बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गया श्रीदेवी का पार्थिव शरीर

पारुल  पाण्डेय | navpravah.com

बॉलीवुड की मशहूर अदाकारा श्रीदेवी बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गईं। मुंबई में विले पार्ले सेवा समाज श्मशान गृह में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पति बोनी कपूर ने श्रीदेवी के शव को मुखाग्नि दी। इससे पहले श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को लोखंडवाला स्थित सेलिब्रेशन क्लब में अंतिम दर्शनों के लिए रखा गया था।

श्रीदेवी के अंतिम दर्शन के लिए न सिर्फ बॉलीवुड पहुंचा बल्कि राजनीतिक हस्तियों ने भी शिरकत की। वहीं मुंबई की सड़कों पर अपनी चहेती अदाकारा को विदाई देने के लिए उनके फैंस का हुजूम उमड़ पड़ा। भीड़ इतनी ज्यादा हो गई थी कि कई बार पुलिस को लाठी चार्ज भी करना पड़ा। अंतिम यात्रा से पहले श्रीदेवी के पार्थिव शरीर को सुहागन की तरह सजाया गया था। सुर्ख लाल रंग की साड़ी में श्रीदेवी का शव देखकर कोई कह ही नहीं सका कि वो अब इस दुनिया से जा चुकीं हैं। श्रीदेवी के शव को तिंरगे से लपेटा गया था, साथ ही महाराष्ट्र पुलिस की ओर से पद्मश्री से सम्मानित श्रीदेवी की राजकीय सम्मान से विदाई दी गई।

अंतिम यात्रा के लिए जिस ट्रक में श्रीदेवी का पार्थिव शरीर रखा गया था उसे सफेद रंग के फूलों से सजाया गया था। ट्रक में पार्थिव शरीर के साथ पति बोनी कपूर, बेटी खुशी-जाह्नवी, देवर संजय कपूर और अर्जुन कपूर समेत परिवार के करीबी लोग मौजूद थे। मंगलवार को ही 3 दिन की लंबी प्रक्रिया के बाद दुबई से श्रीदेवी का पार्थिव शरीर मुंबई लाया गया था। शव के मुंबई पहुंचते ही बोनी कपूर के घर ग्रीनएकर्स में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी।  परिवार के लोगों के अलावा बॉलीवुड और राजनीति जगत की कई हस्तियां देर रात को श्रीदेवी के घर पहुंची थीं।

गौरतलब है कि बीते शनिवार को दुबई के एक होटल में 54 वर्षीय श्रीदेवी की मौत हो गई थी। पोस्मार्टम में ये बात साफ हुई कि बाथटब में डूबने से अभिनेत्री की मौत हुई थी। श्रीदेवी अपने भांजे मोहित मारवाह की शादी में शामिल होने सपरिवार दुबई गई हुई थीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.