रुपाणी के शपथग्रहण में मौजूद रहेंगे मोदी और शाह  

रुपानी के शपथग्रहण में शामिल होंगे मोदी-शाह

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com 

गुजरात विधानसभा चुनाव जीतने के बाद भाजपा ने एक बार फिर सूबे की कमान विजय रुपाणी के हाथ में सौंपी है। भाजपा गुजरात में छठी बार सरकार बनाने जा रही है और इस नई सरकार का शपतग्रहण मंगलवार को सचिवालय मैदान में होगा। शपथग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के साथ-साथ कई केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री उपस्थित रहेंगे। रूपाणी के साथ उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल भी शपथ लेंगे। रुपाणी और नितिन पटेल के सिवा शपथग्रहण में छह से अधिक कैबिनेट स्तर के तथा 12 से 14 राज्य मंत्रियों के भी शपथ लेने की संभावना है। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष जीतू वाघाणी को भी इस बार कैबिनेट मंत्री बनाये जाने की संभावना है। 
 
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता हर्षद पटेल ने बताया कि शपथ समारोह 11 बजकर 20 मिनट से शुरू हो जायेगा। लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बन रहे रूपाणी ने पिछले साल सात अगस्त को पहली बार शपथ कथित विजय मुहूर्त में लिया था। उससे पहले आनंदीबेन पटेल का भी शपथ ग्रहण उसी समय पर हुआ था। इस बीच, राज्य के मुख्य सचिव जे एन सिंह ने आज शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। समारोह में दस हजार से अधिक लोग शिरकत करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में संत भी उपस्थित रहेंगे, उनके लिए बैठने की अलग व्यवस्था की गई है।
 
गौरतलब है कि इस बार के गुजरात चुनाव में भाजपा ने 99 सीट हासिल की है। वहीं भाजपा ने पिछले बार 2012 के गुजरात चुनाव में 115 सीटें हासिल की थी। जिसका साफ़-साफ़ मतलब है कि भाजपा इस बार के गुजरात चुनाव में कहीं न कहीं कमजोर पड़ी है।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.