अखिलेश सपा संभालें, कानून व्यवस्था की चिंता छोड़ें: केशव

लखनऊ। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने पर तल्ख टिप्पड़ी की। कहा कि अखिलेश सपा संभालें उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की चिंता छोड़ दें। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से पटरी पर है।

गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला योजना की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में डिप्टी सीएम ने कहा कि सपा अध्यक्ष को अपनी पार्टी देखनी चाहिए। कानून व्यवस्था प्रदेश सरकार देख रही है। पूरे प्रदेश की कानून व्यवस्था बेहतर है और चुस्त दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के कांग्रेस के वर्ष 2022 का चुनाव अकेले लड़ने के ऐलान पर मौर्य ने कहा कि कांग्रेस क्या सभी पार्टियां मिलकर भी लड़ लें लेकिन जीतेगी भाजपा ही। कांग्रेस चाहे जो भी कर ले, हारती ही रहेगी। उन्होंने कहा कि इसका प्रमाण देश की जनता ने लोकसभा चुनाव में दे दिया है।

बंगाल में जय श्रीराम के नारे पर उन्होंने कहा कि बंगाल क्या पूरे देश और दुनिया में जय श्रीराम के नारे लगेंगे। बंगाल में भाजपा की ही सरकार बनेगी। बंगाल सरकार हमारे कार्यकर्ताओं का चाहे जितना उत्पीड़न कर ले लेकिन उनका मनोबल बहुत ऊंचा है। बंगाल की जनता सरकार से त्रस्त है और उसका जवाब चुनाव में देगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि पूरे प्रदेश में निराश्रित पशु आश्रय स्थल बनाए जा रहे हैं। ऐसी व्यवस्था की जा रही है कि कोई भी पशु भूख से न मरे। यह भी नहीं होने दिया जाएगा कि किसानों की फसल को नुकसान करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.