31 C
Mumbai
Tuesday, September 8, 2026
Home Blog Page 50

बहू की हत्या की सुपारी देनेवाले ससुर की हत्या

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

 हत्यारों को पैसे देकर बहू की हत्या की साजिश रचने वाले ससुर का ही हत्यारों ने मर्डर कर दिया. खेड तहसील के बराले में सोमवार, 30 नवंबर को यह सनसनीखेज घटना घटी. इस संबंध में 3 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, जिनमें से दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है. बिनायक भिकाजी पानमंद हत्या हुए व्यक्ति का नाम है. इस संबंध में मोहम्मद वसीम जब्बार, मोहम्मद शहाजा इस्लाम उर्फ छोटू (दोनों निवासी मुंगेर, बिहार) व अविनाश बबन राठोड़ (निवासी जिंतूर, परभणी) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. इनमें से मोहम्मद बसीम जब्बार व छोटू को गिरफ्तार किया गया है. इस मामले में चाकण पुलिस स्टेशन के सहायक निरीक्षक प्रमोद अंबादास क्षीरसागर (38 वर्ष) ने चाकण पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है.

मुंबई : नीतू सिंह कपूर को हुआ कोरोना

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर की पत्नी एक्ट्रेस नीतू सिंह कपूर कोरोना पॉजिटिव हो गईं है. वह ‘जुग जुग जियो’ फिल्म की शूटिंग के लिए चंडीगढ़ गई हुई थीं. यहां जब उनका RT-PCR टेस्ट हुआ और रिपोर्ट आने के बाद उन्हें एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाया गया है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नीतू कपूर की तबीयत फिलहाल सामान्य है.

– चंडीगढ़ में कर रही थी शूटिंग
धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही फिल्म ‘जुग जुग जियो’ की शूटिंग राज मेहता कर रहे हैं. ताजा जानकारी के मुताबिक, वे भी कोरोना पॉजिटिव हुए हैं. फिल्म में अनिल कपूर भी मुख्य भूमिका में हैं. अनिल कपूर की कोविड रिपोर्ट निगेटिव आई है.

– अनिल कपूर का टेस्ट निगेटिव
बोनी कपूर ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा, ‘अनिल कपूर का टेस्ट निगेटिव आया है.’ फिलहाल फिल्म की शूटिंग को रोक दिया गया है. सेट पर मौजूद सभी लोगों का कोविड टेस्ट करवाया जा रहा है.

एक दिन अपने रूम में रहीं नीतू
कोविड रिजल्ट पॉजिटिव आने के बाद नीतू कपूर ने चंडीगढ़ में खुद को एक रूम में क्वारैंटाइन कर लिया था. हालांकि, रणबीर ने एक विशेष विमान भेज उन्हें मुंबई बुला लिया है.

‘जुग-जुग जियो’ 30 अप्रैल को ऋषि कपूर के निधन के बाद नीतू कपूर की पहली फिल्म है. नीतू ने शूटिंग के लिए रवाना होते वक्त सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर करते हुए लिखा था, इस मुश्किल वक्त में मेरी पहली फ्लाइट. इस जर्नी को लेकर नर्वस हूं. इसके आगे उन्होंने ऋषि कपूर को याद करते हुए लिखा था, कपूर साहब आप यहां मेरा हाथ थामने के लिए नहीं हैं, मैं जानती हूं कि आप मेरे साथ हो.

पुणे : चलते ट्रक में लगी आग, ड्राइवर ने कूद कर बचाई अपनी जान

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

पुणे के चांदनी चौक इलाके में शनिवार शाम को अचानक एक ट्रक में आग लग गई. आग लगने के बाद चलते ट्रक से कूदकर ड्राइवर ने अपनी जान बचाई. स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगने के बाद भी ट्रक कुछ देर तक सड़क पर दौड़ता रहा. शनिवार शाम 5.30 पर हुई इस घटना के बाद वारजे ब्रिज पर तकरीबन एक घंटे तक ट्रैफिक जाम रहा. इस दौरान बेंगलुरु-पुणे हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतार देखने को मिली. इससे पहले कि पुणे महानगर पालिका के दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंची ट्रक का अगला हिस्सा जलकर खाक हो चुका था. फायर ब्रिगेड से मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक में इंजन में खराबी की वजह से यह आग लगी थी. चलते ट्रक से कूदने के कारण ड्राइवर को मामूली चोट आई है.

रायगढ़ पुलिस ने अर्नब के खिलाफ दायर की 1914 पन्नों की चार्जशीट

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
रायगढ़ पुलिस ने इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक सुसाइड केस में 1914 पन्नों की चार्जशीट दायर कर दी है. इसमें सबसे खास बात यह है कि रिपब्लिक टीवी के एडिटर-इन-चीफ अर्नब गोस्वामी के खिलाफ लगे प्रमुख आरोप को हटा लिया गया है. इससे पहले आरोप लगा था कि वे नाइक की आत्महत्या के मामले में उकसाने वाले मुख्य साजिशकर्ता में से एक थे. अब चार्जशीट में कहा गया है कि 2018 के इस मामले में वे आत्महत्या के लिए उकसाने वाले मुख्य साजिशकर्ता में शामिल नहीं हैं. हालांकि, चार्जशीट में अब भी धारा 306 (सुसाइड के लिए उकसाने) के तहत आरोप लगाए गए हैं. इसके अलावा धारा 109 (अपराध के लिए उकसाना) भी जोड़ी गई है. इंटीरियर डिजाइनर अन्वय नाइक ने अपने सुसाइड नोट में अर्नब गोस्वामी, आईकास्टएक्स/स्कीमीडिया के फिरोज शेख और स्मार्टवर्क्स के नीतेश शारदा को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया था.

– 65 लोग बनाए गए गवाह
विशेष लोक अभियोजक प्रदीप घरात ने कहा कि आरोप पत्र में गोस्वामी के अलावा फिरोज शेख और नीतीश शारदा के नाम आरोपी के रूप में लिए गए हैं. उन्होंने कहा कि 65 लोगों को गवाह बनाया गया है. चार्जशीट में CRPC की धारा 164 के तहत 6 इकबालिया बयानों का उल्लेख भी है. क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने कहा कि, गवाहों में मृतक के परिवार के सदस्य और उनके लिए काम करने वाले कर्मचारी हैं. इसके अलावा तीनों आरोपियों के कर्मचारियों का बयान भी इसमें शामिल किया गया है.

– पुलिस ने किया मजबूत डिजिटल एविडेंस का दावा
चार्जशीट में पुलिस ने कहा है कि उनके पास अर्नब और अन्य आरोपियों के खिलाफ मजबूत डिजिटल सबूत हैं. इसके अलावा अन्वय नाइक द्वारा आरोपियों को भेजे गए ईमेल भी आरोप की पुष्टि करते हैं. सुसाइड नोट को डाइंग डिक्लेरेशन मानते हुए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. आरोप पत्र में कहा गया है कि क्राइम ब्रांच के फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने इसकी पुष्टि की है कि सुसाइड नोट अन्वय ने लिखा था. फोरेंसिक रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि वह नोट लिखते समय दबाव में नहीं थे.

– चार्ज शीट पर रोक की याचिका लंबित
अर्नब ने गुरुवार को बॉम्बे हाईकोर्ट से आरोप पत्र दायर करने पर रोक लगाए जाने का अनुरोध किया था. लेकिन इस याचिका पर अभी सुनवाई नहीं हुई है. अलीबाग पुलिस ने गोस्वामी, शेख और शारदा को मामले में चार नवंबर को गिरफ्तार किया था. उन्हें 11 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल गई थी.

10 दिसंबर को नए संसद भवन का भूमि पूजन करेंगे प्रधानमंत्री मोदी

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 दिसंबर को दोपहर एक बजे दिल्ली में संसद भवन की नई बिल्डिंग का भूमि पूजन करेंगे. लोकसभा स्पीकर ओम प्रकाश बिड़ला ने शनिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने PM मोदी से उनके घर मुलाकात की और इसके लिए न्योता दिया. इसी सिलसिले में ओम बिड़ला ने पिछले सप्ताह अधिकारियों के साथ नई बिल्डिंग की साइट का जायजा भी लिया था.

– 1,224 सदस्यों के बैठने की व्यवस्था
ओम बिड़ला ने कहा कि 2022 में देश की आजादी के 75 साल पूरे होने पर हम नए संसद भवन में दोनों सदनों के सेशन की शुरुआत करेंगे. उन्होंने बताया कि नए भवन में लोकसभा सांसदों के लिए लगभग 888 और राज्यसभा सांसदों के लिए 326 से ज्यादा सीटें होंगी. पार्लियामेंट हॉल में कुल 1,224 सदस्य एक साथ बैठ सकेंगे.

– कांग्रेस, एनसीपी ने जताया विरोध
जब देश में कोरोना फैला है, ऐसे वक्त नया संसद भवन बनाने पर विपक्ष ने सरकार की आलोचना की थी. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और NCP की सांसद सुप्रिया सुले ने नया भवन बनाने की टाइमिंग और खर्च पर सवाल उठाया था. उनका कहना था कि इस समय नई बिल्डिंग बनाने के बजाय सरकार को कोरोना से लड़ने पर ध्यान देना चाहिए. इस साल की शुरुआत में सरकार ने नया संसद भवन बनाने के अपने फैसले को सही ठहराया था.

– त्रिकोण आकार में डिजाइन
अधिकारियों ने सितंबर में बताया था कि नए भवन को त्रिकोण के आकार में डिजाइन किया गया है. इसे मौजूदा परिसर के पास ही बनाया जाएगा. इस पर 861.90 करोड़ रुपये की लागत आएगी. बिल्डिंग का काम एक साल में पूरा होने की उम्मीद है. इसे बनाने का जिम्मा टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड को मिला है. देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) ने इसके लिए 865 करोड़ रुपये की बोली लगाई थी. वहीं, सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (CPWD) की ओर से 940 करोड़ रुपये लागत बताई गई थी. आखिर में बाजी टाटा के हाथ लगी.

– अंग्रेजों के काल की है वर्तमान इमारत
अभी बना संसद भवन अंग्रेजों के राज में बना था. इसे एडविन लुटियंस और हर्बर्ट बेकर ने डिजाइन किया था. उन्होंने नई दिल्ली का कंस्ट्रक्शन और प्लानिंग भी की थी. गोल आकार में बना संसद भवन भारत की सबसे बेहतरीन इमारतों में शुमार है. इसके सामने महात्मा गांधी की प्रतिमा बनी है. ​​​ सरकार ने राष्ट्रपति भवन से इंडिया गेट के बीच नई इमारतें बनाने के लिए सेंट्रल विस्टा का मास्टर प्लान तैयार किया है. इसी इलाके में सेंट्रल सेक्रेटेरिएट के लिए 10 बिल्डिंग बनाई जाएंगी. राष्ट्रपति भवन, मौजूदा संसद भवन, इंडिया गेट और राष्ट्रीय अभिलेखागार की इमारत को वैसा ही रखा जाएगा. सेंट्रल विस्टा के मास्टर प्लान के मुताबिक, पुराने संसद भवन के सामने गांधीजी की प्रतिमा के पीछे नया तिकोना संसद भवन बनेगा. इसमें लोकसभा और राज्यसभा के लिए एक-एक इमारत होगी, लेकिन सेंट्रल हॉल नहीं बनेगा. यह इमारत 13 एकड़ जमीन पर तैयार होगी.

मुंबई : नाक, मुंह पर टेप बांध कर बेटियों की हत्या के बाद पिता ने लगाई फांसी

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

मुंबई के उपनगर कांदिवली में एक घर से व्यक्ति और उसकी दो बेटियों के शव मिले हैं. पुलिस को 11 और 8 साल की बेटियों के शव कुर्सियों से बंधे हुए थे, जबकि आदमी का शव पंखे से लटका हुआ था. मौके से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है. जिसमें आर्थिक तंगी की वजह से खुदकुशी की बात कही गई है.

जानकारी के मुताबिक, मुंबई के कांदिवली इलाके में मृतक असगर अली अपने परिवार के साथ रहते था. शाम करीब साढ़े 6 बजे पुलिस जब घर पहुंची, तो असगर का शव पंखे से लटका हुआ था. उसकी दो बेटियों का शव कुर्सी से बंधा था. दोनों के मुंह और नाक पर टेप भी लगा था.

मुंबई पुलिस के डीसीपी विशाल ठाकुर ने बताया कि असगर अली की पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है. परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था. फिलहाल मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. इसके अलावा पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है. जिसके बाद में ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है.

गुजरात में चोरी कर फरार हुआ गैंग चढ़ा औरंगाबाद पुलिस के हत्थे

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
 गुजरात के अहमदाबाद में स्थित महाराजा वाईट लाईन नामक कंपनी  से 2 नवंबर की रात करीब 40 लाख रुपए का माल चोरी कर उसे औरंगाबाद लाकर नाशिक को बेचनेवाले अंतर्राज्यीय चोरों की टोली का पर्दाफाश करने में औरंगाबाद की जिन्सी पुलिस कामयाब हुुई है. जिन्सी पुलिस ने अहमदाबाद पुलिस की मदद से टोली के 4 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिसमें  में दो सदस्य औरंगाबाद के तथा दो सदस्य अहमदाबाद के है. पुलिस ने उनसे अहमदाबाद के एजेंसी से चुराया हुआ करीब 20 लाख रुपए का माल जब्त किया है.
जिन्सी थाना के प्रभारी व्यंकट केन्द्रे ने बताया कि चार दिन पूर्व उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि औरंगाबाद के मालीवाडा  निवासी 27 वर्षिय  योगेश बाबाजी पुतमाले तथा 30 वर्षिय सतीश रेवनाथ बनकर जो पेशे से हमाल है, उनके पास बड़े पैमाने पर चोरी के महाराजा कंपनी के मिक्सर, ज्यूसर थे. उन्होंने यह माल  नाशिक लेजाकर बेचा.  इसी जानकारी पर पीआई केन्द्रे ने अपने सहकर्मियों की मदद से संदिग्धों पर नजर रखी. इधर, पीआई केन्द्रे ने महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों में वॉटसग्रुप के माध्यम से यह जानकारी फैलायी कि औरंगाबाद के चोरों ने बड़े पैमाने पर मिक्सर चुराकर नाशिक में बेचे है. उधर, अहमदाबाद पुलिस को यह जानकारी मिलने पर उन्होंने जिन्सी पुलिस से संपर्क किया.
अहमदाबाद पुलिस ने बताया कि हमारे पास असलाली परिसर में 43 वर्षिय जगतभाई नरेन्द्र पटेल की महाराजा वाईट लाईन नामक एजेंसी है. उनकी कंपनी से करीब 40 लाख रुपए का माल 2 नवंबर की रात चोरी हुआ था. जिसको लेकर मामला भी दर्ज है. सारी जानकारी मिलने पर जिन्सी पुलिस ने औरंगाबाद के मालीवाडा  निवासी चोरों के टोली के दो सदस्य योगेश पुतमाले व सतीश बनकर को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरु की.
पुलिस की पूछताछ में उन दोनों चोरों ने अहमदाबाद के एनर्जी सर्विसेस कंपनी से बड़े पैमाने पर मिक्सर एवं अन्य वस्तुएं  चुराने की बात कबूली. उन्होंने पुलिस को बताया कि चोरी के लिए उन्हें अहमदाबाद के असलाली परिसर निवासी जुबेर खान तथा जावेद कुरैशी ने सहकार्य किया. जिन्सी पुलिस ने यह जानकारी अहमदाबाद पुलिस को देने पर  गुजराज पुलिस ने उन दोनों को गिरफ्तार किया.
जिन्सी पुलिस ने औरंगाबाद के दोनों  चोरों को अहमदाबाद पुलिस के हवाले किया. उधर, अहमदाबाद पुलिस औरंगाबाद पुलिस की सहायता से नाशिक पहुंची और उन्होंने चोरों द्वारा मुगल कलेक् शन के मालिक सज्जू को बेचा हुआ  चोरी का लाखों रुपए का  माल जप्त किया. पीआई केन्द्र ने बताया कि इस चोरी के बारे में अहमदाबाद  के थाना में मामला दर्ज है.
यह कार्रवाई शहर के सीपी डॉ. निखिल गुप्ता, डीसीपी दीपक गिरे,सिडको विभाग के एसीपी निशिकांत भूजबल के मार्गदर्शन में जिन्सी थाना के पीआई वीएम केन्द्रे, पीएसआई दत्ता शेलके, अहमदाबाद के पीआई जयदेवसिंह वाघेला,एएसआई संपत राठोड, हवालदार हारुण शेख, पुलिस नाईक संजय गांवडे, नंदु चव्हाण ने पूरी की.

OMG!!! टीवी देखने से मना किया, तो बच्चे ने लगाई फांसी

 

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क

सौतेली मां के टीवी देखने से मना करने से नाराज होकर एक 13 वर्षीय बालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. पिंपरी चिंचवड़ के चिखली इलाके में यह घटना घटी. इसमें रमजान अब्दुल शेख नामक बालक ने आत्महत्या कर ली है. इस घटना को लेकर चिखली पुलिस थाने में अकस्मात मौत का मामला दर्ज किया गया है.

पुलिस के मुताबिक, रमजान लगातार टीवी देखते रहता था. इस बात को लेकर उसकी मां उसे हमेशा डांटा करती थीं. मंगलवार को भी मां ने उसे डांटा था. इसी से गुस्सा होकर उसने शाम करीब पांच बजे फांसी लगा ली. उसके घरवालों ने उसे फांसी से लटकता देखकर तत्काल निजी अस्पताल में भती कराया. इलाज के दौरान बुधवार की रात से उसकी हालत बिगड़ गई. इसलिए उसके घरवालों ने उसे वाईसीएम अस्पताल में भर्ती करने का फैसला लिया लेकिन उस से पहले ही उसकी मौत हो गई. इस घटना से परिसर में शोक का माहौल बना हुआ है.

क्रिकेट : पहला टी-20 जीत कर भारत ने लिया वन डे सीरीज की हार बदला

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 3 टी-20 की सीरीज के पहले मैच में 11 रन से हरा दिया. टीम इंडिया की यह टी-20 में लगातार 8वीं जीत है. भारत की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह 2 हार के बाद पहली जीता है. पिछले मुकाबले में 27 फरवरी 2019 को ऑस्ट्रेलिया ने 7 विकेट से शिकस्त दी थी.

ऑस्टेलिया को दिया था 162 रन का टारगेट
कैनबरा टी-20 में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 162 रन का टारगेट दिया था. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 7 विकेट गंवाकर 150 रन ही बना सकी. टीम के लिए कप्तान एरॉन फिंच ने सबसे ज्यादा 35 रन की पारी खेली. वहीं भारत के लिए युजवेंद्र चहल और टी नटराजन ने 3-3 विकेट झटके. चहल को मैन ऑफ द मैच चुना गया.

चहल और नटराजन ने रोकी ऑस्ट्रेलिया की रफ्तार
ऑस्ट्रेलिया के लिए एरॉन फिंच और डी’आर्की शॉर्ट ने 56 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप कर शानदार शुरुआत दी थी. इसके बाद चहल ने फिंच और स्टीव स्मिथ (12) को आउट कर बड़ा झटका दिया. इससे ऑस्ट्रेलिया संभल ही रही थी कि डेब्यू मैच खेल रहे टी नटराजन ने ग्लेन मैक्सवेल (2) और डी’आर्की शॉर्ट (34) को आउट कर ढेर कर दिया. ऑस्ट्रेलिया इन झटकों से उबर ही नहीं सकी और मैच गंवा दिया.

डेब्यू मैच में नटराजन ने 3 बड़े विकेट लिए
नटराजन ने डेब्यू मैच में 3 विकेट लिए. उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल को LBW किया. इस तेज गेंदबाज का अपने इस डेब्यू मैच में यह पहला विकेट रहा. उन्होंने अपनी 9वीं बॉल पर यह सफलता हासिल की. इसके बाद डी’आर्की शॉर्ट को हार्दिक पंड्या के हाथों कैच आउट कराया. आखिर में नटराजन ने मिचेल स्टार्क (1) को क्लीन बोल्ड किया. मैच से पहले जसप्रीत बुमराह ने नटराजन के टीम इंडिया की कैप दी थी.

जडेजा की जगह उतरे चहल
भारत की पारी के दौरान 19वें ओवर में बल्लेबाज जडेजा को हैम-स्ट्रिंग की शिकायत हुई. इसके बाद उन्होंने बल्लेबाजी की और 46 रन की पारी भी खेली. इनिंग के बाद वे फील्डिंग के लिए नहीं आए. उनकी जगह युजवेंद्र चहल कन्कशन सब्सटिट्यूट के तौर पर मैदान पर आए. इस नियम के तहत बैट्समैन की जगह बैट्समैन और बॉलर की जगह बॉलर ही प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जा सकता है. चहल ने जडेजा की जगह बॉलिंग की.

राहुल के करियर की 12वीं फिफ्टी
टीम इंडिया ने 7 विकेट गंवाकर 161 रन बनाए. टीम इंडिया के लिए लोकेश राहुल ने 40 बॉल पर 51 और रविंद्र जडेजा ने 23 बॉल पर 44 रन की नाबाद पारी खेली. राहुल की यह टी-20 इंटरनेशनल करियर की 12वीं फिफ्टी रही. ऑस्ट्रेलिया के लिए मोइसेस हेनरिक्स ने सबसे ज्यादा 3 और मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट लिए. उनके अलावा एडम जम्पा और मिचेल स्वेप्सन को 1-1 सफलता मिली.

नहीं चले धवन, कोहली, पांडे
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ओपनर शिखर धवन (1), कप्तान विराट कोहली (9) और मनीष पांडे (2) मिलकर सिर्फ 12 रन ही बना सके. धवन को पारी के तीसरे और अपने दूसरे ओवर में मिचेल स्टार्क ने क्लीन बोल्ड किया. इसके बाद कोहली को स्पिनर मिचेल स्वेप्सन ने अपनी ही बॉल पर कोहली का कैच लिया. स्वेप्सन के करियर का यह दूसरा टी-20 मैच है. इसके बाद एडम जम्पा ने मनीष पांडे को जोस हेजलवुड के हाथों कैच आउट कराया.

हैदराबाद : 40 सीटें जीतकर भाजपा दूसरे नंबर पर, 9 सीटपर चल रही आगे

नवप्रवाह न्यूज नेटवर्क
हैदराबाद नगर निगम चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी अभी भी है, लेकिन टीआरएस की जीत लगभग तय हो चुकी है. लेकिन इस स्थानीय चुनाव में भाजपा ने जो चुनौती टीआरएस को दी है, वह चर्चा का विषय बनी हुई है. अब तक की काउंटिंग में तेलंगाना राष्ट्रवादी समिति (TRS) सबसे आगे है. उसे 50 सीटें मिल चुकी हैं. 6 सीट पर पार्टी आगे है. सबसे ज्यादा फायदे में भाजपा रही. उसे 40 सीट मिल चुकी हैं और 9 पर वह आगे चल रही है. असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM को तीसरे नंबर पर धकेल दिया गया है. AIMIM को 41 सीटें मिली हैं. एक पर वह आगे है. कांग्रेस को सिर्फ 2 सीटें मिली हैं.

शुक्रवार सुबह 8 बजे 150 सीटों के शुरुआती रुझानों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी नजर आ रही थी. उसे 79 सीटों पर बढ़त मिलती दिख रही थी. वहीं, पिछला चुनाव जीतने वाली TRS 35 पर सिमटती दिखी. इसके बाद दोपहर करीब एक बजे खेल पलट गया. TRS ने यहां बढ़त बना ली. यह बढ़त आखिर तक बनी रही. हालांकि भाजपा के उभार से सबसे ज्यादा नुकसान TRS को ही हुआ है. पार्टी को पिछले चुनाव में 99 सीटें मिली थीं. इस बार वह 60 सीटें भी नहीं जीत पाई.

कारगर रहा शाह का मोर्चा
गृह मंत्री अमित शाह 29 नवंबर को हैदराबाद पहुंचे थे. वे चार मीनार पर स्थित भाग्यलक्ष्मी मंदिर गए और सिकंदराबाद में रोड शो किया था. इसके बाद उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर TRS सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि, चंद्रशेखर राव (KCR) जी से पूछना चाहता हूं कि आप ओवैसी की पार्टी से समझौता करते हैं, इससे हमें कोई दिक्कत नहीं है. लोकतंत्र में किसी भी पार्टी से समझौता या गठबंधन किया जा सकता है. दिक्कत है कि आपने एक कमरे में ईलू-ईलू करके सीटें बांट लीं. ओवैसी की तरफ से अवैध रोहिंग्या मुस्लिमों के शहर में होने के सवाल पर शाह ने कहा था, जब मैं एक्शन लेता हूं, तो वे संसद में बवाल करते हैं. उनसे कहिए कि मुझे लिखकर दें कि रोहिंग्या और बांग्लादेशियों को निकाला जाना है.