यूपी उपचुनाव: CM योगी ने संभाला मोर्चा, आज अम्बेडकरनगर व प्रतापगढ़ का दौरा !

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 13 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सभी राजनीतिक दल सक्रिय हो गए हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी लगातार दौरे कर रहे हैं। शुक्रवार को सहारनपुर के गंगोह में सभा करने के बाद आज उनका अम्बेडकरनगर तथा प्रतापगढ़ का दौरा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अम्बेडकरनगर के विधानसभा जलालपुर में पहुंचेंगे। यहां कल्याणकारी योजनाओं से पात्रों को लाभांवित करने के साथ करीब ढाई अरब की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे।

प्रशासन व पुलिस विभाग के अधिकारियों ने तैयारियों को पूरा कर लिया है। सीएम के स्वागत में भव्य मंच बन कर तैयार है। डीएम राकेश मिश्र के साथ एसपी वींरेंद्र मिश्र की मौजूदगी में इसे पूरा किया गया। प्रभारी मंत्री ब्रजेश पाठक और गिरीश चंद्र यादव ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया।

जलालपुर तहसील क्षेत्र में नरेंद्रदेव इंटर कॉलेज के मैदान पर बने हेलीपैड से सीएम 11 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। यहां 12 बजे तक परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास के साथ ही लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरण कर सभा को संबोधित करेंगे। 12 से एक बजे तक पार्टी पदाधिकारियों व कोर ग्रुप की बैठक करेंगे।

लोकार्पण एवं शिलान्यास

अम्बेडकरनगर में मुख्यमंत्री दो अरब 35 करोड़ 37 लाख 31 हजार की 44 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके अलावा नौ करोड़ 15 लाख 14 हजार की 14 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसमें लोक निर्माण विभाग की करीब 43 करोड़ की 23 योजनाओं का लोकार्पण एवं आठ करोड़ की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास होना है। इससे इतर कार्यदायी संस्थाओं के दो अरब 36 करोड़ की 21 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा डेढ़ करोड़ की एक परियोजना का शिलान्यास होगा। जबकि जनकल्याणकारी विविध योजनाओं के 60 लाभार्थियों को लाभांवित करेंगे।

प्रतापगढ़ में ढाई घंटा का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिन में करीब 2:30 बजे से प्रतापगढ़ के दौरे पर रहेंगे। वह अम्बेडकरनगर से दोपहर एक बजकर 10 मिनट पर प्रतापगढ़ रवाना होंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ का प्रतापगढ़ में करीब ढाई घंटे का कार्यक्रम है। यहां दो अरब 22 करोड़ की 177 परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करके लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। इसके साथ ही जनसभा को संबोधित करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.