28 C
Mumbai
Thursday, September 3, 2026
Home Blog Page 462

सोने की तस्करी के रैकेट का भंडाफोड़ 100 किलो से अधिक का सोना जब्त

Gold bars

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
मुंबई। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने दावा किया है कि उसने यहां 106.9 किलोग्राम सोना जब्त करके इस मामले में सात लोगों की गिरफ्तारी करने के साथ बड़े पैमाने पर सोने की तस्करी के रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
डीआरआई ने एक खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए हाल ही में मुंबई के डोंगरी इलाके में दो वाहनों में छिपाकर रखे गए 75 किलोग्राम तस्करी के सोने को जब्त कर लिया और इस मामले में अब्दुल अहद जारोदारवाला, शेख़ अब्दुल अहद और शोएब ज़ारोदारवाला को हिरासत में लिया। शोएब और अब्दुल अहद ज़ारोदरवाला ने स्वीकार किया कि उन्हें निसार अलियार नाम के एक व्‍यक्ति से कुल 200 किलोग्राम से अधिक तस्करी का सोना मिला था।
इन्होंने बताया कि दोनों ने दलाली पर थोक बाजार में तस्करी का सोना बेचा और उनके ग्राहकों में से एक राजू उर्फ मनोज जैन थे जिन्होंने पूर्व में उनसे लगभग 100 किलोग्राम तस्करी का सोना खरीदा था। इस मामले में अकिल फ्रूटवाला और हैप्पी धाकड़ नाम के व्यक्तियों की संलिप्तता भी सामने आई। निसार ने दुबई से भारत में 200 किलो सोने के तस्करी की बात स्वीकार की है। इन सातों लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

कश्मीर के जवाहर टनल के पास धमाका

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
जम्मू-कश्मीर के बनिहाल हाईवे पर जवाहर टनल के पास शनिवार को एक धमाका हुआ। जिस समय यह धमाका हुआ उस समय वहां से सुरक्षाबलों का काफिला गुजर रहा था।
जानकारी के अनुसार बनिहाल हाईवे पर हुआ यह धमाका एक कार में हुआ है। जानकारी के मुताबिक यह धमाका एक सिलेंडर में हुआ है। हालांकि इस धमाके में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। एक कार में हुए इस धमाके के वक्त वहां से सुरक्षाबलों का काफिला गुजर रहा था।
धमाके से सेना की गाड़ी को भी थोड़ा नुकसान पहुंचा है लेकिन फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सीआरपीएफ सूत्रों ने इसे हमला मानने से इनकार किया है। हादसे से एक बार फिर सीआरपीएफ जवानों की सुरक्षा में लापरवाही के सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेस: अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर को नार्थ मुंबई सीट से टिकट मिला

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
दो दिन पहले कांग्रेस में शामिल हुईं बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर को नार्थ मुंबई सीट से टिकट मिल गया है। कांग्रेस जनरल सक्रेट्री मुकुल वासनिक ने शुक्रवार को एक रिलीज जारी कर यह ऐलान किया। यहां उर्मिला की सीधी टक्कर भारतीय जनता पार्टी के मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी से होगी। मुंबई नॉर्थ सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है।
पहले उत्तर मुंबई सीट से बिग बॉस-11 की विनर शिल्पा शिंदे और मराठी एक्ट्रेस असावरी जोशी उतारने की खबर थी। शिल्पा शिंदे और असावरी जोशी पहले ही कांग्रेस की सदस्यता ले चुकी हैं, लेकिन कांग्रेस इस सीट पर किसी मजबूत कैंडिडेट को उतारना चाहती थी। उन्हें उर्मिला ज्यादा दमदार लग रही हैं इसलिए पार्टी ने उन्हें इस सीट से टिकट दिया है।

यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा बस-ट्रक की टक्कर में 8 लोगों की मौत

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को तड़के एक निजी बस ने सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक को टक्कर मार दी जिससे आठ लोगों की मौत हो गई और कम से कम 20 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लखनऊ में अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गौतम बुद्ध नगर पुलिस एवं प्रशासन के प्रमुखों को निर्देश दिया है कि वे पीड़ितों को शीघ्र सहायता मुहैया कराए।

पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘बस आगरा से नोएडा जा रही थी। हादसा तड़के करीब पांच बजे रबूपुरा थाना क्षेत्र में हुआ। बस ओरैया डिपो की थी। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य लोग घायल हो गए।’ इसमें कहा गया है कि दुर्घटनास्थल पर पुलिसकर्मी मौजूद हैं और पीड़ितों को निकटवर्ती जेवर के कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। लखनऊ में एक आधिकारिक प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने ग्रेटर नोएडा में बस हादसे का संज्ञान लिया है जिसमें आठ लोगों की मौत हुई है।

शिवपाल पर कठोर हुए मुलायम उनकी चिंता मैं क्यों करूं, मैं भी चुनावी मैदान में

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
लोकसभा चुनाव में जीत के लिए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भले ही अपने बड़े भाई व सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आर्शीवाद ले रहे हों, लेकिन अब मुलायम उनसे किनारा कस रहे हैं। शुक्रवार को इटावा से लखनऊ जाते समय मुलायम सिंह जब शिवपाल के बारें में पूछा गया तो उन्होंने बेबाकी से कहा कि, मैं उनकी चिंता क्यों करूं, मैं भी तो चुनाव लड़ रहा हूं।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि, शिवपाल की सभा या रैली में कौन जाता है कौन नहीं? इसकी चिंता मैं क्यों करूं? चुनाव का समय है रैलियां तो होती रहती हैं। अगर किसी को बधाई देनी है तो मुझे दे मैं भी तो चुनाव लड़ रहा हूं।
यह पूछे जाने पर कि नामांकन करने 30 अप्रैल को शिवपाल सिंह जा रहे हैं, क्या आप उन्हें बधाई देंगे? इस सवाल पर मुलायम सिंह ने हंसते हुए कहा कि नामांकन करने तो मैं भी जा रहा हूं। बधाई मुझे भी दी जाए। मुलायम सिंह यादव एक अप्रैल को मैनपुरी लोकसभा सीट से नामांकन करने वाले हैं। इसकी तैयारियों को लेकर ही गुरुवार रात इटावा पहुंचे थे। सुबह लखनऊ के लिए रवाना हो गए। जाते-जाते उन्होंने यह भी कहा कि मुझे जल्दी जाना है, पर्चा दाखिल करना है, काफी सारे कागज तैयार करने हैं, इसलिए बहुत काम है।

बिहार: महागठबंधन के प्रत्याशियों का ऐलान पाटलिपुत्र से मीसा और मधेपुरा से शरद यादव को टिकट

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
बिहार में महागठबंधन ने लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों का शुक्रवार को ऐलान कर दिया। पाटलिपुत्र से लालू प्रसाद यादव की बेटी मीसा भारती, मधेपुरा से शरद यादव और सारण से तेजप्रताप (लालू के बड़े बेटे) के ससुर चंद्रिका राय को टिकट दिया। राजद 19, कांग्रेस 9, रालोसपा 5, हम-वीआईपी 3-3 और राजद के कोटे से सीपीआई-एमएल एक सीट पर चुनाव लड़ेंगी।

लोस चुनाव: भाजपा के 11 और नाम तय, 3 के टिकट कटे

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
भाजपा ने शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के लिए 11 उम्मीदवारों की सूची जारी की। इसमें मध्यप्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक की 3-3 सीटों और जम्मू-कश्मीर-महाराष्ट्र की एक-एक सीट पर उम्मीदवार का ऐलान किया गया है। कांग्रेस ने 17 उम्मीदवारों का ऐलान किया। कांग्रेस ने 20 मिनट पहले पार्टी ज्वाइन करने वाले मौजूदा भाजपा सांसद को इटावा से टिकट दिया है। ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दोपहर 1:40 पर ट्वीट कर दोहरे के कांग्रेस में शामिल होने का ऐलान किया। 2 बजे जारी पार्टी की लिस्ट में दोहरे को इटावा से टिकट दे दिया गया। अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर को मुंबई उत्तर से कैंडिडेट बनाया गया है। उन्होंने दो दिन पहले ही पार्टी की सदस्यता ली थी।

3 मौजूदा सांसदों के टिकट काटे

मप्र के बालाघाट से बोध सिंह भगत, खरगोन से सुभाष पटेल, राजस्थान के बांसवाड़ा से मानशंकर निनामा का टिकट काट दिया गया। महाराष्ट्र में मढ़ा सीट से रंजीत सिंह निम्बायकर को टिकट दिया गया है। वे सोमवार को ही कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए थे।

मिशन शक्ति: 100 वैज्ञानिकों ने प्रोजेक्ट पर दिन-रात काम किया: डीआरडीओ चेयरमैन

Navpravah.com
भारत एंटी सैटेलाइट मिसाइल प्रोजेक्ट पर दो साल पहले से काम कर रहा था। डीआरडीओ के चेयरमैन जी. सतीश रेड्डी का कहना है कि छह माह पहले प्रोजेक्ट मिशन मोड में आया और उसके बाद 100 वैज्ञानिकों ने दिन-रात काम कर लॉन्चिंग को सफल बनाया। रेड्डी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से चर्चा के बाद एनएसए अजीत डोभाल ने इसके लिए मंजूरी दी थी।
रेड्डी का कहना है कि मिशन की कामयाबी हमारे लिए गौरव की बात है, क्योंकि इससे हम अमेरिका, रूस और चीन के साथ स्पेशल क्लब में शामिल हो गए हैं। अंतरिक्ष में मार करने की क्षमता अब भारत समेत चार देशों के पास ही है।
एक सवाल पर रेड्डी ने कहा कि ए-सैट मिसाइल के लिए लक्ष्य का चयन तीन सौ किमी की दूरी पर इस वजह से किया गया, क्योंकि हम नहीं चाहते थे कि अंतरिक्ष के नजदीक मौजूद किसी संपदा को नुकसान पहुंचे।

अमेरिका, फ्रांस-ब्रिटेन का अजहर के खिलाफ फिर प्रस्ताव चीन ने कहा- यूएस इसे उलझा रहा

Navpravah.com
वॉशिंगटन. फ्रांस-ब्रिटेन की मदद से अमेरिका संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तानी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को वैश्विक आतंकी घोषित कराने के लिए प्रस्ताव लाया है। ये प्रस्ताव यूएनएससी के सभी 15 सदस्यों को दिया गया है और सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है। अगर प्रस्ताव पर एकराय बनती है तो मसूद पर ट्रैवल बैन, संपत्ति सीज होने जैसी कई कार्रवाई हो सकती हैं।
इससे 2 हफ्ते पहले भी इन तीनों देशों ने मसूद के खिलाफ प्रस्ताव पेश किया था, लेकिन चीन ने इसमें टेक्निकल होल्ड लगाकर चौथी बार मसूद को वैश्विक आतंकी घोषित होने से बचा लिया था। सुरक्षा परिषद के 15 सदस्य देशों में से 14 ने मसूद पर कार्रवाई का समर्थन किया था।

16 साल बाद दिग्विजय ने सरकारी कर्मियों से माफी मांगी

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com

2003 के विधानसभा चुनाव के पहले हुई एक ‘सियासी भूल’ के लिए कांग्रेस महासचिव और भोपाल से पार्टी के लोकसभा चुनाव प्रत्याशी दिग्विजय सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने बुधवार को भोपाल में हुए सरकारी कर्मचारी संघों के होली मिलन समारोह में 16 साल पहले हुई भूल-चूक के लिए माफी मांगी।
उन्होंने गीतांजलि चौराहा स्थित कर्मचारी भवन में कहा कि 15 साल हो गए, होली का मौका है, कोई भूल-चूक हो गई हो तो माफ करना। अगर मैं सांसद बनता हूं तो आपको मालूम है कि दिग्विजय झूठ नहीं बोलता, हर वादा पूरा किया जाएगा। इतने साल से मुझे अपनी बात रखने का मौका नहीं मिला। अब मिला है तो कह रहा हूं। दिग्विजय ने आगे कहा कि मेरे शासनकाल में कर्मचारियाें काे केंद्र के समान समय पर महंगाई भत्ता दिया गया। अनुकंपा नियुक्तियां भी दी गईं। इस दौरान दिग्विजय ने स्व. एनपी शर्मा, स्व. देवी प्रसाद शर्मा समेत कई वरिष्ठ कर्मचारी नेताओं को याद भी किया।
2003…तब कर्मचारियों के आक्रोश से बदल गई थी सत्ता : 2003 के विधानसभा चुनाव के दौरान वेतन-भत्तों को लेकर राज्य कर्मचारी नाराज थे। कर्मचारियों का डीए केंद्र से 9 फीसदी तक पिछड़ गया था। तब 28 हजार से ज्यादा दैनिक वेतनभाेगियों को नौकरी से हटाने के आदेश निकलने लगे थे। इसके अलावा, 20 साल की नौकरी और 50 साल की उम्र का फॉर्मूला बना था, जिस पर सरकार ने छंटनी शुरू की थी। इससे कर्मचारी आक्रोश में थे।