सौम्या केसरवानी । Navpravah.com
अगर आप भुने हुए चनों को केवल स्वाद के लिए कभी-कभी खाते हैं, तो इन्हें रोजाना खाना शुरू कर दीजिए। दरअसल भुने हुए चने खाने से शरीर को जबरदस्त स्वास्थ्य लाभ होता है।
ध्यान रखें कि बाजार में भुने हुए चने दो तरह के होते हैं, छिलके वाले और बिना छिलके वाले। आपको बिना छिलके वाले चने ही खाने हैं। हालाँकि चने के छिलके भी सेहत के लिए अच्छे होते हैं। भुने हुए चने को गरीबों का बादाम भी कहा जाता है। इसमें कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, नमी, कैल्शियम, आयरन और विटामिन भरपूर मात्रा में पाया जाता है। बता दें कि एक स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना 50 से 60 ग्राम चनों का सेवन करना चाहिए, यह उसकी सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद रहता है।
रोजाना नाश्ते में या दोपहर के खाने से पहले 50 ग्राम भुने हुए चने यदि आप खायें, तो इससे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में इजाफा होगा। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ने से आप बहुत से बीमारियों से बच जायेंगे। साथ ही इससे आपको मौसम बदलने पर अक्सर होने वाली शारीरिक परेशानियां भी नहीं होगी।
अगर आप या आपके परिवार में कोई मोटापे से ग्रस्त है, तो भुने हुए चने खाना उनके लिए बहुत ही फायदेमंद रहेगा। रोजाना भुने हुए चने खाने से मोटापे की समस्या में राहत मिलती है, इसका सेवन शरीर से अतिरिक्त चर्बी को पिघलाने में मदद करता है।
भुने हुए चनों के सेवन से पेशाब से जुड़ी बीमारियों से भी छुटकारा मिलता है, जिनको भी बार-बार पेशाब आने की समस्या हो उन्हें रोजाना गुड़ के साथ चने का सेवन करना चाहिए।














