
एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
लोकसभा चुनाव में जीत के लिए प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भले ही अपने बड़े भाई व सपा के संरक्षक मुलायम सिंह यादव का आर्शीवाद ले रहे हों, लेकिन अब मुलायम उनसे किनारा कस रहे हैं। शुक्रवार को इटावा से लखनऊ जाते समय मुलायम सिंह जब शिवपाल के बारें में पूछा गया तो उन्होंने बेबाकी से कहा कि, मैं उनकी चिंता क्यों करूं, मैं भी तो चुनाव लड़ रहा हूं।
मुलायम सिंह यादव ने कहा कि, शिवपाल की सभा या रैली में कौन जाता है कौन नहीं? इसकी चिंता मैं क्यों करूं? चुनाव का समय है रैलियां तो होती रहती हैं। अगर किसी को बधाई देनी है तो मुझे दे मैं भी तो चुनाव लड़ रहा हूं।
यह पूछे जाने पर कि नामांकन करने 30 अप्रैल को शिवपाल सिंह जा रहे हैं, क्या आप उन्हें बधाई देंगे? इस सवाल पर मुलायम सिंह ने हंसते हुए कहा कि नामांकन करने तो मैं भी जा रहा हूं। बधाई मुझे भी दी जाए। मुलायम सिंह यादव एक अप्रैल को मैनपुरी लोकसभा सीट से नामांकन करने वाले हैं। इसकी तैयारियों को लेकर ही गुरुवार रात इटावा पहुंचे थे। सुबह लखनऊ के लिए रवाना हो गए। जाते-जाते उन्होंने यह भी कहा कि मुझे जल्दी जाना है, पर्चा दाखिल करना है, काफी सारे कागज तैयार करने हैं, इसलिए बहुत काम है।









