ये है दुनिया का सबसे लंबा और सबसे चौड़ा Cable Bridge, जानें इसकी खासियतें

World Desk। एशिया में इन दिनों सबसे लंबा पुल बनाने की होड़ मची हुई है। खास तौर पर भारत और चीन के बीच। पिछले साल ही भारत ने एशिया का सबसे बड़ा पुल शुरू किया है। अब चीन जल्द ही दुनिया का सबसे लंबा पुल शुरू करने जा रहा है।

चीन द्वारा बनाए जा रहे पुल की खासियत ये है कि इसमें नदी के किनारों पर केवल दो पिलर होंगे। नदी के ऊपर पूरा पुल केबल पर टिका होगा। इस पुल को हवा में तैरने वाले पुल (Floating System) की तकनीक पर बनाया जा रहा है। मतलब ये पुल हवा में झूलता रहेगा। हांलाकि, पुल से आने-जाने वालों को इसका आभास नहीं होगा। फ्लोटिंग सिस्टम की वजह से ये पुल भूकंप और आंधी-तूफान जैसी स्थिति में भी पूरी मजबूती से टिका रहेगा।

चीन में बन रहा दुनिया का सबसे लंबा केबल ब्रिज किंगशान यांग्त्जी नदी पर बनाया जा रहा है। इसका निर्माण चीन की रेलवे मेजर ब्रिज इंजीनियरिंग ग्रुप कंपनी द्वारा किया जा रहा है। मालूम हो कि चीन की किंगशान यांग्त्जी नदी, दुनिया की तीसरी सबसे लंबी नदी भी है। इस पर बन रहे दुनिया के सबसे लंबे केबल ब्रिज का काउंट डाउन शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि 2020 की शुरुआत में इस पुल पर ट्रैफिक शुरू कर दिया जाएगा। पुल का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और फिलहाल इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है।

सबसे लंबा ही नहीं, सबसे चौड़ा भी है

चीन में बन रहे दुनिया के इस सबसे लंबे केबल पुल की कुल लंबाई 7,548 मीटर है और इसकी कुल चौड़ाई 48 मीटर है। दावा किया जा रहा है कि ये पुल न केवल दुनिया का सबसे लंबा केबल पुल है, बल्कि दुनिया का सबसे चौड़ा केबल पुल भी है। ये पुल किंगशान यांग्त्जी नदी पर सेंट्रल चाइना के हुबेई प्रांत की राजधानी वुहान में बनाया जा रहा है। सोमवार को इस पुल पर डामर डालकर सड़क बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। चीन के रेलवे मेजर ब्रिज इंजीनियरिंग ग्रुप कंपनी के अनुसार, निर्माण कार्य खत्म होने के बाद ये दुनिया का सबसे लंबा केबल पुल बन जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.