अंतिम यात्रा पर सुषमा स्वराज, अखिलेश, मायावती ने ऐसे दी श्रद्धांजलि

Lucknow. पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज (Sushma Swaraj) का मंगलवार रात में निधन हो गया। उन्हें हार्ट अटैक के बाद एम्स में भर्ती कराया गया था। पिछले काफी दिनों से सुषमा स्वराज (Sushma Swaraj) बीमार चल रही थीं। सुषमा स्वराज (Sushma Swaraj) मोदी सरकार (Modi Government) के पहले कार्यकाल में विदेश मंत्री थीं।

उन्होंने अपने कार्यकाल से सबको प्रभावित किया था। आपको बता दें कि 2019 का लोकसभा चुनाव उन्होंने खराब स्वास्थ्य के चलते नहीं लड़ा था। 1970 में वो सक्रिय राजनीति में आई और पहली बार 1977 में सबसे कम उम्र की कैबिनेट मंत्री बनीं थीं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। सरकार की ओर से जारी एक शोक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीमती सुषमा स्वराज एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थीं। वे उत्कृष्ट वक्ता एवं संसदीय कार्य प्रणाली की जानकार थीं। वे अपनी बात को तथ्यों के साथ तार्किक रूप से प्रस्तुत करती थीं। सभी दलों के लोग उनका सम्मान करते थे।

भारत सरकार की मंत्री के रूप में श्रीमती स्वराज की सेवाओं को सदैव याद किया जाएगा। विदेश मंत्री के तौर पर उन्होंने विदेशों में भारत के नागरिकों को तेजी से मदद और राहत उपलब्ध कराने का अविस्मरणीय कार्य किया था। उनके निधन से समाज को अपूर्णीय क्षति हुई है। सीएम योगी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति की प्रार्थना करते हुए स्व.श्रीमती सुषमा स्वराज के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। आपको बता दें कि बुधवार को सीएम योगी सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुए हैं।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट करते हुए लिखा कि बीजेपी की वरिष्ठ नेता व केन्द्रीय मंत्री रहीं श्रीमती सुषमा स्वराज के अचानक निधन की खबर अति-दुःखद है। वे काफी कुशल राजनीतिज्ञ व प्रशासक ही नहीं बल्कि एक अति-मिलनसार महिला थीं। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट करके लिखा कि ”दुखद! श्रीमती सुषमा स्वराज जी का निधन अपूरणीय क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिजनों को शक्ति दे। कुशल नेतृत्व एवं उत्कर्ष कार्यकुशलता के लिए सुषमा जी हमेशा स्मरणीय रहेंगी।शत् शत् नमन। विनम्र श्रद्धांजलि!

योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रीकांत शर्मा ने लिखा कि ”वरिष्ठ BJP नेता व पूर्व विदेश मंत्री श्रीमती सुषमा स्वराज जी का असमय निधन दु:खद और पीड़ादायक है। उन्हें एक जनप्रिय नेता, प्रखर वक्ता और कुशल प्रशासक के रूप में सदैव याद रखा जाएगा। हमारी संवेदनाएं उनके शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु से प्रार्थना है उनकी आत्मा को शांति दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.