प्रियंका के बाद अशोक गहलोत पर मायावती ने बोला हमला, कहा- तुरंत बर्खास्त हो राजस्थान सरकार

लखनऊ। राजस्थान के कोटा में एक महीने के अंदर 100 मासूमों की हुई मौत पर अब राजनिति तेज हो गई तो वहीं कांग्रेस की मुश्किलें भी बढ़ती नजर आ रही हैं। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने प्रियंका गांधी के बाद अब राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को जिम्मेदार ठहराते हुए तुरंत राजस्थान सरकार को बर्खास्त करने की मांग की है।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने शुक्रवार को लगातार 2 ट्वीट किए। इस दौरान मायावती के निशाने पर राजस्थान की गहलोत सरकार रही। मायावती ने कहा कि राजस्थान की कांग्रेसी सरकार के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कोटा में सौ से अधिक बच्चों की मौत पर बेहद बेपरवाह हैं। वहां पर 100 से अधिक मासूम बच्चों की मौत के बाद भी सरकार संवेदनहीन बनी है। अपनी कमियों को छिपाने के लिए यह लोग चोरी व ऊपर से सीनाजोरी वाले अर्थात् गैर-जिम्मेवारान व असंवेदनशील तथा अब राजनैतिक बयानबाजी कर रहे हैं। यह तो बेहद ही शर्मनाक व निन्दनीय है। सरकार को इस मामले में बेहद संवेदनशील होना चाहिए।

वहीं अपने अन्य ट्वीट में मायावती ने लिखा, ऐसे में कांग्रेस का लगभग 100 माओं की कोख उजड़ जाने पर केवल अपनी नाराजगी जताने से काम नहीं चलेगा बल्कि इनको तुरन्त बर्खास्त करके वहाँ अपने सही व्यक्ति को सत्ता में बैठाना चाहिये। तो यह बेहतर होगा। वरना वहाँ और भी माओं की कोख उजड़ सकती है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा की प्रदेश में बढ़ी सक्रियता ने बहुजन समाज पार्टी की बेचैनी बढ़ा दी है। वोटबैंक बचाए रखने के लिए मायावती ने कांग्रेस पर हमले तेज कर दिए हैं। कांग्रेस को दलित विरोधी सिद्ध करने को लगातार बयानबाजी जारी है। राजस्थान के कोटा में सौ से अधिक बच्चों की मौत के मसले पर बसपा प्रमुख ने प्रियंका पर निशाना साधा। गुरुवार को जारी बयान में मायावती ने प्रियंका का सीधे नाम न लिखकर कांग्रेस की महिला राष्ट्रीय महासचिव लिखा और राजस्थान जाकर मृतक बच्चों की पीडि़त माताओं से नहीं मिलने पर तंज किया है। उन्होंने कहा कि यूपी में किसी भी मामले में पीडि़त परिवारों से मिलना राजनीतिक स्वार्थ व कोरी नाटकबाजी है। इससे जनता को सतर्क रहना होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.