सीलिंग के मुद्दे पर रामलीला मैदान पर मेरे साथ सार्वजनिक बहस करें केजरीवाल -मनोज तिवारी

मनोज तिवारी ने आप विधायकों के खिलाफ दर्ज करवाई शिकायत

राजेश सोनी | Navpravah.com

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी और पार्टी के अन्य नेताओं ने सीलिंग के मुद्दे पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को खुला चैलेंज दिया है। मनोज तिवारी ने कहा कि वह केजरीवाल को पत्र लिखकर चुनौती देंगे कि वह सीलिंग के मुद्दे पर रामलीला मैदान पर उनके साथ सार्वजनिक बहस करें।

बता दें कि आज भाजपा नेता और मनोज तिवारी के साथ हो रही बैठक से आप विधायक वॉकआउट कर गए थे। तिवारी ने यह आरोप भी लगाया कि आप विधायकों ने ‘दुर्व्यवहार’ किया और इस बैठक में ‘असामाजिक तत्व’ भी उपस्थित थे। आप ने इन आरोपों को खारिज किया है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि मुख्यमंत्री के आवास पर उत्तर दिल्ली नगर निगम की मेयर प्रीति अग्रवाल और पूर्वी दिल्ली नगर निगम की मेयर नीमा भगत पर भी हमला किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार शहरी नक्सलियों की तरह काम कर रही है।

दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री आवास पर आप के कुछ विधायकों और अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की। वहीं दिल्ली भाजपा के महासचिव रविन्द्र गुप्ता ने आप विधायकों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

आगे दिल्ली से भाजपा सांसद ने कहा कि इस घटना से स्पष्ट है कि सरकार सीलिंग जैसे मुद्दे पर गंभीर नहीं है। केजरीवाल ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ये आधारहीन आरोप हैं। अगर किसी विधायक ने दुर्व्यवहार किया होता, तो मैं उसको पार्टी से बाहर कर देता। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.