अंतिम यात्रा पर सुषमा स्वराज: राज्यपाल आनंदीबेन व CM योगी ने गहरा दुख व्यक्त किया !

लखनऊ. पूर्व विदेश मंत्री एवं BJP की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज का मंगलवार की देर रात दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। इस खबर के सामने आने के बाद ही उत्तर प्रदेश में शोक की लहर फैल गई। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने की खुशी के बीच आई इस दुखद सूचना ने लोगों को स्तब्ध कर दिया। भाजपा की वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक व्यक्त किया है।

उत्तर प्रदेश राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपने शोक संदेश में कहा कि सुषमा स्वराज एक संवेदनशील नेता थीं, जिन्होंने लंबे समय तक देश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से राजनीति के एक युग का अंत हो गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुषमा स्वराज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

CM योगी ने अपने शोक संदेश में कहा कि वह एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थीं। वह उत्कृष्ट वक्ता एवं संसदीय कार्य प्रणाली की जानकार थीं। वह अपनी बात को तथ्यों के साथ तार्किक रूप से प्रस्तुत करती थीं। सभी दलों के लोग उनका सम्मान करते थे।

सीएम योगी ने कहा कि भारत सरकार की मंत्री के रूप में उनकी सेवाओं को सदैव याद किया जाएगा। विदेश मंत्री के तौर पर उन्होंने विदेश में भारत के नागरिकों को तेजी से मदद और राहत उपलब्ध कराने का अविस्मरणीय कार्य किया था। उनके निधन से समाज को अपूर्णीय क्षति हुई है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.