सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार आजकल टीवी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में भी नजर आ रहे हैं। इस शो में उनके साथ कॉमेडियन मल्लिका दुआ और जाकिर खान भी मेंटर के तौर पर नजर आ रहे हैं।
इसी शो के दौरान अक्षय ने मल्लिका पर एक कमेंट किया कि “मल्लिका जी आप घंटी बजाओ, मैं आपको बजाता हूं।” उनके इस कमेंट के बाद पहले तो मल्लिका के पिता विनोद दुआ अक्षय पर भड़के, लेकिन इसके बाद मल्लिका ने भी अपनी चुप्पी तोड़ते हुए ट्विटर पर कई ट्वीट किए। अपने इन ट्वीट्स में उन्होंने लिखा, ‘यह सिर्फ अक्षय कुमार के बारे में नहीं है, यह बॉलीवुड के उन सभी सितारों के बारे में है, जिन्हें मस्ती और नुकसान के बीच फर्क करना नहीं आता।
यह उन सब सेलेब्स के बारे में है, जिन्हें लगता है कि वह अपने साथ काम करने वाली हर एक महिला को उनकी इजाजत के बिना कमर से पकड़ सकते हैं, और घुमा सकते हैं, असल में यह काम करने की जगह पर आपकी तहजीब के बारे में है, चाहे पुरुष हो या महिला। मल्लिका ने अपने एक ट्वीट में अक्षय की बेटी का भी नाम लिखा कि, अक्षय अपनी बेटी के साथ भी इस तरह का मजाक करेंगे, ”नितारा जी आप बेल बजाइए, मैं आपको बजाता हूं”?
हालांकि इस वीडियो को चैनल पर प्रसारित नहीं किया गया था, मल्लिका दुआ के टीम के मैंबर श्याम रंगीला ने अपनी मिमिक्री का वीडियो पर्सनल फेसबुक वॉल पर शेयर किया था, जिसमें अक्षय का कमेंट भी रिकॉर्ड था। इस वीडियो को देखकर ही सभी ने सवाल उठाना शुरू कर दिया।










