लखनऊ। नाबालिग भतीजी को डरा धमका-कर दुष्कर्म और गर्भपात कराने के आरोप में पुलिस ने होमगार्ड विभाग में कार्यरत आरोपित को आशियाना थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं, मामले में आरोपित की पत्नी, बेटी और गर्भपात कराने वाली एक नर्स के खिलाफ भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित राम बली सिंह होमगार्ड विभाग में जौनपुर में बीओ पद पर तैनात है। लखनऊ में बिजनौर रोड औरंगाबाद जहांगीर आशियाना थाना क्षेत्र में उसका परिवार रहता है।
पीडि़ता के पिता की शिकायत के मुताबिक, राम बली रिश्ते में उनका बहनोई लगता है। उसने लखनऊ स्थित घर में नाबालिग को रखकर जान से मारने की धमकी देकर करीब एक साल तक दुष्कर्म किया।
इस दौरान वह गर्भवती हो गई तब लोकबंधु अस्पताल से अवकाश प्राप्त एक नर्स से दिसंबर में गर्भपात भी करा दिया। इसके बाद भी नाबालिग को परिवार से मिलने नहीं दिया और न ही बात करने दी। इसमें आरोपित की पत्नी और बेटी ने भी उसका साथ दिया।
पढ़ाई के लिए लाया था लखनऊ
पीडि़ता का परिवार चंदौली में रहता है। आरोपित गत वर्ष अप्रैल में पीड़िता को 11वीं में अच्छे स्कूल में प्रवेश दिलाने के लिए साथ लेकर लखनऊ आ गया और परिवार के साथ रखा। हालांकि उसका एडमिशन नहीं कराया। वहीं अकेला पाकर लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा।














