Bihar Election 2020 : राजनीतिक दलों ने वादों की लगाई झड़ी, पढ़िए चुनावी चूरन में क्या-क्या है

अमित द्विवेदी | नवप्रवाह न्यूज़ नेट्वर्क 
बिहार विधानसभा चुनाव में इस समय राजनीतिक दलों ने वायदों की झड़ी लगा दी है। विधानसभा चुनाव में सभी पार्टियाँ दानवीर बनती नज़र आ रही हैं। मतदाताओं को लुभाने के लिए हर सम्भव प्रयास किया जा रहा है। चर्चा यह भी है कि बिहार में इस बार मतदाता उन्हीं को वोट देंगे जिसने विकास किया है। ऐसे में ये कहना बहुत कठिन होता जा रहा है कि जनता इस बार किसे अपना नेता चुनेगी और कौन बनेगा मुख्यमंत्री।
भाजपा, राजद, कांग्रेस और लोजपा सभी बड़ी पार्टियों ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है। राज्य में पहले चरण के लिए 28 अक्तूबर को मतदान होगा। घोषणापत्र जारी करने के बाद अब गेंद जनता के हाथ में है। जनता यह तय करेगी कि वह निशाना किस पर लगाएगी। एक नज़र उन सभी घोषणापत्रों पर डालते हैं कि किस पार्टी ने क्या-क्या वायदा किया है।
भाजपा ने बिहार के लिए अपने संकल्प पत्र को पांच सूत्र, एक लक्ष्य और 11 संकल्प का नाम दिया है। भाजपा ने सत्ता में आने पर 19 लाख नए रोजगार के अवसर पैदा करने का वादा किया है।
सभी को मुफ्त कोरोना वैक्सीन दी जाएगी।
• तीन लाख नए शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।
• 50,000 करोड़ से एक करोड़ महिलाओं को स्वावलंबी बनाया जाएगा।
• 19 लाख लोगों को नौकरी दी जाएगी।
• 30 लाख लोगों को 2022 तक पक्का मकान दिया जाएगा। 
• हिंदी भाषा में मेडिकल, इंजीनियरिंग समेत तकनीकी शिक्षा होगी।
महागठबंधन के घोषणापत्र में मतदाताओं के लिए क्या है आइए जानते हैं- 
विधानसभा चुनाव के लिए नवरात्र के पहले दिन महागठबंधन ने अपना घोषणापत्र जारी किया। इसको लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव ने ‘प्रण हमारा संकल्प बदलाव का’ टैग लाइन के साथ घोषणापत्र जारी किया। राजद, कांग्रेस और वाम दलों ने सरकार गठन के बाद बिहार के लिए जो प्राथमिकताएं तय की हैं उसके बारे में इस घोषणापत्र में जानकारी दी गई है।
10 लाख युवाओं को रोजगार।
• नौकरी के लिए साक्षात्कार में जाने वाले अभ्यार्थियों के लिए किराया।
• पलायन रोकने के लिए काम करेंगे।
• नियोजित शिक्षकों को समान काम समान वेतन देंगे। 
• जीविका दीदी की नियमित वेतन और राशि बढ़ाई जाएगी। 
• पहले विधानसभा सत्र में केंद्र के कृषि संबंधी तीनों बिल के प्रभाव से बिहार के किसानों को मुक्ति दिलाने का वादा।  
अब देखिए क्या है कांग्रेस के घोषणापत्र में-
कांग्रेस पार्टी की तरफ से जारी घोषणापत्र को बिहार बदलाव पत्र नाम दिया गया है। किसानों को कर्ज माफी और कृषि कानूनों से बचाने के लिए एक नए कानून को लेकर आने का भी वादा किया गया।
बिहार में सत्ता में आने पर किसानों की कर्ज माफी।
• गरीबों का बिजली बिल माफ।
• नौकरी नहीं मिलने तक बेरोजगारों को हर महीने 1500 रुपये देने का वादा।
• किसानों के सही फसल का सही मूल्य दिलाने का वादा।
• कृषि कानूनों को खारिज करने का वादा।
• विधवा महिलाओं को 1000 रुपये पेंशन।
पढ़िए, चिराग पासवान की पार्टी लोजपा के घोषणापत्र में मतदाताओं के लिए क्या-क्या है-
विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को लोजपा ने अपना विजन डाक्यूमेंट जारी किया। लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने घोषणापत्र जारी करते हुए सीता मैया का भव्य मंदिर बनाने का वादा किया। साथ ही कैंसर संस्थान बनाने का भी वादा किया।
सभी महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा।
• सभी विभागों के अनुमोदित व स्वीकृत पदों में शीघ्र बहाली।
• समान काम समान वेतन का वादा।
• कैंसर संस्थानों की स्थापना।
• बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट युवा आयोग का गठन का वादा।
• माता सीता का भव्य मंदिर निर्माण का वादा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.