राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का जुड़वा भाई बताया है, एक अन्य रैली में उन्होंने मोदी को झूठा बताते हुए कहा कि उप्र की जनता उन्हें धक्का देगी और वह गुजरात पहुंच जाएंगे, साथ ही कहा कि भाजपा का मतलब भारत जलाओ पार्टी है। लालू यादव देवरिया के पथरदेवा में आयोजित जनसभा के दौरान ये बातें कही।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस (सपा-कांग्रेस) गठबंधन के समर्थन में प्रचार करने देवरिया पहुंचे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती और पूर्व मंत्री अखिलेश दास के बाद (भारतीय जनता पार्टी) भाजपा को नया नाम देते हुए भाजपा का मतलब भारत जलाओ पार्टी बताया। वहीं एक अन्य रैली में प्रधानमंत्री मोदी को झूठा बताते हुए कहा कि उप्र की जनता उन्हें धक्का देगी और वह गुजरात पहुंच जाएंगे।
भाजपा पर निशाना साधते हुए लालू यादव ने कहा, “भाजपा मतलब भारत जलाओ पार्टी है, मोदी अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के जुड़वा भाई हैं.” मोदी को तानाशाह बताते हुए राजद प्रमुख ने कहा कि अटल जी अच्छे नेता हैं, लेकिन भाजपा के पोस्टर में इनका एक जगह भी फोटो देखने को नहीं मिल रहा है।
‘सब टीवी’ के मोस्ट फेमस शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में बच्चों का सबसे चहेता किरदार टप्पू जल्द ही आपको बदला हुआ नज़र आ सकता है। जी हां! इसका कारण यह है कि टप्पू का किरदार निभा रहे भव्य गांधी ने इस शो को अलविदा कह दिया है। शो में लगभग 9 साल से टप्पू का किरदार निभा रहे भव्य द्वारा शो छोड़ने के कई कारण बताये जा रहे हैं। खबर यह भी है कि भव्य के शो छोड़ने के बाद सीरीयल के कास्टिंग में और भी बदलाव होने वाले हैं।
दरअसल ‘तारक मेहता का उलट चश्मा’ के साथ पहले एपिसोड से जुड़े भव्य अब दूसरी फील्ड की ओर अपनी एक्टिंग स्किल को बढ़ाना चाहते हैं। सूत्रों के मुताबिक भव्य ने एक गुजराती फिल्म साइन की है, जिसके लिए उन्हें दिन-रात गुजरात में शूटिंग करनी पड़ती है।
भाव्य के शो छोडने का एक और कारण यह भी बताया जा रहा है कि शो मेकर्स उन्हें ज्यादा स्क्रीन स्पेस नहीं दे रहे हैं। भाव्य को महीने में मुश्किल से सिर्फ 3-4 दिन के लिए ही शूटिंग का मौका मिलता है। ऐसे में एक एक्टर के तौर पर वे संतुष्ट नहीं हैं।
भव्य ने एक वेबसाइट से बात करते हुए कहा, ” मैंने जनवरी महीने से शो छोड़ दिया। 8 साल और 8 महीनों की यात्रा शानदार और फायदेमंद रही। मैंने शो की पूरी टीम के साथ खूब इंज्वॉय किया। मेरे फैंस ने भी मुझे काफी प्यार दिया। मैं चाहता हूं कि मेरे फैंस भविष्य में भी मुझे सपोर्ट करें।”
अपनी हर चुनावी सभा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से उनके कामकाज का हिसाब मांगने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अब अखिलेश ने काम काज का हिसाब माँगा है। अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सूबे की जनता के सामने अपनी सरकार के कामकाज का हिसाब देने की चुनौती दी है।
अखिलेश ने विधानसभा चुनाव प्रचार से लौटने के बाद शाम को एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘‘मैं अपनी हर रैली में अपनी सरकार के काम बताता हूं। आने वाले समय में प्रधानमंत्री चुनाव प्रचार के लिये जिस भी जिले में जाएं, वहां के लिये उनकी सरकार ने जो खास काम किया है, उसके बारे में जनता को जानकारी दें। प्रदेश की जनता जाने कि केंद्र ने कौन सा काम उसके लिये किया है।”
मुख्यमंत्री ने कहा,” प्रधानमंत्री वर्ष 2019 में अपनी सरकार के कामकाज का हिसाब देने की बात करते हैं। हम कहते हैं कि जो समय गुजर गया उसी का हिसाब दे दें। लोहिया जी कहते थे कि जिंदा कौमें पांच साल इंतजार नहीं करती हैं। इस वक्त पूर्वांचल में चुनाव हो रहा है केंद्र सरकार बताए कि उसने किस जिले में क्या काम किया है। “
उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा उठाये गए हर बार के प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा, ‘‘मैं बता सकता हूं अपने कामकाज का हिसाब। मैंने आगरा से लखनऊ तक एक्सप्रेस वे लाया, जिसे मैं बलिया तक ले जाऊंगा। हमने आजमगढ़ के सठियांव में चीनी मिल लगायी, कई फोरलेन सड़कें बनवाई हैं। एम्स को जमीन नहीं उपलब्ध हो पा रही थी, मैंने सबसे कीमती जमीन एम्स के लिये गोरखपुर में दी। मोदी यही बता दें कि एम्स कब तक बन जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की सपा सरकार की उपलब्धियों पर जनता को भरोसा है। सपा की कथनी करनी में भेद नहीं है, इस बात पर भी जनता को भरोसा है। हम चाहते हैं कि जनता जाने कि केंद्र सरकार की क्या उपलब्धि है।
अखिलेश ने किसानों की कर्जमाफी के भाजपा के चुनावी वादे पर व्यंग करते हुए कहा, “कर्ज़माफी के लिए प्रदेश में भाजपा सरकार की ज़रूरत नहीं। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ समेत देश के तमाम किसान इंतजार कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ उनका भी कर्ज माफ हो। कहीं यूपी के किसानों का वोट लेने भर के लिये तो ये वादे नहीं किए जा रहे?”
सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि उनकी पार्टी और कांग्रेस का गठबंधन प्रदेश विधानसभा की 300 तक सीटें जीतेगा। उन्होंने कहा, “बुंदेलखण्ड की जनता ने आखिर में हमारी मदद कर दी है। शायद इसलिये कि जब वे तकलीफ में थे, तो समाजवादियों ने उनकी मदद की थी और केंद्र सरकार ने खाली वाटर ट्रेन भेजी थी।”
अखिलेश ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने गोंडा में कहा कि वहां परीक्षा में नकल बहुत होती है। मैं जानता हूँ कि जिन बच्चों को मैंने लैपटाप दिया है और जिन बेटियों को ‘कन्या विद्याधन’ दिया है, उनमें से कोई भी नकल से पास नहीं हुआ होगा। मैं लैपटाप और कन्या विद्याधन पाने वाले विद्यार्थियों से अपील करुंगा कि वे इल्जाम लगाने वालों को चुनाव में सबक सिखाएं।”
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव के चार चरणों का चुनाव संपन्न हो चुका है। सभी पार्टियाँ अन्य चरणों के चुनाव प्रचार अभियान में जुटी हुई हैं। जिसके तहत भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह शनिवार 26 फरवरी को सूबे के 3 जिलों के दौरे पर थे। अपने दौरे के तहत भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पहले महाराजगंज पहुंचे थे, जहाँ उन्होंने जनसभा को संबोधित किया।
अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि चार चरण का चुनाव समाप्त हो चुका है। भाजपा की 2014 से भी बड़ी लहर इस बार उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में है। अखिलेश तो चुनाव से पहले ही हार स्वीकार कर चुके हैं। अगर उन्हें लगता काम किया है तो गठबंधन नहीं करते। न किसान खुशहाल है, न युवा को रोजगार मिला, न महिला महफूज है तो काम क्या हुआ? अखिलेश का काम नहीं, कारनामे बोल रहे हैं। यूपी को अखिलेश राज ने अपराध में नंबर 1 बना दिया।
पूर्वांचल के विकास के बारे में सपा-बसपा ने कभी नहीं सोचा। 15 साल से दोनों पार्टियों ने प्रदेश को सिर्फ लूटा है। मोदी जी पूर्वांचल से सांसद हैं, और उन्होंने विकास के लिए ढाई लाख करोड़ भेजा, लेकिन वह आप तक नहीं पहुंच पाया।
हम एक तरफ 104 सैटेलाइट छोड़ने का काम करते हैं, दूसरी ओर राहुल गांधी पंचर साइकिल को धक्का लगा रहे हैं। अखिलेश जी 5 साल से राज्य के मुख्यमंत्री हैं, वे पूछ रहे हैं अच्छे दिन कब आएंगे। हम उन्हें कहते हैं 11 मार्च को अच्छे दिन आएंगे। चुनाव परिणाम आते ही धर्म की सियासत खत्म हो जाएगी। परिवारवाद भी खत्म होगा और ‘सबका साथ सबका विकास’ सूत्र पर शासन शुरू होगा। भाजपा की सरकार बनते ही किसानों का ऋण माफ होगा, ब्याज मुक्त ऋण मिलेगा।
गन्ना किसानों को 14 दिनों के अंदर भुगतान होगा। भाजपा की सरकार बनते ही प्रदेश के अंदर चल रहे यांत्रिक कत्लखाने बंद कर दिए जाएंगे। किसानों के पशुधन को सुरक्षा मिलेगी। सपा-बसपा और कांग्रेस ने प्रदेश में खून की नदियां बहाई है, लेकिन भाजपा सरकार दूध-दही की नदियां बहाएगी। भाजपा की सरकार बनेगी तो भूमाफियाओं को ठीक करने का काम किया जाएगा।
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29वीं बार ‘मन की बात’ कार्यक्रम के ज़रिये आम जनमानस से रूबरू हुए। प्रधानमंत्री ने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भारत की अद्भुत उपलब्धियों से लेकर देश में महिलाओं की स्थिति में हुए सशक्तिकरण तक तमाम महत्त्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
वसंत के आगमन पर अमीर खुसरो की पंक्तियों का ज़िक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि सर्दी का मौसम अब जाने को है, बसंत के मौसम ने हम सबके जीवन में दस्तक दे दी है। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी, महाशिवरात्रि और होली का त्योहार इंसान के जीवन में ख़ुशियों के रंग डालता है। हम फाल्गुन महीने को विदा करने वाले हैं और नये मास चैत्र का स्वागत करने को तैयार बैठे हैं। बसंत ऋतु इन्हीं दो महीनों का संयोग है।
मन की बात कार्यक्रम में अपना सुझाव भेजने वाली शोभा जालान ने पीएम से अनुरोध किया था कि वे इसरो द्वारा प्राप्त तमाम उपलब्धियों के बारे में आम जनमानस को बताएं, जो इस जानकारी से अनभिज्ञ है। उन्होंने 104 सैटेलाइट्स के लांच और इंटरसेप्टर मिसाइल के बारे में कुछ जानकारी मांगी है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि 15 फ़रवरी,2017 भारत के जीवन में गौरवपूर्ण दिवस है। हमारे वैज्ञानिकों ने विश्व के सामने भारत का सर गर्व से ऊंचा किया है। ‘मार्स मिशन’ के तहत ‘मंगलयान’ भेजने के बाद पिछले दिनों इसरो ने विश्व रिकॉर्ड बनाया। इसरो ने मेगा मिशन के तहत एक साथ विभिन्न देशों के 104 सैटेलाइट्स अन्तरिक्ष में सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किए। इन सैटेलाइट्स को अन्तरिक्ष में भेजकर भारत ऐसा इतिहास रचनेवाला दुनिया का पहला देश बन गया। साथ ही यह PSLV का लगातार 38वां सफल लॉन्च है। पीएम ने बताया कि भारत के Satellite Cartosat- 2D के माध्यम से खींची हुई तस्वीरों से कृषि संसाधनों के उपयोग व ब्यौरा बनाने में मदद मिलेगी।
पीएम मोदी ने इस अभियान के नेतृत्व के लिए युवा वैज्ञानिकों, महिला वैज्ञानिकों को अनेकों बधाइयां व शुभकामनाएं दीं। पीएम ने बताया कि भारत ने रक्षा के क्षेत्र में भी Ballistic Interceptor Missile का सफल परीक्षण किया है। इंटेर्सेप्शन तकनीक वाले इस मिसाइल ने परीक्षण के दौरान ज़मीन से 100 कि.मी. की ऊंचाई पर दुश्मन की मिसाइल को ढेर कर सफलता पायी। दुनिया के चार या पांच ही देश हैं कि जिन्हें ये महारत हासिल है। यदि
2000 कि.मी. दूर से भी भारत पर आक्रमण के लिये कोई मिसाइल आती है तो ये मिसाइल अन्तरिक्ष में ही उसको नष्ट कर देती है।
पीएम मोदी ने देश की युवा पीढ़ी से विज्ञान के क्षेत्र में रूचि लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश को बहुत सारे वैज्ञानिकों की ज़रूरत है। उन्होंने कहा कि नीति आयोग एवं भारत के विदेश मंत्रालय ने 14वें प्रवासी भारतीय दिवस के समय एक विशिष्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया था। समाज उपयोगी खोजों को आमंत्रित किया गया। मछुवारों के लिए बनाये गए एक खास ऐप का भी ज़िक्र उन्होंने किया और कहा कि देश को ऐसे ही तकनिकी विकास की ज़रूरत है।
उन्होंने कहा कि देश डिजिटल ट्रांसैक्शन्स की दिशा में आगे बढ़ रहा है। लोग नकद से digital currency की तरफ़ बढ़ रहे है। पीएम मोदी ने कहा कि 14 अप्रैल डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर की जन्म-जयंती का पर्व है और अभी-अभी बाबा साहेब अम्बेडकर की 125वीं जयंती गई है. उनका स्मरण करते हुए आप संकल्प लेकर करीब 125 लोगों को BHIM ऐप डाउनलोड करना सिखायें, उससे लेन-देन कैसे होता है, सिखायें।
कृषि का उल्लेख करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देश की अर्थव्यवस्था के मूल में कृषि का बहुत बड़ा योगदान है। कृषि देश की आर्थिक गति को ताक़त देती है। किसानों के परिश्रम से इस वर्ष रिकार्ड अन्न उत्पादन हुआ है। इस वर्ष देश में लगभग 2 हज़ार 700 लाख टन से भी ज्यादा खाद्यान्न का उत्पादन हुआ है। प्रधानमन्तरी ने आह्वान किया कि किसान परंपरागत फ़सलों के साथ-साथ देश के ग़रीब को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग दालों की भी खेती करें क्योंकि दाल से ही सबसे ज़्यादा प्रोटीन प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि देश के किसानों ने ग़रीबों की आवाज़ सुनी और क़रीब-क़रीब 290 लाख हेक्टेयर धरती पर भिन्न-भिन्न दालों की खेती की। ये सिर्फ दाल का उत्पादन नहीं है, किसानों के द्वारा हुई देश के ग़रीबों की सबसे बड़ी सेवा है।
दिव्यांगों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रियो पैरालिम्पिक्स में हमारे दिव्यांग खिलाड़ियों ने जो प्रदर्शन किया, हम सबने उसका स्वागत किया था। ब्लाइंड वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराते हुए लगातार दूसरी बार विश्व विजेता बन करके देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि दिव्यांग भाई-बहन सामर्थ्यवान,दृढ़-निश्चयी होते हैं,साहसिक होते हैं,संकल्पवान होते हैं, हर पल हमें उनसे कुछ-न-कुछ सीखने को मिल सकता है।
महिलाओं का साहस बढाते हुए उन्होंने कहा कि खेल हो या अंतरिक्ष-विज्ञान- महिलायें किसी से पीछे नहीं हैं,एशियाई रग्बी ट्रॉफी में हमारी महिला खिलाड़ियों ने रजत पदक जीतकर देश को गौरवान्वित किया। पीएम ने कहा,” बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को अपार सफलता मिली है। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत राज्यों में 55-60 हज़ार अकाउंट खोले गए हैं। मध्यप्रदेश में ‘हर घर दस्तक’, राजस्थान में ‘अपना बच्चा, अपना विद्यालय’ जैसी तमाम योजनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। पीएम ने देशवासियों से कहा कि हमें किसी भी स्तर पर महिलाओं को कमज़ोर नहीं समझना है।
लेखिका शोभा डे ने एक मोटे पुलिस वाले का मज़ाक उड़ा कर उसके जीवन की शोभा बढ़ा दी है और अपनी किरकिरी कर रखी है। शोभा की टिप्पणी के बाद से खासे चर्चा में आ गए मध्यप्रदेश पुलिस के नीमच में पदस्थ इंस्पेक्टर दौलतराम जोगावत को मुम्बई के एक चिकित्सा संस्थान की ओर से इलाज का ऑफर मिला है।
जोगावत के मोटापे की जांच करने शनिवार को सेंटर फॉर ओबेसिटी एण्ड डाईजेस्टीव सर्जरी’ (सीओडीएस), मुम्बई का एक प्रतिनिधि पहुंचा। आपको बता दें कि शोभा डे ने ट्विटर पर जिस इंस्पेक्टर की फोटो शेयर की थी, वह महाराष्ट्र पुलिस का न होकर मध्यप्रदेश पुलिस का निकला और उसके मोटापे कारण खानपान ना होकर कोई बीमारी निकली, जिस पर पूरे देश की मीडिया में जमकर हल्ला मचा और जोगावत के पक्ष में मीडिया ने खूब खबरें दीं।
अब जोगावत के मोटापे का इलाज करने के लिए सीओडीएस आगे आया है और इसके प्रबंधक फ्लोईड डिसूजा मुम्बई से नीमच पहुंचे हैं। नीमच पहुंच कर उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश सगर से बात की और जोगावत की तबियत का हाल जाना। डिसूजा ने बताया कि सबसे पहले मुम्बई स्थित उनके सेंटर में इनका पूरी जांच होगी और उसके बाद कई तरह की जांचें होंगी। इसके बाद डॉक्टर फैसला करेंगे कि इनके मोटापे का इलाज दवाओं से किया जाए या ऑपरेशन से।
वहीं मप्र पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने भी उन्हें इन्दौर के अरविंदो अस्पताल में मोटापे का इलाज मुफ्त में कराने की पेशकश की है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ‘पुलिस वेलफेयर बोर्ड’ चलाती है। वहीं विभागीय स्तर पर भी शासन ने इलाज के लिए व्यवस्था की है। यदि इंस्पेक्टर के इलाज के लिये राशि की आवश्यकता होती है, तो वेलफेयर बोर्ड और विभागीय स्तर पर मदद की जायेगी।
बता दें, 21 फरवरी को शोभा ने एक भारी भरकम डीलडौल वाले जोगवत का फोटो ट्वीट किया और साथ में लिखा “मुंबई में आज भारी बंदोबस्त है।” नीमच पुलिस लाइन में तैनात 180 किलोग्राम वजन के जोगावत ने इस पर जवाब दिया, “मैं शोभा डे के ट्वीट से बेहद आहत हुआ हूं। इसमें मेरा मजाक बनाया गया है।” उन्होंने कहा, “कोई अपनी खुशी से मोटा नहीं होता। मैं वर्ष 1993 तक सामान्य था। लेकिन वर्ष 1993 में जब मेरा पित्ताशय का ऑपरेशन हुआ तो शरीर में इन्सुलिन का संतुलन बिगड़ गया और मैं भारी भरकम हो गया। शोभा डे चाहें तो मेरा इलाज करवा लें। कौन आदमी दुबला होना नहीं चाहता!”
शोभा के ट्वीट के बाद नीमच पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार सिंह भी सामने आये और उन्होंने कहा कि जोगावत बेहद मुस्तैद पुलिस अधिकारी हैं और उन्होंने जिन मामलों में विवेचना की है, उसकी तारीफ अदालत भी कर चुकी है। वह ‘सिंहस्थ कुंभ मेले’ में भी ड्यूटी दे चुके हैं। वह वजन बढ़ने के बावजूद बखूबी ड्यूटी देते हैं।
शोभा डे के तंज कसने के बाद मुम्बई पुलिस भी नाराज है। मुम्बई पुलिस ने तुरंत ट्वीट करके कहा था, “यह पुलिस वाला महाराष्ट्र पुलिस का नहीं है। हम आप जैसे लोगों से और बेहतर नागरिक होने की उम्मीद करते हैं।”
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए चौथे चरण का मतदान खत्म हो चुका है। इसी के साथ 680 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में कैद हो गई है। इस उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 11 मार्च को आने वाले नतीजों से होगा। 5 बजे तक चित्रकूट में 61.4 फीसदी, फतेहपुर में 58.74 फीसदी, हमीरपुर में 65 फीसदी, बांदा में 60.2 फीसदी मतदान हुए हैं।
निर्वाचन आयोग के अनुसार चौथे चरण में एक करोड़ 84 लाख मतदाता कुल 680 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करगें। इलाहाबाद उत्तरी सीट पर सबसे ज्यादा 26 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं खागा (फतेहपुर), मंझनपुर (कौशाम्बी) और कुंडा (प्रतापगढ़) में सबसे कम छह-छह उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
यूपी विधानसभा के लिए चौथे चरण का मतदान हो रहा है। बीएसपी महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी और बसपा के युवा नेता अफजल सिद्दीकी ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए बांदा में वोट डाला। दोनों नेताओं ने वोटिंग की लाइन में खड़े हो कर अपनी बारी का इंतजार किया। वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए बीएसपी नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने जनता से वोटिंग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बीजेपी और सपा दूर-दूर तक उनकी टक्कर में नहीं है।
इलाहाबाद में बूथ नंबर 242 में EVM खराब होने के कारण मतदान बाधित हो गया था। जालौन में भी बूथ नंबर 177 में EVM खराब होने के कारण मतदान रूक गया था। वहीं, ललितपुर, बांदा और प्रतापगढ़ में भी EVM खराब हुई।
जहाँ एक तरफ देश के कुछ राज्यों में चुनावी गहमागहमी का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ आतंकवादी हमले थमने का नाम ही नहीं ले रहे। जम्मू-कश्मीर के शोपियां में गुरूवार देर रात आतंकियों ने सेना पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन जवान शहीद हो गये, जबकि एक महिला की मौत हो गई। क्रॉस फायरिंग के दौरान सेना के सात जवान गोलियां लगने से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात सेना का गश्ती दल जब शोपियां के कुंगू में सर्च ऑपरेशन के बाद लौट रहा था, करीब दो बजे मुलू चित्रागम में आतंकियों ने उन पर हमला बोल दिया। इस हमले में तीन जवान शहीद हो गए। घायलों में सेना के दो अधिकारी भी शामिल हैं। वहीं क्रॉस फायरिंग के दौरान अपने घर में मौजूद एक महिला की भी गोली लगने से मौत हो गई। घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हमले के बाद जवानों की और टुकड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं। इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है। हालांकि बताया जा रहा है कि हमले के बाद आतंकी फरार हो गए।
सेना पर हुए इस आतंकी हमले में 44-आरआर गश्ती दल के तीन जवान शहीद हुए हैं। शहीद होने वाले जवानों में श्रीजीत, विकास कुमार और गुलाम मोहम्मद हैं। शक है कि ये हमला लश्कर-ए तैयबा से जुड़े आतंकियों ने किया।
कुलगाम में हुआ था एनकाउंटर-
इसी महीने की शुरुआत में कश्मीर के कुलगाम के एक घर में आतंकी छिपे थे। कई घंटों तक आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच एनकाउंटर चला था। इस कार्रवाई में अहमदाबाद के गोपाल सिंह भदौरिया समेत राष्ट्रीय रायफल्स के दो जवान शहीद हो गए थे।
महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी और बरसों से सहयोगी रही शिवसेना के बीच हुई कांटे की टक्कर का विजेता आज घोषित हो जायेगा। जी हां! महाराष्ट्र में मंगलवार 21 फ़रवरी को बीएमसी चुनाव समेत 10 महानगरपालिकाओं और 25 जिला परिषदों के लिए हुए चुनाव के नतीजे आज आएंगे। वोटों की गिनती आज सुबह 10 बजे शुरू होगी और नतीजे दोपहर 2 बजे तक आएंगे।
बीएमसी में कुल 227 सीटों के लिए 2275 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं, यानि की बहुमत हासिल करने के लिये 114 सीटों की जरूरत है। बीएमसी समेत राज्य की 10 महानगरपालिकाओं के लिए 56 फीसद वोट दिए गए हैं। प्रथम चरण में 15 जिला परिषदों और 165 पंचायत समितियों के लिये चुनाव हुए थे। दूसरे चरण में मुंबई समेत जिन 10 महानगर पालिकाओं में चुनाव हुए, उनमें मुंबई, ठाणे, उल्हासनगर, पुणे, पिंपरी चिंचवड़, नागपुर, अकोला, नासिक, सोलापुर, अमरावती शामिल हैं।
दूसरे चरण में 21 फरवरी को 11 जिला परिषद और 118 पंचायत समितियों के लिये भी मतदान हुए थे। भाजपा और शिवसेना ने यह चुनाव अलग-अलग लड़ा है। ऐसे में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे की प्रतिष्ठा दाव पर है क्योंकि ये चुनाव सत्तारूढ़ दल एवं विपक्ष के बजाय दो सत्तारूढ़ दलों के बीच ही शक्ति प्रदर्शन का माध्यम बन गए हैं।
आपको बता दें कि प्रचार अभियान के दौरान शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कह दिया है कि फड़नवीस सरकार नोटिस पीरियड पर चल रही है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री फड़नवीस ने उद्धव की इस चेतावनी को यह कहकर हवा में उड़ा दिया कि उनकी सरकार पूरे पांच साल चलेगी।
अभिनेत्री कंगना रनौत और अभिनेता ऋतिक रोशन के बीच का विवाद भले ही ‘पुराने समय की बात’ हो गया हो, लेकिन कंगना ने फिर इस संबंध में एक नया खुलासा किया है। कंगना का कहना है कि इस मामले को दबा देने के लिए उन्हें कई धमकियां भी मिलीं। उनसे कहा गया कि अगर उन्होंने ऐसा न किया तो उनका करियर बरबाद कर दिया जायेगा।
कंगना ने समाचार एजेंसी पीटीआई से कहा, “मुझे बड़े लोगों के घर में बुलाया जाता था। मुझसे कहा जाता था कि मैंने अपना मुंह खोला तो मेरा करियर ख़त्म हो जायेगा, मैं खत्म हो जाऊंगी। पर अब इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। वह किस्सा अब पूरी तरह से समाप्त हो चुका है और उसकी अब कोई प्रासंगिकता नहीं है।” उन्होंने कहा, “मेरा समय मुश्किल भरा था, लेकिन मैं उससे भयभीत नहीं हुई, क्योंकि मुझे पता है कि मैंने कुछ गलत नहीं किया।”
दरअसल पिछले साल दोनों कलाकारों के बीच यह विवाद उस समय शुरु हुआ था, जब कंगना ने एक साक्षात्कार में ऋतिक को ‘सिली एक्स’ कहा था। ऐसी खबरें थीं कि ऋतिक और कंगना के बीच प्रेमसंबंध ‘क्रिश 3′ की शूटिंग के दौरान शुरू हुए थे। मामला तब गरमा गया जब इस सिलसिले में दोनों ने एक दूसरे को कानूनी नोटिस भेज दिए थे। ऋतिक ने कंगना से किसी भी तरह के संबंध होने की ख़बरों का खंडन किया था और सार्वजनिक माफी की मांग की थी। कंगना ने भी कुछ पर्सनल पिक्स पब्लिक करने की धमकी दी थी लेकिन फिल्म जगत के कई लोगों ने कंगना को कुछ भी सार्वजनिक करने से बचने की सलाह दी थी।
उल्लेखनीय है कि ऋतिक और कंगना ने ‘काइट्स’ और ‘कृष 3’ में साथ काम किया है। जहां कंगना का कहना है कि उन दोनों ने एक दूसरे को डेट किया है, वहीं रितिक इस बात से इनकार करते हैं। रितिक ने मुंबई पुलिस के साइबर सेल में भी शिकायत दर्ज की थी कि कोई उनके नाम पर कंगना को मेल कर रहा था। वहीं कंगना का कहना था कि वह ऋतिक ही थे।
अब भले ही कंगना ने पीटीआई से कहा हो कि उनके लिए सब खत्म हो चुका है लेकिन समय समय पर वे उनका ज़िक्र कर ही बैठती हैं। जब कंगना के ‘रंगून’ को-स्टार शाहिद कपूर ने एक इंटरव्यू में कहा था कि कंगना मन में ही काफी कुछ सोच लेती हैं, उस पर भी कंगना ने पिंकविला से कहा, “शाहिद को यह लाइन ऋतिक ने सिखाई होगी।”
आपको बता दें कि कंगना की आगामी फिल्म ‘रंगून’ इस शुक्रवार को रिलीज हो रही है। फिल्म की कहानी 40 के दशक में हुई घटनाओं पर आधारित है, जिसमें कंगना अभिनेत्री मिस जूलिया की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म में कंगना, शाहिद और सैफ अली खान के बीच लव ट्रायंगल है। आगे की कहानी जानने के लिए आपको खुद सिनेमाघर जाकर आगामी शुक्रवार को फिल्म देखनी होगी।