2019 loksabha election कांग्रेस नेता विखे पाटिल के बेटे सुजय भाजपा में शामिल, मिल सकता है लोकसभा का टिकट

एनपी न्यूज़ डेस्क | Navpravah.com
मुंबई. कांग्रेस विधायक और विधानसभा में नेता विपक्ष राधाकृष्‍ण विखे पाटिल के बेटे सुजय पाटिल मंगलवार को भाजपा में शामिल हुए। मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। लोकसभा चुनावों से पहले सुजय की भाजपा में एंट्री को कांग्रेस के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। सुजय ने पिछले हफ्ते भाजपा नेता गिरीश महाजन के साथ मुलाकात की थी। माना जा रहा है कि सुजय को अहमदनगर से लोकसभा का टिकट मिल सकता है। हालांकि, बेटे के कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल होने की खबरों पर राधाकृष्‍ण विखे पाटिल का कोई बयान नहीं आया। राधा कृष्ण विखे पाटिल आज शाम को दिल्ली से वापस मुंबई आ रहे हैं। इसके बाद वे बेटे के भाजपा में शामिल होने को लेकर अपना बयान दे सकते हैं।

लोकसभा टिकट के लिए भेजा सुजय का नाम
सुजय को शामिल करने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, “राज्य इकाई द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए सुजय का नाम सेंट्रल पार्लियामेंट्री बोर्ड को भेज दिया गया है। हमें उम्मीद है की पार्लियामेंट्री बोर्ड हमारी सिफारिश पर विचार करेगी। सुजय को अहमदनगर से बीजेपी के टिकट पर लड़ाने की खबरों के बाद सोमवार को दादर स्थित मुंबई भाजपा कार्यालय में वर्तमान सांसद दिलीप गांधी के समर्थकों ने जमकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। यहां लोकसभा चुनाव के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया था। बैठक में शामिल होने के लिए फडणवीस भी पहुंचे थे। समर्थकों ने मुख्यमंत्री से गांधी को दोबारा टिकट देने की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी के साथ कोई भी अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.