैं.
स्पेशल मेल / एक्सप्रेस ट्रेनों को रिशेड्यूल किया गया है. वहीं रेल पटरियों के जलमग्न होने कारण वेस्टर्न रेलवे ने चर्चगेट से अंधेरी के बीच सभी उपनगरीय सेवाओं को निलंबित कर दिया है.आईएमडी, मौसम विज्ञान के डिप्टी डायरेक्टर जनरल केएस होसलिकर ने कहा, मुंबई और ठाणे उपनगरों में पिछले 12 घंटों में भारी बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में 150 मिलीमीटर से अधिक बारिश रिकॉर्ड करने की जानकारी मिली है.

बिहार के DGP गुप्तेश्वर पांडेय ने लिया VRS, राजनीति में जाने के कयास

एसके सिंघल को मिला प्रभार
गृह विभाग ने जारी की अधिसूचना

न्यूज़ डेस्क | नवप्रवाह न्यूज़ नेटवर्क
बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने अपनी सेवा निवृत्ति के पांच महीने पहले ही वीआरएस ले लिया है. गुप्तेश्वर पांडेय के वीआरएस लेने के बाद एसके सिंघल को बिहार के डीजीपी का प्रभार दिया गया है. गृह विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है.
1987 बैच के आईपीएस अधिकारी गुप्तेश्वर पांडेय का कार्यकाल पांच महीने बाद समाप्त होने वाला है. 31 जनवरी 2019 को उन्हें बिहार का डीजीपी बनाया गया था. राज्य के पुलिस महानिदेशक के रूप में गुप्तेश्वर पांडेय का कार्यकाल 28 फरवरी 2021 को पूरा होने वाला है.
चार प्रशासनिक अधिकारियों का तबादला
बिहार प्रशासनिक सेवा के चार अधिकारियों का तबादला किया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को इसकी अधिसूचना जारी कर दी. अधिसूचना के मुताबिक हवेलीखड़गपुर के अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विजय कुमार पाण्डेय को निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्वनियोजन, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण समस्तीपुर बनाया गया है. अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी भभुआ मधुकांत को भूमि सुधार उप समाहर्ता मुजफ्फरपुर पश्चिम बनाए गए हैं जबकि समस्तीपुर में पदस्थापित राकेश कुमार और अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, डेहरी रोकश कुमार को सामान्य प्रशासन विभाग में पदस्थापना की प्रतीक्षा में रखा गया है.