नई दिल्ली. नागरिकता संसोधन कानून (CAA) पर माइक्रोसॉफ्ट के भारतवंशी सीईओ सत्या नडेला की टिप्पणी पर भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने टिप्पणी करते हुए कहा कि यह इस बात का सटीक उदाहरण है कि कैसे साक्षरों को शिक्षित होने की आवश्यकता है।
दरअसल, CAA पर बजफीड के एक सवाल पर सीईओ सत्या नडेला ने कहा कि भारत में जो कुछ हो रहा है वह काफी दुखी करने वाला है। नडेला ने कहा कि वह देश (भारत) में एक बांग्लादेशी आप्रवासी को करोड़ों डॉलर की टेक कंपनी बनाने में मदद करते देखना या इंफोसिस का सीईओ बनते देखना पसंद करेंगे।
इसी के जवाब में भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने कहा कि साक्षर लोगों को कैसे शिक्षित होने की जरूरत है, यह उसका सबसे सटीक उदाहरण है। उन्होंने माइक्रोसॉफ्ट इंडिया द्वारा जारी नडेला के बयान को भी पोस्ट किया है। लेखी ने कहा कि CAA के लिए सटीक वजह बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में प्रताड़ना का शिकार होकर आए अल्पसंख्यकों को अवसर मुहैया कराना है। अमेरिका में यजीदी की बजाए सीरियाई मुसलमानों को अवसर देने के बारे में वह क्या सोचते हैं?
बजफीड के ट्वीट के बाद नडेला को उद्धृत करते हुए माइक्रोसॉफ्ट इंडिया ने एक बयान जारी किया जिसमें उसके सीईओ ने कहा कि प्रत्येक देश अपनी सीमाओं को परिभाषित करे, राष्ट्रीय सुरक्षा का संरक्षण करे और उसी के अनुरूप अपनी आव्रजन नीति बनाए। लोकतंत्र में जनता और उनकी सरकारें इन्हीं दायरों में चर्चा करेंगी।
बिजनेस डेस्क. देश के प्रमुख बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने ग्राहकों को बड़ा झटका दिया है। भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने फिक्स्ड डिपोजिट (FD) पर ब्याज दरें घटा दी है। बैंक ने कुछ-कुछ अवधि की खुदरा मियादी जमाओं पर ब्याज दर में 0.15 प्रतिशत की कमी की है। नयी दरें 10 जनवरी से प्रभाव में आ गई हैं।
SBI की वेबसाइट के अनुसार बैंक ने एक साल से 10 साल की अवधि के मियादी जमाओं पर ब्याज दर 6.25 प्रतिशत से कम कर 6.10 प्रतिशत कर दिया है। सात दिन से लेकर 45 दिनों और 46 दिनों से 179 दिनों की अवधि की मियादी जमा राशि पर बैंक क्रमश: 4.50 प्रतिशत और 5.50 प्रतिशत ब्याज देगा। वहीं 180 दिन से एक साल की कम अवधि की मियादी जमा पर ब्याज 5.80 प्रतिशत होगा।
बैंक वरिष्ठ नागरिकों को 0.50 प्रतिशत अधिक ब्याज देता है। इस हिसाब से उनके लिए एक साल से 10 साल की अवधि की मियादी जमा राशि पर ब्याज 6.60 प्रतिशत होगा। बैंक ने 1 साल से 2 साल तक की FD पर 6.10 फीसदी ब्याज मिलेगा। जबकि 2 साल से 3 साल तक की FD पर 6.10 फीसदी ब्याज मिलेगा। 3 साल से 5 साल तक की FD पर 6.10 फीसदी ब्याज मिलेगा। 5 से 10 साल तक की FD पर अब 6.10 फीसदी ब्याज मिलेगा।
टेक डेस्क. सरकारी कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) 1 मार्च को 4G सेवा पेश करने की योजना बना रही है। इसके लिए कंपनी ने दूरसंचार विभाग से स्पेक्ट्रम मांग लिया है। BSNL ने विभाग को पत्र लिखकर 1 मार्च से 4G सेवाएं शुरू करने के लिए स्पेक्ट्रम रिलीज करने को कहा था। कंपनी ने 2017 में पहली बार 4G स्पेक्ट्रम मांगा था, लेकिन उसे अभी तक यह उपलब्ध नहीं कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक कंपनी की तरफ से 4G सेवा का लांच उसके रिवाईवल के प्लान में अहम पड़ाव है, जो कि कंपनी के प्रतियोगिता में बने रहने के लिए जरूरी है। कर्ज में डूबी BSNL अगले सप्ताह अपने कर्मचारियों को दिसंबर का वेतन देने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने अपने 3000 करोड़ रुपए के लोन में से वेंडर और क्लीनर पेमेंट करना शुरू कर दिया है। BSNL और महानगर टेलीफोन निगम लिमिटेड (एमटीएनएल) के पास 4G स्पेक्ट्रम नहीं है।
हालांकि BSNL कई क्षेत्रों में हाई-एंड बेस ट्रांसीवर स्टेशन्स (बीटीएस) का इस्तेमाल करके 4G सेवाएं मुहैया करा रहा है। यह सेवा 3जी स्पेक्ट्रम के जरिए प्रदान की जा रही है, लेकिन कंपनी को एक अकेले बीटीएस द्वारा कवर किए जा रहे क्षेत्र में 3जी और 4G सेवाएं मुहैया कराने के लिए 4G स्पेक्ट्रम की जरूरत है।
क्राइम डेस्क. बसपा नेता और उनके भतीजों पर नाबालिग किशोरी के साथ गैंगरेप करने का आरोप लगा है। पीड़िता की मां का आरोप है कि आरोपियों ने बेटी की अश्लील वीडियो बनाई और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। सेक्टर 39 थाने में सामूहिक दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया है।
महिला ने बताया कि वह सेक्टर-108 में बसपा नेता के कार्यालय पर काम करती है। महिला कार्यालय में ही 14 साल की बेटी और पति के साथ रहती है। आरोप है कि बसपा नेता उसे और पति को किसी बहाने से घर से बाहर भेज देता था। इसके बाद नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म करता था।
आरोप है कि बसपा नेता के दो भतीजों व अन्य लोगों ने भी बेटी के साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बना लिया। महिला का आरोप है कि अब बसपा नेता बेटी को जान से मारने की धमकी दे रहा है। वही दूसरी तरफ बसपा नेता का कहना है कि महिला के सारे आरोप निराधार हैं। एक व्यक्ति के कहने पर झूठे आरोप लगाकर फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। बसपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि इस मामले में बसपा से कोई लेना-देना नहीं है।
लखनऊ. नागरिकता संसोधन कानून को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी है। वहीं भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व उत्तर प्रदेश में रैलियां करने जा रहे हैं। इसके लिए क्षेत्रीय अध्यक्षों के साथ ही प्रभारियों को बैठकें लेकर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने को कहा गया है। प्रदेश के छह क्षेत्रों में प्रस्तावित शीर्ष नेताओं की रैली सफल बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 21 जनवरी को लखनऊ में रैली करेंगे। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा आगरा में 23 जनवरी को रैली करेंगे, जबकि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह 22 जनवरी को मेरठ में रैली करेंगे। इसके साथ गोरखपुर में 19 जनवरी को आयोजित रैली के मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज चौहान मौजूद रहेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि CAA का विरोध कर रहे कांग्रेस, सपा व अन्य विपक्षी दलों की साजिश के बारे में लोगों को बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि CAA को लेकर सरकार एक कदम भी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने बताया कि नागरिकता संशोधन कानून को लेकर भाजपा अब शरणार्थियों की बस्तियों में अभियान चला रही है। सोमवार को मेरठ जिले के हस्तिनापुर में बंगाली बस्ती अभियान की शुरुआत कर दी गई है।
स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि अममून सभी जिलों में पाकिस्तान, अफगानिस्तान व बांग्लादेश से आए हिन्दु, सिख, बौद्ध, पारसी, ईसाई व जैन धर्म मानने वाले परिवार मौजूद है। ऐसे लोग चिन्हित किए जा चुके है। उनको नागरिकता देने में आने वाली कठिनाइयों को दूर करने में मदद की जाएगी। प्रवक्ता संजय राय ने बताया कि जिलों की पद यात्राओं में जिस तरह जनसैलाब उमड़ा है। उससे रैलियों का ऐतिहासिक होना तय है।
गोरखपुर. भगवान सूर्य देव की उपासना और सरोवरों में स्नान तक दानपुण्य करने के महापर्व मकर संक्रांति का त्योहार पूरे प्रदेश में श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम से मनाया जा रहा है। वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबा गोरखनाथ की पूजा-आरती के साथ खिचड़ी चढ़ाई। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी ने देश की सुख-समृद्धि की कामना भी की।
बाबा गोरखनाथ को लगाया खिचड़ी का भोग
गोरखनाथ मंदिर में बुधवार सुबह 3:30 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीनाथ जी की विशिष्ट पूजा-आरती की और महारोट के प्रसाद से बाबा गोरखनाथ को भोग लगाया। उसके बाद उन्होंने देश की सुख-समृद्धि की कामना के साथ मंदिर की ओर से बाबा गोरखनाथ को खिचड़ी चढ़ाई। इसी क्रम में परंपरागत रूप से नेपाल राजपरिवार की ओर से नेपाल राष्ट्र के कल्याण और मंगल कामना के साथ श्रीनाथजी को खिचड़ी अर्पित की गई।
मंदिर के कपाट खुलते ही गुरु गोरक्षनाथ और हर-हर-महादेव के जय घोष के साथ श्रद्धालुओं का हुजूम मंदिर परिसर में उमड़ पड़ा। ठंड और कोहरे के बावजूद श्रद्धालुओं के गोरखनाथ मंदिर पहुंचने का सिलसिला जारी है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मन्दिर के स्वयंसेवक और पुलिस-प्रशासन के लोग जगह-जगह पर तैनात हैं। उधर मंगलवार की रात से ही खिचड़ी मेले की छटा देखने लायक है। मेला परिसर देखकर श्रद्धालुओं के उत्साह का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। झूले लगातार चल रहे हैं और स्टालों पर भीड़ उमड़ पड़ी है।
प्रयागराज का माघ मेला
मकर संक्रांति पर कड़ाके की ठंड पर आस्था भारी पड़ी। संगम किनारे देर रात से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। भोर में साधु और संतों ने सबसे पहले स्नान किया। भोर होते-होते संगम के किनारे स्नान के लिए भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सर्दी और हल्की धुंध के बावजूद लाखों लोग स्नान करने पहुंचे।
राज्यपाल और सीएम ने दिया बधाई संदेश
राज्यपाल ने शुभकामना की है कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशियों का संचार करे। देश व प्रदेश विकास की राह में आगे बढ़ता रहे। वहीं मुख्यमंत्री ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि देश के विभिन्न भागों में मकर संक्रांति का विशिष्ट पर्व विभिन्न रूपों में मनाया जाता है। यह हमारे देश की समृद्ध विरासत और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। इस दिन सूर्य धनु राशि से मकर राशि में प्रवेश करते हैं और उत्तरायण हो जाते हैं। उत्तरायण को सकारात्मकता का प्रतीक माना गया है।
मनोरंजन डेस्क. लंबे इंतज़ार और चर्चा के बाद आखिरकार आलिया भट्ट की फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ का पहला पोस्टर आज रिलीज कर दिया गया है। संजय लीला भंसाली के डायरेक्शन में बनने जा रही इस फिल्म का लोगों के बेस्ब्री से इंतजार है, और भी क्यों ना…आलिया इस फिल्म में जो किरदार निभाने जा रही हैं वैसे किरदार उन्होंने अपने अबतक के करियर में नहीं निभाया है। भंसाली प्रोड्क्शन और आलिया भट्ट ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्विटर और इंस्टाग्राम पर फिल्म के दो पोस्टर रिलीज़ किए हैं।
पहले पोस्टर में आलिया एक सीधी-सादी लड़की लग रही हैं। जो टेबल के किनारे बैठेकर कुछ सोच रही है। लेकिन इस मासूम लड़की के पास टेबल पर एक बंदूक रखी है। वहीं दूसरे पोस्टर में आलिया एकदम ही अलग लुक में नजर आ रही हैं। दूसरा पोस्टर ब्लैक एंड व्हाइट है, इस पोस्टर में केवल आलिया का चेहरा नज़र आ रहा है जिसपर लाल रंग की बड़ी सी बिंदी लगी है। इस पोस्टर में आलिया की आंखों में गुस्सा नजर आ रहा है।
‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के दोनों की पोस्टर्स काफी शानदार हैं और खासकर आलिया का लुक। पहला पोस्टर देखकर आपको भले ही ‘हाईवे’ वाली आलिया की याद आ जाएगी, लेकिन दूसरे पोस्टर में आलिया का जो लुक दिखाया गया है वो काफी अच्छा है। आपको बता दें कि ये फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ की असल जिंदगी पर आधारित है। इस फिल्म में आलिया माफिया क्वीन का करिदरा निभाने जा रही हैं। फिल्म 11 सितंबर 2020 को रिलीज़ होगी।
टेक डेस्क। ई-कॉमर्स वेबसाइट Amazon पर Headset Fest चल रहा है। इस दौरान हैडसेट खरीदने पर 60 फीसद तक का डिस्काउंट दिया जा रहा है। ऐसे में अगर आप अपने लिए नया हैडसेट खरीदने का प्लान कर रहे हैं तो आज आपके पास अच्छा मौका है। देखा जाए तो भारत में हेडसेट मार्केट बढ़ोतरी हुई है जिसके चलते स्मार्टफोन निर्माता कंपनियों ने फोन के साथ हेडसेट देना बंद कर दिया है। इसी की वजह से यूजर्स को अलग से हेडसेट खरीदना पड़ता है। अगर आप भी अपने फोन के लिए नया हेडसेट खरीदना चाहते हैं तो हम आपके लिए 1,000 रुपये से कम के विकल्पों की जानकारी लाए हैं।
Flybot Wave in-Ear Sport Wireless Bluetooth Earphone: इसकी MRP 1,999 रुपये है। लेकिन फेस्ट के समय इसका डील प्राइस 799 रुपये है। इस पर 1,200 रुपये का डिस्काउंट दिया जा रहा है। इस इयरफोन को एक बार चार्ज करने पर इसकी बैटरी 5 घंटे का बैकअप देती है। यह ब्लूटूथ 5.0 के साथ आता है। साथ ही इसमें 40mm ड्राइवर्स दिए गए हैं। यह स्वैट और वॉटरप्रूफ हैं। ये नॉइन कैंसलिंग माइक्रोफोन के साथ आते हैं। इसकी इफेक्टिव ट्रांसमिशन रेंज 10 मीटर की है। इसे फुल चार्ज होने में 2 घंटे से कम समय लगता है।
pTron Intunes Evo Magnetic in-Ear Wireless Bluetooth Headphones with Mic: इसकी MRP 2,000 रुपये है। लेकिन फेस्ट के समय इसका डील प्राइस 649 रुपये है। इस पर 1,351 रुपये का डिस्काउंट दिया जा रहा है। इसमें वायरलैस ईयरफोन स्टीरियो साउंड, बास और मैग्नेटिक ईयरबड्स जैसे फीचर्स मौजूद हैं। साथ ही इसके साथ एक साल की मैन्यूफैक्चरिंग वारंटी दी जा रही है। यह ब्लूटूथ v4.2+EDR, 10m वायरलेस रेंज, 3 से 4 घंटे का म्यूजिक एंड टॉकटाइम दिया जा रहा है। इसमें 70 एमएएच की ली-पॉलिमर बैटरी दी गई है।
Xmate Mana in-Ear Wireless Bluetooth Headphones: इसकी MRP 2,000 रुपये है। लेकिन फेस्ट के समय इसका डील प्राइस 899 रुपये है। इस पर 1,101 रुपये का डिस्काउंट दिया जा रहा है। ये मैग्नेटिक अट्रैक्शन ईयरबड्स के साथ आते हैं। इसके साथ आपको इन लाइन रिमोल कंट्रोल भी दिया जा रहा है। इससे आप म्यूजिक कंट्रोल भी कर पाएंगे। साथ ही कॉल्स को भी मैनेज कर पाएंगे। फुल चार्ज करने के लिए इसे 2 घंटे का समय लगेगा। वहीं, इसका स्टैंडबाय टाइम 100 घंटे का है।
Truke Yoga 2 Neckband in Ear Wireless Bluetooth Earphones with Mic (Blue): इसकी MRP 1,999 रुपये है। लेकिन फेस्ट के समय इसका डील प्राइस 699 रुपये है। इस पर 1,300 रुपये का डिस्काउंट दिया जा रहा है। इसमें 10mm ड्राइवर स्पीकर्स दिए गए हैं। साथ ही यह ब्लूटूथ 5.0 के साथ आते हैं। इसमें 135 एमएएच की बैटरी दी गई है जो 8 घंटे तक का नॉन-स्टॉप प्लेबैक म्यूजिक देने में सक्षम है। इसमें यूनिवर्सल कंट्रोल भी दिया गया है जिससे कॉल्स और म्यूजिक मैनेज किया जा सकता है।
iBall EarWear Sporty Wireless Bluetooth Headset with Mic: इसकी MRP 2,299 रुपये है। लेकिन फेस्ट के समय इसका डील प्राइस 799 रुपये है। इस पर 1,500 रुपये का डिस्काउंट दिया जा रहा है। इसमें 150 घंटे तक का स्टैंडबाय टाइम दिया गया है। इसमें सुप्रीम साउंड क्वालिटी उपलब्ध कराई जा रही है। इसमें बिल्ट-इन रिचार्जेबल बैटरी दी गई है।
स्पोर्ट्स डेस्क. भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीनों ओपनर्स को प्लेइंग इलेवन में शामिल कर सबको चौंकाया। मैच में टीम को शर्मनाक हार मिली और हार के बाद कोहली ने बताया कि आखिरी क्यों तीनों ही ओपनर्स को मैच में खिलाया गया। कोहली का खुद नंबर चार पर बल्लेबाजी के लिए उतरना भारत को उलटा पड़ गया, जिसके बाद भारतीय कप्तान को कहना पड़ा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ राजकोट में दूसरे वनडे से पहले उन्हें अपनी रणनीति पर पुनर्विचार करना पड़ सकता है।
भारत ने बल्लेबाजी में कुछ बदलाव किए तथा शिखर धवन और केएल राहुल दोनों को अंतिम एकादश में जगह देने के लिए कोहली नंबर चार पर उतरे। भारतीय बल्लेबाज नहीं चले और गेंदबाज भी प्रभाव नहीं छोड़ पाए। ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच 10 विकेट से जीता
कोहली ने मैच के बाद नंबर चार पर उतरने के फैसले के बारे में कहा, “हम पूर्व में भी इस पर कई बार चर्चा कर चुके हैं। जिस तरह से राहुल बल्लेबाजी कर रहा था, हमने उसे बल्लेबाजी क्रम में फिट करने की कोशिश की। लेकिन जब भी मैं नंबर चार पर बल्लेबाजी के लिए उतरा तो मुझे लगता है कि यह हमारे लिए सही नहीं रहा, इसलिए इस पर पुनर्विचार करना होगा।
यह कुछ खिलाडि़यों को मौका देने से जुड़ा है। लोगों को सहज रहना चाहिए और एक मैच के बाद ही घबराने की जरूरत नहीं है। मुझे थोड़ा प्रयोग करने की अनुमति है और कुछ अवसरों पर मैं नाकाम रहा। इनमें से यह एक था।
कोहली ने मैच के बारे में कहा, ‘हम तीनों विभागों में कमतर साबित हुए। यह ऑस्ट्रेलिया की बेहद मजबूत टीम है और अगर आप अच्छा नहीं खेलते हो तो वे तुम्हें आहत करेंगे और हमने ऐसा देखा।
वर्ल्ड डेस्क. अमेरिका में तरणजीत सिंह संधू नए भारतीय राजदूत के रूप में कार्यभार संभालेंगे। इसकी जानकारी एक वरिष्ठ भारतीय अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनआइ को दी है। वह हर्षवर्धन श्रृंगला की जगह लेंगे, जो अब भारत में विदेश सचिव का पदभार संभालेंगे। हाल ही में वह दिल्ली पहुंचे। संधू के पास यूएन में भी काम करने का अनुभव है। साथ ही वह वाशिंगटन में जाने माने चेहरा हैं।
समाचार एजेंसी एएनआइ के अनुसार राजदूत की नियुक्ति से संबंधित फाइल को सक्षम अधिकारी ने मंजूरी दे दी है। लेकिन सरकार को इसके बारे में आधिकारिक घोषणा करना बाकी है। आधिकारिक सूत्रों ने इसकी जानकारी दी है।
श्रीलंका में भारत के वर्तमान उच्चायुक्त हैं सिंधू
संधू 24 जनवरी, 2017 से श्रीलंका में भारत के वर्तमान उच्चायुक्त हैं। इससे पहले वह 2013 से 2017 तक वाशिंगटन डीसी में भारत के दूतावास में मिशन के उपप्रमुख के रूप में कार्य कर चुके हैं। संधू ने इससे पहले 1997 से 2000 के बीच वाशिंगटन डीसी में भारतीय मिशन में भी काम किया था और आमतौर पर यह वाशिंगटन डीसी सर्कल में एक जाने माने चेहरा हैं।
श्रीलंका से रिश्ते में अहम योगदान
संधू को विदेश मंत्री एस जयशंकर का पसंद माना जाता है। जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नवनिर्वाचित श्रीलंकाई राष्ट्रपति राजपक्षे गोटाबाया के बीच नए रिश्ते बनाने में उनका अहम योगदान था। दोनों देशों के बीच पिछले कुछ वर्षों में काफी उतार-चढ़ाव देखने को मिला था।
संयुक्त राष्ट्र में भी काम करने का अनुभव
1988 बैच के आईएफएस अधिकारी, संधू को संयुक्त राष्ट्र में भी काम करने का अनुभव है। उन्हें मार्च 2009 से अगस्त 2011 तक संयुक्त सचिव (यूएन) के रूप में तैनात किया गया था। वह जुलाई 2005 से फरवरी 2009 तक संयुक्त राष्ट्र, न्यूयॉर्क में भारत के स्थायी मिशन में भी रहे।
संधू की नियुक्ति की जल्द होगी घोषणा
आधिकारिक सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएनआइ को यह भी बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फरवरी के अंत में भारत आने की संभावना है। इसके मद्देनजर संधू की नियुक्ति की जल्द ही घोषणा की जाएगी। अधिकारी ने यह भी कहा कि वाशिंगटन डीसी में नई नियुक्ति की प्रक्रियाएं भी चल रही हैं।